कानून का छात्र निकला फर्जी अफसर, पुलिस ने दबोचा।

◆ 2 करोड़ के फर्जी नोटिस से डराया, कार्रवाई टालने को मांगे 24 लाख।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पुलिस ने नखासा थाना क्षेत्र में खुद को इनकम टैक्स अफसर बताकर अवैध वसूली करने वाले एक एलएलबी छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
यह घटना संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर तगा गांव की है। आरोपी मोहित उर्फ प्रिंस पुत्र पुरुषोत्तम, निवासी ठिलूपुरा ने अख्तियारपुर तगा निवासी शीशपाल पुत्र पीतांबर को 2 करोड़ रुपए के काले धन का फर्जी नोटिस थमाया था। उसने आयकर विभाग की कार्रवाई रोकने के एवज में 12 प्रतिशत के हिसाब से 24 लाख रुपए की अवैध वसूली की मांग की।
ग्रामीण शीशपाल ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की। जांच के बाद, बीते रविवार को पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 338, 336(3), 340(2), 351(2) के तहत मामला दर्ज किया। सोमवार को पुलिस ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बने छात्र मोहित उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया।
शीशपाल ने बताया कि आरोपी उसे पिछले 15 दिनों से परेशान कर रहा था। उसने बताया कि दो लोग फोन करते थे और एक बार उसे बहजोई भी बुलाया था। जब शीशपाल ने कार्यालय चलने को कहा, तो उन्होंने समय पूरा होने का बहाना बनाकर मना कर दिया। ग्रामीण के अनुसार, आरोपी उसके अच्छे घर और 2 करोड़ रुपए की रकम का हवाला देकर 12 प्रतिशत के हिसाब से पैसे मांग रहा था।

सोमवार को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस अभियुक्त को थाने से न्यायालय ले जा रही थी। इस दौरान उसकी मां भी वहां मौजूद थीं, जो अपने बेटे को हथकड़ी में देखकर भावुक हो गईं। पिता पुरुषोत्तम ने बताया कि अमरोहा के उझारी में बीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है, हमें इसकी जानकारी नहीं है यह क्या कर रहा था हमसे तो केवल घर से यह कह कर जाता था कि मैं संभल कचहरी जा रहा हूं।
थाना प्रभारी संजीव बालियान ने बताया कि ग्रामीण शीशपाल की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मोहित उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया गया है। इनकम टैक्स का फर्जी अधिकारी बनकर 2 करोड़ रुपए पर 12% अवैध वसूली की मांग कर रहा था। कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद अब उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a comment