शिक्षा मंत्री व डीएम ने मेधावियों को किया सम्मानित, मिले टेबलेट व चैक।

● राज्य मंत्री बोलीं- लाखों परीक्षार्थियों के बीच सर्वोच्च स्थान पाना एक बड़ी सफलता।

● कहा- निरंतर करना होगा कठिन परिश्रम, मेधावियों को दी बधाई।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न बोर्ड के हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र छात्राओं को 2025 की बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने पर जहां लखनऊ स्थित लोग भवन सभागार में सजीव प्रसारण मुख्यमंत्री द्वारा हुआ और मेधावियों को सम्मानित किया गया तो वहीं संभल जनपद के बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में भी सजीव प्रसारण देखा गया और जनपद के मेधावियों को राज्य शिक्षा मंत्री गुलाब देवी तथा जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। गुरुवार को बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर मेधावियों को सम्मानित करने के कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जनपद के हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट के मेधावियों राज्य शिक्षा मंत्री गुलाब देवी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू और जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया तथा जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम कुमार द्वारा 21 हजार रुपए की राशि उनके खाते में चेक द्वारा स्थानांतरित की गई तथा साथ ही इसके लिए प्रतीकात्मक चेक और प्रशस्ति पत्र तथा मेडल और एक टैबलेट देकर सम्मानित किया गया।

जनपद में 2025 की परीक्षा में सम्मिलित हुए इंटरमीडिएट के 10 परीक्षार्थियों में से 6 छात्र और 4 छात्राएं रहीं, वहीं हाई स्कूल की परीक्षा में 11 परीक्षार्थी, जिनमें से 5 छात्र और 6 छात्राओं को सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि लाखों परीक्षार्थियों में सर्वोच्च अंक पाना बहुत ही कठिन कार्य है। निरंतर कठिन परिश्रम करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमेशा सकारात्मक का भाव रखें। निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ें और प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करते रहें। इसी के साथ उन्होंने सभी मेधावियों को बधाई दी।

पढ़ाई के साथ खेल को भी समय दें, स्वाध्याय भी करें – जिलाधिकारी।

मेधावियों को सम्मानित करने के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विद्यार्थी जिनके लिए टेबलेट प्रदान किए गए हैं, वह उनका प्रयोग केवल पढ़ाई में करें। साथ ही खेलने में भी अपना समय निकालें ,जिससे कि उनका मानसिक और शारीरिक विकास अच्छे से हो सके। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे आधिकारिक रूप से स्वाध्याय भी करें। जिलाधिकारी ने सभी मेधावियों को बधाई देते हुए भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी द्वारा जनपद में शिक्षा पर दिया जा रहा विशेष ध्यान – जिलाध्यक्ष।

मेधावियों को सम्मानित करने के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू ने कहा कि जनपद में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया द्वारा बेसिक शिक्षा पर भी विशेष अच्छा कार्य किया जा रहा है। जिलाधिकारी जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और शिक्षा का स्तर सुधारने में लगे हुए हैं। जिलाध्यक्ष ने जनपद के सभी मेधावियों को पुरस्कार प्राप्त करने की बधाई दी तथा आगे मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुए मेधावी छात्र-छात्राओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही सभी को सम्मानित करने के पश्चात उन्हें बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर तरुण पाठक, प्रभागीय वन अधिकारी वंदना, जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, विनीत गोयल, एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो के प्रतिनिधि विनोद शर्मा, डॉ. राजीव कुमार, मेधावी छात्र-छात्राओं के शिक्षक, अभिभावक आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment