संभल एसपी ने पुलिस विभाग में किया फेरबदल, संजय कुमार बने धनारी थानाध्यक्ष।
● धनारी से गजेंद्र सिंह को संभल प्रभारी निरीक्षक बनाया।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने पुलिस विभाग में फेरबदल किया है। जहां उन्होंने अपने पीआरओ उप निरीक्षक संजय कुमार को धनारी का थाना अध्यक्ष बनाया है। वहीं धनारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह को संभल थाने का प्रभारी निरीक्षक बनाया है। एसपी कृष्ण कुमार ने कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासनिक समायोजन को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में पुलिस विभाग में कुछ फेरबदल किये हैं। जिसमें उन्होंने संभल प्रभारी निरीक्षक अमरीश कुमार को स्वास्थ्य कारणों के चलते पुलिस लाइन भेजा है। वहीं धनारी के अपराध निरीक्षक ओम प्रकाश गौतम को अपराध शाखा भेजा गया है। उप निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा को रजपुरा थाना अध्यक्ष से एसपी पीआरओ बनाया गया है। धनारी प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह को संभल थाने का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं उपनिरीक्षक संजय कुमार को एसपी पीआरओ से धनारी थाने का थाना अध्यक्ष बनाया गया है। उपनिरीक्षक निशांत कुमार राठी को पुलिस लाइन से रजपुरा थाना अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया है।
● कार्यक्रम में सुनाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की शौर्य गाथा।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के बहजोई नगर की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा द्वारा हिंदू साम्राज्य दिवस मनाया गया। जिसमें छात्रवृत्ति शिवाजी महाराज की शौर्य गाथा सुनाई गई। बहजोई नगर की दयानंद शाखा पर जिला कार्यवाह डॉ. राजकुमार वैदिक और जिला संघ चालक अनिल शास्त्री तथा सह जिला कार्यवाह संभव जैन द्वारा भारत माता और छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके शुभारंभ किया गया। डॉ. राजकुमार वैदिक ने उपस्थित स्वयंसेवकों को हिंदू साम्राज्य दिवस की बधाई देते हुए हिंदू समाज के लिए गौरव का दिन बताया। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के विषय में विस्तार से जानकारी दी। राजकुमार वैदिक ने कहा कि जब आक्रांता क्रूर औरंगजेब का शासन था, उस समय हिंदू समाज अस्त व्यस्त हो गया था और पूरे समाज में घोर निराशा थी। उसके बाद माता जीजाबाई के द्वारा निर्मित तथा समर्थ गुरु रामदास द्वारा शिक्षित शिवाजी महाराज ने अपने जीवन में 276 युद्ध लड़े और किसी भी युद्ध में पराजित नहीं हुए। वह एक साहसी और न्याय प्रिय राष्ट्रभक्त थे। शिवाजी महाराज के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि 1925 में संघ की स्थापना हुई और आज संघ अपना शताब्दी वर्ष मनाने को तैयार है। समाज परिवर्तन के पांच मुख्य विषयों को लेकर निरंतर समाज के बीच हम जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला व्यवस्था प्रमुख मनोज बजाज, नगर बौद्धिक प्रमुख चैतन्य चौहान, नगर सह गौ सेवा प्रमुख दुष्यंत, शाखा कार्यवाह सुरेश, प्रशांत, एथलीट एकांश कुमार, वेद प्रकाश, हरिओम, जयदीप, मुकेश आदि के साथ सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
● युवती का गांव के ही युवक से चल रहा था प्रेम प्रसंग, बदनामी न हो, इसलिए की हत्या।
● भाई और पिता ने युवती के प्रेमी व उसकी पत्नी पर लगाया था हत्या का आरोप।
● एसपी ने किया हत्या का खुलासा, पिता व भाई सहित पांच गिरफ्तार।
● बहजोई सीएससी फार्मासिस्ट भी गिरफ्तार, पीएम रिपोर्ट बदलने को लिए थे 50 हजार।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र में की गई युवती की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। युवती की हत्या उसके भाई और पिता ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर की थी। शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका दिया था। घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बीते 27 मई को थाना क्षेत्र के हैमदपुर गांव निवासी युवती का शव कमरे में लटका हुआ मिला था। जहां उसके पिता ने गांव निवासी उसके प्रेमी और उसकी पत्नी के साथ अन्य पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच की तो घर में ही हत्या करने की आशंका हुई। जहां पुलिस ने पूछताछ की तो मृतका के भाई और उसके पिता ने हत्या करने की बात स्वीकार ली। पुलिस ने हत्या करने वाले पिता चंद्रकेश पुत्र श्री राम, भाई धर्मेंद्र पुत्र चंद्रकेश, क्षेत्र के ही जयदासपुर निवासी जयप्रकाश पुत्र सोनपाल, जुनावई के अजीजपुर गांव निवासी प्रवेश पुत्र कल्यान सिंह तथा हयात नगर निवासी व बहजोई सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट मधुर आर्य पुत्र जगदीश आर्य को गिरफ्तार कर लिया। जिनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही करते हुए जेल भेजा गया है।
प्रेमी के साथ फरार न हो जाए, इसलिए बदनामी के डर से की थी हत्या।
प्रेमी व उसकी पत्नी को चाहते थे फंसाना, लगाया था हत्या का आरोप।
युवती का गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आसपास ग्रामीणों को इसकी जानकारी हो गई थी। पिता और भाई को जानकारी हुई तो वह बदनामी का डर समझते हुए उन्होंने हत्या का प्लान बनाकर हत्या का आरोप उसके प्रेमी और पत्नी पर लगाने का प्लान बना लिया था। युवती के साथ प्रेमी द्वारा बात करने का ऑडियो भी प्रेमी की पत्नी को मिल गया था। वह ऑडियो उसकी पत्नी पूनम ने अपने भाई उमेश को भेज दी थी। ऑडियो को लेकर मृतक युवती और प्रेमी की पत्नी में झगड़ा भी हुआ था। रात्रि में प्रेमी प्रमोद और उसकी पत्नी में आपस में झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान युवती का भाई घर पहुंच गया था, जिसका भी झगड़ा हुआ था। घर आकर उसके भाई और पिता ने बेटी के घर से भागने पर बदनामी होने के डर से उसकी हत्या करने का प्लान बनाया। भाई धर्मेंद्र और पिता चंद्रकेश ने बीते 27 मई की सुबह गला दबाकर युवती की हत्या कर शव फांसी का फंदा लगाकर कमरे में लटका दिया था। हत्या के बात चंद्रकेश और धर्मेंद्र ने साथी जयप्रकाश व प्रवेश को बुला लिया था। षड्यंत्र के तहत फोन के जरिए उसके प्रेमी प्रमोद के साले उमेश को बुला लिया। उमेश पर और उसके बहनोई प्रमोद पर हत्या का आरोप लगा दिया। जयप्रकाश का पप्पी के साथ जमीनी विवाद होने के चलते पप्पी का भी नाम हत्या में शामिल कर लिया गया। हत्या करने वाले चंद्रकेश, धर्मेंद्र ,जयप्रकाश और प्रवेश ने मिलकर मंजू की हत्या में प्रमोद, उमेश, हर नारायन, पप्पू तथा पूनम को फंसाने का षड्यंत्र किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने को डॉक्टर को दिए थे 50 हजार रुपए।
हत्या करने के बाद बहजोई सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट मधुर आर्य ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलने के लिए हत्यारोपियों से 50 हजार रुपए का सौदा किया था। रुपए शाम को कुछ लेट पहुंचने पर पोस्टमार्टम 28 मई को हो पाया था। डॉ. मधुर आर्य ने इसके लिए 50 हजार रुपए लिए थे। जब पुलिस ने इसकी जांच की तो डॉक्टर मधुर आर्य को गिरफ्तार किया और उसके मोबाइल से पता चला कि वह विभिन्न थानों पर पंजीकृत मुकदमों में मेडिकल रिपोर्ट के साथ रिश्वत लेकर हेरा फेरी करने का काम करता था। इतना ही नहीं मधुर आर्य अपने आप को डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन का जिलाध्यक्ष बताकर लोगों पर अपना प्रभाव दिखाता था।
● बच्चों के मैच खेलते समय महिला के लगी थी गेंद, जातीय संघर्ष में हुए कई घायल, 4 पर रिपोर्ट।
● सूचना पर पहुंची कैला देवी थाना पुलिस, गांव में पुलिस बल व पीएसी तैनात।
