बांध धाम पर धार्मिक अनुष्ठानों के संग शुरू हुआ गुरु पूर्णिमा महोत्सव।

● एक सप्ताह तक चलेगा महोत्सव, हर दिन होगें विधिवत कार्यक्रम।

● इस बार 4 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक मनाया जायेगा यह महोत्सव।

● संभल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार है हरि बाबा बांध धाम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। रजपुरा क्षेत्र के हरि बाबा बांध धाम पर गुरू पूर्णिमा का मंगलकारी महोत्सव शुक्रवार से आरम्भ हो गया। हरि बाबा बांध धाम पर प्रति यह महोत्सव बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। आसपास के क्षेत्र से तमाम श्रद्धालु यहां जुटे रहते हैं। इतना ही नहीं आसपास के गांवों के तमाम लोग यहां आकर हरिनाम संकीर्तन में उत्साह के साथ प्रतिदिन भागीदारी करते हैं।

यहां पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुम्बई, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों के शहरों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने गुरु पूर्णिमा पर आते हैं। शुक्रवार को श्री हरि धाम बांध ट्रस्ट समिति द्वारा उपलब्ध कराये गए कार्यक्रम ब्यूरा के अनुसार इस वर्ष कार्यक्रम कुछ इस प्रकार रहेंगे।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यहां प्रतिवर्ष रासलीला के सुंदर मंचन के साथ-साथ श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन भी किया जाता है। जिसे यहां आये लाखों श्रद्धालु बडे भक्ति भाव से दर्शन एवं श्रवण करते हैं। इतना ही नहीं यहां आये पर्यटक व भक्तगण हरि नाम संकीर्तन में भक्तिमय होते दिखाई देते हैं।

यही वजह है कि महोत्सव के पहले दिन से ही यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालुगण आना शुरू हो जाते हैं। महोत्सव के उपलक्ष्य में यहां सप्ताह भर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होता है। एक सप्ताह तक चलने वाला यह महोत्सव इस वर्ष 4 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक मनाया जा रहा है। जिसमें गौरांग कृष्ण लीला मंडल वृंदावन के लोकप्रिय कलाकारों की रासलीला के साथ-साथ पं. दीपक कृष्ण उपाध्याय की भागवत कथा के प्रवचन सुनने का सौभाग्य प्राप्त हो सकेगा।

बता दें कि संभल जिले के गवां क्षेत्र में बने हरिबाबा बांध धाम में लोगों की अगाध आस्था है। पंजाब के होशियारपुर जनपद के गंदोवाल से 1918 में गवां आए हरिबाबा ने इस क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए गंगा नदी पर एक लंबा तटबंध बनवाया था। तब से लोग उन्हें बड़े श्रद्धाभाव से पूजते हैं।

यूं तो विख्यात संत परम पूज्य श्री हरिबाबा महाराज का नाम किसी परिचय विशेष का मोहताज नहीं है। लाहौर मेडिकल कालेज से एमबीबीएस की पढ़ाई छोड़कर आए बाबा ने इस क्षेत्र की सेवा में अपना जीवन लगा दिया। श्रमदान कर 35 मील लंबा मिट्टी का बांध बनाकर क्षेत्रवासियों को हर वर्ष होने वाली गंगा की बाढ़ की विनाश लीला से बचाया। यही वजह रही कि हरिबाबा क्षेत्र के लिए एक अवतार बने। क्षेत्रवासियों ने उनके अनेक चमत्कार भी देखे। क्षेत्र के लोग उन्हें भगवान की भांति पूजते हैं। बांध धाम पर गुरु पूर्णिमा पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। कई राज्यों से श्रद्धालु यहां आते है। इतना ही नहीं सन् 1970 से ही हरे राम-हरे राम, राम-राम हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण-कृष्ण हरे-हरे महामंत्र का जाप यहां अनवरत 24 घंटे चल रहा है।

