
शिक्षा मंत्री गुलाब देवी बोलीं – तिरंगा यात्रा सैनिकों के सम्मान, उत्साह और समर्पण के लिए निकाली गई।
ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम को लेकर किया तिरंगा यात्रा का आयोजन।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम को लेकर संभल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जगह-जगह लोगों द्वारा फूलों की वर्षा की गई। वहीं दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा भी जेसीबी पर खड़े होकर फूल बरसाए गए। संभल के मुरादाबाद रोड से भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय से तिरंगा यात्रा का आयोजन शुरू हुआ।
पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सेना द्वारा अपना साहस और पराक्रम दिखाने पर उनके सम्मान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के साथ अन्य भाजपा नेताओं ने भी यात्रा में सम्मिलित होकर सेना की वीरता का गुणगान किया।
शनिवार को तिरंगा यात्रा संभल के मुरादाबाद रोड से भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय से शुभारंभ किया गया। जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। देश भक्ति के गानों पर हाथों में तिरंगा लेकर सेना का मनोबल बढ़ाते हुए उनका सम्मान किया गया।
भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी हेमंत राजपूत के साथ पश्चिमी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल और जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी तथा अन्य भाजपा नेताओं ने उपस्थित होकर भारतीय सेना के पराक्रम को सराहते हुए देशभक्ति का जज्बा दिखाया।
हाथ में तिरंगा ले भारत मां की जयघोष साथ राष्ट्र भक्ति में लीन दिखे भाजपा कार्यकर्ता।

माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाबो देवी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सैनिकों के सम्मान, उत्साह, समर्पण और परिश्रम के लिए निकल गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर जवाब दिया है।
जहां भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा और सुरक्षा बल के बीच तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दे रखी है, वह जब चाहें दुश्मन पर हमला करते हुए उससे निपटने में सक्षम है।
इस दौरान भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के पश्चिमी क्षेत्र प्रभारी कुलदीप ऐरन, बहजोई नगर पालिका चेयरमैन राजेश शंकर राजू के अलावा सैकड़ाें कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
■ संभल से वीरेश कुमार की रिपोर्ट…