पहले टेंपो चालक के साथ मारपीट फिर टेंपो छीना, पुलिस के साथ भी हाथापाई।

डायल 112 व थाना पुलिस पर डंडे लेकर दौड़ीं महिलाएं, की बदसलूकी व धक्का-मुक्की।

पुलिस ने 6 नामजद व दो अज्ञात सहित आठ पर दर्ज की रिपोर्ट।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में पहले टेंपो चालक के साथ मारपीट की गई और फिर टेंपो छीन लिया गया। किसी तरह टेंपो चालक ने भाग कर जान बचाई तो डायल 112 और थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डाल 112 पहुंची तो उसके साथ भी बदसलूकी की गई तथा टेंपो की चाबी मांगने पर नहीं दी गई। महिलाएं हाथापाई पर उतर आईं। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस के साथ में बदसलूकी की महिलाओं ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की। जिसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। जिसमें महिला के हाथ में डंडा भी दिखाई दे रहा है जो पुलिस के मारने की कोशिश कर रही है। जहां पुलिस ने 6 नामजद व दो अज्ञात सहित आठ पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कैला देवी थाना क्षेत्र के तारनपुर गांव निवासी श्रीकांत पुत्र  विजयपाल नोएडा में रहकर टेंपो चलाता है। रक्षाबंधन के त्यौहार पर वह अपने गांव में आया हुआ था। शनिवार को वह किसी काम से क्षेत्र के ही लखनपुर गांव में अपने दोस्त धर्मेंद्र के साथ अपने टेंपो से गया था। वहां से डीजे के काॅलम लेकर वापस अपने गांव आ रहा था। इस दौरान लखनपुर गांव निवासी श्याम सिंह ने अपने घर के आगे टेंपो रोककर चाबी निकाल ली। साथ ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जहां उसके साथ उसका बहनोई अर्जुन तथा श्याम सिंह के पिता लखमी ने मारपीट करते हुए श्रीकांत का टेंपो छीन लिया। श्रीकांत ने किसी तरह जान बचाकर डायल 112 की सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने टेंपो की चाबी नहीं दी और बदसलूकी करने लगे। महिलाएं हाथ में डंडा और ईंट पत्थर लेकर पुलिस पर दौड़ पड़ीं।

सूचना पर कैला देवी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। आरोपियों ने श्रीकांत के कपड़े भी फाड़ दिए। महिलाओं ने हाथों में ईंट तथा लाठी लेकर सिपाही को दौड़ा लिया। महिला के साथ अन्य परिजन भी आ गए। आरोपियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की तथा बदसलूकी शुरू कर दी। जहां पुलिस ने टेंपो को अपने कब्जे में लेना चाहा लेकिन आरोपियों ने टेंपो को नहीं लेने दिया।
अंत में पुलिस ने टेंपो अपने कब्जे में ले लिया और किसी तरह पीड़ित श्रीकांत को छुड़ाकर ले आई।
जहां पुलिस ने भी आरोपी श्याम सिंह पुत्र लखमी, अर्जुन, लखमी तथा पंचम पुत्र खचेडू, राजेश्वरी, मीना तथा दो अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम बाधा डालने, बदसलूकी, हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Comment