
● हिमाचल से अपने साले की शादी में सम्मिलित होने आया था युवक, बुधवार को जानी थी बारात।
● संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के पवांसा का मामला, गर्मी के चलते पंखा चालू कर रहा था युवक, करंट की चपेट में आने से मौत।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में हिमाचल के युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक युवक अपने साले की शादी में सम्मिलित होने के लिए आया था। अधिक गर्मी के चलते घर में रखे पंखे को चालू कर रहा था, उसी समय करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश के उन्नाव जिला अंतर्गत अंबू थाना क्षेत्र के जुनेट गांव निवासी 32 वर्षीय नीलम पुत्र घनश्याम संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के पंवासा में अपने साले सत्यवीर की शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए आया था। बुधवार को सत्यवीर की बारात बदायूं जनपद के एक गांव में जानी थी। मंगलवार को नीलम अधिक गर्मी होने के चलते घर में रखे पंखे को चालू कर रहा था। उसी समय वह करंट की चपेट में आ गया। जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हो गई। नीलम की मृत्यु के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
युवक की मौत पर कोहराम मच गया। जहां युवक की पत्नी सूरजमुखी का रो-रो कर बुरा हाल था। एक तरफ भाई की शादी की खुशी थी, तो वहीं दूसरी तरफ पति की मृत्यु के बाद कोहराम मच गया। युवक के पीछे उसके तीन बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार मृतक युवक के शव का अंतिम संस्कार ससुराल में ही करने की तैयारी की जा रही थी।