बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में अभिभावकों के साथ शिक्षकों की भूमिका अहमः महबूब अली।

बोले- जैसे भोजन से शरीर, वैसे ही शिक्षा से होता है व्यक्तित्व का निर्माण।

कहा- देश की नींव बच्चों से, शिक्षक-अभिभावक मिलकर निभाएं दायित्व।

प्रवाह ब्यूरो
अमरोहा। शनिवार को सिनौरा रोड स्थित एक स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अमरोहा सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश लोक-लेखा समिति के सभापति महबूब अली ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि बच्चों को संवारने और आने वाले कल के लिए तैयार करने की जितनी जिम्मेदारी अभिभावकों की है, उतनी ही जिम्मेदारी शिक्षकों की भी है। लिहाजा, हर शिक्षक निष्ठापूर्वक अपनी इस जिम्मेदारी का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि जैसे स्वास्थ्य निर्माण के लिए भोजन की आवश्यकता होती है, ठीक उसी प्रकार व्यक्तित्व निर्माण के लिए शिक्षा अनिवार्य है। शिक्षा ही बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सही दिशा प्रदान करती है।
महबूब अली ने कहा कि बच्चे देश की नींव हैं और उनके सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी केवल अभिभावकों की ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की भी है। शिक्षक और अभिभावक यदि मिलकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें, तो बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होने के साथ ही देश का भविष्य भी मजबूत होगा। श्री अली ने सभी से बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर विशेष ध्यान दे, मेहनत व लगन से पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में पढ़ाई का बहुत महत्व है, इसलिए खूब मेहनत और लगन के साथ पढाई करें। बोले जीवन में आपके समक्ष बहुत सी चुनौतियां आएंगी। लेकिन, आपका दृढ़ आत्मविश्वास होना चाहिए। तभी जीवन में आने वाली बड़ी से बड़ी बाधा को पार करते हुए सफलता को हासिल किया जा सकता है। इस दौरान बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां प्रधानाचार्या ने भी स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढकर सुनाई और बच्चों को निरंतर नवीन ज्ञानार्जन हेतु प्रेरित किया।
बता दें कि अमरोहा सदर विधायक, पूर्व मंत्री एवं उत्तर प्रदेश लोक-लेखा समिति के सभापति महबूब अली समाज सेवा के क्षेत्र में भी सदैव सक्रिय रहते हैं और बच्चों के प्रति विशेष लगाव के लिए जाने जाते हैं। वे समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

विधायक महबूब अली को पार्टी में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का बेहद करीबी माना जाता है। राजनीतिक हो या सामाजिक कोई भी मुद्दा, वे उस पर स्पष्ट और बेबाक वक्तव्य देने के लिए न सिर्फ जनपद बल्कि पूरे प्रदेश में प्रख्यात हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जुल्फिकार अली, जिला पंचायत सदस्य हाजी मुंशाद अली, डॉ. जी नीट/जेईई क्लासेस के एमडी-सीईओ मोहम्मद आमिर, अशरफ अली, गय्यूर गाजी, हाजी बाबू, महताब अली, मोहम्मद आमिर, मास्टर अनादिल, नवाब मलिक, मोहम्मद आक्कि, साकिब अली, आसिफ अली आदि मौजूद रहे।

15 दिवसीय साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय कार्यशाला का समापन, साइबर अपराधों से निपटने के सिखाए गुर।

● अमरोहा पुलिस व श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुई कार्यशाला।

● देश के 26 राज्यों से आए 550 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सीखे साइबर अपराधों से निपटने के गुर।

प्रवाह ब्यूरो
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के गजरौला में अमरोहा पुलिस और श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय कार्यशाला के आयोजन के दौरान साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट ने देश के 26 राज्यों से आए छात्र-छात्राओं के लिए साइबर अपराधों से निपटने के गुर सिखाए। वहीं सभी को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस और अमरोहा पुलिस तथा श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में 15 दिवसीय साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय कार्यशाला बीते तो सप्ताह से चल रही था। जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, असम, आंध्र प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार समेत देश के लगभग 26 राज्यों से 550 से अधिक छात्र-छात्राओं को अलग-अलग दिनों में देश के दो दर्जन से अधिक साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट द्वारा विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से निपटने के गुर सिखाए गए।
जिसमें साइबर अपराधों जैसे विश्व व्यापी ज्वलंत विषय पर शानदार राष्ट्रीय कार्यशाला के सफल आयोजन पर वेंकटेश्वरा समूह के अध्यक्ष डा. सुधीर गिरी ने यूपी पुलिस के साथ अमरोहा पुलिस को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
दो सप्ताह से चली राष्ट्रीय कार्यशाला में पूरे देश से आए प्रतिभागियों ने बैंकिंग धोखाधड़ी, फोटोशॉप एडिटिंग फ्रॉड, हैंकिंग, मेल वेयर, रेंसमवेयर, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों पर बारीकी से जानकारी प्राप्त की। आईपीएस अमित कुमार आनंद ने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यहां से प्रशिक्षित सभी प्रतिभागी साइबर योद्धा पूरे देश में साइबर अपराधों के रोकथाम में अपनी भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि साइबर सुरक्षा को लेकर यूपी पुलिस द्वारा आयोजित शानदार राष्ट्रीय कार्यशाला से न सिर्फ प्रतिभागियों बल्कि आम जनमानस को भी साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता में तेजी आएगी।

एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा कि देश और पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के मकड़जाल को तोड़ने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ देश के प्रबुद्ध नागरिक, होनहार जागरूक स्टूडेंट, स्वयंसेवी संस्थाओं को भी एक साथ मिलकर काम करना होगा, जिससे कि साइबर अपराधियों के हौसले और नेटवर्क को तोड़ा जा सके। इसी उद्देश्य के साथ इस राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया जो बेहद सफल रहा।

साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय कार्यशाला 2025 के समापन पर 26 राज्यों के 550 से अधिक प्रतिभागियों को दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, गुरुग्राम,भोपाल से आए दो दर्जन से अधिक विख्यात साइबर एक्सपर्ट ने साइबर अपराधों से निपटने की विस्तृत जानकारी दी। समापन के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी के साथ मिलकर सभी प्रतिभागियों और साइबर एक्सपर्टों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कुल सचिव प्रोफेसर डॉ. पीयूष पांडे, डीन एकेडमिक डॉ. राजेश सिंह, पी.आर.ओ. डॉ. श्रीराम गुप्ता, डॉ. सुमन कश्यप, साइबर एक्सपर्ट भानु शर्मा, डॉ. विकास पांडेय, डॉ. स्नेह लता गोस्वामी, दीक्षा, डॉ अमित कुमार, नागेंद्र सिंह, प्रतिपाल सिंह व मेरठ परिसर से डॉ. प्रताप, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा आदि मौजूद रहे।