वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान परशुराम की हुई मूर्ति स्थापना।

● पूर्व मंत्री/विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने किया अनावरण।

● ब्राह्मण शक्ति संघ के प्रदेश अध्यक्ष सहित सैकड़ो परशुराम भक्त रहे मौजूद।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सोमवार को गुन्नौर के पीपलवाला स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर परिसर में भगवान परशुराम की मूर्ति की स्थापना की गई।
सोमवार को पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चारण के बीच भगवान परशुराम की भव्य मूर्ति की स्थापना संपन्न हुई। इस शुभ अवसर पर क्षेत्र के पूर्व मंत्री एवं विधायक अजीत कुमार ‘राजू’ ने विधिवत पूजन आदि कर मूर्ति का अनावरण किया।
मूर्ति स्थापना समारोह में ब्राह्मण शक्ति संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में परशुराम भक्तों की उपस्थिति रही।

श्रद्धालुओं ने गले में जय श्री राम व जय परशुराम का पटका आदि डालकर परंपरागत पोशाकों में भाग लिया एवं कार्यक्रम स्थल पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। पंडित राजाराम शर्मा द्वारा वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ ही धार्मिक वातावरण की सृष्टि हुई।
इस अवसर पूर्व मंत्री अजीत कुमार ‘राजू’ ने भगवान परशुराम की जय का उद्घोष करते हुए अपने संबोधन में कहा कि हम सब लोगों का सौभाग्य है कि आज हम सब भगवान परशुराम की मूर्ति अनावरण में शामिल हुये हैं भगवान परशुराम हमारे ज्ञान, शक्ति और न्याय के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा समाज को मर्यादा, अनुशासन और संस्कृति की प्रेरणा देती रहेगी।” यहां भगवान परशुराम की मूर्ति प्रतिस्थापित कर सभी लोग ने बहुत ही अच्छा कार्य किया है। यह सनातन को बढ़ावा देने का पुनीत कार्य है। जो भारतीय संस्कृति और धर्म की श्रेष्ठता को दर्शाता है। हमारी सनातन संस्कृति और धर्म विश्व में अद्वितीय और सर्वश्रेष्ठ हैं।

दूसरी तरफ अपने वक्तव्य में ब्राह्मण शक्ति संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक मिश्रा ने भगवान परशुराम बारे में बताते हुए कहा कि भगवान परशुराम ब्राह्मण थे लेकिन, उनमें गुण क्षत्रियों वाले थे। भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम ऋषि जमदग्नि और रेणुका के पांच पुत्रों में से चौथे पुत्र थे। परशुराम भगवान शिव के परम भक्त थे। उन्हें न्याय का देवता भी कहा जाता था।
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान परशुराम सात चिरंजीवी पुरुषों में से एक हैं और कलयुग में आज के समय में भी धरती पर मौजूद हैं। भगवान परशुराम के जन्म का नाम राम था। जब उन्होंने अपनी कठोर तपस्या से भगवान शिव को प्रसन्न किया। तदोपरांत भगवान शिव ने इन्हें कई अस्त्र और शस्त्र प्रदान किए। जिसमें से परशु भी मुख्य है। उन्होंने परशु धारण किया जिसके बाद ये परशुराम कहलाए। माहौल की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रतिमा अनावरण के मद्देनजर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का व्यापक इंतजाम रहा। जिसके तहत मोके पर दर्जनों पुलिसकर्मियों के साथ-साथ पुलिस बल द्वारा चाक चौबंद व्यवस्था रही।

इस अवसर पर आयोजक एवं क्षेत्रवासियों द्वारा आए हुए समस्त सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों को माल्यार्पण करते हुए बुके व प्रतिमा आदि भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में डॉ. गौरव कुमार शर्मा व रामौतार शर्मा ने अनावरण मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक अजीत कुमार ‘राजू’ को भगवान परशुराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित करते हुए आभार व्यक्त किया।

तदोपरांत प्रसाद वितरण के बाद कार्यक्रम का संपन्न किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण शक्ति संघ के पदाधिकारियों में प्रदेश संयोजक मुकेश गौड, प्रदेश कोषाध्यक्ष सचिन शर्मा, जिला महामंत्री विमल शर्मा व प्रदेश मीडिया प्रभारी मुनीष शर्मा के साथ-साथ एड. प्रवेश शर्मा, अभिषेक शर्मा, हिमालय शर्मा, पं. रामवीर शर्मा, आशीष शर्मा, मुकेश गुप्ता, गोपाल कुशवाह, रामौतार शर्मा, मनोज शर्मा, गौरव कुमार शर्मा, अनमोल शर्मा, आकाश शर्मा, वेदवसु आर्य, गणेश शर्मा, मनमोहन शर्मा, शिवा राघव, वीरेश यादव आदि के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों व सैकड़ो परशुराम भक्तों ने भाग लिया।