● अमलेश वाल्मीकि की पुलिस सुरक्षा के बीच गांव से निकली बारात।
● बहजोई के चांटन में बारात जाने पर भी पुलिस सुरक्षा।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव में रविवार सुबह बच्चों के मैच खेलते समय शौंच के लिए जा रही महिला के गेंद लगने पर विवाद उत्पन्न हो गया, जहां जातीय संघर्ष के चलते एक पक्ष से एक तथा दूसरे पक्ष से छः लोग घायल हो गए। सूचना पर कैला देवी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए तथा गांव में पीएस बल तैनात कर दिया गया। वहीं एक पक्ष के वाल्मीकि समाज के अमलेश की बारात बहजोई थाना क्षेत्र में रविवार शाम को ही जानी थी। जिसे पुलिस सुरक्षा की मांग पर बारात को पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव से निकाला गया। वहीं सुषमा की तहरीर पर मैच खेल रहे चार युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना क्षेत्र के निरयावली गांव में रविवार सुबह गांव के ही कुछ युवक जंगल में मैच खेल रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी बाल्मीकि समाज से बदायूं के इस्लामनगर थाना अंतर्गत मौसमपुर गांव निवासी महिला सुषमा, जो अपने भाई की बारात में अपने भाई के घर आई हुई थी। रविवार सुबह के समय सुषमा अपनी भाभी संगीता के साथ शौंच के लिए जा रही थीं। अचानक गेंद महिला के लग गई। महिला ने जिसका विरोध किया और घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। सूचना पर वाल्मीकि समाज से महिला का देवर सूरज, पति सुभाष, अजय तथा अमलेश ने मैच खेल रहे अखिलेश नाम के युवक के सिर में चोट मार दी, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसके बाद मैच खेल रहे युवक वाल्मीकि समाज के घर जाकर सूरज, सुभाष अजय, अमलेश, गीता तथा महिला सुषमा के डंडों से पीट कर घायल कर दिया। सूचना पर कैला देवी थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके अलावा सूचना पर गांव में पीएसी बल तैनात कर दिया गया। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी ने समझाने बुझाने का प्रयास किया। वाल्मीकि समाज ने मांग की कि उनके बेटे अमलेश की बारात पुलिस सुरक्षा के बीच निकाली जाए। जहां थाना प्रभारी ने बताया कि वाल्मीकि समाज की मांग पर घर से जा रही बारात सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई। वहीं जहां बारात जा रही है वहां भी पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं महिला सुषमा की तहरीर पर पुलिस ने मैच खेल रहे युवकों में घर जाकर मारपीट करने वाले अखिलेश, शशि, राजकुमार पुत्र हेम सिंह तथा लोकेश पुत्र कर्रु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
निरयावली में विवाद के बाद प्रधान पति को जान से मारने की धमकी का वीडियो वायरल
बच्चों के मैच खेलने के दौरान महिला को गेंद लगने के दौरान हुआ था विवाद।
संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के निरयावली गांव में बच्चों के विवाद में महिला को गेंद लगने के बाद हुए विवाद के बाद एक सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वाल्मीकि समाज के युवक द्वारा गांव के ही ग्राम प्रधान पति को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बता दें कि गांव में बीते दिनों बच्चों के मैच खेलने के दौरान वाल्मीकि समाज की महिला के गेंद लग गई थी। जिसके बाद विवाद उत्पन्न हो गया था। मैच खेल रहे बच्चों द्वारा घर जाकर वाल्मीकि समाज के साथ मारपीट की गई थी। जहां तहरीर पर मैच खेल रहे चार बच्चों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। वाल्मीकि समाज की बारात भी पुलिस सुरक्षा के बीच निकाली गई थी। लेकिन सोशल मीडिया पर वाल्मीकि समाज के एक युवक द्वारा गांव के ही प्रधान पति को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। जिसमें युवक की आईडी अनीस नाम से है। वह स्वयं खिल्ला नाम लेकर देख लेने की धमकी दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम प्रधान पति राम खिलाड़ी को गांव में खिल्ला कहा जाता है। वायरल वीडियो युवक द्वारा अपनी स्टोरी पर लगाई गई थी। जिसमें वह खुलेआम जान से मारने की धमकी दे रहा है। हालांकि दैनिक प्रवाह वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
● दोस्तों के साथ प्रेमी ने की थी अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या।
● फेसबुक से हुई दोस्ती, प्यार में बदली, फिर दोनों मिले, महिला शादी की जिद पर अड़ी तो कर दी थी हत्या।
● एक वर्ष पहले हुई थी महिला की शादी, ससुराल से थी नाखुश, मायके में रह रही थी।
● पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल।
प्रवाह ब्यूरो संभल। पिता ने धूमधाम से शादी की, शादी के एक वर्ष बाद वह ससुराल से नाखुश थी। मायके में रह रही थी। फेसबुक के माध्यम से महिला की दोस्ती अलीगढ़ जनपद के दादों थाना अंतर्गत गांव निवासी युवक से हो गई। दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों मिलने लगे। महिला ने शादी की जिद की, लेकिन प्रेमी शादी करना नहीं चाहता था। महिला ने फंसाने की धमकी दी। फिर प्रेमी ने उसे रास्ते से ही हटाने का प्लान बनाया और अपने दोस्तों के साथ उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पूरा मामला संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र के गांव का है। गांव निवासी महिला के पिता ने अपनी बेटी की शादी एक वर्ष पहले रजपुरा थाना क्षेत्र के दीपपुर गांव निवासी युवक अंकित कुमार के साथ की थी। ससुराल से महिला खुश नहीं थी। जिससे वह अपने मायके में रह रही थी। ससुराल जाने के लिए महिला के पिता तथा अन्य परिजनों ने बीते 29 मई को उससे कई बार कहा तथा 30 मई को भी कहा लेकिन वह नहीं गई। जहां परिजनों द्वारा ससुराल जाने को लेकर महिला के साथ मारपीट भी की गई थी। फेसबुक पर महिला की दोस्ती अलीगढ़ जनपद के दादों थाना अंतर्गत गोबला लहरा सलेमपुर गांव निवासी नीटू पुत्र वीरेंद्र से हुई। दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों मिलने लगे। दोनों की बातचीत फोन के माध्यम से होने लगी। उसके बाद महिला अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। बीते 31 मई को नीटू जुनावई आया था और महिला को लेकर गुड़गांव चला गया। जहां महिला को उसने समझाया कि एक-दो दिन में वह गुड़गांव में रहने की व्यवस्था कर लेगा। लेकिन महिला शादी की जिद पर अड़ी रही। शादी नहीं करने पर झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भिजवाने की धमकी देने लगी। फिर क्या नीटू ने ज्योति को खत्म करने का प्लान बना लिया और उसे गुड़गांव से लेकर वापस गुन्नौर आया। वहां से उसने सैंजना के जंगल में ले जाकर अपने ही गांव निवासी अपने दोस्त रंजीत कुमार और संजीत कुमार को बुला लिया। दोस्तों के साथ मिलकर पहले गला घोटा और उसके बाद खेत में खड़े शीशम के पेड़ में रस्सी से लटका दिया। जिसके पश्चात वह मौके से फरार हो गया था। महिला अपने पिता के घर से एक जून से ही गायब थी। 3 जून को गुन्नौर क्षेत्र के सैंजना में एक खेत में पेड़ पर लटका हुआ महिला का शव मिला था। गुन्नौर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जिसकी पहचान उसी महिला के रूप में हो गई थी। पिता की तहरीर पर पहले पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने पर जानकारी होने पर नीटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जुनावई पुलिस ने रविवार को आरोपी नीटू को गुन्नौर बदायूं हाईवे पर ग्राम फतेहपुर को जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। लेकिन अभी उसके दो दोस्त फरार हैं। उसकी निशानदेही से मृतक महिला की पहनी हुई चप्पल भी बरामद की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया।
फेसबुक पर हुई दोस्ती, प्यार में बदली, और फिर मिल गई मौत...
