● संभल में 29-30 जुलाई को होगा श्री कल्कि जयंती महोत्सव का आयोजन।
● मुख्यमंत्री को भी भेजा जाएगा निमंत्रण पत्र, मनाया जाएगा 65वां महोत्सव।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद में श्री कल्कि जयंती महोत्सव 29-30 जुलाई को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार 65 वां महोत्सव मनाया जा रहा है। महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा देशभर से गणमान्यों को आमंत्रित किया जाएगा। संभल के मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर में 65वें श्री कल्कि जयंती महोत्सव का विमोचन किया गया। जो आगामी 29-30 जुलाई को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भगवान श्री कल्कि विष्णु के समक्ष दीप प्रज्वलित कर 11 बार मंत्रों का जाप किया गया। जिसे श्री कल्कि सेना द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप कुमार गुप्ता के अनुसार इस बार महोत्सव 29 व 30 जुलाई को मनाया जाएगा। निमंत्रण के लिए भारत के विभिन्न राज्यों से गणमान्यों को आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी निमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। जहां सोशल मीडिया के अलावा डाक द्वारा भी निमंत्रण पत्र प्रेषित किए जाएंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री गगन वार्ष्णेय, आचार्य पंडित शोभित शास्त्री, पंडित महेंद्र प्रसाद शर्मा, अक्षय शर्मा मोंटी, विकास शर्मा, संजू गुप्ता पोली, राजवीर सिंह, रानू गुप्ता, सुभाष आदि की उपस्थिति में कार्यक्रम का विमोचन किया गया।
● जनपद में आर्य वीर दल प्रशिक्षण शिविर का 23 जून को शुभारंभ, 29 जून को होगा समापन।
● गुन्नौर तहसील क्षेत्र के टीकम सिंह आर्य आदर्श विद्यालय में आयोजित होगा कार्यक्रम।
प्रवाह ब्यूरो संभल। आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के पावन उपलक्ष्य में संभल जनपद में आर्य वीर दल द्वारा आर्यवीर चरित्र निर्माण एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 23 जून को गुन्नौर तहसील क्षेत्र के टीकम सिंह आर्य आदर्श विद्यालय भीकमपुर जैनी में आयोजित होगा। जिसका प्रशिक्षण 29 जून तक चलेगा। आर्य वीर दल जनपद संभल द्वारा आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर संभल जनपद में 150 शाखाओं का संचालन करने की तैयारी है। उसी तैयारी के क्रम में आर्य वीर दल द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के भीकमपुर जैनी स्थित टीकम सिंह आर्य आदर्श विद्यालय में आर्य वीर दल द्वारा आर्य वीरों का शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में आर्य वीर दल द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए, चरित्र निर्माण के लिए तथा शारीरिक निर्माण और आत्मिक तथा आध्यात्मिक विकास ,आसन और प्राणायाम, यज्ञ, योग प्रशिक्षण तथा व्यक्तित्व विकास, आत्मरक्षा और कमांडो प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीयता के संस्कारों को देने का कार्य किया जाएगा। जिसमें बच्चों के जीवन को आदर्श बनाया जा सके और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर सकें। जहां जनपद वासी अपने बच्चों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए शिविर में भेज सकते हैं।
शिविर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु शिविरार्थियों की यह रहेगी योग्यता।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग करने वाले बच्चों की आयु 14 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। शिविर शुल्क 300 रुपए प्रति शिविरार्थी रखा गया है। साथ ही शिविरार्थी अपने साथ कोई कीमती सामान नहीं ले जा सकते, जैसे मोबाइल, घड़ी, चैन, ईयरफोन, आईपैड आदि ले जाने की अनुमति नहीं है। शिविरार्थियों को भोजन के लिए थाली, गिलास, कटोरी, चम्मच तथा ऋतु अनुकूल बिस्तर स्वयं साथ ले जाने होंगे। शिविर गणवेश, खाकी नेकर, सफेद बनियान, लाठी, सफेद पीटी जूते, सफेद मौजे, एक टॉर्च साथ ले जानी होगी। इसके साथ ही आवेदन के लिए अपने साथ आधार कार्ड की छाया प्रति और तीन पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ ले जाने होंगे।
23 जून को दोपहर 12 बजे ही तक करा सकेंगे पंजीकरण।
