संभल के पहलवडा में चुनावी रंजिश को लेकर चली गोली, प्रधान की सास की मौत।

◆ सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे एसपी कृष्ण बिश्नोई, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की पुलिस की 3 टीमें।

◆ शुक्रवार की रात हुई घटना, दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बबराला के थाना क्षेत्र के पहलवड़ा गांव में शुक्रवार रात चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग में ग्राम प्रधान की सास की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी कृष्ण बिश्नोई मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल युवक का उपचार जारी है।
गांव पहलवाड़ा में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये।
कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान ग्राम प्रधान मीरा देवी की सास प्रेमवती (52) के सीने में गोली जा लगी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे पक्ष के देवेश (26) के कान में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसको परिजनों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही बबराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि गांव पहलवाड़ा में गोली लगने से एक महिला की मौत मौत हो गई। जहां फोरेंसिक जांच के साथ तीन टीमें लगाई गई हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। विधिक कार्रवाई जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जुगल किशोर महाविद्यालय में हिंदू सम्मेलन आज, मौजूद रहेंगी मीनाक्षी सहरावत।

◆ हिंदू सम्मेलन में महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश व रामानंद गिरी महाराज रखेंगे विचार, तो गायक विजेंद्र राणा देंगे अपनी प्रस्तुति।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गवां स्थित जुगल किशोर महाविद्यालय में आज हिंदू महा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें मुख्य वक्ता मीनाक्षी सहरावत व मुख्य अतिथि विभाग के प्रचारक संभल शरद और विशिष्ट अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश जी महाराज तथा स्वामी रामानंद गिरी जी महाराज उपस्थित रहेंगे साथ ही अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और गायक विजेंद्र राणा भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा बताया गया कि हिंदुओं को एकजुट रहने तथा सामाजिक समरसता को लेकर विशेष रूप से स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करने स्वदेशी भाषा और भोजन के बारे में भी चर्चा की जाएगी। साथ ही जातिवाद छोड़कर सभी को हिंदुत्व चेतना को आगे बढ़ाते हुए एकजुट रहने की अपील की जाएगी।
गवां स्थित जुगल किशोर महाविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक संभल शरद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

हिंदू सम्मेलन में गूंजा स्वदेशी का संदेश, वेशभूषा, भाषा और भोजन पर हुई चर्चा।

◆ हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर रूपेंद्र जी महाराज बोले- हिंदू कभी हिंसा नहीं करता।

संभल के रामगिरी बाबा की मढ़ी पर हुआ हिंदू सम्मेलन, आरएसएस के मेरठ प्रांत बौद्धिक प्रमुख ने भी रखे विचार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गुन्नौर तहसील क्षेत्र के रामगिरी बाबा की मढ़ी तुमरिया खादर में आयोजित किए गए विराट हिंदू सम्मेलन में मेरठ प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बौद्धिक प्रमुख कृष्ण कुमार ने स्वदेशी वेशभूषा, भोजन तथा भाषा को लेकर विस्तार से हिंदुओं को समझाया तथा संघ के पांच प्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी तो वहीं हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर उपेंद्र जी महाराज ने हिंदुओं को एकजुट रखने पर जोर दिया।
क्षेत्र के तुमरिया खादर स्थित रामगिरी बाबा की मढ़ी पर आयोजित किए गए विराट हिंदू सम्मेलन में मेरठ प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बौद्धिक प्रमुख कृष्ण कुमार ने संघ के पांच प्रण स्वदेशी भोजन, स्वदेशी वेशभूषा, स्वदेशी भाषा तथा नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण ,सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और हिंदुओं को एकजुट रहते हुए इन्हीं पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हमें स्वदेशी वेशभूषा में ही रहना चाहिए तथा स्वदेशी भाषा का ही प्रयोग करना चाहिए। साथ ही अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए स्वदेशी भोजन का ही इस्तेमाल करें और सभी एकजुट रहते हुए अपने पर्यावरण को सुरक्षित रखें।
हरिद्वार से आई महामंडलेश्वर रूपेंद्र जी महाराज ने कहा कि हिंदू कभी किसी के साथ हिंसा नहीं करता, साथ ही हिंसा की बर्दाश्त भी नहीं करता। उन्होंने कहा कि हिंदू अपने देश की रक्षा के लिए प्राण गवांता है, सर्वजन हिताय जीवन जिसका, वही हिंदू कहलाता है।
रूपेंद्र जी महाराज ने कहा कि जब धर्म की हानि होती है, तब कभी श्री राम तो कभी श्री कृष्ण ने पृथ्वी पर दुष्टों का संघार करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग सौभाग्यशाली हैं कि आने वाले समय में भगवान कल्कि का अवतार आपके संभल में ही होगा।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर डॉ. राजकुमार वैदिक ने कहा कि सभी हिंदू भाई-भाई हैं, कोई भी ऊंचा नीचा नहीं है। यह बात सभी को समझनी होगी।
जहां कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया जिसमें राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक तथा हिंदुत्व की चेतना को लेकर प्रस्तुतियां दी गईं। सम्मेलन का आयोजन न्याय पंचायत बसंतपुर से जुड़े 12 गांवों के प्रमुख लोगों द्वारा बनाई गई आयोजन समिति द्वारा कराया गया।
इस दौरान डा. राजकुमार वैदिक, नीरज यादव, रक्षपाल राय साहब, प्रेम कुमार, श्यौराज सिंह, धरमल, अजीत कुमार, सतीश कुमार, राजू, काम सिंह, रजनेश तुमरिया, मोहरपाल सिंह, देवेंद्र कुमार, उदयवीर सिंह, देवेंद्र यादव, राजवीर, महेश, मदन, मोहित यादव, महेश अन्नु आदि के साथ हजारों लोग उपस्थित रहे।

सात फेरे, फिर लूट- संभल में लुटेरी दुल्हन का खुलासा।

◆ गैंग का भंडाफोड़, दो महिलाएं समेत एक बिचौलिया गिरफ्तार।

◆ फर्जी पहचान से करती थीं शादी, फिर पांच-छ: दिन रुक, कीमती सामान लेकर हों जाती थीं फरार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद में शादी के नाम पर ठगी करने वाले लुटेरी दुल्हन गैंग का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग की दो महिलाओं समेत एक बिचौलिया को गिरफ्तार किया है। यह गैंग फर्जी नाम व पहचान बदलकर शादी रचाता था और कुछ ही दिनों में ससुराल से कीमती सामान समेटकर फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं दलाल के माध्यम से ऐसे युवकों को निशाना बनाती थीं, जिनकी शादी में दिक्कत आ रही होती थी। शादी के बाद आरोपी दुल्हनें पांच से छह दिन तक ससुराल में रुकती थीं और मौका पाते ही नकदी, जेवर व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती थीं।
मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें गैंग की करतूतों का पर्दाफाश हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

बीते 25 जनवरी को चंदौसी के पतरौआ निवासी रामजीमल पुत्र झंडू सिंह द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
जिसमें बताया गया था कि बदायूं के थाना विनावत क्षेत्र के विलहत गांव निवासी राजीव पुत्र नरेश पाल, पश्चिम बंगाल के लाल बाजार थाना अंतर्गत मलिकपुर गांव निवासी काजल उर्फ नूरजहां खातून, हाल पता बदायूं के विनावर थाना अंतर्गत निवासी विलहत तथा उनके ग्रुप की लड़कियां आरती पत्नी भोला निवासी पतरौआ, चंदौसी, पूजा उर्फ आयशा खातून पत्नी राजू निवासी जामा मस्जिद मोहल्ला अली रोड पश्चिम बंगाल, पूजा पत्नी परमेश निवासी पतरौआ, चंदौसी, ईशिका पत्नी मोनू मिश्रा निवासी लाइन पार मुरादाबाद द्वारा भोले भाले अविवाहित पुरुषों को शादी करने का झांसा देकर उनके साथ रुपए ऐंठने के उद्देश्य से धर्म छुपा कर तथा नाम छुपा कर छल करते हुए आपराधिक षड्यंत्र के तहत लड़कियों को बेचकर शादी कराने तथा शादी के लगभग 5 से 6 दिन बाद घर से सामान तथा आभूषण एकत्रित करके चुराकर फरार हो जाती थीं।
जिसको लेकर संभल के चंदौसी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
जिसमें चंदौसी थाना पुलिस ने काजल उर्फ नूरजहां खातून, राजीव पुत्र नरेश पाल तथा पूजा और आयशा खातून पत्नी राजू जो कि लुटेरी दुल्हन थी, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया।

