● हिमाचल से अपने साले की शादी में सम्मिलित होने आया था युवक, बुधवार को जानी थी बारात।
● संभल जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र के पवांसा का मामला, गर्मी के चलते पंखा चालू कर रहा था युवक, करंट की चपेट में आने से मौत।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के बहजोई थाना क्षेत्र में हिमाचल के युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक युवक अपने साले की शादी में सम्मिलित होने के लिए आया था। अधिक गर्मी के चलते घर में रखे पंखे को चालू कर रहा था, उसी समय करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश के उन्नाव जिला अंतर्गत अंबू थाना क्षेत्र के जुनेट गांव निवासी 32 वर्षीय नीलम पुत्र घनश्याम संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के पंवासा में अपने साले सत्यवीर की शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए आया था। बुधवार को सत्यवीर की बारात बदायूं जनपद के एक गांव में जानी थी। मंगलवार को नीलम अधिक गर्मी होने के चलते घर में रखे पंखे को चालू कर रहा था। उसी समय वह करंट की चपेट में आ गया। जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हो गई। नीलम की मृत्यु के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। युवक की मौत पर कोहराम मच गया। जहां युवक की पत्नी सूरजमुखी का रो-रो कर बुरा हाल था। एक तरफ भाई की शादी की खुशी थी, तो वहीं दूसरी तरफ पति की मृत्यु के बाद कोहराम मच गया। युवक के पीछे उसके तीन बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार मृतक युवक के शव का अंतिम संस्कार ससुराल में ही करने की तैयारी की जा रही थी।
● पिता-पुत्री का रिश्ता किया तार-तार, बेटी को लेकर थाने पहुंची मां।
● मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर, जेल भेजा।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल में एक कलयुगी पिता ने पिता-पुत्री के रिश्ते को तार-तार करते हुए अपनी ही सगी बेटी के साथ रेप किया। बेटी को लेकर मां थाने पहुंची तो मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। संभल के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव निवासी कलयुगी पिता ने पिता और पुत्री के रिश्ता को तार-तार कर दिया। बीते बुधवार को पिता ने अपनी बेटी के साथ रेप किया। बेटी ने काफी विरोध किया और पूरी घटना मां को बताई। वह एक स्कूल में कक्षा 12 की छात्रा है। शुक्रवार को मां अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची। जहां पुलिस ने घटना को सुन गंभीरता दिखाते हुए मां की तहरीर पर आरोपी कलयुगी पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इतना ही नहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी कलयुगी पिता को गिरफ्तार भी कर लिया। जहां पुलिस ने आरोपी पिता संजय को गिरफ्तार करने के बाद मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां से उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार सदस्यों के साथ एसपी संभल कृष्ण बिश्नोई व संभल पुलिस टीम
● सरकार को लगाया करोड़ों रुपए का चूना, कपिल सिंघल द्वारा अपने साथी के साथ तैयार करवाए जाते थे फर्जी बिल।
● फर्जी तरीके से कूटचित बिल करते थे तैयार, जीएसटी की करते थे चोरी।
● ईंट किसी भट्ठे से तो बिल किसी अन्य फर्म का लगाते थे।
● मुरादाबाद के संयुक्त आयुक्त राज्य कर शिव प्रकाश तिवारी ने दर्ज कराया था मुकदमा।
