
◆ जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने शुरू की पहल: जानकारी के साथ शिकायत दर्ज करने की भी सुविधा।
◆ ‘संभल संवाद एप’ के बारे में मुख्यमंत्री को भी कराया गया अवगत।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की पहल से ‘संभल संवाद एप’ की शुरुआत हो गई है। एप पर एक क्लिक करने पर ही पूरे जनपद से संबंधित जानकारी तथा विभागीय अधिकारियों की जानकारी मिल जाएगी। जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बहजोई में अपनी जनसभा के दौरान किया।
डिजिटल गवर्नेंस की तरफ बढ़ रहे संभल ने अब अपनी एक अलग पहचान बना ली है। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया द्वारा एक नई पहल के साथ संभल जनपद की पूरी जानकारी, सभी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी, लाभ लेने की प्रक्रिया, जनपद के इतिहास, भूगोल तथा राजनीतिक क्षेत्र की जानकारी, इतना ही नहीं शिकायत दर्ज करने की भी सुविधा आदि सब सिर्फ एक ही ऐप के माध्यम से प्रदान की गई है। जिसका नाम ‘संभल संवाद एप‘ रखा गया है।
जिलाधिकारी की पहल के चलते अब किसी भी जनपद वासी को जानकारी के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। किसी भी विभाग के अधिकारी से संपर्क करने शिकायत दर्ज करने तथा किसी भी सुविधा के बारे में जानकारी लेने संभल की राजनीतिक क्षेत्र के बारे में जानकारी करने जैसी तमाम जानकारी इस एक एप के माध्यम से प्रदान की गई है।
इसके अलावा इसकी जानकारी अंग्रेजी तथा हिंदी दोनों माध्यमों में दी गई है। जिससे कि सभी जनपदवासी इसका लाभ ले सकें। इतना ही नहीं एप के माध्यम से जनपद के सभी सरकारी तथा निजी अस्पताल, बैंक, थाने, जनपद के सभी विभागीय अधिकारी कार्यालय, विकासखंड, विकासखंड से संबंधित अधिकारी, तहसील, जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक शौचालय, पार्क, परिवहन साधन आदि की जानकारी भी यहां उपलब्ध कराई गई है।

इतना ही नहीं इसके माध्यम से किसी भी विभागीय अधिकारियों से संबंधित शिकायत भी एप के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है। जिसका नेतृत्व सीधे जिलाधिकारी द्वारा किया जाएगा।
‘संभल संवाद’ एप में अपने नाम के मुताबिक जनपदीय लोगों की सुगमता के लिए जनपद के सभी प्रशासनिक मोबाइल नंबर तथा हेल्पलाइन नंबर भी जोड़े गए हैं। जहां सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई है तथा आवेदन करने के लिए भी एप के माध्यम से सुविधा प्रदान की गई है।
एप निर्माण में तीन माह की सतत मेहनत के अब जिलाधिकारी द्वारा इसे लागू कर गूगल प्ले स्टोर पर अपलोड कर दिया गया है जहां से कोई भी यूजर इसे सहजता से डाउनलोड कर जनपद के बारे में जानकारी ले सकता है।
जहां गुरुवार को बहजोई में जिला मुख्यालय के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल संवाद ऐप का भी शुभारंभ किया।
■ दैनिक प्रवाह के लिए डा. गौरव उन्मुक्त की रिपोर्ट….