
◆ डीएम-एसपी के सख्त निर्देश अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई।
◆ मुस्लिम धर्मगुरुओं की अपील – सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं त्यौहार।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में होली, रमजान और ईद के त्यौहारों को लेकर जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नई परंपरा डालने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 64 जुलूस, 1215 होलिका दहन और 17 मेले लगेंगे। बैठक शनिवार शाम 3:30 बजे शुरू होकर 5:30 बजे समाप्त हुई।जहांहोली के त्यौहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में डीएम और एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और परंपरागत उल्लास के साथ मनाएं।

मौके पर मौजूद मुस्लिम धर्मगुरुओं ने भी समाज को एकता और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, इसे आपसी सम्मान और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। बैठक में पीस कमेटी के सदस्यों ने कई समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए। बदायूं चुंगी चंदौसी के पास पार्किंग, त्योहारों पर बैंक और एटीएम में नकदी की कमी, सिरसी के मोहल्ला चौधरियान में होलिका दहन स्थल के पास ढीले विद्युत तार और संभल में पुरानी तहसील के पास सड़क में गड्ढे जैसी शिकायतें शामिल थीं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
एडीएम प्रदीप वर्मा ने होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण करने के लिए लेखपालों और ग्राम सचिवों को निर्देशित किया ताकि किसी भी बाधा को दूर किया जा सके। उन्होंने होली पर अवैध शराब की बिक्री रोकने के निर्देश दिए और ऐसी किसी भी शिकायत पर तत्काल जिला आबकारी अधिकारी या संबंधित थाने को सूचित करने को कहा। होलिका दहन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
सीएमओ को एम्बुलेंस और पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। डीजे के प्रयोग को निर्धारित मानकों के अनुसार करने को कहा गया। साथ ही होली के जुलूस केवल निर्धारित मार्गों पर ही निकाले जाएं और कोई नई परंपरा शुरू न की जाए। जुलूस के आयोजकों को इसे लीड करने, निर्धारित मार्ग का पालन करने और स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए, अगर कोई अफवाह फैलाता पाया गया उस पर कड़ी कार्यवाही होगी, त्यौहारों पर कोई भी नई परम्परा न डाली जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में 64 जुलूस एवं शोभायात्रा निकाली जाएंगी, कुल 1215 होलिका दहन स्थल हैं तथा 17 मेले लगेंगे। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रहेगी, किसी ने भ्रामक पोस्ट की तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि सौहार्द का संदेश दें। रात्रि 10 बजे के बाद शोरगुल ना हो, डीजे मानक के अनुसार ही बजे।
जहां बैठक में सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एएसपी कुलदीप सिंह, सीएमओ डाॅ. तरुण पाठक, एसडीएम संभल रामानुज, एसडीएम चंदौसी आशुतोष तिवारी, एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार, डिप्टी कलक्टर विकास चन्द, सीओ चंदौसी दीपक तिवारी, सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार, जिला सूचना अधिकारी बृजेश कुमार, अखिल भारतीय युवा व्यापार मण्डल के अध्यक्ष सागर गुप्ता, अखिल भारतीय युवा व्यापार मण्डल के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शाह आलम मंसूरी, हाजी एहतेशाम, मोहम्मद नाजिम आदि उपस्थित रहे।