भाजपाइयों ने मनाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती।

● जिलाध्यक्ष बोले – डा. मुखर्जी के लिए सर्वोपरि थी देश की एकता और अखंडता।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रविवार को भाजपाइयों ने संभल के धनारी में भारतीय जन संघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद एवं प्रखर राष्ट्रवादी, कुशल राजनीतिज्ञ व समाजसेवी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई। इस अवसर पर धनारी मंडल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पार्पण कर दीप प्रचलित कर श्रद्धांजलि देते हुए उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक थे, जो बाद में भारतीय जनता पार्टी बनी। डॉ. मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई, 1901 को कलकत्ता में हुआ था। आजाद भारत के इतिहास में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी एक ऐसे नाम हैं, जिनके लिए देश की एकता और अखंडता से बढ़कर कुछ भी नहीं था। उत्तर में कश्मीर से लेकर पूर्व में बंगाल तक, उन्होंने देश की इंच-इंच भूमि के लिए संघर्ष किया और जम्मू-कश्मीर से दो प्रधान, दो विधान, दो निशान समाप्त करने के संघर्ष में शहीद हो गए। जनसंघ की स्थापना से उन्होंने एक ऐसा राजनीतिक विकल्प दिया, जिसके मूल में भारतीयता थी। वे महान विचारक, हम सब के प्रेरणापुंज व सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के सच्चे उपासक थे। जहां भाजपा जिला अध्यक्ष का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा फूलमालाओं बुके आदि भेंट कर सम्मानित किया गया।

वहीं अपनी बात रखते हुए मंडल अध्यक्ष भुवनेश राघव ने मुखर्जी की जयंती पर मंडल कार्यकारणी बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक और मौजूद कार्यकर्ताओं से एक-एक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। जहां जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के साथ-साथ स्वयं मंडल अध्यक्ष ने पौधारोपण कर अन्य को प्रेरित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम में लायक राम, दिनेश चंद शर्मा, ऋषि पाल सिंह, उमेश राणा, ओमप्रकाश राणा, अनिल, केसरी राणा, हुकुम सिंह कुशवाह, आशु चौहान, नवरत्न सिंह, हरिओम प्रकाश राघव, पुष्पेंद्र कुशवाहा, वीरेश यादव, गिरराज कश्यप, हरि सिंह, संजय राघव, शिवा राघव आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बुलेट नहीं तो फेरे नहीं, मचा घमासान, बगैर दुल्हन लौटी बरात।

● घराती-बाराती में जमकर मारपीट, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल।

● प्रकरण बना क्षेत्र में चर्चा का विषय, पूरा मामला संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र का।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। यूपी के संभल जिले में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष भिड़ गए। बाद में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी, जिसके चलते बरात बैरंग लौट गई।
बता दें कि शुक्रवार को गणेश कॉलोनी निवासी दंपति की पुत्री की बारात आंवला क्षेत्र के मनोना धाम से आई थी। बरात आने के बाद सीता आश्रम पुलिस चौकी के पास स्थित धर्मशाला में दावत चल रही थी। साथ ही शादी के रीति-रिवाज कार्यक्रम भी जारी थे। तभी धर्मशाला में आयोजित शादी समारोह में दूल्हा पक्ष ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की जगह बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। लड़की के पिता द्वारा इनकार करने पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। लडकी पक्ष का कहना था कि दूल्हा पक्ष की मांग और अपनी सामर्थ्य के अनुसार पहले ही दहेज का सामान पूरा कर दिया है। अब इस अतिरिक्त मांग को पूरा नहीं कर सकते। तभी देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हे चंदौसी के ही एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उसके बाद शुक्रवार मध्यरात रात तक तमाम लोगों के द्वारा मामला सुलझाने का भरकस प्रयास चलता रहा परन्तु बात नहीं बनी। जहां मारपीट के बाद दूल्हे पक्ष ने शादी से ही इनकार कर दिया। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। वधू पक्ष ने इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। चंदौसी प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दुल्हन पक्ष से तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया बुलेट मोटरसाइकिल की मांग के अलावा डीजे पर हुआ विवाद भी विवाह में मारपीट एवं विवाद का कारण बना है।

