राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, प्रचार-प्रसार को लेकर हुई बैठक।

◆ लोक अदालत के प्रचार-प्रसार को निकला वाहन, जिला जज ने किया रवाना।

◆ 14 मार्च की लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण पर जोर।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। आगामी 14 मार्च 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संभल स्थित चंदौसी में बैठक आयोजित की गई।
माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 11 मार्च को प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विश्राम कक्ष में जिला सूचना अधिकारी और जनपद के पत्रकारों के साथ बैठक हुई।
बैठक में प्रभारी सचिव दीपक कुमार जायसवाल ने राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि समय-समय पर होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों की जानकारी मीडिया के माध्यम से समय से प्रकाशित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लोक अदालत का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वादकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ भी समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर हो सके और 14 मार्च को प्रस्तावित लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण किया जा सके।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी ब्रजेश कुमार सहित जनपद के समस्त पत्रकार मौजूद रहे। जानकारी प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दीपक कुमार जायसवाल ने दी।

Leave a comment