संभल में रिश्तों का खूनी सच: पहले रूबी तो अब नेहा निकली पति की कातिल।

◆ रूबी ने पति को ग्राइंडर से काटा तो नेहा ने मारकर जंगल में फेंका।

◆ रिश्तों पर सवाल: मेरठ की मुस्कान के बाद रूबी और नेहा की करतूतों से समाज हैरान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में रिश्तों को शर्मसार करने वाले सनसनीखेज हत्याकांड सामने आए हैं। एक के बाद एक दो मामलों में पत्नी ही पति की कातिल निकली, जिससे न सिर्फ पुलिस बल्कि पूरा समाज स्तब्ध है। पहले चंदौसी क्षेत्र में रूबी द्वारा पति की नृशंस हत्या का मामला सामने आया, वहीं अब कासगंज निवासी नेहा पर भी पति की हत्या कर शव जंगल में फेंकने के गंभीर आरोप लगे हैं।
दोनों मामलों में प्रेम संबंधों में बाधक बनने पर ही रिश्तों का कत्ल किया गया है। चंदौसी की रूबी ने प्रेमी के सहयोग से पति के शव के टुकड़े कर धड़ को नाले में और सिर व हाथ पैरों को गंगा में बहा दिया तो कासगंज की नेहा ने अपने भाई और प्रेमी के सहयोग से पति को मौत के घाट उतार शव जंगल में फिंकवा दिया।
मात्र 15 दिन के अंदर दो महिलाओं द्वारा पति की हत्या कराने की घटनाएं सभी की जुबान पर हैं।
लोग कह रहे हैं कि सात फेरे लेते समय जीवन भर साथ निभाने की कसम खाने वाली पत्नी आखिर इतनी बेरहम कैसै हो सकती है? यह गले न उतरने वाली बात है।
मेरठ के चर्चित मुस्कान कांड के बाद संभल में सामने आए इन मामलों ने रिश्तों की संवेदनशीलता और सामाजिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग यह सोचने पर मजबूर हैं कि आखिर आपसी विश्वास और रिश्तों में ऐसी दरार क्यों पड़ रही है कि जीवन साथी ही जीवन का दुश्मन बन जा रहा है।

विगत वर्ष तीन मार्च को मेरठ में मुस्कान ने अवैध संबंधों के चलते अपने प्रेमी साहिल की मदद से पति सौरभ की हत्या करने के बाद शव के टुकड़े किए और उन्हें एक नीले ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट भर दिया था। कुछ ऐसा ही शहर के मोहल्ला चुन्नी में रहने वाले राहुल के साथ हुआ। उसकी पत्नी रूबी के पास में ही किराये पर रहने वाले युवक गौरव से प्रेम संबंध हो गए।
राहुल को शक तो था, लेकिन बीते 17 नवंबर को उसने पत्नी व उसके प्रेमी गौरव को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। उसी रात प्रेमी को बुलाकर दूसरे कमरे में सो रहे रहे राहुल के सिर में हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी और बाद में ग्राइंडर से लाश के टुकड़े किए। धड़ को नाले में डाल दिया था, जबकि सिर व हाथ-पैर बैग में भरकर गंगा में बहा दिए थे।
तो वहीं दूसरी तरफ नेहा ने अपने प्रेमी और भाई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पहले मारा-पीटा, फिर गला दबाया। जब मर गया तो वारदात को सुसाइड दिखाने के लिए उसे फंदे पर लटका दिया। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। भाई और प्रेमी ने शव को घर से 5 किलोमीटर दूर बाइक से ले जाकर सड़क किनारे गड्ढे में फेंक दिया। अगले दिन 2 जनवरी को पुलिस को शव मिला। मृतक के सीने पर ‘सनी लव नेहा’ लिखा था। पुलिस ने पहचान के लिए पोस्टर लगवाए। पोस्ट देखकर मृतक के साले ने अपने जीजा की शिनाख्त की। इसके बाद मृतक की पत्नी थाने पहुंची और जोर-जोर से रोने लगी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह गला दबाकर हत्या सामने आई। शक के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वह पहले इधर-उधर की बात करती रही। सख्ती से पूछने पर नेहा ने अपना जुर्म कबूल किया।

◆ शव की शिनाख्त के दौरान ही पुलिस को नेहा पर हो गया था शक।

जब नेहा अपने परिवार के साथ अज्ञात शव की शिनाख्त करने के लिए जुनावई थाने पहुंची थी, तभी बातचीत के दौरान पुलिस को उस पर शक हो गया था। नेहा और उसके भाइयों से अलग-अलग पूछताछ की गई तो शक और गहरा गया। जब सख्ती की गई तो नेहा और उसका भाई पुलिस के सामने टूट गया और पुलिस का शक यकीन में बदल गया। गुमशुदगी दर्ज न कराने के बाबत पूछे जाने पर ही नेहा उलझ गई थी और जब उससे कोई जवाब नहीं सूझा तो कह दिया वह 15 दिन के लिए अक्सर गायब हो जाते थे। अब जांच में जब सच्चाई सामने आई तो पुलिस भी हैरान रह गई।

Leave a comment