यूपी पंचायत चुनाव का बजा बिगुल, आरक्षण का आधार होगी 2011 की जनगणना।

● अब कुल 57691 पंचायतों में होगा मतदान, महिलाओं को मिलेंगी 33 फीसदी सीटें।

● राज्य निर्वाचन आयोग ने भी मतपेटियों के लिए जारी किये ई-टेंडर।

● सूत्रों की माने तो आगामी मार्च-अप्रैल में पंचायत चुनाव होने की  जताई जा रही है प्रबल संभावना।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है, इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। यूपी के ग्राम पंचायतों के मौजूदा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 2026 में खत्म हो रहा है। सूबे में करीब 57691 ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, 826 ब्लॉक प्रमुख, 3200 जिला पंचायत सदस्य और 75 जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव होने हैं। यूपी के चुनाव आयोग सूबे में पंचायत चुनाव को अगले साल हर हाल में कराने की तैयारी में है।
जहां आगामी वर्ष 2026 के मार्च-अप्रैल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। साथ ही माना जा रहा है कि यह चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक सेमीफाइनल की तरह होगा, जो कि सभी राजनीतिक दलों के लिए अपनी ताकत आजमाने का मौका होगा। सत्तारूढ़ बीजेपी के साथ-साथ सपा, कांग्रेस और प्रदेश के छोटे दलों ने भी अकेले मैदान में उतरने की ताल ठोक दी है। जिसके बाद प्रदेश के सियासी समीकरण तेजी से बदलते दिख रहे हैं। एनडीए और इंडिया अलायन्स के दल भी अलग चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं, जिस कारण लड़ाई और दिलचस्प होती जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसमें मतपेटियों के लिए ई-टेंडर आदि जारी कर दिये गए हैं। शनिवार को
पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत ग्राम पंचायतों में आरक्षण की व्यवस्था 2011 की जनगणना के आधार पर होगा। पूर्ववत् हर वर्ग के आरक्षण में 33 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। साथ ही पिछले चुनाव में लागू नियमावली में निर्धारित की गई आरक्षण की रोटेशन की व्यवस्था का भी पालन किया जायेगा।
राजभर ने पंचायतीराज निदेशालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ग्राम पंचायत की जो सीट पिछली बार सामान्य, पिछड़ी, महिला या अनुसूचित जाति व जनजाति के लिए आरक्षित रही, इस बार के चक्रानुक्रम में उसकी श्रेणी में बदलाव हो सकता है। उन्होंने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों का परिसीमन होना है, वहां उनमें सर्वे जारी है। परिसीमन का कार्य पूरा होते ही तत्काल आरक्षण की व्यवस्था पर भी विचार होगा।  पंचायत चुनाव में आरक्षण व्यवस्था को बेहतर ढंग से लागू किया जाएगा। जिसके चलते ही कुछ गांवों में बदलाव हुआ है।
राजभर ने कहा कि आरक्षण के कोटे में कोटा लागू कराने के लिए वे जल्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव किसी दल के सिंबल पर नहीं होता है। ऐसे में इस चुनाव में गठबंधन का सवाल ही नहीं है। सभी जिलों में जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान के पद पर चुनाव लड़ा जाएगा।

दिल्ली के जीबी पंत हॉस्पिटल तक फैले थे बीमा माफियाओं के तार, बैंक कर्मचारी सहित पांच गिरफ्तार।

● संभल के रजपुरा थाना पुलिस को मिली कामयाबी, एएसपी अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में चल रहा था अभियान।

● फर्जी बीमा गैंग से जुड़े 61 बीमा माफियाओं की हो चुकी है गिरफ्तारी।

● जीबी पंत हॉस्पिटल में मरीज के परिजनों से मिल, तैयार करते थे फर्जी दस्तावेज।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में फर्जी बीमा माफियाओं के जाल को संभल पुलिस लगातार तोड़ने में लगी हुई है। एएसपी अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में बीते कई महीनो से चल रहे अभियान के तहत जहां दर्जनों बीमा माफिया जेल जा चुके हैं तो वहीं करोड़ों रुपए के घोटाले की भी जांच चल रही थी।
फर्जी बीमा माफियाओं के तार दिल्ली के जीबी पंत हॉस्पिटल तक फैले हुए थे, जहां से हॉस्पिटल के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर बीमा राशि हड़पने का कार्य करते थे। एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर लगातार चल रहे अभियान के तहत एएसपी अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में रजपुरा पुलिस ने दिल्ली के जीबी पंत हॉस्पिटल तक फैले बीमा माफियाओं के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। जीबी पंत हॉस्पिटल के डॉक्टरों के फर्जी हस्ताक्षर और मोहर सहित अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। सभी बीमा माफियाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया है
संभल जनपद में फर्जी बीमा करने वाले गिरोह का लगातार पर्दाफाश हो रहा है। जहां संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देशन में एएसपी अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अभियान चलाकर बीमा माफियाओं की धर पकड़ और खुलासा करने में लगी हुई थी। जिसमें अब तक लगभग 61 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जहां पुलिस ने जीबी पंत हॉस्पिटल दिल्ली से जुड़े बीमा माफियों में पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से गाजियाबाद का रहने वाला है। जिनमें दिल्ली के तिमारपुर निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र महावीर, दिल्ली के ही वेलकम थाना अंतर्गत नवाज अहमद पुत्र सफीक अहमद, दिल्ली के हर्ष विहार थाना अंतर्गत निवासी कल्पना पुत्री संजय कुमारी, दिल्ली के ही सुलेमान नगर थाना अंतर्गत प्रेम पुत्र किशनलाल तथा गाजियाबाद के लोनी थाना अंतर्गत राजनगर कॉलोनी निवासी रविंद्र गुप्ता पुत्र श्याम सुंदर प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। जिनके खिलाफ संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया है।