देशभक्ति के जश्न में डूबा संभल, रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड ने मोहा मन।

◆ कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने, तो रिजर्व पुलिस लाइन में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री ने किया ध्वजारोहण।

◆ जनपद में जगह-जगह स्कूली बच्चों द्वारा आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में भव्य तरीके से गणतंत्र दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए तो वहीं 77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बहजोई रिजर्व पुलिस लाइन में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री ने ध्वजारोहण किया तथा तिरंगे को सलामी देकर परेड का आयोजन किया गया। जिसमें जवानों द्वारा हर्ष फायरिंग करते हुए झंडे को सलामी दी गई तो वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया।

रिजर्व पुलिस लाइन में संबंधित पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। जनपद में अभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों द्वारा भी देशभक्ति का नारा देते हुए ध्वजारोहण किया गया साथ ही शिक्षण संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
संभल के बहजोई स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी द्वारा ध्वजारोहण किया गया झंडे को सलामी दी गई वहीं एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने झंडे को सलामी दे तथा आयोजित किए गए भव्य परेड के आयोजन के दौरान जवानों ने हर्ष फायरिंग करते हुए झंडे को सलामी दी।

जहां पुलिस अधिकारियों तथा जवानों ने विभिन्न प्रकार से झंडे को सलामी देते हुए परेड का आयोजन किया। जिसमें परेड कमांडर के रूप में यातायात पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार प्रथम दूसरे पर प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार तथा तृतीय के रूप में महिला उपनिरीक्षक आरती सिसोदिया ने अपनी अपनी परेड की कमान संभाली। इसके अलावा टोली के रूप में टोली कमांडर नंबर एक पर उप निरीक्षक कुलबीर सिंह और टोली नं.दो पर उप निरीक्षक सुमित कुमार, टोली नं. तीन पर उप निरीक्षक दीपक कुमार, टोली नं. चार पर उपनिरीक्षक दीपक मलिक और टोली नं. पांच पर महिला उप निरीक्षक आंचल सिद्धू, तथा टोली नं. 6 पर उप निरीक्षक अशोक कुमार रहे।

इस अवसर पर जनपद के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

◆ जहां इन पुलिस अधिकारियों को किया गया सम्मानित…

संभल के बहजोई में रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड के आयोजन के दौरान माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री के नेतृत्व में गृह मंत्रालय द्वारा डीसीआरवी में तैनात निरीक्षक कश्मीर सिंह यादव, महिला थाने में तैनात उप निरीक्षक छोटेलाल सिंह, कैला देवी थाने में तैनात उप निरीक्षक हरदेश बाबू, रिट शाखा में तैनात उप निरीक्षक ताराचंद्र, बहजोई थाने में तैनात उप निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी टीसीएल उप निरीक्षक रामेंद्र पाल सिंह, सम्मन सेल में तैनात मुख्य आरक्षी विनोद कुमार, महिला थाने में तैनात मुख्य आरक्षी प्रभा, हाइड्रिल बदायूं में तैनात मुख्य आरक्षी सत्येंद्र सिंह तथा जिला प्रशिक्षण इकाई में तैनात मुख्य आरक्षित वीरेंद्र पाल सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
वहीं सम्मन सेल में तैनात उप निरीक्षक जमुना प्रसाद को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा सराहनीय सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया है।
इसके अलावा डायल 112 में तैनात आरक्षी आरिफ, राहुल, अमन चौधरी, होमगार्ड चालक अतुल कुमार, इमरत सिंह तथा संजीव कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है।

