
◆ एसपी कृष्ण बिश्नोई ने लिया बड़ा एक्शन, दरोगा समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद में भ्रष्टाचार की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। कृष्ण बिश्नोई ने सख्त रुख अपनाते हुए एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की पूरी टीम को निलंबित कर दिया है।
कार्रवाई के तहत एक दरोगा, दो हेड कांस्टेबल और पांच कांस्टेबल समेत कुल आठ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। बताया जा रहा है कि टीम के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत मिलने के बाद प्राथमिक जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर यह कदम उठाया गया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एक उपनिरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और पांच सिपाही शामिल हैं। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक को पिछले दिनों एसओजी टीम से जुड़ी दो गंभीर शिकायतें मिली थीं। पहली शिकायत 2 फरवरी की रात की है, जब एसओजी टीम ने मुरादाबाद के बिलारी निवासी आस मोहम्मद को ई-कचरा ले जाते हुए पकड़ा था। आरोप है कि टीम उसे चौधरी सराय पुलिस चौकी ले गई और कथित तौर पर पैसे लेकर छोड़ दिया, साथ ही बरामद ई-कचरा भी अपने पास रख लिया।
दूसरी शिकायत में बताया गया कि एसओजी टीम को एक युवक-युवती का कथित अश्लील वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा दिया गया था। इसके आधार पर टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई किए बिना रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया। जब दोनों मामलों की जांच पुलिस अधीक्षक स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोपों में प्रथम दृष्टया सत्यता पाई गई। इसके बाद एसपी ने कड़ा फैसला लेते हुए एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार सहित पूरी टीम को निलंबित कर दिया।
निलंबित किए गए पुलिस कर्मियों में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अरशद, कुलवंत सिंह तथा सिपाही अजनबी, विवेक कुमार, बृजेश तोमर, आयुष और हीरेश ठेनुआ शामिल हैं। वहीं, एसओजी की नई टीम के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
फिलहाल, बोबिंद्र कुमार को स्वाट टीम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। बोबिंद्र कुमार को पहले थाना रायसत्ती का प्रभारी बनाया गया था, लेकिन एक जनप्रतिनिधि की शिकायत के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था। वह इस समय पुलिस लाइन में तैनात थे।
अधिकारियों का कहना है कि विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी जांच के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