बीमा माफियाओं का फर्जी बीमा करने का यह था तरीका।

गिरफ्तार किए गए वीरेंद्र कुमार की भूमिका का विवरण-

गिरफ्तार किए गए फर्जी बीमा माफियाओं में से वीरेंद्र कुमार पुत्र महावीर निवासी दिल्ली द्वारा बताया गया कि वह कक्षा 12 तक पढ़ा हुआ है। बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। लेकिन पैसों की कमी के चलते ट्रेनिंग नहीं ले पा रहा था। 2020 से 2022 तक जीबी पंत हॉस्पिटल दिल्ली के बाहर गार्ड की नौकरी की। जीवी पंत हॉस्पिटल में किसी मरीज को दिखाने के लिए पर्ची लगानी पड़ती है। वीरेंद्र अपनी जानकारी से लोगों की पर्ची जल्दी बनवा देता था और दलाली के लिए उसे सौ से दो सौ रुपए तक मिल जाते थे।
2022 के अंत में शाहरुख खान से जीबी पंत हॉस्पिटल के बाहर जानकारी हुई। शाहरुख खान ने बताया कि उसके पास फर्जी बीमा करने का एक तरीका है। जिसमें कम समय में काफी रुपया मिल सकता है। क्रिकेट खेलने का सपना भी पूरा हो जाएगा। अस्पताल में आने वाले मरीजों को देखकर उनके परिजनों से बात कर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड प्राप्त करने होंगे। जिन्हें वह शाहरुख खान को देगा।
फिर यही खेल शुरू हुआ। शाहरुख खान दस्तावेज लेकर अपनी महिला मित्र कल्पना की मदद से उनके बैंक खाता खुलवाता और अकाउंट की पासबुक, डेबिट कार्ड तथा चेक बुक अपने पास ही रख लेते थे। बीमा की राशि आने पर उसका 20 प्रतिशत हिस्सा नॉमिनी को देते थे। जहां वह फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी जरूरत पड़ने पर एमसीडी के बाहर काम करने वाले दलाल प्रेम से बनवाते
थे। इस प्रकार धोखाधड़ी से कई लोगों का बीमा कराया और मोटी बीमा राशि भी प्राप्त की। इसके बाद वीरेंद्र ने गिरोह के साथ जुड़ने के बाद गार्ड की नौकरी भी छोड़ दी थी और क्रिकेट एकेडमी में ट्रेनिंग शुरू कर दी थी।

एक मृतक त्रिलोकी का भी बीमा करने के लिए जीबी पंत हॉस्पिटल से बनवाया था मृत्यु प्रमाण पत्र।

वीरेंद्र ने मृतक त्रिलोकी के परिजनों से बात की। मृत्यु से पहले गंभीर हालत में उसे जीबी पंत हॉस्पिटल में दिखाने के लिए कहा गया था लेकिन वीरेंद्र ने वहां की जगह उसे लोकनायक अस्पताल में दिखाने को कहा। जब त्रिलोकी की मृत्यु हो गई तो उसने शाहरुख से बात की और मृत्यु के बाद भी बीमा कराने का आश्वासन दे दिया। वीरेंद्र ने फिर मृतक त्रिलोकी की पत्नी सपना से बात करते हुए मृतक के आधार और पैन कार्ड भेजने को कहा। सभी दस्तावेज लेने के बाद शाहरुख को दे दिए गए। जहां तीन पॉलिसी कराई गईं। अब बीमा पॉलिसी कराने के बाद उसकी मृत्यु होना भी दोबारा जरूरी था। इसके लिए जीबी पंत हॉस्पिटल के फर्जी मेडिकल प्रपत्र तैयार किए गए और त्रिलोक को जीबी पंत हॉस्पिटल के दस्तावेजों के अनुसार 27 दिसंबर 2024 को हृदयघात से मरना दिखाया गया।
अस्पताल में जान पहचान होने के चलते अस्पताल के कर्मियों में से एक नवाज अहमद नाम का व्यक्ति था जो जीबी पंत में काम करता था। वह ईसीजी निकालना जानता था। नवाज से योजना के बारे में बात की और पांच हजार रुपए में इसीजी तथा जीबी पंत के सभी खाली फॉर्म के 12 हजार रुपए बताए। वहां काम करने वाले डॉक्टरों की मोहर तथा फर्जी हस्ताक्षर तैयार किए गए। हृदयाघात की पूरी फाइल के फोटो खींचकर शाहरुख को भेज दिए गए जिससे कि वह भी त्रिलोक की इस तरह फाइल तैयार की जा सके
प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्लेम के लिए आवेदन करना शुरू कर दिया था। एचडीएफसी लाइफ पॉलिसी का इन्वेस्टिगेशन रविंद्र गुप्ता ने आवेदन किया था। जिसका नाम शाहरुख ने राजेश के नाम से सेव कर लिया था। रविंद्र से सेटिंग होने के बाद क्लेम के कागज में जो भी कमियां होती थीं उसे पूरी कल इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट भी कंपनी को भेज देती थी, जिसकी वजह से एचडीएफसी लाइफ का 20 लाख रुपया नॉमिनी सपना का खाते में आ गया।
गिरफ्तारी के बाद सपना के डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक पुलिस ने बरामद कर लिए थे तो वह रुपए नहीं निकाल पाए।

