संभल पुलिस ने बरामद किये आधे करोड़ की धनराशि के 113 मोबाइल।

◆ सीआईआर पोर्टल पर दो सप्ताह चला अभियान, फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पुलिस ने सीआईआर पोर्टल के माध्यम से चलाए गए दो सप्ताह के अभियान के तहत करीब पचास लाख रुपये मूल्य के सौ से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन्स को बरामद किया है। जिनमें एक साल पहले तक खोए हुए मोबाइल भी बरामद हुए हैं।
जिन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गया। जिन्हें वापस पाकर लोगों ने संभल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जिसकी जानकारी बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह और आईपीएस सीओ संभल आलोक भाटी ने दी।
एएसपी संभल ने बताया कि जिले में खोए या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए सीआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की तकनीकी निगरानी की गई। पुलिस की साइबर टीम ने आईएमईआई नंबर ट्रैक करके इन मोबाइल फोन को विभिन्न जिलों और राज्यों से बरामद किया। इस अभियान के तहत लगातार मॉनिटरिंग की गई और जनपद के सभी 17 थानों में विशेष टीमें गठित की गई थीं।
संभल सीओ ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कोई भी व्यक्ति अपने कीमती मोबाइल से वंचित न रहे। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीआईआर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल की कीमत लगभग 50 लाख के करीब है।

20 हजार रिश्वत लेते दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा।

कच्ची जमानत के नाम पर पीड़ित से मांगी गई थी 20 हजार की रिश्वत।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। मंगलवार को मुरादाबाद की एंटी करप्शन टीम ने जमीन खरीद में धोखाधड़ी करने के मामले में दर्ज मुकदमे से नाम निकलवाने, जेल जाने से बचाने और कच्ची जमानत के नाम पर आरोपित से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए हरिबाबा बांध के चौकी प्रभारी राकेश सिंह यादव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान बिचौलिया भी दबोचा गया। इस कार्रवाई से हलचल मच गई।दोनों को दबोचनेे के बाद टीम उन्हें थाने लेकर पहुंची। जहां पर लिखापढ़ी की गई।
बता दें कि दरोगा राकेश सिंह यादव पीडित के मुकदमे की विवेचना कर रहा था। मुकदमे से नाम निकालने के लिए उसने पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति ने कुछ कम पैसे देने की बात कही, लेकिन दरोगा ने साफ मना करते हुए अधिकारियों को भी पैसे पहुंचाने की बात कहकर अड़ा रहा। थक हार कर पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारी मंगलवार शाम पीड़ित व्यक्ति का रिश्तेदार बनकर उसके साथ दरोगा राकेश सिंह के पास पहुंचे और रंगे हाथ 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पूरा मामला संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र स्थित हरि बाबा बांध परिसर का है। जहां गिरफ्तार हुए दरोगा की पहचान पुलिस चौकी प्रभारी राकेश सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी जुलापुर, थाना सिकंदरराव, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। उसके साथ बिचौलिया के रूप में ग्रामीण इकबाल यादव पुत्र पाली सिंह, निवासी मौलनपुर, थाना रजपुरा, जनपद संभल को भी पकड़ा गया है। मुरादाबाद एंटी करप्शन टीम ने निरीक्षक कृष्ण अवतार के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम मंगलवार सुबह से ही दरोगा को गिरफ्तार करने के लिए सक्रिय थी। कितु शाम 4:30 बजे दरोगा और ग्रामीण को बीस हजार रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। जहां से दोनों को थाना रजपुरा ले जाकर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।

रामविरेश बने सुलह अधिकारी गुन्नौर, समाज कल्याण अधिकारी ने दी तैनाती।

बोले- विवादों के निस्तारण में देंगे निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्राथमिकता।

नवनियुक्ति के बाद बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का लगा तांता।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा गुन्नौर तहसील के लिए एडवोकेट राम विरेश को सुलह अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण नियमावली 2014 के अनुसार संभल की गुन्नौर तहसील में क्षेत्र के अहरौला नवाजी गांव निवासी  रामविरेश पुत्र गंगा सिंह को सुलह अधिकारी के पद पर तैनात करते हुए अपनी योगदान आख्या उप जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर नवनियुक्त सुलह अधिकारी रामविरेश ने कहा कि वे विवादों के निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देंगे।
तैनाती की जानकारी मिलते ही उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया। सहकर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

