नव वर्ष पर एएसपी अनुज चौधरी का संदेश- नव वर्ष पर नशा मुक्ति का लें प्रण।

बोले – सच्ची देशभक्ति नारे लगाने में नहीं बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से करने में है।

देश के युवा ही भारत के भविष्य, संकल्प लेने के लिए किया प्रेरित।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। प्रदेश भर में चर्चित संभल के सीओ रहे अनुज चौधरी तथा वर्तमान में फिरोजाबाद के एएसपी ने नव वर्ष पर देश के युवाओं को एक संदेश दिया है। अनुज चौधरी ने कहा है कि नव वर्ष पर एक खुद को हमेशा नशा मुक्त रखने का संकल्प लें।
उन्होंने देश के युवाओं को भारत का भविष्य बताते हुए उन्हें इमानदारी से अपना कर्तव्य करने के लिए प्रेरित किया है।
संभल जनपद में चर्चित रहे सीओ अनुज चौधरी तथा अपने कार्य को लेकर एएसपी के पद पर पदोन्नति किए गए। संभल से फिरोजाबाद के लिए एएसपी के पद पर स्थानांतरण किए गए अनुज चौधरी एक लोकप्रिय ओलंपियन खिलाड़ी हैं  जिन्हें अर्जुन अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। अनुज चौधरी ने नववर्ष पर के युवाओं को संदेश देते हुए कहा है कि युवा ही भारत का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम ईमानदारी से कार्य करें।
उन्होंने सभी युवाओं को नशा मुक्त रहने का संदेश देते हुए उन्हें नशा मुक्त रखने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया ।
उन्होंने कहा कि नशा हमें अपने मार्ग से ही नहीं भटकाता बल्कि हमारे शरीर को भी नष्ट करता है।
उन्होंने देश के युवाओं से अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदारी रखने तथा ईमानदारी से ही अपना कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित किया।
अनुज चौधरी ने कहा कि सच्ची देशभक्ति नारे लगाने में नहीं बल्कि अपने कर्तव्य का ईमानदारी से निर्वहन करने में है। उन्होंने कहा कि सभी नववर्ष पर यह संकल्प लें कि हम अपना कर्तव्य ईमानदारी से करेंगे और देश को नशा मुक्त रखेंगे तथा खुद भी नशा मुक्त रहेंगे। क्योंकि नव वर्ष हमें नए संकल्प का अवसर देता है।

साल 2026 में 112 दिन अवकाश, 238 दिन होगी पढ़ाई।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने मंगलवार को जारी किया नया अवकाश कैलेंडर।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा. महेंद्र देव ने वर्ष 2026 के लिए नया अवकाश कैलेंडर मंगलवार को जारी कर दिया। इसके मुताबिक प्रदेश के राजकीय माध्यमिक स्कूलों में नए कैलेंडर वर्ष में 365 में 238 दिन पढ़ाई होगी और 112 दिन त्योहारों, रविवार व अन्य अवकाश रहेगा। जबकि बोर्ड की परीक्षा 15 दिन होगी।
अवकाश कैलेंडर में ग्रीष्मावकाश, त्योहारों एवं अन्य सार्वजनिक अवकाशों को शामिल किया गया है। निदेशक ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में निर्धारित शैक्षणिक दिवसों का कड़ाई से पालन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
कैलेंडर जारी होने के साथ ही सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि वे शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन नए कैलेंडर के अनुसार सुनिश्चित करें। नए अवकाश कैलेंडर से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को वर्ष भर की शैक्षणिक योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।


विशेष परिस्थितियों में स्थानीय आवश्यकता के अनुसार प्रधानाचार्य विवेकाधीन की तीन छुट्टी कर सकेंगे। विवाहित शिक्षिकाओं को करवा चौथ की छुट्टी मिलेगी। क्षेत्र विशेष में हरि तालिका तीज या हरियाली तीज, संकठा चतुर्थी, हलषष्ठी, अहोई अष्टमी का व्रत रखने वाली शिक्षिकाओं को प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रधानाध्यापक या प्रधानाचार्य स्तर से कोई दो छुट्टी दी जाएगी। डीएम के निर्देश पर स्थानीय अवकाश दिए जाएंगे। जबकि जारी कैलेंडर के अनुसार वर्ष 2026 में माध्यमिक विद्यालयों में कुल 112 दिन अवकाश रहेगा व 238 दिन शैक्षणिक कार्य संचालित किया जाएगा।

बदायूं में सहसवान विधानसभा एसआईआर में आगे।

जनपद की 6 विधानसभाओं में सबसे अव्वल रही है सहसवान।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं में एसआईआर अभियान के तहत शासन को भेजी गई रिपोर्ट में विधानसभा वार प्रतिशत देखने पर सहसवान विधानसभा सबसे अव्वल रही है। मतदाता सूची के सत्यापन, संशोधन और अद्यतन कार्य में सहसवान विधानसभा की प्रगति जिले की अन्य पांचों विधानसभाओं की तुलना में सबसे बेहतर रही है।
विधायक बृजेश यादव की मेहनत रंग लाई और उन्होंने लगातार लोगों के बीच जाकर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए अपना मताधिकार बनाए रखने तथा फॉर्म भरने की जानकारी दी। जिसके चलते ही मतदाता सूची के सत्यापन और अद्यतन कार्य में सहसवान की प्रगति सबसे बेहतर रही, जिससे यह विधानसभा जनपद में अव्वल बनकर उभरी है।
बदायूं की सहसवान विधानसभा 81.70 प्रतिशत से अधिक रही है। जिला प्रशासन की ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट में जनपद की 6 विधानसभा में सहसवान विधानसभा सबसे आगे रही।
जबकि स्वयं बदायूं विधानसभा उससे पीछे रही है जिसमें 76.44 प्रतिशत कार्य के साथ रिपोर्ट सामने आई है तो वहीं सहसवान के बराबर हीं पहुंची शेखूपुर विधानसभा 81 प्रतिशत रही है। वहीं बिसौली विधानसभा 80.06 प्रतिशत पर रही। बिल्सी 79.60 और दातागंज 77.94 प्रतिशत पर रही। जहां दातागंज विधानसभा 77.94 प्रतिशत रही।
सहसवान विधायक बृजेश यादव ने लगातार कार्यकर्ताओं के साथ लोगों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी दी, जिसका असर विधानसभावार के रूप में देखने को मिला है।
बता दें कि एसआईआर अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत करना है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, सहसवान विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ और सुपरवाइजरों द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया गया। नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटियों के सुधार में सहसवान विधानसभा ने उल्लेखनीय बढ़त बनाई।

जनपद में एक जनवरी तक बंद रहेंगे 12वीं तक के स्कूल।

शीतलहर और कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी ने भी दिया निर्देश।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जिलाधिकारी ने भी जनपद में 1 जनवरी तक 12वीं तक के सभी स्कूलों में घने कोहरे तथा शीत लहर के चलते बच्चों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए अवकाश घोषित किया है।
प्रदेश में लगातार पड़ रही शीतलहर तथा घने कोहरे को देखते हुए जनपद के सभी प्रकार के संचालित परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, राजकीय तथा अन्य समस्त बोर्ड के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है तो वहीं जनपद स्तर पर भी आदेश का पालन कराने के लिए जिला अधिकारी ने भी जनपद के समस्त 12वीं तक के स्कूलों में 1 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संभल जनपद में भी जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मुख्यमंत्री के आदेश का पालन कराने के लिए जनपद के 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने व कढाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

संभल में संभल यूथ अवॉर्ड्स का आयोजन, 50 से अधिक युवा हुए सम्मानित।

सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाले युवाओं को किया गया सम्मानित।

