गुन्नौर में किसानों के समर्थन में उतरे भाजपा नेता संजीव यादव, जताई नाराजगी।

◆ सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख बोले- साजिश के तहत जेल भेजे गए किसान, किसी भी कीमत पर रुकने नहीं देंगे गुन्नौर के रास्ते।

◆ किसानों की गिरफ्तारी से नाराजगी, अवैध खनन के खिलाफ आंदोलन को मिला समर्थन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। गुन्नौर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों की गिरफ्तारी को लेकर सियासत गरमा गई है।
जहां गुन्नौर विधानसभा के नवागत भाजपा नेता संजीव यादव ने ब्लॉक जुनावई के ग्राम बीबीपुर में गंगा किनारे हो रहे अवैध खनन और उसके विरोध में धरना दे रहे किसानों की गिरफ्तारी को लेकर कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई है और किसानों के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। संजीव यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए आरोप लगाया कि किसानों को साजिश के तहत जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यह किसानों की आवाज को दबाने का प्रयास है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि गुन्नौर के रास्तों को किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा और अवैध खनन के विरुद्ध किसानों का आंदोलन अब जारी रहेगा।
भाजपा नेता ने अवैध खनन के खिलाफ चल रहे इस आंदोलन को जायज बताते हुए कहा कि किसान अपने हक और क्षेत्र के हित के लिए लड़ रहे हैं, जिसका समर्थन किया जाना चाहिए।

किसानों की गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और यह मुद्दा अब राजनीतिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है।
आगे बोलते हुए उन्होनें किसानों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और पुलिस प्रशासन व खनन ठेकेदार की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की। बोले प्राप्त जानकारी के अनुसार खनन अवैध है और
​गलत जगह हो रहा है जिससे 40 गांवों पर बाढ़ का खतरा है।
खनन का पट्टा जनपद बुलंदशहर की तहसील डिबाई के ग्राम ऊंचा गांव खादर के नाम पर आवंटित है। साथ ही टीम द्वारा किए गए सर्वे में भी यह स्पष्ट हो चुका है कि आवंटित पट्टे का 65% भाग जलमग्न है, जहाँ खनन करना तकनीकी रूप से असंभव है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा गुन्नौर की सीमा में अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। जिससे आने वाले समय में विधानसभा के 35 से 40 गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। शांतिपूर्ण आंदोलन करना संवैधानिक अधिकार है बावजूद इसके रात के अंधेरे में गिरफ्तारी ​के घटनाक्रम पर दुख जताते हुए कहा कि अपनी जमीन और सुरक्षा के लिए 7 मार्च 2026 से शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे किसानों को ठेकेदार व पुलिस प्रशासन ने साजिश के तहत रात 12 बजे गिरफ्तार किया। 60 निर्दोष किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजना लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है।​

किसानों को दिया न्याय का भरोसा ​दिलाते हुए संजीव यादव ने कहा कि मैं जल्द उपस्थित हो अपने किसान भाइयों से मिल पूरी घटना की जानकारी लूंगा। मैं गुन्नौर की जनता को भरोसा दिलाता हूं कि अवैध खनन के पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। किसी भी सूरत में क्षेत्र के रास्तों को बंद नहीं होने दिया जाएगा। आपका अपना भाई हर मुश्किल वक्त में आपके साथ खड़ा रहेगा। भाजपा नेता के इस बयान के बाद इलाके में अवैध खनन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। जहां, अब किसानों के परिवारों में भी न्याय मिलने की नई उम्मीद जाग उठी है।

Leave a comment