इश्क बना मौत की वजह: ईंट भट्ठा मजदूर की हत्या में दो चाचा सहित तीन गिरफ्तार।

◆ कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर उतारा मौत के घाट, पिता सहित दो फरार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बुधवार को संभल पुलिस ने पांच दिन पहले हुई एक ईंट भट्टा मजदूर की हत्या का खुलासा किया। अवैध संबंध के शक में ईंट भट्ठा मजदूर की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने लड़की के दो चाचा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लड़की का पिता समेत दो आरोपी अब भी फरार हैं। आरोप है कि मजदूर की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक मृतक का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा था। इसी बात से नाराज युवती के परिजनों ने घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई जगह दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी पिता सहित दो अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और चंदौसी सीओ दीपक तिवारी ने संभल के जिला कलेक्ट्रेट बहजोई स्थित कार्यालय में इस घटना का खुलासा किया। यह वारदात 6 मार्च की रात करीब 8 बजे तहसील चंदौसी के थाना कुढ़ फतेहगढ़ क्षेत्र के बलकरनपुर गांव में हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राय सिंह के 20 वर्षीय बेटे बॉबी को घर से बुलाया गया था। बाद में उसके हाथ-पैर बांधकर कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई बलबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जसराज उर्फ तुल्लन पुत्र छोटेलाल उनके भाई बॉबी को खाना खाते समय घर से बुलाकर ले गया था। काफी देर तक बॉबी के वापस न लौटने पर परिजनों ने उसके घर जाकर देखा, जहां बॉबी लहूलुहान पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और गर्दन कुल्हाड़ी से काटी गई थी।
पुलिस ने बलबीर की शिकायत पर जसराज, नेपाल, हरपाल (पुत्र छोटेलाल), नत्थू और तेजपाल (पुत्र रामस्वरूप) के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। मृतक बॉबी अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बुधवार को बताया कि हत्याकांड की विवेचना के दौरान यह सामने आया कि बॉबी की हत्या नेपाल की लड़की से अवैध संबंध होने के कारण की गई थी। हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। जिनमें से जसराज उर्फ तुल्लन, हरपाल और नत्थू लाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।

Leave a comment