अन्य बीमा माफियाओं के शामिल होने की कहानी।

कल्पना ने बताया कि उसने बीए किया है। वह एक वर्ष से सीएसबी बैंक में बिजनेस डेवलपमेंट के पद पर कार्यरत है। 2022 में उत्कर्ष में और उसके बाद उज्जीवन बैंक में कार्य कर चुकी है। उसका वेतन 25 हजार रुपए महीने का था। 2022 में शाहरुख नाम के व्यक्ति से संपर्क किया, दोस्ती हुई, और बैंक में खाता खुलवाने के लिए शाहरुख द्वारा भी कल्पना से संपर्क तय कर लिया गया।
जिसमें बीमा माफिया प्रेम की भी भूमिका थी। जो कि कोरोना काल में दिल्ली के एमसीडी के बाहर लोगों के फार्म भरवाने का काम करता था। जिससे उसकी पहचान एमसीडी के कर्मचारियों से हो गई थी। लोग फॉर्म भरवाने के लिए आते थे। वह धोखाधड़ी से लोगों का बीमा करवाता था और शाहरुख के साथ काम करने से उसकी अच्छी कमाई हो रही थी।
इसके अलावा रविंद्र गुप्ता, जिसने 12वीं तक की पढ़ाई की थी। सीपीएस कंपनी में करीब 6 साल तक बीमा पॉलिसी की इन्वेस्टीगेशन का काम किया। दिल्ली एनसीआर का काम होने के चलते वह केएलसीआर कंपनी में इन्वेस्टिगेशन का काम करने लगा। मृतक त्रिलोक के एचडीएफसी बीमा क्लेम की इन्वेस्टीगेशन उसी के पास आई थी। शाहरुख खान नाम के व्यक्ति से मुलाकात हुई और सभी कमियां पूरी करके उसकी फाइल भेज दी थी।

पांचों अभियुक्तों से यह दस्तावेज हुए बरामद।

गिरफ्तार किए गए फर्जी बीमा माफियाओं के अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों के पास से पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान एक मोबाइल वीरेंद्र से व एक मोबाइल नवाज अहमद से, बीमा माफिया कल्पना से डॉक्टर के फर्जी हस्ताक्षर और सील मोहर, बरामद किए गए हैं।
सभी बीमा माफियाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया है।

संभल से वीरेश कुमार की रिपोर्ट…

बांध धाम पर धार्मिक अनुष्ठानों के संग शुरू हुआ गुरु पूर्णिमा महोत्सव।

● एक सप्ताह तक चलेगा महोत्सव, हर दिन होगें विधिवत कार्यक्रम।

● इस बार 4 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक मनाया जायेगा यह महोत्सव।

● संभल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार है हरि बाबा बांध धाम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रजपुरा क्षेत्र के हरि बाबा बांध धाम पर गुरू पूर्णिमा का मंगलकारी महोत्सव शुक्रवार से आरम्भ हो गया। हरि बाबा बांध धाम पर प्रति यह महोत्सव बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। आसपास के क्षेत्र से तमाम श्रद्धालु यहां जुटे रहते हैं। इतना ही नहीं आसपास के गांवों के तमाम लोग यहां आकर हरिनाम संकीर्तन में उत्साह के साथ प्रतिदिन भागीदारी करते हैं।

यहां पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुम्बई, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों के शहरों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने गुरु पूर्णिमा पर आते हैं। शुक्रवार को श्री हरि धाम बांध ट्रस्ट समिति द्वारा उपलब्ध कराये गए कार्यक्रम ब्यूरा के अनुसार इस वर्ष कार्यक्रम कुछ इस प्रकार रहेंगे।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष रासलीला के सुंदर मंचन के साथ-साथ श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी किया जाता है। जिसे यहां आये लाखों श्रद्धालु बडे भक्ति भाव से दर्शन एवं श्रवण करते हैं। इतना ही नहीं यहां आये पर्यटक व भक्तगण हरि नाम संकीर्तन में भक्तिमय होते दिखाई देते हैं।

यही वजह है कि महोत्सव के पहले दिन से ही यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालुगण आना शुरू हो जाते हैं। महोत्सव के उपलक्ष्य में यहां सप्ताह भर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होता है। एक सप्ताह तक चलने वाला यह महोत्सव इस वर्ष 4 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक मनाया जा रहा है। जिसमें गौरांग कृष्ण लीला मंडल वृंदावन के लोकप्रिय कलाकारों की रासलीला के साथ-साथ पं. दीपक कृष्ण उपाध्याय की भागवत कथा के प्रवचन सुनने का सौभाग्य प्राप्त हो सकेगा।

बता दें कि संभल जिले के गवां क्षेत्र में बने हरिबाबा बांध धाम में लोगों की अगाध आस्था है। पंजाब के होशियारपुर जनपद के गंदोवाल से 1918 में गवां आए हरिबाबा ने इस क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए गंगा नदी पर एक लंबा तटबंध बनवाया था। तब से लोग उन्हें बड़े श्रद्धाभाव से पूजते हैं।