बता दें कि महान संत हरिबाबा का जन्म पंजाब के होशियारपुर जिले के गंधवाल गांव में सरदार प्रताप सिंह के घर पर हुआ था। अपने गुरुदेव सच्चिदानंद और भगवान में पूर्ण आशक्ति रखने वाले हरिबाबा जन्म से ही बैरागी स्वभाव के थे। लाहौर मेडिकल कालेज से एमबीबीएस फाइनल छोड़कर वे घूमने निकल पड़े। यहां-वहां घूमते हुए जब वे गवां क्षेत्र में आये तो हालात देखकर उनका हृदय द्रवित हो गया। यहां गंगा की भीषण बाढ़ से प्रलय मची हुई थी। हांलाकि बाढ़ को रोकने के लिए ब्रिटिश सरकार ने भी तमाम प्रयास किये लेकिन सफल नहीं हुई।
अंग्रेज हर साल बाढ़ रोकने को मिट्टी का बांध बनाते थे जो बह जाता था। इसके बाद गंगा गुन्नौर तहसील क्षेत्र के अलावा सहसवान क्षेत्र तक अपनी विनाश लीला दिखाती थी। क्षेत्रीय जनता की पीड़ा देखकर बाबा ने 1920 में स्थानीय लोगों के सहयोग से बांध का निर्माण शुरू करवाया। हौसले इतने जबरदस्त थे कि 35 मील लंबा बांध छह माह में बनकर तैयार हो गया। इस तरह बाबा ने कम समय में वह कार्य कर दिखाया जो ब्रिटिश सरकार सालों में नहीं कर सकी थी।
इसके बाद बाबा बनारस में ब्रह्मालीन हो गए। उनके पार्थिव शरीर को यहां उनकी कर्मस्थली में लाकर समाधि दी गयी और यहां एक भव्य मंदिर की स्थापना हुई। यही कारण है कि आज भी यहां आने वाले श्रद्धालु बांध पर अपना श्रमदान करना नहीं भूलते हैं। हरिबाबा के दर्शन करने के बाद बांध पर एक छबड़ा मिट्टी अवश्य डाली जाती है। जो दर्शन पूर्ण होने का प्रतिफल माना जाता है।

प्रेमी पर फिदा हुई पत्नी, प्रेमी के साथ मिलकर पति व बच्चों की हत्या का प्रयास।

● पहले दूध में जहर मिलाने का आरोप, फिर सोते पति का तकिया से दबाया गला।

● गला दबाने के विरोध पर प्रेमी ने चाकू से किया हमला, मौके से दोनों हो गए थे फरार।

● बहजोई थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में पत्नी द्वारा अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति और बच्चों की हत्या करने का प्रयास किया गया। जहां पहले दूध में जहर मिलाकर मारने की कोशिश की गई तो वहीं बाद में मध्य रात्रि के बाद सोते हुए पति का तकिए से गला दबाया गया। विरोध करने पर वहीं खड़े प्रेमी द्वारा चाकू से हमला कर दिया गया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे तो उससे पहले दोनों मौके से फरार हो गए। हालांकि पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी गोपाल सिंह की पत्नी नैना शर्मा का अपने ही गांव के आशीष मिश्रा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते 30 जून की रात्रि को अपने पति गोपाल शर्मा और अपने दो बच्चों को जहर देकर हत्या करने का प्रयास किया। दूध में जहर मिलाकर हत्या करने की कोशिश की गई लेकिन पति ने कुछ मिलते हुए देख लिया। जिसे बच्चों को भी नहीं पीने दिया। जहां एक दिन पहले भी गोपाल पर चाकू से हमला किया गया था।
2 जुलाई की मध्य रात्रि को गोपाल मिश्रा अपने बच्चों के साथ सो रहा था। उसी समय लगभग मध्यरात्रि बाद 2:30 बजे पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर घर में घुसकर पति गोपाल का मुंह तकिया से दबाकर दम घोंटकर हत्या करनी चाही।‌ पति ने अपने हाथ पैर चलाए और विरोध किया तो वहीं खड़े प्रेमी ने चाकू से हमला कर दिया। मुंह पर तकिया होने के चलते चाकू का वार सीने पर किया गया।
शोर मचाया तो दोनों मौके से फरार हो गए। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। जहां गोपाल ने बहजोई थाने में तहरीर देकर नैना शर्मा और उसके ही गांव निवासी प्रेमी आशीष मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। जहां पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