संभल में ‘फर्जी सिपाही’ बना युवक, गिरफ्तार।

पुलिस की वर्दी पहन युवक को धमकाते हुए बोला- पांच हजार दो वरना एनकाउंटर कर दूंगा।

क्राइम ब्रांच का दरोगा बताकर पैसे वसूलते वक्त 2 साल पूर्व भी हरिद्वार में पकड़ा जा चुका है युवक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बुधवार को संभल पुलिस ने हाईस्कूल फेल एक फर्जी सिपाही को वर्दी में गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार उक्त फर्जी सिपाही को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह संभल की चौधरी सराय निवासी कबाडी व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर धमका रहा था। पहले तो कबाड़ा व्यापारी घबराया किन्तु इसके बाद उसे युवक के हाव-भाव और भाषा को लेकर शक हुआ तो व्यापारी ने उसे उलझा कर रखा। इसके बाद अपने साथियों को बुलाकर उसे पकड़ा और थाने लेकर गये। वहां पूछताछ में पता चला कि वह सिपाही नहीं है बल्कि लोगों से अवैध वसूली के लिए वर्दी पहनता है। जिसे उसने संभल के बहजोई से एक माह पूर्व कपड़ा खरीद स्वयं को पुलिस में सिपाही बताते हुए एक टेलर से सिलवाया था। साथ ही पूछताछ में उसने बताया कि वह थाना जुनावई क्षेत्र के पुसावली गांव का रहने वाला है।
बता दें कि मोहल्ला चौधरी सराय निवासी गय्यूर पुत्र मकबूल ने बताया कि बुधवार रात 11 बजे थाना जुनावाई क्षेत्र का पुशावली निवासी विष्णु बाबू (25) चौधरी सराय स्थित कबाड़ की दुकान पर पहुंचा। जहां उसने वर्दी पहन रखी थी। साथ ही कमर में एक गन भी लगा रखी थी। युवक ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और एनकाउंटर की धमकी देकर 5 हजार रुपए मांगे। साथ ही खुद को कोतवाली का सिपाही बताया। विष्णु ने वर्दी के नीचे नीले रंग के स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे। गय्यूर को विष्णु की बोली के साथ-साथ हाव-भाव पर भी शक हुआ तो गय्यूर ने उसे 500 रुपए दिए। बाकी रुपए मंगाने की बात कही। इसके बाद गय्यूर ने साथियों के साथ मिलकर विष्णु को मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को थाने लाया गया। यहां पूछताछ में पता चला कि वह पुलिस विभाग में सिपाही नहीं है, बल्कि फर्जी वर्दी पहनकर लोगों को धमकाकर वसूली करता है।
पुलिस पूछताछ में विष्णु ने बताया- वह हाईस्कूल फेल है। लोगों को पुलिस की वर्दी और खिलौना वाली पिस्टल दिखाकर डराता था। जिससे लोग आसानी से पैसे दे देते थे। दो साल पहले भी उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार में खुद को क्राइम ब्रांच का दरोगा बताकर लोगों से पैसे वसूलने की कोशिश की थी, लेकिन तब लोगों ने पकड़कर चेतावनी देकर छोड़ दिया था।
इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया- पीड़ित कबाड़ा व्यापारी की शिकायत पर आरोपी विष्णु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसके पास से पुलिस की वर्दी और एक टॉय गन मिली है। जहां कोर्ट में पेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

यूपी बोर्ड ने जारी किया वर्ष 2026 का परीक्षा शेड्यूल।

18 फरवरी से एक साथ शुरू होंगे 10वीं, 12वीं के एग्जाम।

पहला पेपर हिंदी तो आखरी एग्रीकल्चर के साथ कुल 23 दिन चलेंगी बोर्ड परीक्षा।

प्रभाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी बोर्ड यानी उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शिक्षा सत्र 2026 के लिए 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तारीखें जारी कर दी है। जिसे बुधवार शाम माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह द्वारा जारी किया गया है।
जारी हुई डेट शीट के अनुसार हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक कुल 23 दिन चलेंगी। अब लाखों छात्रों का इंतजार भी अब खत्म हो गया है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली का समय सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक है, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा का समय दोपहर बाद 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे है। इस बार हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में 27, 50, 943 परीक्षार्थी हैं जबकि इंटरमीडिएट में कुल 24,79,352 परीक्षार्थी हैं।
छात्रों को सफलता सुनिश्चित करने के लिए इस समय-सारिणी के अनुसार अपनी पढ़ाई की योजना बनाने हेतु डेटशीट में विषयवार परीक्षा तिथियां स्पष्ट रूप से दी गई हैं, जिससे छात्रों को रणनीतिक योजना बनाने में मदद मिलेगी।

बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्र पर डबल लॉ वाली चार अलमारियां रखी जाएंगी। वर्ष 2025 की परीक्षा में तीन अलमारियों की व्यवस्था थी। बाद में चौथी अलमारी की व्यवस्था अतिरिक्त प्रश्नपत्र के लिए कराई गई। इस बार शुरू से ही चार अलमारियों की व्यवस्था केंद्र व्यवस्थापकों को रखनी होगी। चौथी अलमारी में अतिरिक्त प्रश्नपत्र रखे जाएंगे।
इतना ही नहीं परीक्षा को नकल-मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार भी यूपी बोर्ड ने सख्त कदम उठाने की घोषणा की है। केवल उन्हीं विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जो CCTV कैमरों से लैस हैं। बोर्ड स्तर पर निरीक्षण टीमों का गठन किया जाएगा, जो परीक्षा केंद्रों की निगरानी और औचक निरीक्षण करेंगी।

ज़हरीले धुंध को चीरकर ‘सेखों मैराथन’ में दौड़े संभल के जांबाज़।

◆ संभल रनर्स (संभल स्टीलर्स) ने दिया सेहत, समर्पण और साहस का पैगाम।

◆ परम वीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की श्रद्धांजलि में आयोजित हुई मैराथन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। कहा जाता है कि दौड़ना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है, बल्कि यह मनुष्य में अनुशासन, ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार भी करता है। इसी भावना को साकार करते हुए ‘संभल स्टीलर्स’ टीम ने रविवार को आयोजित ‘सेखों मैराथन’ में भाग लेकर सेहत, समर्पण और साहस का प्रेरणादायक पैगाम दिया।
यह मैराथन भारतीय वायु सेना के परमवीर चक्र विजेता फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की स्मृति में आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम का उद्देश्य फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना था।
जिसमें भाग लेकर संभल रनर्स (संभल स्टीलर्स) की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जब इरादे मजबूत हों तो हर मंज़िल आसान होती है। जहां धावकों ने खेल भावना और समाज सेवा का जो संगम प्रस्तुत किया, वह न केवल प्रेरणादायक है बल्कि संभल जनपद के लिए एक गौरव की बात भी है। क्योंकि घनी धुंध और ठंड को मात देते हुए संभल के जांबाज़ युवाओं ने ‘सेखों मैराथन’ में जोश और जुनून के साथ भाग लिया।
दिल्ली के बेहद गंभीर 400 एक्यूआई के ज़हरीले धुंध के बीच संभल के जांबाज़ धावकों ने भारतीय वायु सेना की ‘सेखों मैराथन’ में न सिर्फ भाग लिया बल्कि असाधारण हौसले का प्रदर्शन किया। यह ‘संभल रनर्स’ का दल था, जो अपने शहर का मान बढ़ाने व सेहत का पैगाम देने के लिए अत्यंत उत्साह के साथ दौड़ा।  
यह मैराथन भारतीय वायु सेना (आईएएफ) द्वारा अपने एकमात्र परम वीर चक्र विजेता, फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की गई थी। दिल्ली में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन  में 12,000 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। 
जहां 21 किमी. की हाफ-मैराथन को संभल धावक शाहरुख ने 122 मिनट के समय में पूरा किया तो वहीं उनके साथी शजर साजी ने भी 2 घंटे 4 मिनट के समय में रेस पूरी कर शहर का नाम रोशन किया।
इतना ही नहीं 21 किमीं की चुनौती को पूरा करने वालों में हकीम अख्तरुल इमान और गयास खान भी शामिल रहे, जिन्होंने भी अपने जज़्बे का लोहा मनवाया। इसके अलावा 10 किमी. की दौड़ में एम.जी.एम. कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. नवीद अहमद ने मात्र 50 मिनट में दौड़ पूरी की। ढेर सारी मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद भी इन रनर्स जांबाज़ों ने अपनी दौड़ को सफलतापूर्वक पूरा कर शहर का मान बढ़ाया। साथ ही आयोजित प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी ने उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लेकर हर कदम पर फिटनेस के महत्व और सामूहिक भावना का परिचय कराया। आयोजन का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने कहा कि सेखों जैसे वीरों की प्रेरणा से वे राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
मैराथन के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित कर धावकों को प्रमाणपत्र आदि प्रदान किए गए।