प्रवाह ब्यूरो संभल । संभल जनपद में पुलिस ने फर्जी तरीके से बिल तैयार कर जीएसटी चोरी करते हुए ईंट की बिक्री करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जो कि फर्जी तरीके से बिल तैयार कर किसी भट्ठे से ईंटें भरकर किसी अन्य फर्म का बिल लगाते थे। जो सरकार को करोड़ों रुपए का चूना लगा चुके हैं तथा मुख्य सरगना कपिल सिंघल द्वारा अपने साथी विकास शर्मा के साथ मिलकर जीशान और दानिश द्वारा फर्जी बिल तैयार करवाए जाते थे। उन्हीं के द्वारा ट्रैकों को पास करवाया जाता था। बीते 20 मई को संयुक्त आयुक्त राज्य कर संभाग-ए मुरादाबाद शिव प्रकाश तिवारी ने फर्जी तरीके से बिल तैयार कर जीएसटी की चोरी करके ईंटों की बिक्री करने के मामले में संभल कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया था। जिसके आधार पर संभल कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को गिरोह के दो सदस्य बेगम सराय निवासी दानिश पुत्र मोहम्मद उमर व जीशान पुत्र अरमान को चौधरी सराय चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मामला सामने आया कि रामनगर काशीपुर के व्यापारी संभल के दलालों से संपर्क रखते थे। जहां वह ईंटों की बिक्री के संबंध में वार्ता भी करते रहते थे। जिसमें संभल के दलालों में शाकिर, हसीब, अजीम उर्फ छोटे, भट्ठा मालिकों तथा ट्रक मालिकों से बात कर सौदा करते थे। भट्ठों से ईंटें भर कर ट्रक में बिना बिल के ले जाते थे। इतना ही नहीं जीशान, अंतू, महफूज तथा आसिफ इन लोगों को फर्जी कच्चा बिल तैयार कर उपलब्ध कराते थे। अधिक ईंटें भरकर कम ईंटों का कम रेटों पर फर्जी बिल तैयार कर ओवरलोडिंग की भी बचत करते थे। इसके अलावा यह लोग ईंट किसी अन्य भट्ठे से भरते थे तथा बिल किसी अन्य फर्म द्वारा जारी करवाते थे। कपिल सिंघल द्वारा अपने साथी विकास शर्मा के साथ मिलकर जीशान और दानिश से फर्जी बिल तैयार करते थे तथा ट्रैकों को पास करते थे और प्रत्येक ट्रक पर 50 हजार रुपए की बचत दिखाते हुए बिल तैयार करते थे। लगभग 2 हजार ईंटों से भरे ट्रकों को सप्लाई किया जा चुका है, जो उत्तराखंड के काशीपुर में भिजवाए जाते थे। जिससे अब तक सरकार को करोड़ों रुपए का चूना लगाया जा चुका है।
ऐसी फर्म से बिल होता था तैयार, जो अस्तित्व में ही नहीं, सबका अलग-अलग था कमीशन।
गिरोह के सदस्य ईंटें किसी भट्ठे से भरकर ऐसी फर्म से बिल तैयार करवाते थे, जो कहीं भी अस्तित्व में नहीं थी। केवल यह फर्म कागजों में कार्य कर रही है, और पैसों का लेनदेन इनके द्वारा कपिल सिंघल के प्रतिष्ठान श्री राम राधेश्याम, शिव किशन सेवा केंद्र, ए टू जेड किसान फ्यूल प्वाइंट में ऑनलाइन किया जाता है। इस तरह प्रत्येक गाड़ी पर सबका अलग-अलग कमीशन होता है। जिसमें बिल का 25 प्रतिशत शेयर आसिफ को मिलता था। 15 प्रतिशत छोटे उर्फ अजीम को प्राप्त होता है। इसके अलावा 15 प्रतिशत शेयर कपिल सिंघल को मिलता है। शेष 35 प्रतिशत उमर व 10 प्रतिशत शेयर जीशान का होता है।
पिछले तीन-चार वर्षो से चल रहा था धंधा।
फर्जी तरीके से बिल तैयार कर ईंटों की बिक्री करने वाले गिरोह द्वारा यह गोरख धंधा तीन-चार वर्षो से चल रहा था। जिसमें मुख्य आरोपी कपिल सिंघल के प्रतिष्ठान श्रीराम राधेश्याम, शिव किशन सेवा केंद्र, ए टू जेड किसान फ्यूल प्वाइंट से ऑनलाइन लेनदेन किया जाता था। सभी लेन-देन कपिल सिंघल के प्रतिष्ठान से ही किया जाता था। पिछले तीन-चार वर्षो से लगातार जीएसटी की चोरी कर फर्जी बिल तैयार करते थे।
एसपी बोले – अन्य सदस्यों की भी जल्द होगी गिरफ्तारी।
एसपी कृष्ण कुमार ने बताया कि गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इन लोगों द्वारा सरकार को करोड़ों रुपए का चूना लगाया जा चुका है जिसका मुख्य सरगना कपिल सिंघल है। जिसके द्वारा फर्जी बिल तैयार कर अपने साथी विकास शर्मा के साथ जीशान और दानिश से बिल तैयार कराकर ट्रैकों को पास करवाया जाता था।
● हाईकोर्ट का संभल की जामा मस्जिद की सर्वे पर रोक लगाने से इन्कार।