7 साल पहले हुई शादी, प्रेमी के साथ कई बार पकड़ा था पति ने।

गोपाल शर्मा की शादी मुरादाबाद के कटघर थाना अंतर्गत अंबेडकर नगर निवासी नैना शर्मा के साथ लगभग 7 साल पहले हुई थी। जहां उसके दो बेटे भी हैं, जिसमें एक की उम्र 4 वर्ष पर दूसरे की डेढ़ वर्ष के लगभग है। गांव के ही आशीष मिश्रा से अवैध संबंध चल रहे थे। दोनों को कई बार आपत्तिजनक स्थिति में भी पकड़ा गया। सामाजिक लोकलाज के चलते पत्नी को कई बार समझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह नहीं मानती थी। बीते दिनों पत्नी अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। लेकिन समाज का दबाब होने के चलते वह वापस आ गई थी।
जब बात नहीं बनी तो अपने प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने पति और अपने दोनों बच्चों को रास्ते से हटाने का प्लान बना लिया। गत् 30 जून को पत्नी ने अपने दो बच्चे और पति को दूध में जहर मिलाकर मारने की कोशिश की, इससे पहले भी चाकू से हमला कर हत्या करने की कोशिश की गई।
2 जुलाई को सोते हुए पति पर मुंह तकिया से दबाकर गला घोंटने की कोशिश की गई। विरोध करने पर प्रेमी ने चाकू से कई वार किए।
जहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। आखिरकार दोनों को शुक्रवार सुबह लहरावन यात्री शेड के पास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के पास से हत्या में बरामद चाकू और सोते समय गला घोंटने के लिए प्रयोग किए गए तकिए को भी बरामद कर लिया।

दूल्हा समेत 8 की मौत से पसरा मातम, बेहोश हुई दुल्हन।

तेज रफ़्तार बोलेरो के इंटर कॉलेज की दीवार में टकराने से हुआ हादसा।

● जानकारी क़े मुताबिक मरने वालों में दूल्हा, भाभी, बच्चे बहिन, भतीजी समेत ड्राइवर भी शामिल।

● मुख्यमंत्री ने लिया घटना पर संज्ञान, एसपी बोले ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ हादसा।

पूरा मामला संभल जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के कस्बा जुनावई का।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के जुनावई क्षेत्र में शुक्रवार की शाम सवा सात बजे भीषण हादसा हुआ। जहां बदायूं बारात ले जा रही बोलेरो कार बेकाबू होकर जुनावई इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। जहां हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज हेतु अलीगढ रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मृतकों में दूल्हा, बहिन, भतीजी, भाभी व उनके बच्चे, व ड्राइवर आदि शामिल हैं। घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का अभी भी अलीगढ इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय कार में दस लोग मौजूद थे जो बारात लेकर बदायूं जा रहे थे। भीषण हादसे के चलते शादी की समस्त खुशियां मातम में बदल गईं। जिसके चलते वधु के साथ-साथ माता-पिता सहित पूरा वधु पक्ष शोक में डूब गया।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार दूल्हा सूरज (24) संभल जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र के हर गोविंदपुर का रहने वाला था जो शुक्रवार की शाम बारात लेकर बदायूं की बिल्सी तहसील के गांव सिरसौल जा रहा था। जिसके चलते ही गाड़ी में परिवार की महिलाएं व रिश्तेदार समेत कुल 10 लोग बैठे हुए थे।