सपा महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह ने किया राव फार्मस का उद्घाटन।

बोले- गुटबाजी करने वालों को पार्टी में नहीं है कोई जगह।

शिवपाल सिंह यादव, सांसद आदित्य यादव, सहसवान विधायक ब्रजेश यादव, गुन्नौर विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव के अलावा मौजूद रहे सपा के दर्जनों नेता।

उद्घाटन के अवसर पर दहगवां चौराहे पर उमड़ा अपार जनसमूह।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। रविवार को बदायूं के दहगवां में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने सहसवान विधायक ब्रजेश यादव के सौजन्य से बन रहे राव फार्मस होटल एंड बैंक्वेट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया है कि पार्टी में गुटबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि यही वजह है कि जिलाध्यक्ष को छोड़कर यहां के सभी फ्रंटल संगठनों को भंग कर दिया गया है।
बता दें कि पूर्व से ही 2 व 3 नवंबर को शिवपाल यादव का बदायूं दौरा निर्धारित है। जहां वो सांसद आदित्य यादव के साथ जनपद के भ्रमण पर रहेंगे। राव फॉर्मस के उद्घाटन उपरांत रात्रि विश्राम बदायूं स्थित आवास पर करेंगे। जहां से तीन नवंबर को प्रातः नौ बजे हिमांशु भवन शिवपुरम में जिलाध्यक्ष आशीष यादव व साढे दस बजे लावेला चौक पर रचित गुप्ता जिलाध्यक्ष समाजवादी व्यापार सभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। तदोपरांत दोपहर बारह बजे नगर पालिका परिषद में पूर्व मंत्री आबिद रजा द्वारा आयोजित डोर-टू-डोर योजना कार्यक्रम के उद्घाटन उपरांत  एक बजे आवास विकास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जनपद में गुटबाजी के चलते ही उनके पहुंचने से दो दिन पूर्व ही पार्टी के प्रदेश कार्यालय ने जिलाध्यक्ष को छोड़कर पूरी जिला कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठनों को भंग करने का आदेश जारी कर दिया था। जिसके चलते ही आज अपने दौरे के दौरान शिवपाल यादव ने साफ कहा कि गुटबाजी करने वालों के लिए पार्टी में कोई जगह नहीं है। इस कार्रवाई को शीर्ष नेतृत्व के बदायूं पर विशेष ध्यान के रूप में देखा जा रहा है, जिसका उद्देश्य गुटबाजी को खत्म कर एकजुटता स्थापित करना है। उद्घाटन के अवसर पर सपा सांसद आदित्य यादव ने भी मंच से अपने वक्तव्य का उद्घोष किया।

माना जा रहा है कि इस कदम के बाद फ्रंटल संगठनों में नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जाएगी, जबकि गुटबाजी को बढ़ावा देने वाले पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। यह कार्रवाई सपा के ‘मिशन 2027’ की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
सपा में गुटबाजी की शुरुआत लोकसभा चुनाव के बाद खुलकर सामने आई थी, हालांकि इसके संकेत निकाय चुनाव के दौरान ही मिलने लगे थे। उस समय सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव शहर नगर पालिका सीट से निर्दलीय प्रत्याशी नाजिनी का प्रचार कर रहे थे।
वहीं, पार्टी का दूसरा खेमा पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री आबिद रजा की पत्नी को सपा प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा रहा था, जिससे आंतरिक मतभेद स्पष्ट हो गए थे।
लोकसभा चुनाव में शिवपाल यादव ने सभी गुटों को एक मंच पर लाकर अपने बेटे आदित्य यादव को मैदान में उतारा था, जिसके बाद सभी गुटों ने एकजुट होकर आदित्य का समर्थन किया और सीट सपा के खाते में गई। हालांकि, इसके बाद बदायूं में गुटबाजी फिर से बढ़ने लगी थी। जिसके चलते ही विगत दो दिन पूर्व प्रदेश कार्यालय ने जिलाध्यक्ष को छोड़कर पूरी जिला कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठनों को भंग करने का आदेश जारी कर दिया था। इसी के चलते आज शिवपाल सिंह यादव ने मंच से गुटबाजी को लेकर पार्टी की मंसा के साथ-साथ अपने वक्तव्य दिए।
इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव, सांसद आदित्य यादव, सहसवान विधायक ब्रजेश यादव, गुन्नौर विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व सांसद सलीम शेरवानी के अलावा सपा के दर्जनों नेता हजारों की संख्या में कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।

बहराइच में मां के पास सो रही बच्ची को उठा ले गया भेड़िया, कुछ मीटर दूर मिले खून के धब्बे।

पीछे पीछे चीखती हुए दौड़ी मां, पिता तथा अन्य ग्रामीण भी दौड़े, लेकिन नहीं मिली सफलता।

बहराइच में भेड़िया का आतंक जारी, सीएम योगी भी कर सकते हैं हवाई सर्वेक्षण।

प्रवाह ब्यूरो
बहराइच। यूपी के बहराइच जनपद में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां मां के बगल में सो रही डेढ़ वर्षीय बच्ची को भेड़िया उसकी मां के पास से अपने जबड़े में देकर उठा ले गया जहां कुछ ही मीटर दूर पर खून के धब्बे तथा कुछ मांस के टुकड़े मिले हैं।
भेड़िया ने जैसे ही बच्ची उठाई तो बच्ची चीखी और चीख सुनकर मां की नींद खुल गई। मां ने देखा तो वह चीखती हुई भेड़िए के पीछे दौड़ने लगी। शोर सुनकर बच्ची के पिता तथा ने ग्रामीण भी पीछे-पीछे दौड़े लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। संबंधित पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई जहां ड्रोन और डॉग स्क्वायड की टीम की मदद से भी लगातार जंगल में भेड़िए को तलाश किया जा रहा है तथा ग्रामीण भी लाठी डंडों के साथ अपना सहयोग देते दिखाई दिए।
बहराइच जनपद के खरपुर थाना क्षेत्र के कंदौली गांव निवासी राकेश यादव शनिवार रात्रि को अपने परिवार के साथ सोया हुआ था। रविवार सुबह लगभग 5 बजे पत्नी डेढ़ वर्षीय बच्ची शानवी को लेकर सो रही थी। उसके पिता पशुओं के चारा डाल रहे थे। अचानक घर में भेड़िया घुस आया और मां के पास सो रही डेढ़ वर्षीय बच्ची को जबड़े में दबोच लिया। बच्ची चीखी तो मां के नींद खुल गई। मां ने देखा तो उसके होश उड़ गए, वह चीखती हुई भेड़िया के पीछे दौड़ने लगी। शोर सुनकर उसके पिता तथा अन्य ग्रामीण भी पीछे-पीछे दौड़े लेकिन भेड़िया हाथ नहीं आया। सुबह के समय अंधेरा होने के चलते भेड़िया भाग गया और दिखाई नहीं दिया। सूचना पर संबंधित थाना पुलिस और वन विभाग की टीम में मौके पर पहुंच गई। रविवार सुबह देखा तो घर से लगभग 200 मीटर दूरी पर खून के धब्बे और कुछ मांस के टुकड़े दिखाई दिए। जिसे देख मां बेहोश हो गई। माता-पिता तथा परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
वहीं दूसरी तरफ वन विभाग की टीम और पुलिस लगातार भेड़िए की तलाश में है और डॉग स्क्वायड तथा ड्रोन से लगातार क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