पिता द्वारा महिला की शादी एक वर्ष पहले कर दी गई थी, लेकिन ससुराल से खुश नहीं थी। जिससे वह मायके में रह रही थी। फेसबुक के माध्यम से अलीगढ़ जनपद के युवक से दोस्ती हुई। दोस्ती के बाद कहानी प्रेम में बदल गई और दोनों में फोन के जरिए बात होने लगी। दोनों एक दूसरे से मिलने लगे। महिला शादी की जिद पर अड़ गई । शादी की जिद करने और अपने प्रेमी को जेल भिजवाने की धमकी उसे मौत की ओर ले गई। महिला का प्रेमी शादी करना नहीं चाहता था। लेकिन वह उसे अपने जाल में फंसाए हुए था। महिला ने जेल भिजवाने की धमकी दी तो वह डर गया और उसे रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। अंत में अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया। आखिरकर फेसबुक की दोस्ती से महिला को मौत और उसके प्रेमी को सलाखों के पीछे जाना पड़ा।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस से बातचीत करते ग्रामीण व परिजन
● मृतक के पिता की तहरीर पर एसडीओ, जेई सहित 4 पर रिपोर्ट।
● परिजनों का बिजली घर पर हंगामा, मौके पर पहुंची कई थाने की पुलिस।
● पिता बोले – लिखित में ले रखा था शटडाउन, फिर भी छोड़ दी बिजली, बेटा संभाल रहा था बिजली लाइन।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक लाइनमैन की विद्युत पोल पर बिजली लाइन सही करते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन शव लेकर केला देवी बिजली घर पहुंच गए जहां उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर हंगामा किया, नारेबाजी की। सूचना पर जनपद के अलग-अलग कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां परिजनों को समझने का प्रयास किया लेकिन परिजन कार्यवाही पर डटे रहे। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने कैलादेवी एसडीओ, जेई सहित 4 पर रिपोर्ट दर्ज की है। थाना क्षेत्र के चंदन कटी मौजा निवासी 22 वर्षीय रोहतास पुत्र अशोक निजी ठेकेदार के साथ लाइनमैन का कार्य करता था। थाना क्षेत्र के लालपुर तीतरी गांव में नई बिजली लाइन खींचने का कार्य चल रहा है। गुरुवार को रोहतास लालपुर में बिजली लाइन जोड़ने के लिए विद्युत पोल पर चढ़ा हुआ था। जहां परिजनों के अनुसार उसने लिखित रूप से शटडाउन ले लिया था। जिसकी जानकारी एसडीओ जेई व अन्य बिजली विभाग के कर्मचारियों को थी। विद्युत पोल पर चढ़ने के बाद वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया तथा नीचे गिर गया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने आनन फानन में अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत्यु घोषित कर दिया। शव लेकर परिजन कैला देवी विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। शव रखकर जमकर हंगामा किया तथा बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और बिजली विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों पर कार्यवाही को लेकर डटे रहे। मृतक के पिता का कहना था कि लिखित में शटडाउन लेने के बाद भी अधिकारियों द्वारा बिजली छोड़ दी गई। जिससे उसके बेटे की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। जहां कार्यवाही के आश्वासन पर परिजन मान गए। जिसके पश्चात पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हंगामा की सूचना पर पहुंची थी कई थाने की पुलिस।
बिजली घर पर हंगामे के बाद कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसमें एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंच गए थे। इसके अलावा नखासा, हयात नगर, एंचोड़ा कंबोह, संभल तथा चंदौसी और कैला देवी थाने की पुलिस भी मौके पर रही। एएसपी राजेश श्रीवास्तव ने लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया। लेकिन बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं था, जिससे ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया। कार्यवाही का आश्वासन देकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसडीओ, जेई सहित चार पर दर्ज हुआ मुकदमा।