सामाजिक जागरुकता और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सकारात्मक उपयोग के लिए किया प्रेरित।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के चंदौसी में संभल यूथ अवॉर्ड्स का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सोशल मीडिया के माध्यम से सकारात्मक प्रभाव डालने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैसिया की उपस्थिति में शानदार प्रस्तुतियों के बीच हरियाणवी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। जहां 50 से अधिक युवाओं को सामाजिक जागरूकता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक उपयोगिता के साथ सकारात्मक प्रभाव डालने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।

चंदौसी स्थित जेनरेशन मेगा मॉल में आयोजित किए गए कार्यक्रम में संभल यूथ अवार्ड से 50 से अधिक स्थानीय उभरते हुए युवाओं को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को उनकी प्रतिभा, रचनात्मक और सामाजिक योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रहे जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सोशल मीडिया पर सभी को सकारात्मक प्रभाव डालने तथा समाज के लिए सकारात्मक दिशा देने के लिए युवाओं को प्रेरित किया।
आयोजन की थीम युवाओं को जिम्मेदार कंटेंट क्रिएशन सामाजिक जागरुकता और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करना रहा। स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं को समाज के लिए सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
इस दौरान डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता और डॉ. पारितोष धन्वंतरी फार्मेसी ने सोशल मीडिया पर समाज को नई दिशा देने तथा सकारात्मक सोच के साथ जागरूकता फैलाने पर युवाओं को उत्साहित किया।

मेहनत की जीत: राजस्थान के IPS बेटे का यूपी में जलवा, सीएम योगी ने किया सम्मान।

वरिष्ठ अधिकारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दिया ‘उत्कृष्ट सेवा अलंकरण’।

कुशल नेतृत्व और सख्त कार्रवाई से हमेशा सुर्खियों में रहते हैं संभल एसपी कृष्ण बिश्नोई।

सम्मान के मंच पर संस्कारों की झलक, कृष्ण बिश्नोई ने माता-पिता को सीएम योगी से मिलवाया।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रविवार को प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई को वरिष्ठ अधिकारी सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा अलंकरण’ से सम्मानित किया।
बता दें कि राजस्थान राज्य के धोरीमन्ना निवासी युवा आइपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस में अपनी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता से प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर बाड़मेर जिले का नाम रोशन किया है। कृष्ण बिश्नोई ने महज 24 वर्ष की आयु में यूपीएससी में 174वीं रैंक से आइपीएस बनकर इतिहास रचा। सेवा के शुरुआती वर्षों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में तैनाती के दौरान उन्होंने कुख्यात अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर आठ सौ करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त कराई, तदोपरांत वे चर्चाओं में आए।

जिसकी चलते ही अब यूपी के संभल जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें पुलिस मंथन-2025 सम्मेलन में बेस्ट पुलिस अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदान किया।
राजस्थान मूल के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई अपने कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील मामलों में संतुलित निर्णय और जनसुनवाई के लिए लगातार चर्चा में रहे हैं। संभल जैसे संवेदनशील जिले में उनकी सख्त कार्यशैली और टीमवर्क के चलते कई बड़ी सफलताएं दर्ज की गईं। एसपी कृष्ण बिश्नोई की कुशल नेतृत्व क्षमता, सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई तथा प्रभावी पुलिसिंग जनपद के साथ-साथ प्रदेश की प्रशासनिक भी व्यवस्था की रीढ़ है। क्योंकि संभल जैसी संवेदनशील जनपद में उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा और जनता में पुलिस के प्रति भरोसा कायम किया।
संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान कानून-व्यवस्था को सधे हुए ढंग से संभालने के साथ-साथ आइपीएस कृष्ण बिश्नोई ने एक वर्ष के भीतर 100 करोड़ रुपए से अधिक की बीमा और वित्तीय धोखाधड़ी का पर्दाफाश कर अपराध के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया। इस गिरोह के 17 मामलों में 68 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह संगठित गिरोह वर्षों से देशभर में मरणासन्न अथवा मृत व्यक्तियों के नाम पर फर्जी बीमा पॉलिसी, बैंक खाते और फाइनेंस के जरिए करोड़ों की ठगी कर रहा था। जांच में हत्या तक कराने और मृतकों के नाम पर फर्जी ट्रैक्टर फाइनेंस कराने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए। संभल पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद यूआइडीएआई ने आधार संशोधन प्रक्रियाओं में देशव्यापी सुधार किए। साथ ही यूपी पुलिस द्वारा आयोजित इंश्योरेंस कॉन्क्लेव में 50 से अधिक बीमा कंपनियों के साथ नीतिगत सुधारों पर मंथन हुआ, जिससे उत्तर प्रदेश पुलिस की राष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक छवि बनी।
सम्मान मिलने पर एसपी कृष्ण बिश्नोई ने इसे पूरी पुलिस टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना ही उनका सर्वोच्च लक्ष्य है। इस उपलब्धि पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें बधाई दी।
अवगत रहे कि कृष्ण बिश्नोई एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता सुजानाराम बिश्नोई किसान हैं। कृष्ण की प्रारंभिक शिक्षा बाड़मेर के गांव में ही हुई। उनकी मेहनत और प्रतिभा का ही परिणाम है कि फ्रांस सरकार ने उन्हें शिक्षा के लिए 40 लाख रुपए की अंतरराष्ट्रीय स्कॉलरशिप भी प्रदान की थी। पुलिस सम्मान अवार्ड के दौरान कृष्ण बिश्नोई अपने माता-पिता को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलवाया। जहां मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की भी सराहना की।

