शादी में पथराव के बाद पुलिस पर हमला, दो दरोगा समेत दो सिपाही घायल, तीन दर्जन से अधिक लोंगों पर एफआईआर।

● अब तक 22 लोग गिरफ्तार अन्य की तलाश में जुटी पुलिस।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सोमवार की रात थाना धनारी क्षेत्र के डरौली गांव में शादी के दौरान लड़का एवं लड़की पक्ष के बीच पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ही हमला कर दिया गया। जिसमें दो दरोगा और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी बहजोई आलोक सिद्धू पुलिस बल के साथ डरौली गांव पहुंचे। जहां पुलिस पर हमला करने वाले लोगों पर बल प्रयोग करते हुए एक महिला सहित कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया है।
पूरा घटनाक्रम बीते सोमवार की देर रात का है। थाना धनारी क्षेत्र के गांव डरौली निवासी जसबंत पुत्र मंगली की पुत्री की बारात इसी थाना क्षेत्र के गांव मझोला से आई थी। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में हुए झगड़े के बाद पथराव शुरू हो गया।
जहां थाना धनारी से दरोगा अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां दोनों पक्ष से करीब 40-45 लोग आपस में एक-दूसरे पर पथराव कर रहे थे। पुलिस ने उग्र भीड को समझाने का प्रयास किया तो वे लोग और अधिक उग्र होकर एक-दूसरे पर पथराव और हमला करने लगे। रोकने पर पुलिस के ऊपर जान से मारने की नीयत से भारी पथराव किया जिसमें दो दरोगा समय दो सिपाही घायल हो गये। हालांकि पुलिस कर्मियों की हालत सामान्य है।
धनारी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि धारा 191(2),191(3), 115(2), 109(1),121(1), 132, 351(3), 324(4) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट में कुल 27 लोगों पर नाम दर्ज व 15-16 अज्ञात व्यक्तियों पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना में जो भी लोग शामिल थे वे मौके से फरार हो गए हैं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment