डीआईजी ने संभल में परेड की सलामी लेकर किया वार्षिक निरीक्षण।

● धनारी थाने का निरीक्षण कर, देखे सभी अभिलेख, थाना परिसर में स्वच्छता की सराहना।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में दो दिवसीय दौरे पर आए मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज ने दूसरे दिन बहजोई पुलिस लाइन में परेड ग्राउंड में परेड की सलामी लेकर परेड का वार्षिक निरीक्षण किया तो वहीं निरीक्षण के दौरान परेड में सम्मिलित पुलिस कर्मियों का टर्न आउट चेक कर सभी को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं धनारी थाने का भी निरीक्षण किया। वार्षिक निरीक्षण करते हुए थाना परिसर कार्यालय के अभिलेख तथा अन्य साइबर हेल्प डेस्क के साथ-साथ साफ सफाई का भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज संभल के दो दिवसीय दौरे पर आए थे। जहां उन्होंने सोमवार को एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया था और आवश्यक दस्तावेजों को देखते हुए आवश्यक निर्देश दिए थे ।जहां सब कुछ ओके पाया गया था। नखासा थाने का निरीक्षण कर सभी अभिलेखों को तथा साइबर हेल्प डेस्क के साथ कक्षों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए थे।

वहीं मंगलवार को बहजोई पुलिस लाइन में परेड ग्राउंड में परेड की सलामी लेकर वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परेड में सम्मिलित पुलिसकर्मियों का टर्न आउट चेक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिसके पश्चात धनारी थाने का निरीक्षण किया। एसपी कृष्ण कुमार के साथ धनारी थाने का वार्षिक निरीक्षण करते हुए थाना परिसर, कार्यालय के अभिलेख, बैरिक, हवालात, महिला तथा साइबर हेल्प डेस्क आदि का निरीक्षण करते हुए नवनिर्मित बाल कक्ष और विवेचना कक्ष का लोकार्पण किया।

साफ सफाई की व्यवस्था सही पाए जाने पर प्रशंसा की। डीआईजी मुनिराज ने बहजोई पुलिस कार्यालय में बैठक कर सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा आगामी त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही डीआईजी ने बहजोई पुलिस लाइन में निरीक्षण के दौरान शस्त्रागार, मैस, परिवहन शाखा, यूपी 112 तथा कर्मचारी बैरिक और विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों को चेक किया। डीआईजी ने एसपी कृष्ण कुमार की उपस्थिति में आगामी रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण के दृष्टिगत ईश्वर दास टैक्निकल इन्स्टीट्यूट बहजोई में प्रशिक्षण की तैयारियो के संबंध में जायजा लिया तथा संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एएसपी अनुकृति शर्मा, क्षेत्राधिकारी आलोक सिद्धू तथा पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

खुले में न हो कोई कुर्बानी – जिलाधिकारी संभल।

● आगामी त्यौहारों पर पुलिस प्रशासन की रहेगी पैनी नजर – एसपी संभल।

● संभल में बकरीद को लेकर डीएम, एसपी ने ली बैठक, दिए निर्देश।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में आगामी त्यौहारों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने संबंधित अधिकारियों व जनपद के धार्मिक गुरुओं तथा संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये तथा सुरक्षा और साफ सफाई को लेकर भी निर्देश दिए गए।
बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में ईद उल अजहा को लेकर बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर कोई भी नई परंपरा नहीं डाली जाए तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी भी नहीं दी जाए और कोई भी कुर्बानी खुले में नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को साफ सफाई को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। मुस्लिम समुदाय के धर्म गुरुओं से कहा की कुर्बानी का कार्य 7, 8 एवं 9 जून दोपहर 3 बजे तक निपटा लिया जाए। नगर पालिका एवं नगर पंचायत तथा ग्राम पंचायत की टीम को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 24 क्यूआर टीम जनपद में सक्रिय रहेंगी।
किसी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन की टीम से सीधे संपर्क करने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सूकर पालकों को निर्देशित करें और बकरीद पर तीन दिन तक सूकरों को बाड़ा में ही रखा जाए।
साफ सफाई को लेकर निर्देशित करते हुए जल आपूर्ति एवं विद्युत आपूर्ति पर्याप्त रहने के निर्देश दिए। कुर्बानी के पश्चात अवशेष को उचित स्थान पर पर्याप्त संख्या में गहरा गड्ढा खुदवा कर ब्लीचिंग नमक या चूना डालकर ढकवा कर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा प्रभारी निरीक्षक और थाना अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र में कुर्बानी से पहले निर्धारित जानकारी कर परंपरा स्थलों पर ही कुर्बानी करवाने को निर्देशित किया गया।

त्यौहारों पर पुलिस प्रशासन की रहेगी पैनी नजर – एसपी संभल।

बकरीद पर पशुओं की मंडी केवल निश्चित स्थान पर लगने के लिए निर्देश।

बैठक के दौरान एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि बकरीद पर जनपद में पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि बकरीद पर पशुओं की मंडी भी केवल निश्चित स्थान पर ही लगनी चाहिए। उन्होंने कुर्बानी के अपशिष्ट उठाने वाले वाहनों के ड्राइवर की सूची संबंधित अधिकारियों तथा संबंधित थानों में शेयर करने के निर्देश दिए।
एसपी ने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक तथा थानाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें। उन्होंने कहा कि शांति और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखें। किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और नगर पंचायत की भूमिका महत्वपूर्ण होती है तथा अधिशासी अधिकारी वार्ड मेंबर से समन्वय बनाते हुए सफाई कर्मचारी से नगर की साफ सफाई सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कुर्बानी से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड न करें और ना ही कोई शेयर करें। उन्होंने कहा की कुर्बानी को लेकर कहीं विवाद तो नहीं है इस बात की जानकारी करें तथा विवाद है तो उसका शीघ्रता से निस्तारण कराया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण पाठक, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी आलोक भाटी, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, जिला विकास अधिकारी रामाशीष, उप जिलाधिकारी संभल वंदना मिश्रा, दीपक चौधरी, चंदौसी उप जिलाधिकारी निधि पटेल, डिप्टी कलेक्टर विकास चंद्र, गुन्नौर क्षेत्राधिकारी दीपक तिवारी, चंदौसी क्षेत्राधिकारी अनुज चौधरी, बहजोई क्षेत्राधिकारी आलोक सिद्धू सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा धर्मगुरु आदि उपस्थित रहे।

समर कैंप में विज्ञान के जरिए बताया चमत्कारों का रहस्य।

● जिला विज्ञान समन्वयक बोले- ढोंगी व पाखंडियों के बहकावे में बिल्कुल न आएं।

● कहा- सभी चमत्कार और जादू रासायनिक गतिविधियों पर होते हैं आधारित।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में समर कैंप के दौरान जिला विज्ञान समन्वयक लगातार विद्यालय में पहुंचकर विज्ञान के जरिए चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या और प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। साथ ही ढोंगी और पाखंडियों को चमत्कार के बहाने से बचाने की अपील भी कर रहे हैं।
समर कैंप के दौरान संभल तहसील क्षेत्र के भारतल सिरसी स्थित पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय में चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या और प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ विद्यालय प्रधानाध्यापक अभिषेक रस्तोगी और जिला विज्ञान समन्वयक राजू सिंह यादव ने पानी से दिया जलाकर किया।
जिला विज्ञान समन्वयक राजू सिंह यादव ने बताया कि सभी चमत्कार और जादू रासायनिक गतिविधियों पर आधारित होते हैं। हमें किसी ढोंगी और पाखंडियों के बहकावे में नहीं आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सभी चमत्कार और जादू रासायनिक गतिविधियों पर आधारित है। कार्यक्रम के दौरान राजू सिंह यादव ने उपस्थित सभी स्कूली बच्चों के सामने ढोंगी और पाखंडियों की पोल खोली। जहां उन्होंने आग से नहाना, कागज से नोट बनाना, चाकू से लौटा उठाना, पानी गायब करना, छलनी से पानी रोकना, मनोवैज्ञानिक सम्मोहन करना, नींबू से भूत भगाना, आदि वैज्ञानिक प्रयोग के द्वारा अंधविश्वास का खुलासा किया। साथ ही विद्यालय में बनाई गई खगोल विज्ञान लैब में उपलब्ध टेलिस्कोप से दूर स्थित वस्तुओं का अवलोकन कराया। इस दौरान अंकेश यादव, अभिषेक प्रिंस वर्मा एवं शिक्षामित्र, अनुदेशक तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्री उपस्थिति रहीं।

संभल में डीआईजी ने किया एसपी कार्यालय का निरीक्षण, दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

● पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं, डीसीआरबी, मॉनिटरिंग सेल का भी किया वार्षिक निरीक्षण।

● नखासा व धनारी थाने का भी करेंगे निरीक्षण, ईद उल अजहा को लेकर करेंगे बैठक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज ने एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। जहां वह दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। साथ ही उन्होंने पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं, डीसीआरबी, मॉनिटरिंग सेल का वार्षिक निरीक्षण किया। इसके अलावा ईद उल अजहा को लेकर भी बैठक आयोजित करेंगे एवं असमोली के नखासा व बहजोई सर्कल के धनारी थाने का निरीक्षण भी निरीक्षण करेंगे।
मुरादाबाद डीआईजी मुनिराज संभल के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को संभल के बहजोई मुख्यालय पर पहुंचे।

जहां एसपी कार्यालय पर पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। ‌वहां पर उन्होंने कार्यालय का भी निरीक्षण किया। एसपी कृष्ण कुमार की उपस्थिति में कार्यालय के सभी अभिलेख देखे। पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं, वाचक कार्यालय, डीसीआरबी, प्रधान लिपिक कार्यालय, आंकिक शाखा, मॉनिटरिंग सेल का वार्षिक निरीक्षण किया। साथ ही सभी को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके साथ ही बकरीद की तैयारी को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। दो दिवसीय दौरे में पुलिस लाइन का भी निरीक्षण करेंगे। संभल में बकरीद की तैयारी को लेकर की गई सुरक्षा की स्थिति को जानेंगे। इस दौरान संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एएसपी अनुकृति शर्मा सहित सभी पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

संभल के युवक की हरिद्वार गंगा में डूबने से मौत।

● गुड़गांव में रहकर काम करता था युवक, वहीं से अपने साथियों के साथ गया था हरिद्वार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक की हरिद्वार में गंगा में डूबने से मौत हो गई। युवक हरियाणा के गुड़गांव में रहकर गूगल ट्रेडर्स कंपनी में काम करता था। वहीं से अपने साथियों के साथ गंगा स्नान के लिए गया था।
कैला देवी थाना क्षेत्र के सैमला गांव निवासी 25 वर्षीय युवक गुड्डू पुत्र वीरेंद्र हरियाणा के गुड़गांव में रहकर गूगल ट्रेडर्स कंपनी में कार्य  करता था। जहां से वह गुड़गांव निवासी अपने साथियों के साथ हरिद्वार गंगा स्नान के लिए गया था। हरिद्वार में रविवार को अपने साथी अंकित के साथ गुड्डू स्नान कर रहा था। उसी समय अंकित और गुड्डू तेजधार में बह गए। मौजूद गोताखोरों ने किसी तरह अंकित को बचा लिया। लेकिन गुड्डू दिखाई नहीं दिया। जहां कुछ समय बाद गुड्डू का शव लगभग 30 किलोमीटर दूर जाकर हाथ आया।
मृतक के साथी अवधेश द्वारा परिजनों को सूचना दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही परिजन भी हरिद्वार मौके पर पहुंच गए। देर शाम तक मृतक का शव घर नहीं पहुंचा था। युवक की मृत्यु पर उसकी पत्नी और दो बेटों का रो-रो कर बुरा हाल था।

भाकियू अराजनैतिक ने मासिक पंचायत के दौरान उठाया मुद्दा।

● बोले- टायर फैक्ट्री उगल रहीं जहरीला धुआं, फसलों पर भी पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव।

● कहा- मक्का तक की सरकारी खरीद की व्यवस्था नहीं कर सकी है प्रदेश सरकार।

● उत्तराखंड के हरिद्वार में तीन दिवसीय चिंतन शिविर में पहुंचने की अपील।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में मासिक पंचायत में किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाया गया तथा उत्तराखंड के हरिद्वार में लगने वाले तीन दिवसीय चिंतन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई। वहीं संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र में संचालित टायर फैक्ट्री से निकलने वाले जहरीले धुएं से वातावरण प्रदूषित होने तथा फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में फसलों का उचित मूल्य देने के लिए सरकार से अपील की गई।
असमोली विकासखंड के घनशूरपुर गांव में आयोजित की गई मासिक पंचायत में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष शंकर सिंह यादव ने कहा कि किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव है जब सभी किसान संगठित होकर न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए एकजुट होकर सरकार से मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसान जातिगत और धर्म में बंटकर जनप्रतिनिधि को चुनते हैं। चुनते समय किसानों की समस्याओं का मुद्दा नहीं उठाया जाता। जनप्रतिनिधि जातिगत भेदभाव में बांट कर अपना हित साधने में लगे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सीजन के लिए धान का एमएसपी तीन प्रतिशत बढ़ाकर 2369 रुपए प्रति कुंतल घोषित किया जाए। जबकि सी टू प्लस 50 फार्मूले के अनुसार धान का समर्थन मूल्य 3500 रुपए प्रति कुंतल होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मक्का की सरकारी खरीद की व्यवस्था नहीं कर सकी है। जिसके चलते बिक्री की मंदी का मुद्दा भी पंचायत में छाया रहा।
जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव ने देवभूमि उत्तराखंड के हरिद्वार में 9 जून से 11 जून के बीच लगने वाले तीन दिवसीय चिंतन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
असमोली ब्लॉक अध्यक्ष सचिन त्यागी ने विकासखंड क्षेत्र के दर्जन गांवों में सड़कों की हालत बेकार होने का मुद्दा उठाया तथा जल भराव से ग्रामीण क्षेत्रों में फैल रही बीमारियों को लेकर चर्चा की।
पंवासा ब्लॉक अध्यक्ष शंकर सिंह आर्य ने केला देवी थाना क्षेत्र में टायर फैक्ट्री को लेकर मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में टायर फैक्ट्री से निकलने वाला जहरीला धुआं वातावरण को प्रदूषित कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है तथा फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इस दौरान युवा मंडल अध्यक्ष मुरादाबाद वीरेश यादव, जिला महासचिव सत्यवीर सिंह, शिशुपाल सिंह, जसवीर सिंह, जिला प्रवक्ता दिनेश यादव, अशोक यादव, बहजोई ब्लॉक अध्यक्ष सत्यभान सिंह, केपी सिंह राणा, इंद्रपाल सिंह, भूरे सिंह आदि उपस्थित रहे।

संभल में सौतेले पिता ने बेटी के साथ किया दुष्कर्म, गिरफ्तार।

● आरोपी किसी को बताने पर जेल से छूटने पर जान से मारने की देता था धमकी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र में रिश्ते को तार-तार कर सौतेले पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। जहां आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आरोपी पिता किसी को बताने पर बेटी को जान से मारने की धमकी देता था। साथ ही खा पीकर बड़ी होने की हिदायत भी देता आ रहा था।
चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव निवासी सौतेला पिता द्वारा बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। इसकी सूचना बेटी ने डायल 112 पुलिस को दी तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। जहां आरोपी पिता बेटी को खा-पीकर मोटी और बड़े होने की हिदायत देता था तथा किसी से शिकायत करने पर जेल से छूटने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़िता ने बताया कि उसके सौतेले पिता ने दो-तीन बार दुष्कर्म किया। उसकी मां ने भी किसी को ना बताने को कहा था। उसी समय से वह मां के साथ और उसके साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं बेटी के अन्य बहन भाई को भी जान से मारने की धमकी दे रहा था। जहां पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है तथा आरोपी सौतेले पिता को हिरासत में ले लिया गया है।

