
◆ पदाधिकारी बोले- खनन के लिए गांव में बनाए जा रहे रास्ते से कई गांव होंगे प्रभावित, लगाई जाए रोक।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव में अवैध खनन करने तथा बराबर के ही गांव में खनन के लिए रास्ता निकालने से कई गांव प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए, साथ ही रास्ते खराब होने के चलते समस्या पैदा होने को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने जिला अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी को सौंप कर खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राम वीरेश यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर गुनौर तहसील क्षेत्र के गांव अहरौला नवाजी में होकर अवैध खनन के लिए रास्ता निकालने तथा नजदीकी गांव बीबीपुर में अवैध खनन करने पर रोक लगाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने बताया है कि अहरौला नवाजी और बीबीपुर गांव के रकवे में गंगा नदी के नजदीक अवैध खनन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि खनन पट्टा गाटा संख्या एक खंड 2 में बुलंदशहर में आवंटित हुआ है। उसके बावजूद भी ठेकेदार सतीश द्वारा अहरौला नवाजी और बीबीपुर गांव में अवैध खनन करते हुए रास्ता निकालने का काम किया जा रहा है जिससे कई गांव प्रभावित होंगे, रास्ता भी खराब होगा तथा आम लोगों को कई समस्याएं पैदा होंगी और उन्हें निकालने के लिए रास्ता भी पूरी तरह से बेकार हो जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन देते हुए उन्होंने कहा है कि आने वाले समय में गंगाजल का प्रभाव भी गांव की ओर होगा जिससे कई समस्याएं पैदा होंगी।
उन्होंने कहा है कि इससे गांव के नजदीक खेतों में कटाव शुरू हो जाएगा। इसलिए इस पर रोक लगनी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा है कि यदि प्रशासन द्वारा रोक नहीं लगाई जाती है तो संगठन अनिश्चितकालीन धरने के लिए बाध्य होगा और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान जुनावई ब्लॉक अध्यक्ष केदार सिंह, सचिन यादव, राजपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता जयवीर सिंह, आशिक रजा आदि रहे।
