अपराधियों पर नकेल कसने वाले ‘संभल एसपी’ को मिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक।

जनपद में फर्जी बीमा माफियाओं का पर्दाफाश कर, 68 लोगों की करा चुके हैं गिरफ्तारी।

इस वर्ष 100 करोड़ से अधिक धनराशि की धोखाधड़ी करने वालों का भी किया पर्दाफाश।

अन्य जनपदों में भी तैनाती के दौरान अपराधियों पर लगाई थी लगाम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। 79 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके लिए संभल जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने तथा बीमा माफियाओं का पर्दाफाश कर अब तक 68 गिरफ्तारी कराने के मामले में दिया गया है। संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई द्वारा विभिन्न राज्यों में फैले बीमा माफियाओं के गिरोह का पर्दाफाश कर 68 गिरफ्तारी तथा विभिन्न कंपनियों के नाम से मृत लोगों के नाम पर निकाले गए 27 ट्रैक्टर भी बरामद किए गए थे। इसके अलावा जनपद में फर्जी आधार कार्ड बनाने वालों के गिरोह का भी पर्दाफाश किया।
संभल जनपद के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बीते दिनों जनपद के शाही जामा मस्जिद पर सर्वे के दौरान फैली हिंसा में पुलिस को सक्रिय रखने तथा हिंसा में अपराधियों पर नकेल कसने में मुख्य भूमिका निभाई।
जनपद में गरीबों तथा मृत लोगों के नाम पर करोड़ों की धनराशि हड़पने वाले बीमा माफियाओं का खुलासा कर अब तक 68 बीमा माफियाओं की गिरफ्तारी करा चुके हैं।

संभल जनपद में बीमा माफियाओं का गिरोह लगभग 10 वर्ष से अधिक समय से सक्रिय था। आ रही शिकायतों के आधार पर एक बड़ा एक्शन लेते हुए एसपी ने बीते 18 जनवरी से अब तक बीमा माफियाओं के विभिन्न राज्यों में फैले गिरोह का पर्दाफाश किया। जहां राज्य के अलग-अलग जनपदों तथा विभिन्न राज्यों से गिरफ्तारियां की।
जनपद में गरीब तथा मृत लोगों और मरणासन्न अवस्था में होने वाले लोगों के घर जाकर परिजनों से मिलकर उनके फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके नाम पर लाखों की धनराशि हड़पते थे। बीमा कंपनी तथा बैंक कर्मचारियों से सांठ-गांठ कर 100 करोड़ से अधिक की धनराशि हड़पने का मामला सामने आया। जिनकी जड़ देश के विभिन्न राज्यों में फैली हुई थी। एसपी ने संभल पुलिस को सक्रिय करते हुए एक अभियान चलाया। जड़ तक पहुंच कर बीमा माफियाओं का पर्दाफाश किया।

मृत लोगों व मरणासन्न अवस्था में रहने वाले लोगों के नाम पर विभिन्न कंपनियों से ट्रैक्टर खरीदकर उन्हें कुछ कम कीमत पर बेचते थे, जिनका पर्दाफाश किया और 27 ट्रैक्टर पुलिस ने बरामद किए थे। इतना ही नहीं जनपद में फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का खुलासा कर गिरफ्तारी की।
जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने तथा अपराधियों पर नकेल डालने वाले जांबाज एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।

मेरठ, मुजफ्फरनगर तथा गोरखपुर में तैनाती के दौरान भी माफियाओं की संपत्ति कराई थी कुर्क।

संभल से पहले गोरखपुर तथा मेरठ में तैनात रहे एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने माफियाओं के छक्के छुड़ाते हुए उन पर नकेल कसी दी थी।
मेरठ में अंडर ट्रेनिंग के दौरान माफियाओं के प्रति अपना सख्त रवैया दिखाया। 5 लाख के इनामी गैंगस्टर बदन सिंह बद्दो की मेरठ में स्थित आलीशान कोठी को ध्वस्त करवा कर जमीन को चिन्हित कर माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की थी। इसके अलावा माफिया योगेश भदौड़ा और भूपेंद्र बाफर की भी अवैध संपत्ति को गैंगस्टर से अटैच करवाया था।
मेरठ में हुए किसान आंदोलन के दौरान किसानों के साथ समन्वय स्थापित करने में भी एसपी संभल की काफी सराहनीय चर्चा सामने आई थी।
मुजफ्फरनगर में भी एएसपी के पद पर तैनाती के दौरान वहां के माफिया सुशील मूंछ और संजीव जीवा की संपत्ति खंगाल कर लगभग 20 साल पुराने मामले में जेल भेजा।
गोरखपुर में माफिया विनोद उपाध्याय और राजन तिवारी के खिलाफ कार्यवाही की थी। जहां विनोद उपाध्याय की गुलरिया स्थित कोठी को भी जमींदोज करवाया। एसटीएफ द्वारा एक लाख के इनामिया को मुठभेड़ में मार गिराया था।
इसके अलावा भूमाफिया जवाहर यादव की 416 करोड़ की संपत्ति और कमलेश यादव की 195 करोड़ की संपत्ति तथा अभिषेक यादव की 103 करोड़ की संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की।
स्मैक किंगपिन पंडिताइन की लगभग 13 करोड़ की तथा स्मैक की दूसरी किंगपिन मंजू निषाद की 33 करोड़ की संपत्ति पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही कर कुर्क की। जहां अन्य भूमाफियाओं में रघुनाथ सिंह और ओमप्रकाश पांडेय जैसे अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही कर एक अलग छाप छोड़ी।
इतना ही नहीं एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने अपनी तैनाती के दौरान अलग-अलग जनपदों में वहां के अपराधियों पर नकेल कसने में अपनी मुख्य भूमिका निभाई है। अपनी सक्रियता के चलते ही प्रत्येक जनपद में पदस्थ रहने के बाद एसपी संभल का सुर्खियों में रहना अब आम बात हो गया है।
जहां अब संभल में भी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्यवाई करने जैसे उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्हें मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।

Leave a Comment