संभल रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड का आयोजन, राज्य शिक्षा मंत्री रहेंगी मौजूद।

◆ रिजर्व पुलिस लाइन मंडी समिति बहजोई में आयोजित होगा भव्य परेड कार्यक्रम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। देश में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज माहौल राष्ट्रभक्ति मय दिखाई देगा तो वही यूपी के संभल में रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा जिसमें माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री सम्मिलित होंगी।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर अंतिम रूप दे दिया गया है।
संभल के बहजोई मंडी समिति स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित भव्य रैतिक परेड के आयोजन में मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी भव्य परेड का मान प्रणाम ग्रहण करेंगी।
साथ ही एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की उपस्थिति में सभी कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा जवानों द्वारा आयोजित की जाएगी। ध्वजारोहण के पश्चात माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री द्वारा मान प्रणाम ग्रहण किया जाएगा। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
बहजोई में रिजर्व पुलिस लाइन को छावनी में तब्दील कर दिया गया है जहां परेड के दौरान एक अलग ही प्रकार की भव्यता दिखाई देगी।

कक्षा 8 की छात्रा ज्योति के हाथों नव निर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन, डीएम-एसपी रहे मौजूद।

◆ खिरनी को मिली नई पुलिस चौकी, कैला देवी थाना क्षेत्र में और मजबूत हुई कानून व्यवस्था।

चहारदीवारी से लेकर हाईवे मार्ग तक सुधार के निर्देश, ग्राम प्रधान को सौंपी जिम्मेदारी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के खिरनी स्थित नवनिर्मित पुलिस चौकी का जिलाधिकारी तथा एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने आरएस आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा ज्योति यादव द्वारा फीता काटकर शुभारंभ कराया।
जहां नजदीकी सरकारी स्कूल की चहारदीवारी कराने को लेकर तथा उसमें फुलवारी लगाने हेतु ग्राम प्रधान को निर्देशित किया साथ ही स्कूल से हाइवे तक बेहतर मार्ग को लेकर गंगा एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों को निर्देशित किया।
बता दें कि कैला देवी थाना क्षेत्र के खिरनी स्थित पुलिस चौकी का कार्य निजी भवन में चल रहा था। जहां सरकारी स्कूल के बराबर में
नवनिर्मित भवन होने के बाद रविवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया तथा एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और संभल एएसपी आलोक भाटी द्वारा अपनी मौजूदगी में नवनिर्मित पुलिस चौकी का शुभारंभ आर.एस. आदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा ज्योति यादव के हाथों द्वारा कराया गया।

जहां नव निर्मित पुलिस चौकी के शुभारंभ के उपलक्ष्य में कैलादेवी थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा तथा खिरनी चौकी प्रभारी रामकुमार द्वारा विधि विधान के साथ हवन पूजन भी कराया गया। अब खिरनी पुलिस चौकी को अपना नया भवन मिल गया है।

शुभारंभ के बाद नजदीक में ही सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने के दौरान इसकी चहारदीवारी को लेकर ग्राम प्रधान से कहा गया तथा गंगा एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों से विद्यालय से हाईवे तक बेहतर मार्ग करने के लिए कहा गया, जिससे कि आने-जाने के लिए स्कूली बच्चों को कोई परेशानी न हो।
शुभारंभ के दौरान एएसपी आलोक भाटी, संभल कोतवाली इंस्पेक्टर, कैला देवी थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा, खिरनी चौकी प्रभारी रामकुमार, सौंधन चौकी प्रभारी रईस अहमद आदि उपस्थित रहे।

