
◆ ग्रामीण बोले- समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के असमोली थाना क्षेत्र में एक दु:खद घटना सामने आई है। जहां मलकपुर नवादा गांव निवासी 13 वर्षीय छात्रा की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई।
मृतका की पहचान उम्मे फजल पुत्री मुनाजिर हुसैन के रूप में हुई है जो वर्तमान में हाई स्कूल की छात्रा थी।
उक्त घटना उस समय की है जब उम्मे फजल रात के समय घर के शौचालय में गई हुई थी। तभी वहां मौजूद सांप ने उसे काट लिया।सांप के काट लेने के उपरांत किशोरी की चीख-पुकार सुनकर मौके पर परिजनों के साथ-साथ पड़ोसी आदि भी पहुंच गये। उम्मे फजल तब तक भयबस बेहोश हो चुकी थी। होश आने पर उसने परिजनों को खुद को सांप द्वारा काटने की जानकारी दी।
जहां परिजनों ने उम्मे फजल को चिकित्सकीय सहायता दिलाने की बजाय तांत्रिक-झाड़फूंक आदि कराना उचित समझा। जिसके चलते किशोरी की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी हालत निरंतर बिगड़ती गई जहां उम्मे फजल की मृत्यु हो गई। जहां पर दोपहर में परिजनों ने उसके शव को दफना दिया।
सर्पदंश उपचार में प्रशासन की इतने जागरूक करने के बावजूद भी झाड़-फूंक के चक्कर में आखिरकार किशोरी की जान चली गई। जहां ग्रामीणों का कहना है अगर झाड़-फूंक के स्थान पर समय पर इलाज मिलता तो किशोरी की जान बचाई जा सकती थी।