संभल के धनारी में दर्दनाक हादसा, 3 की मौत, 8 घायल।

अर्टिगा कार एवं टेंपो की भीषण टक्कर के चलते हुआ हादसा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रविवार शाम आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार और टेंपो की आमने-सामने की टक्कर में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा गुन्नौर तहसील के थाना धनारी क्षेत्रांतर्गत गांव उधरनपुर के सपीप शाम करीब 6 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए सीएचसी बहजोई भिजवाया, जहां कुछ की हालत भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में टेंपो की ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। जहां स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। वहीं प्रशासन द्वारा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि अर्टिगा कार तेज रफ्तार में थी और बहजोई जिला मुख्यालय की ओर से बबराला की तरफ जा रही थी, जबकि सामने से टेंपो बहजोई की ओर आ रहा था। इसी दौरान कार चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे टेंपो से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टेंपो में बच्चों और महिलाओं समेत कुल 12 लोग सवार थे, जबकि अर्टिगा कार में चालक सहित दो लोग मौजूद थे। हादसे में मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। मरने वालों में एक महिला, एक किशोरी और एक युवक शामिल बताए जा रहे हैं।
इस भीषण हादसे में कुल 10 लोग घायल हुए हैं। जिनमें ओमपाल (35), उनकी पत्नी प्रवेश (32), बेटी रजनी (12), सलोनी (7) और बेटा कुलदीप (2) निवासी रायपुर कला थाना बहजोई शामिल हैं। इसके अलावा शौकीन (32) निवासी अकबरपुर, रजनीश (20) निवासी पाठकपुर की मढ़ैया, प्रियांशु (14), कृपाल (35) निवासी लहरा नगला श्याम थाना जुनावई और किशोरी लाल (40) निवासी मानपुर थाना धनारी भी घायल हुए हैं।

उक्त संबंध में बहजोई सीओ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो में सवार 10 व्यक्ति जबकि आर्टिगा के दो व्यक्ति घायल हुये हैं जिन्हें तत्काल थाने पर तैनात क्रिटिकल केयर टीम द्वारा अस्पताल भिजवाया गया जहां चिकित्सकीय निरीक्षण के दौरान पता चला कि दो व्यक्ति और एक बच्ची मृत हुए जबकि अन्य सभी के बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। साथ ही थाने पर तैनात क्रिटिकल टीम द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है कि घटना की क्या वजह रही व किस लापरवाही के चलते घटना घटित हुई।

Leave a comment