दैनिक प्रवाह के लिए संभल से ‘गौरव उन्मुक्त’ की रिपोर्ट

युवा प्रतिभाओं को मंच, संभल में अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़।

◆ ब्लॉक प्रमुख हनी यादव और प्रधान अध्यापिका लक्ष्मी रावत ने किया शुभारंभ।

◆ डीपी विद्यापीठ धनारी के प्रांगढ़ में जीनियस क्रिकेट एकेडमी ने दर्ज की पहली जीत।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के धनारी स्थित डीपी विद्यापीठ में अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख हनी यादव और विद्यापीठ की प्रधान अध्यापिका लक्ष्मी रावत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया जिसमें जीनियस क्रिकेट धनारी टीम ने 242 रन बनाते हुए विक्ट्री 11 वर्सेस को 57 रनों पर ही ढेर कर दिया ।
धनारी के डीपी विद्यापीठ में अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख हनी यादव व डीपी विद्यापीठ की प्रधान अध्यापक लक्ष्मी रावत के द्वारा किया गया। तत्पश्चात विक्ट्री 11 वर्सेस जीनियस क्रिकेट अकादमी धनारी के मध्य प्रथम मैच शुरू हुआ।

जिसमें जीनियस क्रिकेट अकादमी के कप्तान ललित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले खेलते हुए जीनियस क्रिकेट अकादमी ने 23.2 गेंद में 242 रन पर अपने सभी 10 विकेट गवा दिए। जिसमें बल्लेबाज शोभित यादव ने 82 रन अनिल यादव ने 41 व ललित शर्मा ने 26 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। विक्ट्री किंग 11 के गेंदबाज विवेकानंद ने तीन विकेट विवेक दीपक समीर ने एक-एक विकेट लिया।
243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्ट्री किंग 11 के बल्लेबाज मात्र 57 रनों पर धराशाई हो गए। जिसमें सावेज रिजवी ने 14 वह फैज ने 8 रनों का योगदान दिया।
जीनियस क्रिकेट अकादमी के गेंदबाज अंकित यादव ने पांच विकेट झटके वह मदन गोपाल ने दो जबकि ऋषित गबर व सचिन यादव ने एक-एक विकेट अपने नाम किया ।
82 रन की शानदार पारी खेलने पर शोभित यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश देखने को मिला और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया गया।
जीनियस क्रिकेट अकादमी के इस अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 8 टीम में प्रतिभागित करेंगे। आयोजक अंकित गुप्ता ने बताया कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी क्षमता को निखार सकें। जहां प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों की भागीदारी से आगामी दिनों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
इस मौके पर रोहतास, मुकेश मानवी, अरविंद मोहित, अधिराज, नितेश, गौरीश, केशु, प्रखर, विनीत, अमन, दक्ष, सचिन, लालटेश भविष्य आदि लोग मौजूद रहे।