● मुस्लिम पक्ष ने सर्वे पर रोक लगाने की मांग करते हुए दायर की थी याचिका।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल में जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर मुस्लिम पक्ष द्वारा हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका को खारिज कर दिया गया। जिससे मुस्लिम पक्ष को एक बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने कहा है कि सर्वे के मामले में जो भी कार्यवाही की गई है, वह सही है। ऐसे में सर्वे पर रोक नहीं लगाई जा सकती। हिंदू पक्ष की ओर से भी दाखिल की गई याचिका सुनने योग्य है। बता दें कि संभल में जामा मस्जिद की सर्वे के दौरान हुई हिंसा के बाद मस्जिद की इंतजामिया कमेटी द्वारा सुप्रीम कोर्ट में सर्वे पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की गई थी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा इलाहाबाद हाईकोर्ट को आदेशित करते हुए मामले की सुनवाई करने के निर्देश दिए गए थे। बीते 8 जनवरी को भी हाईकोर्ट ने सर्वे पर रोक लगा दी थी। साथ ही मस्जिद कमेटी से जवाब मांगा गया था। सुनवाई के बाद बीते 13 मई को बहस पूरी होने के बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट द्वारा अपना फैसला सुरक्षित रखा गया था। जहां हाईकोर्ट ने अब मुस्लिम पक्ष द्वारा दायर की गई सर्वे पर रोक लगाने की याचिका को खारिज कर दिया गया। जिससे मुस्लिम पक्ष को एक बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने कहा है कि कोर्ट कमिश्नर सर्वे में कोई हस्तक्षेप नहीं करेंगे। अब तक इस मामले में जो भी कार्यवाही की गई है, वह सही है। जामा मस्जिद होने या मंदिर होने का मुकदमा संभल लोअर कोर्ट में पहले की तरह चलता रहेगा।
● बदायूं के इस्लामनगर की भी संभल में शामिल होने की संभावना।
● संभल की तीनों नगर पालिकाओं की सीमा का होगा विस्तार, राजस्व विभाग ने मांगी जानकारी।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद में नगर पालिकाओं का सीमा विस्तार करने की कवायत तेज हो गई है, जहां राजस्व विभाग में संबंधित जानकारी मांगी है। संभल जनपद की नगर पालिका परिषद संभल, चंदौसी तथा बहजोई के सीमावर्ती गांवों को नगर पालिका में शामिल किए जाने की कवायत शुरू हो गई है। इसके अलावा बदायूं जनपद के इस्लामनगर की भी सीमांकन के दौरान संभल जनपद में शामिल होने की संभावना है। मुरादाबाद से अलग होकर 2011 में संभल को जनपद का दर्जा मिला। इस बीच जनपद को कई नई सौगात ही मिली हैं। लेकिन संभल जनपद का सीमांकन अभी भी पूरी तरह से पूरा नहीं हो पाया है। जिसकी मांग अमरोहा तथा बदायूं जनपद के लोग करते आए हैं। वर्तमान में संभल जनपद में तीन नगर पालिका परिषद तथा पांच नगर पंचायतें हैं। जिनमें से जनपद की तीनों नगर पालिकाओं का सीमांकन विस्तार करने की कवायद शुरू की गई है। राजस्व परिषद द्वारा संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जहां तीनों नगर पालिकाओं में 46 गांवों को शामिल किया जाएगा। जिसमें 16 गांव बहजोई नगर पालिका में तथा 16 गांव संभल नगर पालिका परिषद में सम्मिलित किए जाएंगे। इसके अलावा 14 गांवों को चंदौसी नगर पालिका में सम्मिलित किया जाएगा। यह सभी गांव नगर पालिका परिषद क्षेत्र की सीमावर्ती गांव हैं।
इसके अलावा बदायूं जनपद के इस्लामनगर विकासखंड को भी संभल जनपद में सम्मिलित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
नगर पालिका में सम्मिलित होने के बाद बढ़ेगा विकास का क्षेत्र।
नगर पालिका परिषद के लिए जहां विकास का क्षेत्र सीमित था, तो वहीं सीमावर्ती गांव बढ़ने पर विकास का क्षेत्र बढ़ जाएगा। इतना ही नहीं नगर पालिका परिषद के लिए आने वाली सभी योजनाओं का लाभ भी गांव के सम्मिलित पर इन्हें भी मिलेगा। बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। स्थानीय स्तर पर विकास का स्तर बढ़ेगा।
स्कूली वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देती संभल ट्रैफिक पुलिस.