अवैध खनन रुकवाने को भाकियू अराजनैतिक ने सौंपा ज्ञापन।

पदाधिकारी बोले-  खनन के लिए गांव में बनाए जा रहे रास्ते से कई गांव होंगे प्रभावित, लगाई जाए रोक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गांव में अवैध खनन करने तथा बराबर के ही गांव में खनन के लिए रास्ता निकालने से कई गांव प्रभावित होने का मुद्दा उठाते हुए, साथ ही रास्ते खराब होने के चलते समस्या पैदा होने को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने जिला अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी को सौंप कर खनन पर रोक लगाने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राम वीरेश यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एकत्रित होकर गुनौर तहसील क्षेत्र के गांव अहरौला नवाजी में होकर अवैध खनन के लिए रास्ता निकालने तथा नजदीकी गांव बीबीपुर में अवैध खनन करने पर रोक लगाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने बताया है कि अहरौला नवाजी और बीबीपुर गांव के रकवे में गंगा नदी के नजदीक अवैध खनन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि खनन पट्टा गाटा संख्या एक खंड 2 में बुलंदशहर में आवंटित हुआ है। उसके बावजूद भी ठेकेदार सतीश द्वारा अहरौला नवाजी और बीबीपुर गांव में अवैध खनन करते हुए रास्ता निकालने का काम किया जा रहा है जिससे कई गांव प्रभावित होंगे, रास्ता भी खराब होगा तथा आम लोगों को कई समस्याएं पैदा होंगी और उन्हें निकालने के लिए रास्ता भी पूरी तरह से बेकार हो जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी को ज्ञापन देते हुए उन्होंने कहा है कि आने वाले समय में गंगाजल का प्रभाव भी गांव की ओर होगा जिससे कई समस्याएं पैदा होंगी।
उन्होंने कहा है कि इससे गांव के नजदीक खेतों में कटाव शुरू हो जाएगा। इसलिए इस पर रोक लगनी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा है कि यदि प्रशासन द्वारा रोक नहीं लगाई जाती है तो संगठन अनिश्चितकालीन धरने के लिए बाध्य होगा और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान जुनावई ब्लॉक अध्यक्ष केदार सिंह, सचिन यादव, राजपाल सिंह, प्रदेश प्रवक्ता जयवीर सिंह, आशिक रजा आदि रहे।

हिंदू महा सम्मेलन का आगाज…कैला देवी से उठी धर्मरक्षा की हुंकार।

महंत ऋषि राज गिरी बोले- हिंदुओं को एकजुट रहने की जरूरत।

आरएसएस के शताब्दी पूर्ण पर हुआ हिंदू महासम्मेलन का आयोजन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी धाम पर आरएसएस के शताब्दी पूर्ण होने पर आयोजित किए गए हिंदू महा सम्मेलन में हिंदुओं को एकजुट रहने की अपील करते हुए धोखेबाजों से सचेत रहने तथा भारतीय संस्कृति को बनाए रखने की अपील की गई। आश्रम के महंत ऋषिराज गिरी महाराज तथा मेरठ प्रांत के मुख्य संघ प्रचारक वक्त अनिल द्वारा अपने विचार प्रस्तुत किए गए।
संभल के कैला देवी धाम पर बुधवार को आयोजित किए गए हिंदू महासम्मेलन सम्मेलन में मेरठ प्रांत के संघ प्रचारक मुख्य वक्ता अनिल व आश्रम के महंत ऋषि राज गिरी महाराज ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रचलित कर कार्यक्रम शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मेरठ संघ प्रचारक मुख्य वक्ता अनिल ने कहा कि हमें अपनी भारतीय संस्कृति का प्रचार करते हुए सभी को एकजुट रहना होगा। जहां उन्होंने सभी आपसी जातियों को छोड़कर हिंदू होते हुए एकजुट रहने की अपील की।
आश्रम के महंत अंतर्राष्ट्रीय हरिहर सेना के संरक्षक ऋषि राज गिरी महाराज ने कहा कि संभल में जहां हिंदुओं की संख्या 15 प्रतिशत रह गई है, वहीं हरिहर मंदिर बनने के बाद हम 85 प्रतिशत होंगे।