यूपी शिक्षा व्यवस्था में नया नियम: प्रार्थना के बाद अब न्यूज पेपर पढ़ना अनिवार्य।

छात्रों के बौद्धिक विकास की पहल, समसामयिक ज्ञान पर फोकस।

अपर मुख्य सचिव का पत्र जारी, रोजाना दस मिनट होगा समाचार वाचन।

आदेश के बाद कक्षा 6 से 12 तक के स्कूलों में अनिवार्य हुई अखबारों की उपलब्धता।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अब स्कूलों में नया नियम लागू कर दिया गया है। इस नियम के तहत अब सभी सरकारी एवं माध्यमिक स्कूलों में प्रार्थना के बाद अखबार पढ़ना अनिवार्य कर दिया है। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में छात्रों के बौद्धिक विकास और समसामयिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसे लागू किया गया है। अब प्रदेश के स्कूलों में प्रार्थना सभा के बाद प्रतिदिन विद्यार्थियों को समाचार पत्र पढ़ना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में अपर मुख्य सचिव पार्थ शर्मा द्वारा सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आदेश के अनुसार कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए रोजाना कम से कम दस मिनट का समाचार वाचन कराया जाएगा, जिससे छात्रों में पढ़ने की रुचि बढ़े और वे देश-दुनिया की गतिविधियों से अपडेट रहें।
नई व्यवस्था के तहत स्कूलों में हिंन्दी एवं अंग्रजी के अखबारों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है। शिक्षक छात्रों को महत्वपूर्ण खबरों की व्याख्या भी करेंगे, ताकि विद्यार्थी समाचारों को समझ सकें और उन पर विचार कर सकें।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों की भाषा क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और सामान्य ज्ञान में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य शिक्षा को बेहतर बनाना, पढ़ने की आदत को विकसित करने के साथ ही सामान्य ज्ञान को बेहतर करना है। छात्रों में पढ़ने की आदत विकसित करने, मोबाइल और स्क्रीन टाइम कम करने के साथ-साथ तार्किक और आलोचनात्मक सोच को मजबूत करने के उद्देश्य से अखबार पढ़ना अनिवार्य किया गया है। आदेश के अनुसार, स्कूलों में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं के अखबार उपलब्ध कराए जाएंगे और इन्हें स्कूल की दैनिक गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाएगा।
बच्चों में लगातार बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम करने के लिए यह फैसला बेहद अहम माना जा रहा है। स्कूलों में दोनों हिंदी और इंग्लिश भाषाओं के अखबार दिए जाएंगे। इस पहल के जरिये बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर, हर क्षेत्र से जोड़ना है।
यूपी बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि इस पहल से न सिर्फ बच्चों की वोकैबलरी मजबूत होगी बल्कि उन्हें रोजाना नए-नए शब्द सीखने का मौका मिलेगा।
विभाग की ओर से जारी नियम के अनुसार अब स्कूलों में हिंदी और इंग्लिश में न्यूज पेपर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका मतलब है कि सरकारी पैसे से ही अखबार खरीदे जाएंगे। पेपर पढ़ने के बाद से बच्चों से बड़ी खबरों के बारे में पूछा जाएगा। इसके साथ ही उन्हें 5 शब्द भी बताने होंगे, जो उन्होंने न्यूज पेपर से सीखे हैं।
जारी आदेश में इस बात का भी जिक्र है कि अखबारों में मौजूद सुडोकू, क्रॉसवर्ड और शब्द पहेलियां भी छात्रों की सोच को विकसित करेंगी और उन्हें तर्क करने में मदद करेगी। इससे उनके मन में कई सवाल पैदा होंगे। अपर मुख्य सचिव पार्थ शर्मा ने बताया कि अलग-अलग सब्जेक्ट के आर्टिकल को पढ़ने से छात्रों में आलोचनात्मक सोच विकसित होगी। जिससे वह सही व गलत खबर के बीच फर्क पहचान पाएंगे।