● संभल पुलिस का डिजिटल रोड सेफ्टी अभियान…लगातार यातायात के नियमों को लेकर किया जा रहा जागरूक।
● यातायात पुलिस लोगों को एकत्रित कर यातायात नियमों की दे रही जानकारी।
प्रवाह ब्यूरो संभल। उत्तर प्रदेश के संभल पुलिस द्वारा लगातार डिजिटल रोड सेफ्टी अभियान के तहत वाहन चालकों को यातायात के नियमों को लेकर जागरूक किया जा रहा है तथा साथ ही जीवन को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उन्हें जानकारी दी जा रही है। वाहन चालकों में चाहें दोपहिया वाहन हों या रास्ते में पैदल चलने वाले या चार पहिया वाहन चालक, सभी को सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा से संबंधित जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया जा रहा है। एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर जहां लगातार संभल पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरुक कर रही है तो वहीं यातायात पुलिस द्वारा भी यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए जगह-जगह जानकारी दी जा रही है। साथ ही यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही भी की जा रही है और उन्हें निर्देशित करते हुए नियमों का पालन करने हेतु जागरूक भी किया जा रहा है। संभल पुलिस का डिजिटल रोड सेफ्टी अभियान, जिसमें दो पहिया पर दो ही सवारी, यही है समझदारी। यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें साथ ही आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने और किसी की जिंदगी बचाने को लेकर भी प्रेरित किया जा रहा है। दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित करते हुए नियमों का उल्लंघन करने पर कार्यवाही भी की जा रही है तथा चालान भी किया जा रहे हैं। चंदौसी में भी वाहन चालकों और परिचालकों को यातायात के नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया जा रहा है तथा वही संभल में मुख्य चौराहों पर यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के तहत यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। यातायात प्रभारी के निर्देश पर यातायात पुलिस लगातार लोगों को सुरक्षा देने का कार्य कर रही है। अपने डिजिटल रोड सेफ्टी अभियान के तहत संभल जनपद में सड़क हादसों को न्यून करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसएम कॉलेज में श्याम सुंदर मुखर्जी की प्रतिमा का अनावरण करते उनके पौत्र.
● पूर्व आईपीएस व श्याम सुंदर मुखर्जी के पौत्र शांतनु मुखर्जी ने किया अनावरण।
● एसपी संभल व महाविद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य भी रहे उपस्थित।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के चंदौसी एसएम कॉलेज में साहू श्याम सुंदर मुखर्जी एवं सुरेश चंद्र की प्रतिमा का अनावरण उनके पौत्र शांतनु मुखर्जी द्वारा किया गया। जहां एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी उपस्थित रहे। एसएम कॉलेज चंदौसी का निर्माण श्याम सुंदर मुखर्जी की पत्नी रानी रामकली की स्मृति में किया गया था। जहां कॉलेज में साहू श्याम सुंदर एवं सुरेश चंद्र एसएम कॉलेज के पूर्व सचिव की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें श्याम सुंदर मुखर्जी के पौत्र व पूर्व आईपीएस शांतनु मुखर्जी को एसएम कॉलेज में आने पर एनसीसी कैडेट द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जहां उन्होंने श्याम सुंदर मुखर्जी और सचिव सुरेश चंद्र की प्रतिमा का अनावरण किया। जहां कार्यक्रम में संभल एसपी कृष्ण कुमार भी उपस्थित रहे। शांतनु मुखर्जी द्वारा महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया गया तथा श्री रघुनाथ मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की गई।
कालेज परिसर में भ्रमण करते श्याम सुंदर के पौत्र पूर्व आईपीएस शांतनु मुखर्जी.
