मुरादाबाद SSP का महाएक्शन, एक साथ कई थानों के 46 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर।

एक्शन से दहली मुरादाबाद पुलिस: एक साथ बड़ी कार्रवाई से हड़कंप।

प्रवाह ब्यूरो
मुरादाबाद। जनपद में पुलिस महकमे में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सतपाल अंतिल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 46 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। यह कार्रवाई काम में लापरवाही और गंभीर शिकायतों के आधार पर की गई है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई की जद में कटघर, सिविल लाइंस, भोजपुर, कांठ समेत कुल 15 थानों के हेड कांस्टेबल और सिपाही आए हैं। नगर और देहात दोनों क्षेत्रों के पुलिसकर्मी इस सख्त फैसले से प्रभावित हुए हैं।
SSP सतपाल अंतिल ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बेहतर पुलिसिंग देना उनकी प्राथमिकता है। आदेश जारी करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर पुलिस लाइन भेजा जाए।
सूत्रों के मुताबिक, इन पुलिसकर्मियों के खिलाफ काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कड़ा कदम उठाया गया। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि SSP सतपाल अंतिल अपने सख्त और सक्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में अपराध और लापरवाही के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई देखने को मिल रही है।

Leave a comment