बिजली विभाग की लापरवाही के चलते लाइनमैन की मौत के मामले में परिजनों द्वारा किए गए हंगामे के बाद मृतक के पिता अशोक की तहरीर पर कैलादेवी पुलिस ने कैला देवी विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ, जेई, एसएसओ व एनसीसी ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
● जनपद के अलावा अन्य राज्यों में भी चोरी किए गए ट्रैक्टरों के इंजन से बनाते थे जनरेटर।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल पुलिस ने एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर जनपद में गैंगस्टर एक्ट के 10 वांछितों को गिरफ्तार किया है। जो जनपद के अलावा अन्य राज्यों से भी चोरी किए गए ट्रैक्टरों के इंजन तथा अन्य पुर्जे से जनरेटर तैयार कर आईसर तथा महिंद्रा जनरेटर के फर्जी स्टीकर लगाकर बेचते थे। संभल के नखासा थाना पुलिस ने एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर वांछित अपराधियों की धर पकड़ के अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट में वांछित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें नखासा के मोहल्ला भद्देसराय निवासी जुबैर पुत्र एहसान, खग्गूसराय निवासी मोहम्मद फुरकान पुत्र नसीबुल्ला, गुलजार नगर काला खेड़ा निवासी आसिफ पुत्र इजराईल, मोहल्ला गुलजार नगर निवासी ग्यासुद्दीन पुत्र इसराइल, मोहल्ला शहवाजपुरा निवासी शाह आलम पुत्र रिहान, मस्जिद के निकट मोहल्ला शहवाजपुरा निवासी फैजान पुत्र उस्मान, दीपा सराय निवासी नईम पुत्र खुर्शीद, शहबाजपुरा खुर्द निवासी उरुज पुत्र मोहम्मद हुसैन, मोहल्ला रायसत्ती खेड़ा निवासी अरमान पुत्र मोहम्मद अनीस, खग्गूसराय निवासी शाहनवाज पुत्र शरीफ, जो गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे थे। नखासा थाना प्रभारी ने टीम के साथ धर पकड़ अभियान के तहत सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरोहों के रूप में करते थे कार्य, बना हुआ था संगठन।
गिरफ्तार किए गए सभी गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों का गिरोह बना हुआ था। जो आर्थिक रूप से धन अर्जित करने के लिए आसपास के राज्यों तथा जनपदों से चोरी किए गए ट्रैक्टर के इंजन तथा पुर्जे निकाल कर जनरेटर तैयार करते थे। इसके साथ आईसर तथा महिंद्रा जनरेटर के फर्जी स्टीकर लगाकर बेचकर पैसा कमाते थे। इतना ही नहीं लोगों में इन्होंने भय व्याप्त कर दिया था। जिससे कोई भी इनके विरुद्ध गवाही नहीं देता था।
घटनास्थल पर परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ करती गुन्नौर पुलिस
● बीते मंगलवार शाम को मक्के की फसल की रखवाली करने गया था किसान।
● गुरुवार सुबह गांव से कुछ ही दूरी पर बने तालाब में मिला शव।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद में बीते मंगलवार शाम मक्के की फसल की रखवाली करने गए किसान का शव गांव से कुछ दूरी पर बने तालाब में तीसरे दिन तैरता मिला है। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर गुन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के बेटे ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। गुन्नौर थाना क्षेत्र के गढ़िया निवासी जयपाल (लगभग 48 वर्ष) पुत्र भूप सिंह बीते मंगलवार शाम को अपने खेत पर मक्के की फसल की रखवाली करने गया था। लेकिन वापस सुबह तक नहीं लौटे तो परिजनों ने इधर-उधर भी देखा था। काफी तलाश किया लेकिन कहीं पता नहीं चला। गुरुवार सुबह गांव से कुछ ही दूरी पर तीसरे दिन एक तालाब में जयपाल का शव तैरता मिला। छोटे बेटे धर्मवीर ने देखा तो अपने बड़े भाई मनवीर को सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर गुन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के बेटे मनवीर ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि तालाब में शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों द्वारा लगाए जा रहे हत्या के आरोप की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कार्यवाई की जाएगी।