बता दें कि शांतनु मुखर्जी श्याम सुंदर मेमोरियल हाई स्कूल चंदौसी के प्रथम हेड मास्टर रहे तथा उन्हें अपनी सेवाओं के लिए दो बार प्रतिष्ठित पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। सेवानिवृत्ति के बाद 2010 और 2015 के बीच मॉरीशस के प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्य किया। वर्तमान में सुरक्षा विश्लेषक स्तंभकार और सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर टिप्पणीकार भी हैं। अनावरण कार्यक्रम के दौरान एसएम कॉलेज समिति एवं कालेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लव कुमार, श्याम सुंदर कॉलेज समिति के सचिव शांतनु कुमार, संयुक्त सचिव संजय कुमार, समिति के सदस्य संदीप कुमार, एसएम कॉलेज प्रबंधन समिति के सदस्य प्रभात कुमार, रेनू अग्रवाल, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार, महाविद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
● रात्रि में ही पंचायत के बाद भी नहीं मानी दुल्हन, थाने तक पहुंचा मामला।
● बिना शादी के वापस लौटी बारात, बहजोई के मुल्हेटा गांव में शनिवार रात्रि आई थी बारात।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात में जब दूल्हा ही शराब के नशे में दिखाई दिया तो दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। देर रात्रि तक पंचायत होती रही, बाद में मामला थाने तक पहुंचा लेकिन दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। वहीं दूल्हे का कहना था कि दोस्तों ने पेप्सी में मिलाकर शराब पिला दी। अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के तिगरिया नागर शाह गांव निवासी ओमपाल के बेटे अमित राणा की बारात बहजोई थाना क्षेत्र के मुल्हेटा गांव में आई थी। जहां गांव निवासी खेसारी लाल की बेटी की शादी थी और सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं थीं। उसी समय दूल्हा को उसके दोस्तों ने पेप्सी में मिलाकर शराब पिला दी। दुल्हन को इसकी सूचना हुई कि दूल्हा शराब के नशे में है और अन्य लोग भी शराब के नशे में हैं। दूल्हा के शराब के नशे में होने से दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि शादी के दिन ही जब लड़का होश में नहीं तो उससे क्या शादी करनी।
आरोपित शराबी दूल्हा अमित राणा की मुल्हैटा गांव में चढ़ती बारात.
शनिवार देर रात्रि तक मामला सुलझाने की कोशिश होती रही, लेकिन बात नहीं बनी। बैंड बाजे पर नाचते समय पेप्सी में मिलाकर दूल्हे को शराब पिलाई गई तो वह भी नशा में हो गया। नशे में धुत दूल्हा जब बारात लेकर दुल्हन की चौखट पर पहुंचा तो दुल्हन द्वारा शादी से इन्कार कर दिया गया। वहीं काफी देर हंगामा होता रहा और दोनों पक्षों की तरफ से मनाने की कोशिश होने लगी, लेकिन बात नहीं बनी। अन्य लोगों द्वारा भी पंचायत की गई, लेकिन दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई। मामला पुलिस तक पहुंच गया और पुलिस दूल्हा और उसके किसी अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले गई। जहां दोनों पक्ष भी कोतवाली पहुंच गए। हालांकि किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। आगे जो हो फिलहाल कारण यही है कि शराब की खातिरदारी के चलते बिना शादी के ही दूल्हे को वापस लौटना पड़ा।
कार्रवाई कर निर्देश देते खंड शिक्षा अधिकारी जुनावई अंशुल कुमार.