घर में लगी आग बुझाने पहुंचे सीओ अनुज चौधरी, बाल-बाल बचे।

● आग की चपेट में आए मकान में फंसे कुल 25 लोगों को सुरक्षित निकाला।

● चंदौसी के मौलागढ़ में एक घर में गैस सिलेंडर फटने से फैली आग।

● नीचे रखे थे पेट्रोल स्टॉकिंग के ड्रम, रिसाव होने से भड़की आग।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद में एक घर में सिलेंडर फटने से फैली आग ने विकराल रूप धारण कर लिया तथा वहीं पेट्रोल स्टॉकिंग के ड्रम को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे आग और भड़क गई। सूचना पर पहुंचे चंदौसी सीओ व थाना प्रभारी तथा एसडीएम और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। जहां सीओ अनुज चौधरी ने साहस दिखाते हुए अपनी जान जोखी में डालकर मकान में फंसे 10 लोगों तथा लगभग 15 लोगों को पड़ोसी के मकान से सुरक्षित बाहर निकाला और वह स्वयं आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घर में शुक्रवार को बारात जानी थी। गुरुवार को बारात से एक दिन पहले मढ़ा होने के चलते दावत चल रही थी तथा पकवान और मिठाइयां भी बनाई जा रही थीं।
आग लगने से शादी के सभी आभूषण, कपड़े सहित लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान हो गया। संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र के मौलागढ़ गांव निवासी राजेश कुमार गौतम के घर में शुक्रवार को उनके बेटे कुलदीप की बारात जानी थी। गुरुवार को मढ़ा होने के चलते दावत चल रही थी। जिसके चलते घर में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। अचानक गैस सिलेंडर फटने से घर में आग लग गई और घर के सभी लगभग 10 सदस्य अंदर ही फंस गए, जिन्हें निकलने का मौका नहीं मिला।
आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। विस्फोट होने के बाद आग पूरे मकान में फैल गई। साथ ही पास की दुकानों और घरों को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद घर के नीचे दुकानों में कुछ डीजल पेट्रोल के ड्रम रखे हुए थे। ड्रम से रिसाव होने के चलते आग की लपटें और बढ़ गईं। सूचना पर चंदौसी सीओ अनुज चौधरी, चंदौसी थाना प्रभारी तथा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए साथ ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
जहां सीओ ने स्वयं जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का प्रयास किया तो वह आग की लपटों की चपेट में आने से बाल बाल बच गए।

जान जोखिम में डालकर सीओ अनुज चौधरी ने बचाई 25 लोगों की जान।

आग लगने की सूचना पर पहुंचे सीओ अनुज चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन स्वयं जान जोखिम में डालकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने लगे तो वह भी आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। सीओ अनुज चौधरी ने आग लगने वाले मकान से लगभग 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला तो वहीं पड़ोसी मकान से लगभग 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जहां सीओ सहित थाना प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी, क्राइम इंस्पेक्टर विनीत भटनागर ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश की। जहां ड्रम बाहर निकालते समय ज्वलनशील पदार्थ का रिसाव होने से आग और भड़क गई थी, जिससे पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।
दमकल टीम को एक सिलेंडर के अलावा लगभग 6 से 7 ड्रम भी मौके पर मिले, जिनमें ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था।

शुक्रवार को जानी थी बेटे की बारात, घर में ही रखा था सभी सामान।

राजेश कुमार गौतम के बेटे कुलदीप की बारात शुक्रवार को जानी थी। इससे एक दिन पहले गुरुवार को मढ़ा होने के चलते दावत चल रही थी। घर में शादी का सभी सामान रखा हुआ था जिसमें आभूषण तथा कपड़े के अलावा अन्य कीमती सामान था। इसके अलावा कपड़ों की दुकान तथा पास की ज्वलनशील सामग्री सहित लगभग 20 लाख रुपए का नुकसान बताया गया है।

आखिर क्यों रहता था पेट्रोल-डीजल स्टॉकिंग,जांच में जुटी पुलिस।

जानकारी के अनुसार मौलागढ़ निवासी राजेश कुमार गौतम के घर में डीजल पेट्रोल का स्टॉक रहता था, जिसके ड्रम भरे हुए थे। कुछ ग्रामीणों की मानें तो वह पेट्रोल पंप पर कार्य करता था। मौके पर एसडीएम निधि पटेल, सप्लाई ऑफिसर ललित भी पहुंच गए।जिन्होंने जांच शुरू कर दी है। लेकिन मकान मालिक मौके से फरार बताया गया है। आपूर्ति विभाग द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मौके से एक गैस सिलेंडर भी बरामद किया गया है तथा कुछ ड्रम भी बरामद हुए हैं। लेकिन ड्रम में क्या भरा हुआ है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