शिविरार्थी अपना पंजीकरण 23 जून दोपहर को 12 बजे तक ही करा सकेंगे। सभी को शिविर की दिनचर्या और अनुशासन का पालन करना अनिवार्य होगा। शिविर का शुभारंभ 23 जून को दोपहर 2 बजे से किया जाएगा। जिसमें शिविर के अध्यक्ष दयाशंकर आर्य, संरक्षक प्रताप वर्मा और कुंवरपाल शास्त्री, राजेंद्र सिंह आर्य, नवनीत आर्य, अधिष्ठाता यशपाल शास्त्री, जिला संचालक ज्योतिवसु आर्य, जिला मंत्री नरेंद्र आर्य, प्रचार मंत्री आवेश आर्य, बौधिकाध्यक्ष आचार्य जीवन सिंह एवं रामवीर सिंह शास्त्री, जिला व्यायाम शिक्षक अजीत सिंह आर्य, गुन्नौर तहसील संचालक जयदेव आर्य, संभल तहसील संचालक दिनेश आर्य, चंदौसी तहसील संचालक योगेश कुमार, पर्यवेक्षक भुवनेश कुमार, दिनेश कुमार योगाचार्य, कार्यालय प्रभारी ओमपाल आर्य, तिलक मुनि आदि का सहयोग रहेगा।
● मस्जिद में पढ़ाई के बहाने बुला कर दिया था घटना को अंजाम।
● रामपुर जनपद के टांडा थाना अंतर्गत गांव का रहने वाला है आरोपी मौलाना फरहान।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद में तीन सगे भाइयों के साथ को कुकर्म करने वाले मौलाना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। रामपुर जनपद के टांडा कस्बा निवासी फरहान संभल जनपद की एक मस्जिद में मौलाना था। बीते 18 जून को मस्जिद के कमरे में पढ़ाई के बहाने तीन सगे छोटे बच्चों को बुलाकर उनके साथ कुकर्म किया। बीते 18 जून को चंदौसी कोतवाली में पीड़ित बच्चों के पिता ने तहरीर दी थी। जहां बताया गया था कि मौलाना ने मस्जिद के कमरे में पढ़ाई के बहाने बच्चों को बुलाकर उनके साथ कुकर्म किया। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पीड़ित बच्चों की उम्र 7, 8 तथा 9 वर्ष है। कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी मौलाना फरहान को गिरफ्तार कर लिया और दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
योग करते होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति व मंडलायुक्त आंजनेय कुमार
● डीएम, कमिश्नर संग राज्य होमगार्ड मंत्री ने भी किया योग।
● संभल के बहजोई, चंदौसी व बबराला में भी मनाया गया कार्यक्रम।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बड़ी धूमधाम से योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां जनपद में कहीं हवन तो कहीं दीप प्रज्वलित कर ओउ्म ध्वनि के साथ योग का शुभारंभ हुआ। वहीं राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति के अलावा जनप्रतिनिधियों, मुरादाबाद मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी संग अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों ने योग में हिस्सा लिया।
जनपद के अलग-अलग नगरों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा सामाजिक संगठनों और सरकारी संस्थानों व विद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शशि मदन पब्लिक स्कूल चंदौसी के प्रांगण में योग करते योग साधक
शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संभल जनपद के चंदौसी निकट शशि मदन पब्लिक स्कूल में राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू व अन्य जनप्रतिनिधियों ने योग में हिस्सा लिया। सर्वप्रथम राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. अनामिका यादव तथा गुन्नौर पूर्व विधायक व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव के अलावा अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।
वहीं कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में हवन के साथ योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तो वहीं बबराला डिग्री कॉलेज में आयोजित योग कार्यक्रम उप जिलाधिकारी वंदना मिश्रा व चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय ने भी योग में हिस्सा लिया।
चंदौसी के शशि मदन पब्लिक स्कूल में राज्य मंत्री ने किया शुभारंभ।
जिलाधिकारी बोले- योग को योगा नहीं, बल्कि योग ही कहें।
योग करते जिलाधिकारी संभल डा. राजेंद्र पैंसिया
चंदौसी के शशि मदन पब्लिक स्कूल में राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव व अन्य जन प्रतिनिधियों ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि यदि जीवन में कुशलता लानी है तो योग जरूरी है। उन्होंने कहा कि योग को हमें योग ही कहना चाहिए न कि योगा। वहीं नन्ही बालिका ने योग कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देते हुए सबका मन मोह लिया।
मनमोहनक योग कला का प्रदर्शन करती नन्ही सी बालिका
जहां मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू, गुन्नौर पूर्व विधायक व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, परमेश्वर लाल सैनी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
कैला देवी कालेज में हवन कर किया योग कार्यक्रम का शुभारंभ।
कैला देवी कॉलेज परिसर में योग करते शिक्षक व छात्र-छात्रायें
योग दिवस पर कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अशोक कुमार के नेतृत्व में हवन का आयोजन किया गया। जहां हवन स्कूली बच्चों के साथ समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने आहुतियां दीं। हवन के पश्चात योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जहां सभी प्राणायाम तथा आसन और सूक्ष्म व्यायाम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए योगासन कराए गए। योग के पश्चात स्कूली बच्चों को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक अजय पाल सिंह, सुधीर कुमार, मोहरपाल सिंह, मदन सैन, प्रतिभा, प्रियंका, सुभाष आर्य, अलका यादव, तोताराम सिंह आर्य, यशपाल सिंह, बृजेश कुमार, नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
बबराला डिग्री कॉलेज व रोडवेज स्टैंड परिसर में भी हुआ योग।
योग में प्रतिभाग करतीं गुन्नौर उपजिलाधिकारी वंदना मिश्रा
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के बबराला स्थित बाबूराम सिंह भाय सिंह डिग्री कॉलेज में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उप जिलाधिकारी गुन्नौर वंदना मिश्रा ने प्रतिभाग किया तथा योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन पतंजलि योग समिति बबराला के तत्वाधान में किया गया।
बबराला के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में योग करते पुरुष व महिलायें
तो वहीं दूसरी तरफ आर्य समाज संगठन द्वारा भी योग दिवस का आयोजन किया गया। जहां उन्होंने योग से संबंधित लाभ के बारे में बताते हुए शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक विचारों को प्रस्तुत किया। जहां आचार्य यशपाल शास्त्री ने अपने विचारों से योग पर प्रकाश डाला। जहां कार्यक्रम में हर्षवर्धन वार्ष्णेय, विनय वार्ष्णेय, नवनीत गांधी, विभोर अग्रवाल, भुवनेश, रामवीर शास्त्री, योग शिक्षक मनोज आर्या, तिलक मुनि, राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश गौतम, गंगाराम यादव, सुनीता यादव, यशवीर यादव यादव, लक्ष्मी गुप्ता के साथ सभी योग साधक आदि उपस्थित रहे।
संभल के शंकर कॉलेज में भी मनाया गया योग कार्यक्रम।
सभी धर्मों के लोग हुए सम्मिलित, बांटा गया सर्वकल्प काढ़ा।
संभल के शंकर कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ मनाया गया। जहां हवन में आहुति देते हुए योग किया गया। भाजपा के पश्चिमी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, नगर पालिका ईओ डॉ. मणि भूषण तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे।
योग बनाए निरोग के तहत गवां और सिरसी में भी हुआ योगाभ्यास।
इस अवसर पर सिरसी में आयोजित कार्यक्रम में नेचरोपैथी एंड योगा डेवलपमेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इफ्तेखार अहमद कुरैशी ने कहा कि योग एक जीवन शैली है। जिसे अपना कर हम निरोगी काया पा सकते हैं वास्तव योग का मतलब ही जोड़ना होता है अर्थात खुद में ऊर्जा को समाहित करना। जबकि आज योग को एक रस्म बना दिया गया है। जो साल में एक बार 21जून को फोटो खींच कर शेयर करते ही खत्म हो जाती है जबकि ये प्रतिदिन किये जाने वाला काम है। उधर दूसरी तरफ गवां के सरस्वती विद्या मंदिर में भी मंडल अध्यक्ष उमेश शर्मा व पूर्व चेयरमेन अखिलेश अग्रवाल की अगुवाई में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संभल के बहजोई मार्ग पर लाडम सराय स्थित सिंदूर वाटिका
● जिलाधिकारी व एसपी ने क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ के साथ रोपे 108 सिंदूर के पौधे।
● बोले- ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति सभी के मन में रहे, इसलिए लगाई गई सिंदूर वाटिका।
प्रवाह ब्यूरो संभल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में संभल जनपद में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ के साथ सिंदूर वाटिका तैयार कर उसमें सिंदूर के108 पौधे रोपे गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति सभी के मन में रहे, इसलिए संभल जनपद में सिंदूर वाटिका का निर्माण कराया गया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संभल नगर पालिका परिषद द्वारा अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी के नेतृत्व में जनपद में एक अनूठी पहल करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में बहजोई मार्ग पर लाडम सराय स्थित कचरा संवेदनशील स्थल पर उसे विलुप्त करते हुए उसका सौंदर्यीकरण कर सिंदूर वाटिका का निर्माण किया गया। सिंदूर वाटिका बनाते हुए उसमें जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ के साथ सिंदूर के 108 पौधे रोपित किए।
सिंदूर वाटिका में पौधारोपित करते जिलाधिकारी व अन्य अधिकारीगण
जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल बहुत ही सराहनीय है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति सभी के मन में रहे, इसलिए यहां सिंदूर वाटिका बनाई गई है। जहां उनके साथ सैकड़ों शहर वासी उपस्थित रहे तथा संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों ने भी सिंदूर वाटिका में पौधे रोपित करने में अपना सहयोग दिया। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, सहायक मजिस्ट्रेट क्षेत्राधिकारी संभल आलोक भाटी, उप जिलाधिकारी संभल विकास चंद्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संभल डॉक्टर मणिभूषण तिवारी, अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
● नोडल अधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार की तहरीर पर केला देवी पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट।
● क्षेत्र के ही गांव निवासी महिला की प्रसव के दौरान हो गई थी मौत।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर प्रसव करने व प्रसव के दौरान एक महिला की मृत्यु होने के मामले में शिकायत पर नोडल अधिकारी के निरीक्षण के बाद तहरीर पर कैलादेवी थाने में तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कैला देवी थाना क्षेत्र के खिरनी में 19 जून को आशाओं द्वारा नोडल अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई गई थी। नोडल अधिकारी ने शिकायत के आधार पर अवैध क्लिनिक संचालित करने वाले डॉ. छत्रपाल के घर पर छापा मारा। जहां उनकी पत्नी रूपवती द्वारा प्रसव किया जाता है। निरीक्षण के दौरान प्रसव में इस्तेमाल होने वाली दवाई, ड्रिप स्टैंड और जली हुई दवाइयां मिलीं। क्लीनिक संचालित करने से संबंधित कोई भी अभिलेख नहीं दिखाया जा सका। मौके पर जली हुई दवाइयां और इंजेक्शन को सील कर दिया गया। वहीं नोडल अधिकारी डॉक्टर मनोज की तहरीर पर कैला देवी थाने में डॉक्टर छत्रपाल और उसकी पत्नी रूपवती के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसलिंग एक्ट की धारा तथा भारतीय न्याय की संहिता 2023 की धारा 318 (4) व अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने खिरनी में ही अवैध रूप से संचालित एक और क्लिनिक को सील किया था। जिस मामले में थाना क्षेत्र के भमोरी पट्टी गांव निवासी आशा द्वारा शिकायत की गई थी कि गांव की विनीता पत्नी अमरपाल की मृत्यु प्रसव के दौरान डॉ. नेहा पत्नी जीराज के क्लीनिक पर हो गई थी। शिकायत पर निरीक्षण करने पर हॉस्पिटल बंद पाया गया लेकिन वहां उपस्थित लोगों द्वारा बताया गया था कि डॉक्टर नेहा महिला की मृत्यु के बाद अपना क्लीनिक बंद करके चली गई है। जहां नोडल अधिकारी की तहरीर पर कैला देवी थाने में डॉक्टर नेहा के खिलाफ भी इंडियन मेडिकल काउंसलिंग एक्ट की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि इन दोनों क्लीनिक संचालकों के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज कराया गया था।
● निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा किया गया निलंबित।
● 69 ग्राम पंचायतों में मात्र 4 ग्राम पंचायतों का कराया गया फीडिंग कार्य।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद के गुन्नौर विकासखंड के सहायक विकास अधिकारी को लापरवाही के चलते निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा निलंबित कर दिया गया है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत कुलदीप कुमार द्वारा ग्राम पंचायतों के आंगनवाड़ी केन्द्रों में वयस्क मशीन, बेबी वजन तथा स्टेडियम मीटर और अन्य आवश्यक उपकरण अधिक समय बीतने के बाद भी केंद्र पर नहीं पहुंचने का आरोप था। इसके अलावा गन्नौर विकासखंड क्षेत्र में फैमिली आईडी के जनरेशन में कोई भी अपेक्षित सहयोग नहीं किए जाने तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का लिंक भेजने के बावजूद भी बीसी में प्रतिभाग नहीं करने और गुन्नौर विकासखंड की प्रगति रिपोर्ट खराब पाए जाने के चलते निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त योजना के तहत जनपद स्तर का समय-समय पर समीक्षा बैठकों का अवलोकन के उपरांत भी बीते 9 मई तक विकासखंड गन्नौर की 26 ग्राम पंचायतों में अनसस्पेंड बैलेंस पाया गया। गुन्नौर की ग्राम पंचायत कल्हा में पंचायत सहायक अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर ग्राम पंचायत का आरक्षण गलत अंकित किया गया। साथ ही गुन्नौर विकासखंड के अंतर्गत संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार तथा प्रभारी नियंत्रण एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत औरंगाबाद, मझोला फतेहपुर, के निरीक्षण में प्रगति अत्यंत खराब पाई गई। स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत दिए गए निर्देशों के उपरांत भी प्लास्टिक बेस्ट करने के लिए प्लास्टिक उपलब्ध न कराया जाना। आरआरसी सर्वे ऐप पर गांव की एंट्री के तहत विकासखंड गुन्नौर की कुल 69 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र 4 ग्राम पंचायतों की फीडिंग का कार्य कराया गया है। ओडीएफ प्लस मॉडल सर्वे ऐप पर ग्राम पंचायतों की एंट्री के तहत विकासखंड गुन्नौर के 69 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र एक ग्राम पंचायत के फीडिंग का कार्य किया गया। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज टू योजना के तहत ग्राम पंचायत में व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए विकासखंड गुन्नौर की अवशेष मांग समय से उपलब्ध नहीं कराई गई। जिससे शत प्रतिशत पूर्ति नहीं हो पाई। उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं किए जाने तथा उपरोक्त लापरवाही को देखते हुए निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा सहायक विकास अधिकारी कुलदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
● एसपी बोले- बाजारों में नहीं, बल्कि हाईवे पर ही करें दो पहिया वाहनों को चैक।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद की सभी नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाली दुकानों के सामने यदि डस्टबिन नहीं मिलता है तो ऐसे दुकानदारों पर एक हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही एक अभियान चलाकर प्लास्टिक और पॉलिथीन को जब्त करते हुए उन पर भी अर्थ दंड लगाने के जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए हैं। वहीं एसपी कृष्ण कुमार ने बैठक में सभी पुलिस अधिकारियों तथा थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा है कि बाजारों में दो पहिया वाहनों को चेक न किया जाए, बल्कि हाईवे पर चेक किया जाए। बहजोई कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में उद्योग एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग के द्वारा विभिन्न बिंदुओं को लेकर जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। विद्युत विभाग की समस्या को लेकर जिला अधिकारी आवश्यक निर्देश दिए। पीएम विश्वकर्मा योजना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में योजना का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। जिला अग्रणीय प्रबंधक केंद्र बैंक को निर्देशित करते हुए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण स्वीकृत कर उनका अतिशीघ्र वितरण करने के निर्देश दिए। उद्योग व्यापारियों ने ट्रैफिक और दो पहिया वाहनों की चेकिंग की समस्या को लेकर एसपी और जिलाधिकारी को अवगत कराया। जहां पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने दो पहिया वाहनों की चेकिंग बाजारों में नहीं करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे पर दो पहिया वाहनों को चेक किया जाए। जनपद में ओवरलोड वाहनों पर भी एसपी ने कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ई-रिक्शा नगर पालिका के बाहर हाईवे पर मिलते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि ई-रिक्शा चलाने को लेकर एक योजना बनाई गई है। यदि कोई भी ई-रिक्शा नगर पालिका के बाहर जाता है, तो उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। जहां अतिक्रमण को लेकर भी जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए। चंदौसी नगर पालिका में वेंडिंग जॉन की समस्या को लेकर अवगत कराया गया तो जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश दिए। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी चंदौसी को संयुक्त रूप से वेंडिंग जोन के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों में वर्षा से पहले ही नालों की साफ सफाई को लेकर जिलाधिकारी ने आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, यातायात क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र सिंह, कमल कौशल वार्ष्णेय, संजय सांख्यधर आदि उपस्थित रहे।