● संभल जनपद में जिलाधिकारी के निर्देश पर लगातार चल रही कार्यवाई।
● जुनावई विकासखंड के 13 स्कूलों पर खंड शिक्षा अधिकारी ने की कार्यवाई।
प्रवाह ब्यूरो संभल। संभल जनपद में जिलाधिकारी के निर्देश पर लगातार बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों पर शिक्षा विभाग द्वारा कार्यवाही की जा रही है तथा लाखों रुपए का जुर्माना भी लगाया जा रहा है। जुनावई विकासखंड के अलग-अलग बिना मान्यता के चल रहे 13 स्कूलों में खंड शिक्षा अधिकारी ने छापेमारी कर सील कर दिए तथा एक-एक लाख रुपए का जुर्माना लगाने के लिए उच्च अधिकारियों को सूचना प्रेषित की है। जनपद में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश पर लगातार बिना मान्यता के संचालित स्कूलों पर छापेमारी कर कार्यवाई की जा रही है। जुनावई विकासखंड के नगला अजमेरी गांव में संचालित श्री श्याम पब्लिक स्कूल, करियामई स्थित श्री रामस्वरूप यादव कन्या जूनियर हाई स्कूल, हरगोविंदपुर गांव में स्थित गायत्री विद्या मंदिर, बैरपुरमहाराजी गांव में स्थित चंद्रशेखर आजाद पब्लिक स्कूल, कादराबाद स्थित आजाद पब्लिक स्कूल तथा दबथरा गांव स्थित गायत्री गंगे विद्या मंदिर, करेला की मढ़ैया स्थित छोटेलाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल, काशीपुर स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर, जुनावई स्थित राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल तथा दबथरा स्थित आदर्श विद्या मंदिर और गंगोत्री पब्लिक स्कूल, सुल्तानगढ़ स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल और पतरिया स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल बिना मान्यता के संचालित किए जा रहे थे। जुनावई खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल कुमार ने टीम के साथ छापेमारी कर कागजी कार्यवाई करते हुए सील कर दिया। जहां कई स्कूलों में बच्चे पढ़ते मिले तथा बिना मान्यता के कक्षाएं भी संचालित की जा रहीं थीं। सभी स्कूलों को बंद करा दिया गया। विद्यालय संचालको द्वारा अपनी मनमानी करते हुए विद्यालयों को संचालित किया जा रहा था। ऐसे में खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रत्येक विद्यालय पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाने के लिए अपनी आख्या प्रेषित की है।
तिरंगा गंगा यात्रा में शिरकत करतीं शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के साथ अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता.
शिक्षा मंत्री गुलाब देवी बोलीं – तिरंगा यात्रा सैनिकों के सम्मान, उत्साह और समर्पण के लिए निकाली गई।
ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम को लेकर किया तिरंगा यात्रा का आयोजन।
प्रवाह ब्यूरो संभल। ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम को लेकर संभल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जगह-जगह लोगों द्वारा फूलों की वर्षा की गई। वहीं दूसरे समुदाय के लोगों द्वारा भी जेसीबी पर खड़े होकर फूल बरसाए गए। संभल के मुरादाबाद रोड से भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय से तिरंगा यात्रा का आयोजन शुरू हुआ। पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सेना द्वारा अपना साहस और पराक्रम दिखाने पर उनके सम्मान में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के साथ अन्य भाजपा नेताओं ने भी यात्रा में सम्मिलित होकर सेना की वीरता का गुणगान किया। शनिवार को तिरंगा यात्रा संभल के मुरादाबाद रोड से भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय से शुभारंभ किया गया। जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। देश भक्ति के गानों पर हाथों में तिरंगा लेकर सेना का मनोबल बढ़ाते हुए उनका सम्मान किया गया। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी हेमंत राजपूत के साथ पश्चिमी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल और जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी तथा अन्य भाजपा नेताओं ने उपस्थित होकर भारतीय सेना के पराक्रम को सराहते हुए देशभक्ति का जज्बा दिखाया।
हाथ में तिरंगा ले भारत मां की जयघोष साथ राष्ट्र भक्ति में लीन दिखे भाजपा कार्यकर्ता।
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाबो देवी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा सैनिकों के सम्मान, उत्साह, समर्पण और परिश्रम के लिए निकल गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर जवाब दिया है। जहां भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा और सुरक्षा बल के बीच तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दे रखी है, वह जब चाहें दुश्मन पर हमला करते हुए उससे निपटने में सक्षम है। इस दौरान भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के पश्चिमी क्षेत्र प्रभारी कुलदीप ऐरन, बहजोई नगर पालिका चेयरमैन राजेश शंकर राजू के अलावा सैकड़ाें कार्यकर्ता उपस्थित रहे।