विश्व पर्यावरण दिवस : पर्यावरण बचाने को शासन स्तर से करोड़ों पौधे, पर कागजों में सिमट रहा संरक्षण।
● आओ बनाएं अपनी धरती को स्वर्ग, कागजों में नहीं, जमीनी स्तर पर लें संकल्प।
● धरती माता करे पुकार….वृक्ष काट, मत करो अत्याचार।
● जनसंख्या वृद्धि ही नहीं, बल्कि हमारी उपभोग वादी संस्कृति भी जिम्मेदार।
प्रवाह ब्यूरो संभल। हर वर्ष 5 जून का दिन और विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाने का अवसर, लोगों में जागरूकता फैलाना और फिर उसके बाद वर्ष भर शांत रहना। यह केवल कागजी संरक्षण को दर्शाता है। जिसके चलते पृथ्वी का अस्तित्व संकट में बढ़ता जा रहा है और तापमान भी आसमान छू रहा है। संभल जनपद में जहां हर वर्ष पृथ्वी को हरा-भरा करने के लिए शासन प्रशासन द्वारा करोड़ों पौधों का रोपण किया जाता है, लेकिन वर्ष भर बाद ही वह पौधे एक बड़े वृक्ष के रूप में आखिर दिखाई क्यों नहीं देते। इसलिए हमें कागजों में खाना पूर्ति करने के बजाय जमीन स्तर पर उतरकर धरती को स्वर्ग बनाने का संकल्प लेना होगा। वृक्षों को काटना, जल प्रदूषण करना, जल को बर्बाद करना, प्लास्टिक उपयोग, कूड़े कचरे की जमीनी स्तर पर अधिक वृद्धि होना आदि पृथ्वी के अस्तित्व पर संकट को दर्शा रहे हैं। संभल जनपद में जहां प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष भी वर्षा ऋतु के दौरान लक्ष्य के अनुसार लाखों पौधे लगाए गए थे, तो वहीं यह प्रक्रिया हर वर्ष अपनाई जाती है। स्वंय अंदाजा लगाया जाए की यदि हर वर्ष लाखों पौधे लगाए जा रहे हैं और यही पौधे वृक्ष बन जाएं तो संभल जनपद क्या पृथ्वी ही हरी भरी दिखाई देगी।
पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पौधा रोपण करतीं कैला देवी स्कूल की छात्राएं
प्रशासन द्वारा लगातार पर्यावरण को बचाने हेतु जहां प्रचार-प्रसार किया जाता है संबंधित अधिकारी भी अपने-अपने संबंधित क्षेत्र में और विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए पौधारोपण पर ध्यान देते हैं, वहीं यह प्रक्रिया जमीनी स्तर पर पहुंचती है, लेकिन जमीनी स्तर पर जाते-जाते दम तोड़ देती है। मात्र कागजी कार्यवाही में लाखों पौधे रोपण होना दर्शाया जाता है। पौधारोपण के बाद जिम्मेदारी से दूर भागना, उन्हें ऐसे ही छोड़ देना, आखिर कैसे हम जनपद को हरा भरा बना सकते हैं। देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी बातें, सम्मेलन, सेमिनार आयोजित किए जाते हैं। लेकिन वास्तविक धरातल पर यह कुछ दिखाई देता नजर नहीं आता। ऐसे में हम सबको प्रचार-प्रसार के साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी लोगों को जागरूक करने का कार्य करना होगा साथ ही जमीन स्तर पर उतारकर पृथ्वी के अस्तित्व को बचाते हुए जल के दुरुपयोग को रोकना, वृक्षों के अस्तित्व को बचाना तथा प्लास्टिक के प्रयोग से दूर रहना होगा। जनपद के प्रत्येक सरकारी संस्थान, माध्यमिक, परिषदीय विद्यालयों तथा डिग्री कॉलेज में भी छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अधिक जागरूक करने की जरूरत है। मनरेगा के तहत तो कहीं ग्राम प्रधान, शिक्षा विभाग द्वारा अपने क्षेत्र में पौधे लगाने का लक्ष्य दिया जाता है। लेकिन कुछ पौधे लगाने से पहले ही सूख जाते हैं तो कुछ लगाने के बाद उनकी देखभाल नहीं होने के चलते नष्ट हो जाते हैं। और कागजों में खाना पूर्ति कर लाखों पौधे लगाने की रिपोर्ट भेज दी जाती है। इतना ही नहीं तमाम फैक्ट्रियों से निकलता धुआं भी लगातार पर्यावरण को दूषित कर रहा है।
जनसंख्या वृद्धि ही नहीं उपभोग वादी संस्कृति भी जिम्मेदार।
पर्यावरण को प्रदूषित करता फैक्ट्रियों से निकलता धुआं