घटना के उपरांत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बोलेरो की स्पीड बहुत तेज थी। जिसके चलते ड्राइवर ने स्टेयरिंग से कंट्रोल खो दिया और गाड़ी कॉलेज की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि एक बडे धमाके जैसी आवाज हुई। जहां लोग घटना की तरफ दौड़ पड़े। सब लोग गाड़ी में फंसे हुए बुरी तरह दर्द से कराह रहे थे। मौजूद लोगों ने सभी को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे तभी पुलिसवाले भी आ गए।
जहां पुलिस ने बताया कि हादसा शाम करीब 7:15 बजे हुआ। जिसमें दूल्हा समेत 8 लोगों की मृत्यु हो गई है पुलिस के अनुसार हादसे में दूल्हा सूरज (24) पुत्र सुखराम, बहन कोमल (18), भाभी आशा (26), भतीजी ऐश्वर्या (2), सचिन (22) और उनकी पत्नी मधु (20), गणेश (6) पुत्र देवा, और ड्राइवर रवि (28) पुत्र बच्चू बंजारा की मौत हुई है। जबकि घायल देवा (24) पुत्र हुकुम सिंह और हिमांशी (3) पुत्री लाल सिंह का इलाज चल रहा है। जिनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
बता दें कि दूल्हा सूरज की शादी बदायूं के रहने वाले राजू की बेटी अंजू से तय हुई थी। जिसके चलते बारात शाम को बदायूं के लिए निकली थी। अंजू के पिता और रिश्तेदार बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। तभी दूल्हे के परिवार ने उन्हें हादसे की जानकारी दी। जैसे ही यह खबर मिली दुल्हन के यहां खुशियां मातम में बदल गईं। जहां दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उक्त हादसे का संज्ञान लिया है। जहां मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।
उक्त घटना के संबंध में संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि हादसा ड्राइवर की गलती की वजह से हुआ है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। जेसीबी से बोलेरो को दीवार से अलग किया गया। मशीन से गाड़ी के दरवाजे काटे गए। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। जिन्हें सीएचसी भेजा गया। जिंन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अलीगढ़ रेफर किया।

सिंहावली आश्रम पर भागवद कथा के शुभारंभ पर निकाली गई कलश यात्रा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल तहसील क्षेत्र के सिंहावली स्थित श्री गोपाल धाम बाबरे बाबा आश्रम पर श्रीमद् भागवद कथा के आयोजन पर गुरुवार को कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जहां विधि विधान के साथ कलश यात्रा सिंहावली तथा खरस्पा गांव में निकाली गई। भागवद् कथा के समापन पर आगामी 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
सिंहावली स्थित श्री गोपाल धाम बाबरे बाबा आश्रम पर गुरुवार को भागवद् कथा का शुभारंभ किया गया। जिसके उपलक्ष्य में विधि विधान के साथ कलश यात्रा निकाली गई। गांव की कन्याओं ने कलश पूजन कर व महिलाओं ने भजन कीर्तन के साथ सिंहावली तथा खरस्पा गांव में कलश यात्रा निकाली। जहां गांव के श्रद्धालु भक्ति के भजनों पर झूमते नजर आए।
बता दें कि भागवद कथा 10 जुलाई तक की जाएगी। 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में गुरु पूर्णिमा उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। आश्रम के महंत बालक दास महाराज ने विधि विधान के साथ भागवद् कथा का शुभारंभ कराया।

बारात चढ़त‌ के दौरान पुलिस पर पथराव में 5 और गिरफ्तार, 22 की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी।

● दूल्हा दुल्हन पक्ष में जमकर हुई थी मारपीट और पथराव, मौके पर पहुंची थी चार थानों की पुलिस।

● दो दरोगा सहित सिपाही हुए थे घायल, दूल्हा भी बग्घी से उतर हो गया था फरार।

● 27 नामजद सहित 15 से 18 अज्ञात के खिलाफ दर्ज है मुकदमा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। छोटी सी बात को लेकर बारात चढ़त के दौरान झगड़ा होना और फिर मारपीट तथा पथराव शुरू हो जाना। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी पथराव करना और घायल कर देना, फिर मुकदमा दर्ज और दंगाइयों की गिरफ्तारी कर जेल भेजना। इस झगड़े में ग्रामीण और बारातियों ने तो बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया लेकिन दुल्हन चीख चीख कर रोती रही, आखिर उसकी शादी भी टूट गई और हाथों पर मेहंदी रची हुई रह गई। हालांकि झगड़ा करने के मामले में पुलिस ने 27 नामजद सहित 15 से 18 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया और पहले ही दिन एक महिला सहित 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं इसी मामले में बुधवार को भी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