बहराइच में भेड़िए का आतंक जारी, इस वर्ष कई लोगों की जा चुकी है जान।

सीएम के आदेश पर आदमखोर दो भेड़ियों को मार दिया गया था।

उत्तर प्रदेश के बहराइच में भेड़िए का आतंक जारी है। लोग अपने बच्चों को घरों में ही रख रहे हैं,इसके अलावा पुलिस और वन विभाग की टीम लगातार जंगल में सर्च अभियान चला रही है।
बीते 28 सितंबर को एक भेड़िए को मार दिया गया था। वन विभाग की टीम का कहना है कि जंगल में चार भेड़िए हैं जिनमें से दो भेड़ियों को मार गिराया गया है और एक के पैर में गोली लगी है तथा एक अभी बाकी है जिसकी लगातार तलाश की जा रही है,और उसी के द्वारा हमला करने की बात सामने आई है।
वन विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को सचेत किया गया है तथा बच्चों को घर में रखने के निर्देश दिए गए हैं।  मुख्यमंत्री ने लगातार बहराइच में भेड़िए की घटना को देख गोली मारने का आदेश दिया था।
जहां मुख्यमंत्री ने आदेश दिया था कि भेड़िया पकड़ में न आए तो उसे गोली मार दो।

सीएम योगी कर सकते हैं हवाई सर्वेक्षण, ट्वीट कर दी जानकारी।

बहराइच में बीते देना हुई नाव दुर्घटना से प्रवाहित लोगों के परिजनों से भेंट करने के लिए मुख्यमंत्री बहराइच पहुंच सकते हैं तथा इसके अलावा वह क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे।
उधर दूसरी तरफ भेड़िए द्वारा बच्ची को ले जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने कहा है कि क्षेत्र में टीमों की गस्त भी बढ़ा दी गई है और लोगों से घरों में रहने की तथा बच्चों को संभाल कर रखने की अपील की गई है। साथ ही भेड़िए को पकड़ने के लिए कई टीम सर्च अभियान पर लगी हुई है।

संभल में SP की बड़ी कार्रवाई! 16 थानों के 32 पुलिसकर्मी एक साथ लाइन हाजिर।

एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में मचा हड़कंप।

शिकायतों की अनदेखी बनी कार्रवाई की मुख्य वजह, जांच के दायरे में कई थानों के कर्मचारी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल।शुक्रवार रातसंभल जनपद में एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक साथ 16 थानों में तैनात 32 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। अवगत रहे कि यह कार्रवाई उन जन शिकायतों पर की गई, जिनमें आरोप लग रहे थे कि पुलिसकर्मी जनता की सुनवाई नहीं कर रहे थे साथ आवश्यक मामलों में लापरवाही बरत रहे थे। इस कदम के बाद पूरे पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।