यूं तो विख्यात संत परम पूज्य श्री हरिबाबा महाराज का नाम किसी परिचय विशेष का मोहताज नहीं है। लाहौर मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़कर आए बाबा ने इस क्षेत्र की सेवा में अपना जीवन लगा दिया। श्रमदान कर 35 मील लंबा मिट्टी का बांध बनाकर क्षेत्रवासियों को हर वर्ष होने वाली गंगा की बाढ़ की विनाश लीला से बचाया। यही वजह रही कि हरिबाबा क्षेत्र के लिए एक अवतार बने। क्षेत्रवासियों ने उनके अनेक चमत्कार भी देखे। क्षेत्र के लोग उन्हें भगवान की भांति पूजते हैं। बांध धाम पर गुरु पूर्णिमा पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। कई राज्यों से श्रद्धालु यहां आते है। इतना ही नहीं सन् 1970 से ही हरे राम-हरे राम, राम-राम हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे महामंत्र का जाप यहां अनवरत 24 घंटे चल रहा है।

बता दें कि महान संत हरिबाबा का जन्म पंजाब के होशियारपुर जिले के गंधवाल गांव में सरदार प्रताप सिंह के घर पर हुआ था। अपने गुरुदेव सच्चिदानंद और भगवान में पूर्ण आशक्ति रखने वाले हरिबाबा जन्म से ही बैरागी स्वभाव के थे। लाहौर मेडिकल कालेज से एमबीबीएस फाइनल छोड़कर वे घूमने निकल पड़े। यहां-वहां घूमते हुए जब वे गवां क्षेत्र में आये तो हालात देखकर उनका हृदय द्रवित हो गया। यहां गंगा की भीषण बाढ़ से प्रलय मची हुई थी। हांलाकि बाढ़ को रोकने के लिए ब्रिटिश सरकार ने भी तमाम प्रयास किये लेकिन सफल नहीं हुई।
अंग्रेज हर साल बाढ़ रोकने को मिट्टी का बांध बनाते थे जो बह जाता था। इसके बाद गंगा गुन्नौर तहसील क्षेत्र के अलावा सहसवान क्षेत्र तक अपनी विनाश लीला दिखाती थी। क्षेत्रीय जनता की पीड़ा देखकर बाबा ने 1920 में स्थानीय लोगों के सहयोग से बांध का निर्माण शुरू करवाया। हौसले इतने जबरदस्त थे कि 35 मील लंबा बांध छह माह में बनकर तैयार हो गया। इस तरह बाबा ने कम समय में वह कार्य कर दिखाया जो ब्रिटिश सरकार सालों में नहीं कर सकी थी।
इसके बाद बाबा बनारस में ब्रह्मालीन हो गए। उनके पार्थिव शरीर को यहां उनकी कर्मस्थली में लाकर समाधि दी गयी और यहां एक भव्य मंदिर की स्थापना हुई। यही कारण है कि आज भी यहां आने वाले श्रद्धालु बांध पर अपना श्रमदान करना नहीं भूलते हैं। हरिबाबा के दर्शन करने के बाद बांध पर एक छबड़ा मिट्टी अवश्य डाली जाती है। जो दर्शन पूर्ण होने का प्रतिफल माना जाता है।

प्रेमी पर फिदा हुई पत्नी, प्रेमी के साथ मिलकर पति व बच्चों की हत्या का प्रयास।

● पहले दूध में जहर मिलाने का आरोप, फिर सोते पति का तकिया से दबाया गला।

● गला दबाने के विरोध पर प्रेमी ने चाकू से किया हमला, मौके से दोनों हो गए थे फरार।

● बहजोई थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में पत्नी द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति और बच्चों की हत्या करने का प्रयास किया गया। जहां पहले दूध में जहर मिलाकर मारने की कोशिश की गई तो वहीं बाद में मध्य रात्रि के बाद सोते हुए पति का तकिए से गला दबाया गया। विरोध करने पर वहीं खड़े प्रेमी द्वारा चाकू से हमला कर दिया गया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो उससे पहले दोनों मौके से फरार हो गए। हालांकि पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी गोपाल सिंह की पत्नी नैना शर्मा का अपने ही गांव के आशीष मिश्रा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते 30 जून की रात्रि को अपने पति गोपाल शर्मा और अपने दो बच्चों को जहर देकर हत्या करने का प्रयास किया। दूध में जहर मिलाकर हत्या करने की कोशिश की गई लेकिन पति ने कुछ मिलते हुए देख लिया। जिसे बच्चों को भी नहीं पीने दिया। जहां एक दिन पहले भी गोपाल पर चाकू से हमला किया गया था।
2 जुलाई की मध्य रात्रि को गोपाल मिश्रा अपने बच्चों के साथ सो रहा था। उसी समय लगभग मध्यरात्रि बाद 2:30 बजे पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर में घुसकर पति गोपाल का मुंह तकिया से दबाकर दम घोंटकर हत्या करनी चाही।‌ पति ने अपने हाथ पैर चलाए और विरोध किया तो वहीं खड़े प्रेमी ने चाकू से हमला कर दिया। मुंह पर तकिया होने के चलते चाकू का वार सीने पर किया गया।
शोर मचाया तो दोनों मौके से फरार हो गए। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। जहां गोपाल ने बहजोई थाने में तहरीर देकर नैना शर्मा और उसके ही गांव निवासी प्रेमी आशीष मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। जहां पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