बता दें कि संभल जनपद के धनारी थाना क्षेत्र के डरौली गांव निवासी जसवंत की बेटी मंजू की शादी थी। बारात रजपुरा थाना क्षेत्र के हरदासपुर से आई थी। बड़ी खुशी से बारात चढ़ने लगी। दूल्हा अंकित पुत्र सोपाली बग्घी पर था।
खुशी दौरान एक बाराती का पैर कीचड़ में गिर गया, जहां कीचड़ के छींटे गांव निवासी एक ग्रामीण के कपड़ों पर लग गए। फिर क्या इतनी ही बात पर गाली गलौज और फिर मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में दुल्हन दूल्हा पक्ष के लोगों में जमकर पथराव होने लगा। सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची। व्यवस्था नहीं संभली तो दूसरी डायल 112 बुलाई गई। जहां दोनों तरफ से लगभग 40 से 50 लोग एक दूसरे पर पथराव कर रहे थे। जिसमें कई लोग घायल भी हुए थे। सूचना पर धनारी थाना पुलिस के दरोगा अंकित कुमार व वसंत यादव तथा दो सिपाही भी घायल हो गए। धनारी थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस पर भी दंगाइयों ने पथराव शुरू कर दिया। सूचना पर रजपुरा थाना पुलिस, गुन्नौर, जुनावई तथा बहजोई पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहुंच गई और बहजोई क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जहां पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए दंगाइयों को खदेड़ा। पुलिस द्वारा ही मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसमें 27 नामजद सहित 15 से 18 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इस दौरान पुलिस ने एक महिला सहित 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिन्हें जेल भेज दिया गया।
बुधवार को पुलिस ने 2 नामजद, जिसमें जसवंत पुत्र मंगली तथा काशीराम पुत्र चंद्रपाल निवासी डरौली व 3 अज्ञात में से वीरेंद्र पुत्र बाबू निवासी डरौली, रवि कुमार पुत्र रामनिवास निवासी भटपुरा बिसौली बदायूं, वीर बहादुर पुत्र मोहनलाल निवासी अजनावर बिसौली बदायूं को गिरफ्तार कर लिया।

आधार कार्ड में फर्जी संशोधन करने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, संबंधित उपकरण बरामद।

● हरियाणा का निवासी है आरोपी, संभल के साथ दिल्ली, बदायूं तथा हरदोई के साथियों के साथ करता था फर्जी संशोधन।

● संभल के बहजोई थाना पुलिस ने किया गिरफ्तार, अन्य साथियों की तलाश जारी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में फर्जी तरीके से आधार कार्ड में संशोधन करने के गिरोह का मास्टरमाइंड हरियाणा राज्य निवासी आरोपी को संबंधित उपकरणों सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। वह संभल के साथ बदायूं, हरदोई तथा दिल्ली निवासी अपने साथियों के साथ जनपद में आधार कार्ड में फर्जी संशोधन का कार्य करता था।
जिसे बहजोई थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
हरियाणा के पलवल जिला अंतर्गत मण्डकौला गांव निवासी आरोपी मनोज पुत्र गंगा लाल संभल जनपद में अपने अन्य साथियों के साथ आधार कार्ड में फर्जी तरीके से संशोधन करने का कार्य करता था। वह कूटरचित दस्तावेज तथा टेंपर्ड स्कैनिंग डिवाइसेज की सहायता से आधार कार्ड धारकों के विवरण में अनाधिकृत रूप से अपनी इच्छा अनुसार परिवर्तन कर देता था।
आधार में परिवर्तन करने के लिए आधार ऑपरेटर की फिंगरप्रिंट की आवश्यकता होती थी। सील बनाने वाली डिवाइस की सहायता से कृत्रिम फिंगरप्रिंट तैयार करता था। जिसे कृत्रिम फिंगरप्रिंट की सहायता से अपने साथियों सहित ऑपरेटर की आईडी से लॉगिन करके आधार के मूल डेटाबेस में परिवर्तन करते थे।
जिसे बहजोई थाना पुलिस ने हरियाणा राज्य निवासी मनोज को बहजोई के टिकटा रोड बेहटा जय सिंह चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।

