
◆ फिंगरप्रिंट स्कैनर, लैपटॉप, आधार सेटअप, आधार सहित फर्जीवाड़े का सभी सामान जब्त।
प्रवाह ब्यूरो
संभल। पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने और उनमें अवैध संशोधन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह आधार कार्ड संशोधन से जुड़ी आईडी को हैक कर अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड तैयार कर रहा था। मामले का खुलासा रविवार को बहजोई थाना पुलिस ने अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ फर्जी आधार कार्ड, एक लैपटॉप, फिंगरप्रिंट स्कैनर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल इस फर्जीवाड़े में किया जा रहा था।
अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह और क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान जसवीर कुमार (ग्राम ढयोढाई), हरीश (ग्राम मनैना रामगढ़) और विल्टू (ग्राम नंदपुर, थाना जुनावई) को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, सुरेंद्र, ईश्वर मेघवाल, सतपाल, जितेंद्र और ओमेंद्र यादव मौके से फरार हो गए। जहां पुलिस अभी भी इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी किसी अधिकृत आधार केंद्र के कर्मचारी नहीं थे। उन्होंने अन्य केंद्रों की आईडी हैक कर ली थी और इंटरनेट के माध्यम से अज्ञात स्थानों से फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे थे। इसके लिए वे विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर सिस्टम में सेंध लगाते थे।
पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने एक से अधिक आईडी हैक की थी या अन्य राज्यों में भी इस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
