● बदायूं के इस्लामनगर की भी संभल में शामिल होने की संभावना।
● संभल की तीनों नगर पालिकाओं की सीमा का होगा विस्तार, राजस्व विभाग ने मांगी जानकारी।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में नगर पालिकाओं का सीमा विस्तार करने की कवायत तेज हो गई है, जहां राजस्व विभाग में संबंधित जानकारी मांगी है। संभल जनपद की नगर पालिका परिषद संभल, चंदौसी तथा बहजोई के सीमावर्ती गांवों को नगर पालिका में शामिल किए जाने की कवायत शुरू हो गई है। इसके अलावा बदायूं जनपद के इस्लामनगर की भी सीमांकन के दौरान संभल जनपद में शामिल होने की संभावना है।
मुरादाबाद से अलग होकर 2011 में संभल को जनपद का दर्जा मिला। इस बीच जनपद को कई नई सौगात ही मिली हैं। लेकिन संभल जनपद का सीमांकन अभी भी पूरी तरह से पूरा नहीं हो पाया है। जिसकी मांग अमरोहा तथा बदायूं जनपद के लोग करते आए हैं।
वर्तमान में संभल जनपद में तीन नगर पालिका परिषद तथा पांच नगर पंचायतें हैं। जिनमें से जनपद की तीनों नगर पालिकाओं का सीमांकन विस्तार करने की कवायद शुरू की गई है।
राजस्व परिषद द्वारा संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जहां तीनों नगर पालिकाओं में 46 गांवों को शामिल किया जाएगा। जिसमें 16 गांव बहजोई नगर पालिका में तथा 16 गांव संभल नगर पालिका परिषद में सम्मिलित किए जाएंगे। इसके अलावा 14 गांवों को चंदौसी नगर पालिका में सम्मिलित किया जाएगा। यह सभी गांव नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सीमावर्ती गांव हैं।

इसके अलावा बदायूं जनपद के इस्लामनगर विकासखंड को भी संभल जनपद में सम्मिलित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
नगर पालिका में सम्मिलित होने के बाद बढ़ेगा विकास का क्षेत्र।
नगर पालिका परिषद के लिए जहां विकास का क्षेत्र सीमित था, तो वहीं सीमावर्ती गांव बढ़ने पर विकास का क्षेत्र बढ़ जाएगा। इतना ही नहीं नगर पालिका परिषद के लिए आने वाली सभी योजनाओं का लाभ भी गांव के सम्मिलित पर इन्हें भी मिलेगा। बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर विकास का स्तर बढ़ेगा।
■ संभल से वीरेश कुमार की रिपोर्ट…