आधार में फर्जी संशोधन करने वाले आरोपी से यह उपकरण बरामद।

संभल जनपद में गिरोह के रूप में कार्य कर आधार कार्ड में फर्जी तरीके से संशोधन करने वाले मास्टरमाइंड हरियाणा राज्य निवासी मनोज से गिरफ्तारी के दौरान एक पीसी टीफटी कंपनी एसीआर, एक छोटा प्रिंटर, एक पोलीमार स्टांप यूनिट वीजन ऑन, एक कीबोर्ड व माउस, एक काला बैग, छोटा कैंची, एक ट्रांसपेरेंट पन्नी का राॅल, ए फोर साइज की आठ पिन्नी, फिंगरप्रिंट उठाने वाला टैप रोल, प्लास्टिक ब्रुश, स्टांप बनाने वाला एक काले रंग का प्लास्टिक का पॉलीमार डिब्बा, स्टांप साफ करने के लिए प्लास्टिक की छोटी बोतल, उपकरणों को चलाने के लिए प्रयोग की जाने वाली पावर, दो अर्द्ध बने अंगूठे क्लोन, एक मोबाइल चार्जर आदि बरामद किए गए हैं।

दोषी पाए जाने पर ग्राम प्रधान के वित्तीय खातों पर रोक, तीन सदस्यीय समिति नियुक्त।

● गठित तीन सदस्यीय समिति द्वारा कराए जाएंगे ग्राम विकास कार्य।

● रजपुरा के देवराभूरा ग्राम पंचायत का प्रधान प्रारंभिक जांच में दोषी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद के रजपुरा विकासखंड क्षेत्र के देवराभूरा ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान सुरेश कुमार को प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर उसके वित्तीय खातों पर रोक लगा दी गई है तथा गांव के विकास कार्यों को कराने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
रजपुरा विकासखंड के देवराभूरा ग्राम प्रधान सुरेश कुमार गांव में विकास कार्यों में धांधली के चलते प्रारंभिक जांच में दोषी पाया गया। दोषी पाए जाने पर प्रशासनिक अधिकारों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। ऐसे में प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने पर जब तक आरोपों से मुक्त नहीं हो जाए तब तक अपनी शक्तियों या प्रशासनिक अधिकारों का प्रयोग नहीं कर सकेगा।
अधिकारों पर रोक लगाते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र कुमार पांडेय द्वारा गांव में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। जिसमें गांव के वार्ड संख्या 10 से इंदल, वार्ड संख्या 7 से जय नारायन तथा बाढ़ संख्या 11 से अशोक कुमार को नियुक्त किया गया है।
पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से भुगतान के लिए चेकर के रूप में डीएससी रजिस्टर किए जाने हेतु ग्राम पंचायत सदस्य इंदल को अधिकृत किया गया है।

भिरावटी में मुख्य रास्ते पर बने गड्ढे, भरा पानी, निकलना मुश्किल, शिकायत के बाद भी अनदेखी।

● मुख्य चौराहे के नजदीक बने गड्ढे, राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों को भी निकलने में परेशानी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गुनौर तहसील क्षेत्र के भिरावटी में मुख्य चौराहे पर गहरे गड्ढे होने के चलते जलभराव की समस्या बनी हुई है। आसपास के राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी निकलने में परेशानी हो रही है। शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं किया गया है। जहां जिलाधिकारी के अलावा अधिशासी अभियंता को भी शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन आश्वासन दे दिया गया और समस्या का निस्तारण अभी तक नहीं किया गया है।
भिरावटी ग्राम पंचायत के धनारी-गवां मार्ग जीआईसी कॉलेज के सामने मुख्य चौराहे पर काफी समय से गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बरसात के दिनों में जहां हर समय जल भराव की समस्या बनी रहती है। जहां दो इंटर कॉलेज होने के साथ-साथ काफी संख्या में विद्यार्थी इसी चौराहे से होकर स्कूल पहुंचते है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भी दिया गया लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। जिसकी शिकायत प्रधानमंत्री पोर्टल पर भी की गई। जिसमें अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया की 2025-26 की कार्य योजना में कार्य को सम्मिलित कर लिया गया है। साथ ही कहा गया की स्वीकृति के बाद कार्य को जल्दी करा दिया जाएगा। बावजूद इसके समस्या अभी जस की तस बनी हुई है। जिसको लेकर शिकायतकर्ता युवांश द्वारा बताया गया कि यदि समस्या का जल्द निस्तारण नहीं किया जाता है तो आंदोलन भी किया जाएगा।