चौकी इंचार्ज निलंबित दरोगा लाइन हाजिर, क्षेत्राधिकारी को सौंपी जांच।

● भाजपा कार्यकर्ता से पिटाई का मामला, जिलाध्यक्ष की शिकायत पर एसपी ने लिया संज्ञान।

● पूरा मामला जनपद संभल की बहजोई कोतवाली से संबंद्ध पाठकपुर पुलिस चौकी का।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। पाठकपुर पुलिस चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज को उनके दुर्व्यवहार व कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। वहीं उसी चौकी में तैनात एक दरोगा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी जांच का जिम्मा क्षेत्राधिकारी को सौंपा गया है।
बता दें कि पुलिस चौकी पर दीवार विवाद को लेकर बुलाई गई पंचायत में चौकी इंचार्ज द्वारा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार पाठकपुर चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने ग्राम प्रधान धतरा शेख और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष नेम सिंह राणा को चौकी पर बुलाया था। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। मंडल उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज कपिल कुमार और उपनिरीक्षक अशोक शर्मा ने ग्रामीणों के सामने ही उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। मामला
भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के संज्ञान में आने पर जिलाध्यक्ष ने एसपी कृष्ण बिश्नोई से उक्त प्रकरण की शिकायत की। जिस पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी इंचार्ज कपिल कुमार को निलंबित व उपनिरीक्षक अशोक शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी कृष्ण बिश्नोई ने सीओ को जांच सौंपी है। जिसके आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डकैती डालने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश सहित दो गिरफ्तार।

● दोनों के पास से दो अवैध तमंचा व कारतूस बरामद।

● संभल के बहजोई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किया गिरफ्तार।

● बीते 9 मार्च की रात्रि को चौपा शोभापुर निवासी ग्रामीण के घर डाली थी डकैती।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के बहजोई थाना पुलिस ने डकैती डालने वाले व 25 हजार के इनामी बदमाश सहित दो बदमाशों को दो अवैध तमंचों के साथ गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने लूटे गए कुछ आभूषण भी बरामद किए हैं।
बता‌ दें कि बीते 9 मार्च की रात्रि को बहजोई थाना क्षेत्र के चौपा शोभापुर गांव निवासी सत्येंद्र राघव पुत्र मनोज राघव के घर पर बदमाशों द्वारा डकैती डाली गई थी। जहां बदमाश सोने चांदी के आभूषण सहित लाखों का माल ले गए थे। जिसको लेकर सत्येंद्र द्वारा मुकदमा पंजीकृत कराया गया था और पुलिस उसी समय से तलाश में थी। विवेचना के दौरान अन्य नाम भी सामने आए थे। जिसमें पुलिस कमला विहार के पीछे भवानीपुर चंदौसी निवासी धर्मपाल पुत्र रामगुलाम, बहजोई के पाठकपुर निवासी शानू उर्फ राइन पुत्र साबिर, बिजनौर के चांदपुर थाना अंतर्गत बाबरपुर निवासी अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला पुत्र इकरार तथा मेरठ के सिविल लाइन थाना अंतर्गत संजय नगर निवासी सौरभ पुत्र छोटेलाल को गिरफ्तार कर बीते 15 मार्च को ही जेल भेज दिया गया था तथा करन व गुरदीप फरार चल रहे थे जिसमें पुलिस ने करन पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
बहजोई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ढकारी जाने वाले रास्ते से बिजनौर के नगीना देहात थाना अंतर्गत कोटकादर गांव निवासी 25 हजार के इनामी बदमाश करन पुत्र रोहतास व राजस्थान के अलवर जनपद के अकबरपुर थाना अंतर्गत नागल पिलखड़ी रिटावत गांव निवासी गुरदीप उर्फ छिन्दर पुत्र करनैल उर्फ जट्टू सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध तमंचा 12 बोर, दो जिंदा कारतूस के अलावा लूटी गई दो सोने की चेन, एक सोने का गले का हार तथा एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स भी बरामद किए हैं।