
◆ युवक को बाहर खींचकर बचाया, जान बचते ही मौके से भागा।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। बुधवार को थाना गुन्नौर क्षेत्र के गांव नदरौली में होलिका दहन के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक जलती हुई होली के बीच जा खड़ा हुआ। आग में खड़े होकर सबको हाथ जोड़कर राम-राम करने लगा। इसके बाद होली मुबारक के नारे लगाने लगा। करीब 15 सेकेंड तक आग की लपटों के बीच हाथ जोड़े खड़ा रहा। ऐसा देखकर लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं। आग की तेज लपटों के बीच युवक को खड़ा देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना युवक को जलती होली से बाहर खींच लिया। तब तक युवक गंभीर रूप से झुलस चुका था। उसके आधे से अधिक कपड़े भी जल चुके थे। जैसे ही युवक आग से बाहर निकला, वह मौके से भागने लगा।
लोगों ने उसे नजदीकी सीएचसी पहुंचाया। जहां युवक का इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह बिना बताए घर से निकला था।
बता दें कि गुन्नौर थाना क्षेत्र के नंदरौली गांव में 4 मार्च की सुबह होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था। होली जलने के बाद लोग जौं, गन्ना आदि भून परिक्रमा कर रहे थे। कई महिलाएं घरों की छतों से इस पूरे आयोजन का वीडियो और तस्वीरें बना रही थीं। माहौल पूरी तरह उत्सव का था।
इसी दौरान सफेद कुर्ता-पैजामा पहने और सिर पर गमछी बांधे एक युवक पहुंचा। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की आंखों के सामने होलिका की ऊंची-ऊंची लपटों के बीच जाकर खड़ा हो गया।
जहां करीब 15 सेकेंड तक युवक आग की लपटों के बीच खड़ा रहा। हाथ जोड़कर लोगों को राम-राम बोलता रहा। दोनों हाथ हवा में उठाकर होली मुबारकबाद देने लगा। होलिका जलाने के लिए पहुंचे लोगों ने जब यह नजारा देखा तो हक्का-बक्का रह गए। भीड़ में से एक युवक ने जान पर खेलते हुए आग में जाकर युवक का हाथ खींचकर उसे लपटों से बाहर निकाल लिया। आग से बाहर निकलने के बाद युवक तेजी से भीड़ से दूर भागने लगा।
तब तक युवक के पकड़े और शरीर के कई अंग बुरी तरह से झुलस चुके थे। लोगों ने एंबुलेंस 108 की मदद से युवक को गुन्नौर सीएचसी पहुंचाया, जहां मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक वीरपाल का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार वीरपाल की मानसिक हालत ठीक नहीं है और वह गांव में ही रहकर खेतीबाडी करता है। उसके दो बेटे हैं। वीरपाल, बहजोई थाना क्षेत्र के गांव सिंगपुर का निवासी है। नंदरौली गांव में ससुराल होने की चलते वह वहां होली मनाने के लिए आया हुआ था। ससुर मलखान ने बताया- वीरपाल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। होली दहन के दौरान वह भी अन्य लोगों के साथ मौजूद था और अचानक जलती होली पर चढ़कर खड़ा हो गया।
घटना को लेकर कुछ देर तक वहां मौजूद लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा। आखिरकर स्थानीय लोगों की सूझबूझ और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना का एक 2 मिनट का वीडियो गुरुवार से सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जहां वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कुछ लोगों के साथ भीड़ से गुजरते हुए होलिका के पास तक पहुंचता है। देखते ही देखते आग की लपटों से होते हुए जलती हुई होलिका के बीच जाकर खड़ा हो जाता है। पहले लोगों को हाथ जोड़कर राम-राम करता है और फिर दोनों हाथ हवा में उठाकर होली मुबारक के नारे लगाने लगता है। भीड़ में से एक युवक जान जोखिम में डालकर आग के बीच जाता है और युवक का हाथ खींचकर उसे बाहर निकाल लेता है। बाहर आते ही सिरफिरा युवक भीड़ से दूर भागने लगता है।
गुन्नौर थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो से मामला संज्ञान में आया है।
युवक की पहचान हो चुकी है जिसका सीएचसी गुन्नौर में इलाज जारी है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है, युवक की मानसिक स्थिति आदि को लेकर भी परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
