
● तेज रफ़्तार बोलेरो के इंटर कॉलेज की दीवार में टकराने से हुआ हादसा।
● जानकारी क़े मुताबिक मरने वालों में दूल्हा, भाभी, बच्चे बहिन, भतीजी समेत ड्राइवर भी शामिल।
● मुख्यमंत्री ने लिया घटना पर संज्ञान, एसपी बोले ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ हादसा।
● पूरा मामला संभल जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के कस्बा जुनावई का।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के जुनावई क्षेत्र में शुक्रवार की शाम सवा सात बजे भीषण हादसा हुआ। जहां बदायूं बारात ले जा रही बोलेरो कार बेकाबू होकर जुनावई इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। जहां हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज हेतु अलीगढ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतकों में दूल्हा, बहिन, भतीजी, भाभी व उनके बच्चे, व ड्राइवर आदि शामिल हैं। घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का अभी भी अलीगढ इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय कार में दस लोग मौजूद थे जो बारात लेकर बदायूं जा रहे थे। भीषण हादसे के चलते शादी की समस्त खुशियां मातम में बदल गईं। जिसके चलते वधु के साथ-साथ माता-पिता सहित पूरा वधु पक्ष शोक में डूब गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार दूल्हा सूरज (24) संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र के हर गोविंदपुर का रहने वाला था जो शुक्रवार की शाम बारात लेकर बदायूं की बिल्सी तहसील के गांव सिरसौल जा रहा था। जिसके चलते ही गाड़ी में परिवार की महिलाएं व रिश्तेदार समेत कुल 10 लोग बैठे हुए थे।

घटना के उपरांत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बोलेरो की स्पीड बहुत तेज थी। जिसके चलते ड्राइवर ने स्टेयरिंग से कंट्रोल खो दिया और गाड़ी कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक बडे धमाके जैसी आवाज हुई। जहां लोग घटना की तरफ दौड़ पड़े। सब लोग गाड़ी में फंसे हुए बुरी तरह दर्द से कराह रहे थे। मौजूद लोगों ने सभी को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे तभी पुलिसवाले भी आ गए।
जहां पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब 7:15 बजे हुआ। जिसमें दूल्हा समेत 8 लोगों की मृत्यु हो गई है पुलिस के अनुसार हादसे में दूल्हा सूरज (24) पुत्र सुखराम, बहन कोमल (18), भाभी आशा (26), भतीजी ऐश्वर्या (2), सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20), गणेश (6) पुत्र देवा, और ड्राइवर रवि (28) पुत्र बच्चू बंजारा की मौत हुई है। जबकि घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का इलाज चल रहा है। जिनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
बता दें कि दूल्हा सूरज की शादी बदायूं के रहने वाले राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। जिसके चलते बारात शाम को बदायूं के लिए निकली थी। अंजू के पिता और रिश्तेदार बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। तभी दूल्हे के परिवार ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर मिली दुल्हन के यहां खुशियां मातम में बदल गईं। जहां दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उक्त हादसे का संज्ञान लिया है। जहां मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
उक्त घटना के संबंध में संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसा ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जेसीबी से बोलेरो को दीवार से अलग किया गया। मशीन से गाड़ी के दरवाजे काटे गए। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। जिन्हें सीएचसी भेजा गया। जिंन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अलीगढ़ रेफर किया।