
🔸 संभल में हुए दोनों दंगों पर आधारित है पूरी फिल्म की कहानी।
🔸 विजय राज और महेश मांजरेकर का पोस्टर मेंदिखा दमदार लुक।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। ‘कल्कि संभल’ से एक बार फिर अमित जानी सुर्खियों में आ गए हैं। फिल्म का पोस्टर रिलीज होते ही इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूरी फिल्म की कहानी संभल में हुए दोनों दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। पोस्टर में अभिनेता विजय राज और महेश मांजरेकर दमदार और गंभीर लुक में नजर आ रहे हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
तो वहीं कल्कि संभल’ का निर्देशन भी भरत एस श्रीनेत कर रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी अमित जानी के पास है। अमित जानी इससे पहले अपनी फिल्म उदयपुर फाइल्स को लेकर विवादों में रहे हैं, जिस वजह से कल्कि संभल को लेकर भी बहस और चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पहला पोस्टर किरदारों की पहचान स्थापित करने के लिए रिलीज किया गया है, ताकि दर्शक कहानी से पहले किरदारों से जुड़ सकें।
अमित जानी ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म साल 1978 के संभल दंगों पर आधारित है और इसे साल 2024 से जोड़कर दिखाया जाएगा। फिल्म में दो मुख्य खलनायक किरदार हैं। पहले किरदार का नाम अब्बाजान है, जिस पर साल 1978 में राजनीतिक फायदे के लिए दंगे भड़काने का आरोप लगाया गया था। इस किरदार में एक्टर महेश मांजरेकर नजर आएंगे। तो वहीं, दूसरे महत्वपूर्ण किरदार का नाम भाईजान है, जो अब्बाजान का पोता है। इस रोल में विजय राज दिखाई आएंगे, जिन पर कहानी के अनुसार 2024 में संभल में हिंसा फैलाने का आरोप दिखाया जाएगा। फिल्म में एक और अहम किरदार, संभल के एसपी कृष्ण बिश्नोई का है। इस भूमिका को एक मशहूर एक्टर अभिनेता निभा रहे हैं, लेकिन मेकर्स ने अभी उनकी पहचान गुप्त रखी है। बताया जा रहा है कि अगले पोस्टर में इस किरदार का खुलासा किया जाएगा।
फिल्म संभल के ऐतिहासिक और वर्तमान दंगों को केंद्र में रखकर सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों को उठाती दिख रही है। ऐसे में मेकर्स का दावा है कि फिल्म किरदारों की गहराई और उनकी पृष्ठभूमि पर फोकस करेगी फिल्म की रिलीज डेट और अन्य डिटेल्स जल्द ही अनाउंस होने की उम्मीद है।
