अधिवक्ता की वेशभूषा में हत्यारोपी ने पुलिस को चकमा दे, किया कोर्ट में सरेंडर।

26 नवंबर को दो सगे भाइयों की हत्या कर परिवार उजाड़ने वाली वारदात को दिया था अंजाम।

◆ आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने घोषित किया था ₹50 हजार का इनाम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। अपहरण के बाद दो बच्चों के हत्यारोपी ने पुलिस को चकमा देकर अधिवक्ता की वेशभूषा में चंदौसी न्यायालय में सरेंडर कर दिया। आरोपी पर 26 नवंबर को दो सगे भाइयों की हत्या कर पूरे परिवार को उजाड़ देने वाली सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का आरोप है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ₹50 हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की तैयारी कर रही है।
बता दें कि सोमवार को चर्चित हत्याकांड के आरोपी ने अपने वकील के माध्यम से कोर्ट में सरेंडर कर दिया, लेकिन पुलिस आरोपी को पहचान नहीं सकी। जहां पुलिस अब हत्यारोपी को रिमांड कस्टडी में लेने के प्रयास में लग गई है।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव मैथरा निवासी रामौतार के दो बच्चों का धनारी थाना क्षेत्र के मझोला फतेहपुर से 26 नवंबर 2025 को अपहरण कर उनकी हत्या कर दी और शव अलग अलग स्थानों पर फेंक दिए गये थे।
वहीं 29 नवंबर को बड़े भाई का शव रजपुरा क्षेत्र के जंगल में और 12 दिसंबर को दूसरे भाई का शव भकरौली में तालाब किनारे मिला था। हत्याकांड के बाद से ही आरोपी धनवीर फरार चल रहा था।
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये से बढ़ाकर इनाम 50 हजार रुपये भी कर दिया था। पुलिस की पांच टीमें भी आरोपी धनवीर का सुराग नहीं लगा पाई। 22 दिसंबर को कुर्की के आदेश के बाद 23 दिसंबर को आरोपी के घर कर नोटिस चस्पा किया गया था। लेकिन, आरोपी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई।
धनारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली है कि दो बच्चों के हत्यारोपित धनवीर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। आरोपी को रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a comment