कीचड़ में फंसी बीडियो की गाड़ी को प्रयास कर बाहर निकलता ड्राइवर
● गुन्नौर विकासखंड क्षेत्र के गांव का मामला, गांव की विकास व्यवस्था का निरीक्षण के लिए निकले थे।
● ड्राइवर ने निकालने की कई मिनट तक की कोशिश, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो।
प्रवाह ब्यूरो संभल। गांव की बदहाल स्थिति या विकास की व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए खंड विकास अधिकारी जब गांव में पहुंचे तो उसी गांव में कीचड़ से लबालब जल भराव के गड्ढे में स्वयं खंड विकास अधिकारी की गाड़ी फंस गई। गाड़ी नहीं निकलने पर खंड विकास अधिकारी गाड़ी से उतरकर पैदल आगे बढ़ गए तथा ड्राइवर ने लगातार कोशिश की, उसके बाद गाड़ी बाहर निकल पाई। जिसका वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और पंचायत की बदहाल सड़क व्यवस्था के बारे में सवाल उठाया है। मामला संभल जनपद के गुन्नौर विकासखंड के एक ग्राम पंचायत का है। जहां खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार अपनी सरकारी गाड़ी से गांव में निरीक्षण के लिए निकले थे। बारिश के चलते सड़क पर गड्ढा होने के चलते जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जैसे ही वह गांव पहुंचे तो उनकी सरकारी गाड़ी गांव के बाहर एक लिंक मार्ग पर कीचड़ में फंस गई। चालक ने काफी कोशिश की। गाड़ी नहीं निकल पाई तो खंड विकास अधिकारी स्वयं गाड़ी से उतरकर पैदल आगे बढ़ गए। जहां लगातार कई मिनटों तक चालक गाड़ी को निकालने की कोशिश करता रहा, और उसके बाद गाड़ी निकल पाई। बारिश के दौरान सड़क पर गड्ढे होने के चलते जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। खंड विकास अधिकारी अखिलेश कुमार कीचड़ को देखते हुए गाड़ी से नीचे उतर गए और पैदल आगे बढ़ गए। जिस गांव में खंड विकास अधिकारी निरीक्षण के लिए निकले थे, उसी गांव में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सड़क व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहर लिंक मार्ग पर गड्ढे होने के चलते जल भराव की समस्या बारिश के दिनों में बनी हुई है। जिसके चलते ही गाड़ी कीचड़ में फंसते ही लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि दैनिक प्रवाह वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
● पुलिस ने 10 घंटे की रिमांड पर लिया, तो आरोपियों ने उगला हत्या का राज।
● हत्या में प्रयुक्त जहर की सीसी और सिरिंज की बरामद।
● भाजपा नेता गुलफाम सिंह की पेट में जहरीला इंजेक्शन लगाकर कर दी थी हत्या।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के गुन्नौर क्षेत्र के चर्चित भाजपा नेता गुलफाम सिंह की पेट में जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 10 घंटे की रिमांड पर लेकर आरोपियों की निशानदेही से जहर की सीसी और सिरिंज बरामद कर ली। जहां कुछ दिन पहले रिमांड पर लेकर तमंचा कारतूस बरामद किए थे। जनपद के चर्चित भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बीते बुधवार में पुलिस ने हत्या में सम्मिलित दो मुख्य आरोपी धर्मवीर उर्फ धम्मा व नेमपाल को पुलिस अधिक पूछताछ के लिए 10 घंटे की रिमाइंडर पर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या का राज उगल दिया। हत्या में प्रयुक्त की गई जहर की सीसी और सिरिंज के बारे में आरोपियों ने पुलिस को बता दिया। जहां पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही से सैंजना मुस्लिम गांव में एक कॉलेज के पीछे से हत्या में प्रयुक्त की गई जहर की सीसी और सिरिंज बरामद कर ली। बता दें कि बीते 10 मार्च को जुनावई के दबथरा हिमाचल गांव निवासी भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव के पेट में जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई थी। हत्या करने के बाद बाइक से आए आरोपी फरार हो गए थे। जहां मृतक के बेटे द्वारा ब्लॉक प्रमुख सहित 6 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। गिरफ्तार कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। जहां पुलिस ने बीते 23 मई को रिमांड पर लेकर नेमपाल के निशानदेही से जंगल से तमंचा और कारतूस भी बरामद कर लिए थे। दूसरी बार रिमांड पर लेने के बाद 18 जून बुधवार को हत्या में प्रयुक्त की गई जहर की सीसी और सिरिंज भी बरामद कर ली।