पृथ्वी के अस्तित्व पर संकट खड़ा करने में वास्तव में जनसंख्या वृद्धि ही पर्यावरण असंतुलन के लिए जिम्मेदार नहीं है, बल्कि हमारी उपभोग वादी संस्कृति भी इसकी प्रमुख जिम्मेदार है। औद्योगिक उत्पादन में बढ़ोत्तरी को आजकल हम विकास मानते जा रहे हैं, साथ ही हैसियत बढ़ा चढ़ा कर दिखाने की कोशिश में जल, जमीन तथा जंगल और ऊर्जा जैसे संस्थानों का अपने निजी इस्तेमाल के लिए उनका शोषण और उन्हें नष्ट करने पर लगे हुए हैं। लगातार भयंकर गर्मी, भीषण ठंड, यह सब पर्यावरण असंतुलन के कारण हो रहा है और इसके जिम्मेदार भी हम ही हैं। जहां पूरा देश ही नहीं बल्कि विश्व के अनेकों देश पर्यावरण को संतुलन करने में लगे हैं, तो वहीं भारत में भी पर्यावरण को बचाने हेतु तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। हर वर्ष प्रत्येक राज्य के प्रत्येक जनपद में लाखों पौधों का रोपण, जल के दुरुपयोग पर रोक लगाने जैसे अभियान चलाकर हम पर्यावरण के अस्तित्व को बचाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन यह सब कागजों में ही सिमट कर रह जाना भीषण दयनीय स्थिति को दर्शाता है। पौधों को लगाने के बाद उनका पालन पोषण नहीं करने, जल की बर्बादी, धरती पर प्लास्टिक उपयोग आदि के उपयोग के चलते हैं पृथ्वी पर संकट बढ़ता जा रहा है। अधिक वर्षों के कटान के चलते पृथ्वी सुनसान लगने लगी है। जिसके चलते लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। संभल जनपद में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच जाता है। अधिक पेड़ पौधों के कटने और तापमान बढ़ने के चलते वन्य जीव भी विलुप्तता की ओर बढ़ने लगे हैं। साथ ही पेड़ पौधे नहीं होने के चलते बारिश के दौरान मिट्टी की ऊपरी परत नष्ट होने के चलते मृदा अपरदन भी निरंतर बढ़ रहा है। जिसके चलते अब हम सबके लिए अत्यावश्यक है कि पर्यावरण संरक्षण व अपनी धरती को स्वर्ग बनाने हेतु कागजों में नहीं बल्कि जमीनी स्तर पर संकल्प लें।
● बिसौली के गुधनी में नगर पालिका अध्यक्ष ने ओउ्म ध्वजा पताका फहराकर किया शुभारंभ।
प्रवाह ब्यूरो बदायूं। बदायूं के बिल्सी-बिसौली मार्ग पर गुधनी में बुधवार को यज्ञ महोत्सव से पहले भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। जहां भव्य यज्ञ यात्रा का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानवती देवी व ओम प्रकाश सागर ने ओउ्म ध्वजा पताका फहराकर किया। साथ ही उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी बिल्सी द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
आर्य समाज का 111वें वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में बिल्सी के गुधनी में आज यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले बुधवार को नगर में यज्ञ शोभा यात्रा निकाली गई। जिसका शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा किया गया। वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप के निर्देशन में भव्य यज्ञ यात्रा नगर के अंबियापुर तिराहे से साहिबगंज होते हुए तहसील परिसर पहुंची। जहां उप जिला अधिकारी रिपु दमन सिंह और क्षेत्राधिकारी बिल्सी, पूर्व चेयरमैन अनुज वार्ष्णेय द्वारा वृक्षारोपण किया गया। साथ ही थाना परिसर में भी वृक्षारोपण किया गया। यज्ञ यात्रा सीताराम चौराहे से होते हुए अटल चौक से नगर में भ्रमण करते हुए अंबियापुर तिराहे पर समाप्त हुई। जहां बीच में जलपान की व्यवस्था भी की गई। यज्ञ यात्रा के दौरान आर्य समाज गुधनी के कार्यकर्ता और आर्य संस्कारशाला गुधनी के बच्चों ने प्रतिभाग किया। जहां वीर वीरांगना दल की ब्रह्मचारी बेटियों ने तलवार चलाते हुए अनेक प्रदर्शन किए। इस दौरान अगर पाल सिंह, विश्वजीत आर्य, विशेष आर्य, अशोक कुमार सिंह, किशनपाल आर्य, प्रश्रय आर्य, बद्री प्रसाद आर्य गौरव उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
8 जून को पूर्णाहुति उपरांत होगा कवि सम्मेलन।
यज्ञ महोत्सव को लेकर जहां बुधवार को भव्य यज्ञ शोभा यात्रा निकाली गई तो वहीं 5 जून को सामवेद पारायण यज्ञ किया जाएगा। 8 जून को यज्ञ की पूर्णाहुति दी जाएगी। इसके उपरांत रात्रि के समय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कई अपनी अपनी कविताओं के माध्यम से अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ 9 जून को भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।