विधानसभा के पटल पर वाराणसी प्रकरण, सपा विधायक ने सरकार से की उच्चस्तरीय जांच की मांग।

◆ कहा- मणिकर्णिका घाट का ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व, देश-विदेश में प्रसिद्ध।

◆ बदायूं की सहसवान विधानसभा से विधायक हैं बृजेश यादव।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। यूपी विधानसभा में वाराणसी से जुड़े प्रकरण को लेकर बजट सत्र के पहले दिन ही जोरदार चर्चा देखने को मिली।
सहसवान विधायक ब्रजेश यादव ने मणिकर्णिका घाट पर स्थित अहिल्याबाई होलकर द्वारा निर्मित मंदिर को तोड़े जाने के कथित प्रकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि किसी ऐतिहासिक धरोहर या मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया है तो यह अत्यंत गंभीर विषय है। जहां विधायक ने सदन के पटल पर मामला उठाते हुए सरकार से इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की।
सपा विधायक ब्रजेश यादव ने कहा कि मणिकर्णिका घाट का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व न केवल देश बल्कि विदेशों में भी प्रसिद्ध है। ऐसे पवित्र और विश्वविख्यात स्थल से जुड़े किसी भी प्रकरण को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और मणिकर्णिका घाट की गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनी रहे। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रजेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर संवेदनशील है। इसलिए सरकार को इस विषय पर स्पष्ट बयान देना चाहिए ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न रहे।
बजट सत्र के संदर्भ में बोलते हुए विधायक ने प्रस्तुत बजट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बजट में आम जनता, किसानों, युवाओं और बेरोजगारों के मुद्दों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी गई है। राज्यपाल के अभिभाषण का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना की और कहा कि जमीनी समस्याओं पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। जहां सदन में इस मुद्दे को लेकर कुछ समय तक बहस का माहौल बना रहा।

Leave a comment