लाइन हाजिर किये गये पुलिसकर्मियों में संभल थाने से कांस्टेबल राजपाल सिंह, हेड कांस्टेबल सहचालक बलराज, जबकि हयातनगर से चालक रूपचन्द्र, कांस्टेबल आशू यादव, नीरज कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं नखासा से कांस्टेबल अनिरुद्ध चौधरी और सहचालक आकाश जुरैल, जबकि असमोली से कांस्टेबल रोबिन राठी व भोलू तोमर वहीं रायसत्ती से हेड कांस्टेबल अरुण सिवाल और कांस्टेबल गौरव शर्मा को पुलिस लाइन भेजा है।
ऐंचोड़ा कंबोह से सन्नी कुमार जबकि कैलादेवी से हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और सतेन्द्र कुमार शर्मा, हजरतगढ़ी से कांस्टेबल मोहित कुमार और हेड कांस्टेबल सोवरन सिंह जबकि बबराला से हेड कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टबेल रोहित कुमार, हेड मुहिरर्र अमित कुमार और कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह, रजपुरा से सहचालक निशांत राठी और अंकित मलिक, धनारी से कांस्टेबल अक्षय कुमार व भारत, जुनावई से सहचालक अमरजीत, बहजोई से हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार और कांस्टेबल आकाश कुमार, चंदौसी से कांस्टेबल दीपांशु कुमार व हेड कांस्टेबल अफसर अली, बनियाठेर से हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और आरक्षी राहुल कुमार, जबकि कुढ़फतेहगढ़ से कांस्टेबल मनोज कुमार भी शामिल हैं।
उपरोक्त संदर्भ में एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि कई थानों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि संबंधित पुलिसकर्मी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुन रहे थे। शिकायतों की जांच में इन आरोपों की पुष्टि होने पर 32 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर किया गया है।

गंगा मेला सिसौना डंडा पहुंचे डीआईजी मुनिराज, देखीं तैयारियां।

संभल के मशहूर गंगा मेला सिसौना में इस बार 6 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद।

मेले की तैयारियां तेज, 4 को प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति करेंगे उद्घाटन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के सिसौना डांडा गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा सुनिश्चित कर ली गई है। इसी क्रम तैयारियों का जायजा लेने मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज जी ने कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैरिकेड, वॉच टावर, पीएस सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जहां मेले में पांच से छह लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे डीआईजी मुनिराजजी एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और एएसपी अनुकृति शर्मा के साथ मेला स्थल सीसौना डांडा पहुंचे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई चूक न हो। डीआईजी ने कहा कि मेले में आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। क्योंकि 4 से 5 नवंबर की रात को यहां भारी भीड़ रहेगी। हर बार की भांति इस बार भी मेले में कवि सम्मेलन का आयोजन होगा तथा मेला परिसर में कृषि विभाग द्वारा कृषि मेला का आयोजन भी किया जाएगा। 3 नवंबर की शाम को ही गंगा घाट पर आरती का आयोजन होगा और जहां स्थानीय कलाकार भी अपना प्रदर्शन करेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस व प्रशासन ने यहां बेहतर तैयारियां की हैं।

जिला पंचायत की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सड़कें चौड़ी की गई हैं, और अस्थायी अस्पताल व थाना भी तैयार हो चुके हैं। मेले में खेल-खिलौनों की दुकानें, मीना बाजार और झूले लगाए जा रहे हैं, जिससे पूरा मेला क्षेत्र रोशनी से जगमग हो उठा है।
सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा इंतजामात भी पूरे कर लिए गए हैं। मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। टेंट, लाइटिंग, हैंडपंप, घाट और बेरिकेडिंग जैसी अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं। श्रद्धालुओं के लिए वॉच टावर और चेंजिंग रूम का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है।  मेले की व्यवस्था को सुरक्षा के उद्देश्य से सफल बनाए रखने के लिए मेला परिसर में 32 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तो वही लाउडस्पीकर के जरिए आवश्यक सूचनाओं भी प्रदान की जाएंगी तथा गंगा घाट पर निजी 30 गोताखोरों के साथ पांच मोटर वोट भी तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं को ठहरने के लिए भी ट्रेन बसेरा बनाया गया है तो वहीं मेला परिसर में शौचायलयों की भी व्यवस्था की गई है इसके अलावा मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ पीएसी बल भी तैनात रहेगा।

अवगत रहे कि कार्तिक पूर्णिमा मेले का झंडी पूजन 3 नवंबर को होगा, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका यादव हरिबाबा बांध धाम से झंडी लेकर आएंगी। इसके अलाबा मेले का शुभारंभ 4 नवंबर को फीता काटकर किया जाएगा, जबकि 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान होगा। जिसमें पांच-छ: लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद हैं।

संभल से रामौतार शर्मा की रिपोर्ट…