चंदौसी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक फरार जबकि दूसरा घायल।

● कुछ दिन पूर्व सर्राफ से हुई लूट का आरोपी बताया जा रहा है घायल बदमाश।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। मंगलवार को संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के गोली लगी है जो फिलहाल पुलिस गिरफ्त में है जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार है।
जानकारी के अनुसार चंदौसी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सीओ अनुज चौधरी के नेतृत्व में थाना बनियाठेर की सीमा पर दो बदमाशों की घेराबंदी की। जिसमें गोली लगने के चलते एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरा मौके से फरार रहने में सफल हुआ। गिरफ्तार होने वाला बदमाश बरेली का रहने वाला है जिसे इलाज के लिए सामुदायिक केंद्र चंदौसी में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थिति अभी सामान्य है। जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ 11 जून की रात हुई सर्राफ से लूट की घटना से संबंधित बताई जा रही है।
जिसमें 11 जून की रात चंदौसी के आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली मोनिका रस्तोगी अपने देवर अनुज रस्तोगी के साथ बाइक पर घर लौट रही थीं तभी जारई रोड पर ब्लू वर्ल्ड वाटर पार्क के करीब दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उन्हें लूट लिया था जबकि मोनिका के पति सोनू रस्तोगी एक शादी में रुके होने के कारण उनके साथ नहीं थे।
तदोपरांत मोनिका रस्तोगी ने बताया कि वह अपने देवर के साथ बाइक पर सवार होकर घर के लिए आ रही थी तभी दो बाइक वाले पीछे से आ गए। एक बाइक गाड़ी के आगे लगे दूसरी बाइक साइड में लगाई, पांच में से तीन लोगों के हाथ में तमंचे थे, जो दो दुकानों के बैग आदि छीन कर ले गए जिसमें ₹50000 की नगदी सहित जेवरात आदि को मिलाकर तकरीबन 10 लाख रुपए का सामान था।
तभी से चंदौसी पुलिस सीसीटीवी आदि खंगाल कर सक्रियता के साथ छानबीन कर बदमाशों की धड-पकड़ में लगी हुई थी।

शादी में पथराव के बाद पुलिस पर हमला, दो दरोगा समेत दो सिपाही घायल, तीन दर्जन से अधिक लोंगों पर एफआईआर।

● अब तक 22 लोग गिरफ्तार अन्य की तलाश में जुटी पुलिस।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सोमवार की रात थाना धनारी क्षेत्र के डरौली गांव में शादी के दौरान लड़का एवं लड़की पक्ष के बीच पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ही हमला कर दिया गया। जिसमें दो दरोगा और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी बहजोई आलोक सिद्धू पुलिस बल के साथ डरौली गांव पहुंचे। जहां पुलिस पर हमला करने वाले लोगों पर बल प्रयोग करते हुए एक महिला सहित कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया है।
पूरा घटनाक्रम बीते सोमवार की देर रात का है। थाना धनारी क्षेत्र के गांव डरौली निवासी जसबंत पुत्र मंगली की पुत्री की बारात इसी थाना क्षेत्र के गांव मझोला से आई थी। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में हुए झगड़े के बाद पथराव शुरू हो गया।
जहां थाना धनारी से दरोगा अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां दोनों पक्ष से करीब 40-45 लोग आपस में एक-दूसरे पर पथराव कर रहे थे। पुलिस ने उग्र भीड को समझाने का प्रयास किया तो वे लोग और अधिक उग्र होकर एक-दूसरे पर पथराव और हमला करने लगे। रोकने पर पुलिस के ऊपर जान से मारने की नीयत से भारी पथराव किया जिसमें दो दरोगा समय दो सिपाही घायल हो गये। हालांकि पुलिस कर्मियों की हालत सामान्य है।
धनारी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि धारा 191(2),191(3), 115(2), 109(1),121(1), 132, 351(3), 324(4) बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट में कुल 27 लोगों पर नाम दर्ज व 15-16 अज्ञात व्यक्तियों पर अभियोग पंजीकृत किया गया है। कुल 22 लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना में जो भी लोग शामिल थे वे मौके से फरार हो गए हैं फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।