7 साल पहले हुई शादी, प्रेमी के साथ कई बार पकड़ा था पति ने।

गोपाल शर्मा की शादी मुरादाबाद के कटघर थाना अंतर्गत अंबेडकर नगर निवासी नैना शर्मा के साथ लगभग 7 साल पहले हुई थी। जहां उसके दो बेटे भी हैं, जिसमें एक की उम्र 4 वर्ष पर दूसरे की डेढ़ वर्ष के लगभग है। गांव के ही आशीष मिश्रा से अवैध संबंध चल रहे थे। दोनों को कई बार आपत्तिजनक स्थिति में भी पकड़ा गया। सामाजिक लोकलाज के चलते पत्नी को कई बार समझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह नहीं मानती थी। बीते दिनों पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। लेकिन समाज का दबाब होने के चलते वह वापस आ गई थी।
जब बात नहीं बनी तो अपने प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति और अपने दोनों बच्चों को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। गत् 30 जून को पत्नी ने अपने दो बच्चे और पति को दूध में जहर मिलाकर मारने की कोशिश की, इससे पहले भी चाकू से हमला कर हत्या करने की कोशिश की गई।
2 जुलाई को सोते हुए पति पर मुंह तकिया से दबाकर गला घोंटने की कोशिश की गई। विरोध करने पर प्रेमी ने चाकू से कई वार किए।
जहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। आखिरकार दोनों को शुक्रवार सुबह लहरावन यात्री शेड के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के पास से हत्या में बरामद चाकू और सोते समय गला घोंटने के लिए प्रयोग किए गए तकिए को भी बरामद कर लिया।

दूल्हा समेत 8 की मौत से पसरा मातम, बेहोश हुई दुल्हन।

तेज रफ़्तार बोलेरो के इंटर कॉलेज की दीवार में टकराने से हुआ हादसा।

● जानकारी क़े मुताबिक मरने वालों में दूल्हा, भाभी, बच्चे बहिन, भतीजी समेत ड्राइवर भी शामिल।

● मुख्यमंत्री ने लिया घटना पर संज्ञान, एसपी बोले ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ हादसा।

पूरा मामला संभल जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के कस्बा जुनावई का।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के जुनावई क्षेत्र में शुक्रवार की शाम सवा सात बजे भीषण हादसा हुआ। जहां बदायूं बारात ले जा रही बोलेरो कार बेकाबू होकर जुनावई इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। जहां हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज हेतु अलीगढ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतकों में दूल्हा, बहिन, भतीजी, भाभी व उनके बच्चे, व ड्राइवर आदि शामिल हैं। घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का अभी भी अलीगढ इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय कार में दस लोग मौजूद थे जो बारात लेकर बदायूं जा रहे थे। भीषण हादसे के चलते शादी की समस्त खुशियां मातम में बदल गईं। जिसके चलते वधु के साथ-साथ माता-पिता सहित पूरा वधु पक्ष शोक में डूब गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार दूल्हा सूरज (24) संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र के हर गोविंदपुर का रहने वाला था जो शुक्रवार की शाम बारात लेकर बदायूं की बिल्सी तहसील के गांव सिरसौल जा रहा था। जिसके चलते ही गाड़ी में परिवार की महिलाएं व रिश्तेदार समेत कुल 10 लोग बैठे हुए थे।

घटना के उपरांत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बोलेरो की स्पीड बहुत तेज थी। जिसके चलते ड्राइवर ने स्टेयरिंग से कंट्रोल खो दिया और गाड़ी कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक बडे धमाके जैसी आवाज हुई। जहां लोग घटना की तरफ दौड़ पड़े। सब लोग गाड़ी में फंसे हुए बुरी तरह दर्द से कराह रहे थे। मौजूद लोगों ने सभी को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे तभी पुलिसवाले भी आ गए।
जहां पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब 7:15 बजे हुआ। जिसमें दूल्हा समेत 8 लोगों की मृत्यु हो गई है पुलिस के अनुसार हादसे में दूल्हा सूरज (24) पुत्र सुखराम, बहन कोमल (18), भाभी आशा (26), भतीजी ऐश्वर्या (2), सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20), गणेश (6) पुत्र देवा, और ड्राइवर रवि (28) पुत्र बच्चू बंजारा की मौत हुई है। जबकि घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का इलाज चल रहा है। जिनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
बता दें कि दूल्हा सूरज की शादी बदायूं के रहने वाले राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। जिसके चलते बारात शाम को बदायूं के लिए निकली थी। अंजू के पिता और रिश्तेदार बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। तभी दूल्हे के परिवार ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर मिली दुल्हन के यहां खुशियां मातम में बदल गईं। जहां दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उक्त हादसे का संज्ञान लिया है। जहां मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
उक्त घटना के संबंध में संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसा ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जेसीबी से बोलेरो को दीवार से अलग किया गया। मशीन से गाड़ी के दरवाजे काटे गए। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। जिन्हें सीएचसी भेजा गया। जिंन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अलीगढ़ रेफर किया।