सौंधन में दशकों से खंडहर में तब्दील स्कूल की ईंटें चोरी करते ट्रैक्टर ट्राली पकड़ी।

कभी आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में था नामी स्कूल, दशकों से खंडहर में हुआ तब्दील।

ग्राम प्रधान पति ने चोरी करते पकड़ा, मौके पर पहुंची पुलिस, चालक फरार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के सौंधन में कई दशकों से बंद पड़े तथा खंडहर में बदले चमेली देवी जूनियर हाई स्कूल की ईंटों को सुबह के समय ट्रैक्टर ट्राली में भरकर चोरी करते हुए ग्राम प्रधान पति ने पकड़ लिया, जहां चालक मौके से फरार हो गया तथा ट्रैक्टर ट्राली को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
संभल तहसील क्षेत्र के सौंधन स्थित चमेली देवी जूनियर हाई स्कूल पहले क्षेत्र में एक प्रसिद्ध स्कूल के रूप में संचालित होता था, जो लगभग कई दशकों से खंडहर में तब्दील हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्र में एक नामी स्कूल था जहां आसपास दर्जनों गांवों के सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करते थे। जो शिक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल था। बताया जाता है कि सोंधन गांव निवासी ग्रामीण द्वारा शिक्षा को आगे बढ़ाने के लिए स्कूल के नाम अपनी जमीन दान में दी गई थी, उसके बाद समिति गठित कर विद्यालय संचालित कर दिया गया। जिसका नाम चमेली देवी जूनियर हाई स्कूल रखा गया। लगभग पिछले कई दशकों से जिसकी दीवारें भी जर्जर हो चुकी हैं। उसकी चार दिवारी भी धीरे-धीरे कुछ गांव के ही माफियाओं द्वारा खत्म कर दी गई।
गांव निवासी कुछ लोग चार दिवारी तथा कमरों की ईंटें उखाड़ कर अपने ट्रैक्टर ट्राली से ले जा रहे थे उसी समय स्कूल में ही ग्राम प्रधान पति ने अचानक उन्हें देख लिया और तुरंत सौंधन पुलिस चौकी को सूचना दी। ग्राम प्रधान पति अरविंद यादव ने जब इसके बारे में पूछा तो आरोपी फरार हो गए।
सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में लेकर चौकी ले आई। जानकारी के बाद पता चला कि ईंटें किसी धार्मिक स्थल पर ले जाई जा रही थीं।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में संभल में प्रदर्शन।

◆ बबराला में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रदर्शन कर फूंका पूतला।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में संभल में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका गया।
बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ किए जा रहे अत्याचार के विरोध में संभल में विश्व हिंदू परिषद तथा बजरंग दल द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है जहां हिंदुओं के साथ अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हुए उन्हें न्याय दिलाने की मांग की जा रही है साथ ही संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया जाता है।
बुधवार को भी संभल के बबराला में इंदिरा चौक पर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता और जिला मंत्री वेद प्रकाश तथा संयोजक विजेंद्र सिंह और बजरंग दल द्वारा उनके नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया, साथ ही अत्याचार करने वाले मोहम्मद यूनुस का पुतला फूंका गया।

जहां प्रदर्शन करने के दौरान जिला संयोजक विजेंद्र सिंह जिला धर्म प्रसार प्रमुख केशव भारद्वाज, डा. गौरव उन्मुक्त, देवानंद महाराज, बाबा बांके बिहारी दास, सोमनाथ योगी महाराज के अलावा नगर अध्यक्ष बबलू गुप्ता, महेंद्र वर्मा, गणेश, हरि बाबू, ओमप्रकाश शर्मा, मोनू, राजकुमार, रवि, रामौतार शर्मा, जोगिंदर आदि उपस्थित रहे।