
● घराती-बाराती में जमकर मारपीट, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल।
● प्रकरण बना क्षेत्र में चर्चा का विषय, पूरा मामला संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र का।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। यूपी के संभल जिले में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष भिड़ गए। बाद में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी, जिसके चलते बरात बैरंग लौट गई।
बता दें कि शुक्रवार को गणेश कॉलोनी निवासी दंपति की पुत्री की बारात आंवला क्षेत्र के मनोना धाम से आई थी। बरात आने के बाद सीता आश्रम पुलिस चौकी के पास स्थित धर्मशाला में दावत चल रही थी। साथ ही शादी के रीति-रिवाज कार्यक्रम भी जारी थे। तभी धर्मशाला में आयोजित शादी समारोह में दूल्हा पक्ष ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की जगह बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। लड़की के पिता द्वारा इनकार करने पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। लडकी पक्ष का कहना था कि दूल्हा पक्ष की मांग और अपनी सामर्थ्य के अनुसार पहले ही दहेज का सामान पूरा कर दिया है। अब इस अतिरिक्त मांग को पूरा नहीं कर सकते। तभी देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हे चंदौसी के ही एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। उसके बाद शुक्रवार मध्यरात रात तक तमाम लोगों के द्वारा मामला सुलझाने का भरकस प्रयास चलता रहा परन्तु बात नहीं बनी। जहां मारपीट के बाद दूल्हे पक्ष ने शादी से ही इनकार कर दिया। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। वधू पक्ष ने इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। चंदौसी प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दुल्हन पक्ष से तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया बुलेट मोटरसाइकिल की मांग के अलावा डीजे पर हुआ विवाद भी विवाह में मारपीट एवं विवाद का कारण बना है।