सिंहावली आश्रम पर भागवद कथा के शुभारंभ पर निकाली गई कलश यात्रा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल तहसील क्षेत्र के सिंहावली स्थित श्री गोपाल धाम बाबरे बाबा आश्रम पर श्रीमद् भागवद कथा के आयोजन पर गुरुवार को कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जहां विधि विधान के साथ कलश यात्रा सिंहावली तथा खरस्पा गांव में निकाली गई। भागवद् कथा के समापन पर आगामी 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
सिंहावली स्थित श्री गोपाल धाम बाबरे बाबा आश्रम पर गुरुवार को भागवद् कथा का शुभारंभ किया गया। जिसके उपलक्ष्य में विधि विधान के साथ कलश यात्रा निकाली गई। गांव की कन्याओं ने कलश पूजन कर व महिलाओं ने भजन कीर्तन के साथ सिंहावली तथा खरस्पा गांव में कलश यात्रा निकाली। जहां गांव के श्रद्धालु भक्ति के भजनों पर झूमते नजर आए।
बता दें कि भागवद कथा 10 जुलाई तक की जाएगी। 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। आश्रम के महंत बालक दास महाराज ने विधि विधान के साथ भागवद् कथा का शुभारंभ कराया।

बारात चढ़त‌ के दौरान पुलिस पर पथराव में 5 और गिरफ्तार, 22 की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी।

● दूल्हा दुल्हन पक्ष में जमकर हुई थी मारपीट और पथराव, मौके पर पहुंची थी चार थानों की पुलिस।

● दो दरोगा सहित सिपाही हुए थे घायल, दूल्हा भी बग्घी से उतर हो गया था फरार।

● 27 नामजद सहित 15 से 18 अज्ञात के खिलाफ दर्ज है मुकदमा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। छोटी सी बात को लेकर बारात चढ़त के दौरान झगड़ा होना और फिर मारपीट तथा पथराव शुरू हो जाना। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी पथराव करना और घायल कर देना, फिर मुकदमा दर्ज और दंगाइयों की गिरफ्तारी कर जेल भेजना। इस झगड़े में ग्रामीण और बारातियों ने तो बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया लेकिन दुल्हन चीख चीख कर रोती रही, आखिर उसकी शादी भी टूट गई और हाथों पर मेहंदी रची हुई रह गई। हालांकि झगड़ा करने के मामले में पुलिस ने 27 नामजद सहित 15 से 18 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया और पहले ही दिन एक महिला सहित 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं इसी मामले में बुधवार को भी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि संभल जनपद के धनारी थाना क्षेत्र के डरौली गांव निवासी जसवंत की बेटी मंजू की शादी थी। बारात रजपुरा थाना क्षेत्र के हरदासपुर से आई थी। बड़ी खुशी से बारात चढ़ने लगी। दूल्हा अंकित पुत्र सोपाली बग्घी पर था।
खुशी दौरान एक बाराती का पैर कीचड़ में गिर गया, जहां कीचड़ के छींटे गांव निवासी एक ग्रामीण के कपड़ों पर लग गए। फिर क्या इतनी ही बात पर गाली गलौज और फिर मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दुल्हन दूल्हा पक्ष के लोगों में जमकर पथराव होने लगा। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। व्यवस्था नहीं संभली तो दूसरी डायल 112 बुलाई गई। जहां दोनों तरफ से लगभग 40 से 50 लोग एक दूसरे पर पथराव कर रहे थे। जिसमें कई लोग घायल भी हुए थे। सूचना पर धनारी थाना पुलिस के दरोगा अंकित कुमार व वसंत यादव तथा दो सिपाही भी घायल हो गए। धनारी थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस पर भी दंगाइयों ने पथराव शुरू कर दिया। सूचना पर रजपुरा थाना पुलिस, गुन्नौर, जुनावई तथा बहजोई पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंच गई और बहजोई क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जहां पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए दंगाइयों को खदेड़ा। पुलिस द्वारा ही मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसमें 27 नामजद सहित 15 से 18 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इस दौरान पुलिस ने एक महिला सहित 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिन्हें जेल भेज दिया गया।
बुधवार को पुलिस ने 2 नामजद, जिसमें जसवंत पुत्र मंगली तथा काशीराम पुत्र चंद्रपाल निवासी डरौली व 3 अज्ञात में से वीरेंद्र पुत्र बाबू निवासी डरौली, रवि कुमार पुत्र रामनिवास निवासी भटपुरा बिसौली बदायूं, वीर बहादुर पुत्र मोहनलाल निवासी अजनावर बिसौली बदायूं को गिरफ्तार कर लिया।