उन्होंने कहा कि सभी हिंदू समाज ऐसे धोखेबाजों से दूर रहें जिन्होंने हमारे अस्तित्व को मिटाने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के शताब्दी पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज यह महासम्मेलन हिंदुओं को एकजुट करने की लिए आपको एकत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धोखेबाजों से हम कोई भी सामान खरीदने से पहले यह भी निश्चित करने की कहीं उसने कुछ उसमें भी तो गड़बड़ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आप सभी अपनी बहन बेटियों को भी संस्कार देते हुए ऐसे लोगों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें साथ ही उन्हें अपने दिल से निकाल दें और सभी हिंदू एक जुट रहें।
कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इस मौके पर जनपद के अलावा अन्य जनपदों से भी हिंदू संगठन के लोग एकत्रित हुए तथा जनपद के भी दर्जनों गांव से लोग एकत्रित हुए। जिसमें विभाग के संघ चालक अरविंद अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू, विभाग प्रचारक शरद कुमार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, ब्लॉक प्रमुख पति हृदेश यादव, भाजपा नेता राजेश सिंघल, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, भुवनेश, डा. गौरव उन्मुक्त आदि उपस्थित रहे जहां कार्यक्रम का संचालन नेकपाल सिंह तथा अध्यक्षता गोकुल वाल्मीकि ने की।

प्रदेश के वार्षिक कैलेंडर में छाए संभल के दो प्रमुख स्थल।

◆ प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर व पीएम श्री स्कूल को मिली जगह।

सूचना विभाग उत्तर प्रदेश ने जारी किया 2026 का वार्षिक कैलेंडर।

नेतृत्व की मिसाल बनी डीएम की पहल, संभल में 16 पीएम श्री विद्यालयों की बदली तस्वीर।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सूचना विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा जारी किए गए 2026 के वार्षिक कैलेंडर में संभल जनपद को विशेष पहचान मिली है। प्रदेश स्तर पर प्रकाशित इस प्रतिष्ठित कैलेंडर में संभल के दो प्रमुख स्थलों को स्थान दिया गया है, जिनमें प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर और जनपद के आटा स्थित पीएम श्री विद्यालय शामिल हैं। इस कैलेंडर में प्रकाशित कुल 24 स्थान में से संभल के दो स्थलों को जगह मिलना जनपद के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 2026 का वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया है। जिसे शासन के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी किया गया है, जिसमें संभल जनपद के दो स्थानों में एक शिक्षा के मंदिर तो एक धार्मिक आस्था वाले मंदिर को जगह मिली है।
सूचना विभाग द्वारा जारी किए गए वार्षिक कैलेंडर में दोनों स्थानों की कार्यकारिणी को दर्शाया गया है तथा जिन्हें अपनी विशेष पहचान के साथ उजागर किया गया है।
संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के नेतृत्व में बीते दिनों जनपद में 16 पीएम श्री विद्यालयों का निर्माण कराया।
जिनका उद्देश्य आधुनिक डिजिटल युग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बच्चों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, आधुनिक व्यवस्थाओं के अनुरूप शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाना तथा विद्यालयों के समग्र कायाकल्प को मजबूत और सुदृढ़ करना था।
जिससे शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हुआ और विद्यालयों की तस्वीर पूरी तरह बदल गई।

निजी स्कूलों से भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा जनपद में 16 पीएम श्री विद्यालयों का निर्माण कराया गया, जिसकी बदौलत उनकी सतत मेहनत और दूरदर्शी सोच अब धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगी है।
यहां के स्कलों में हर विद्यार्थी समुचित गणवेश (प्रॉपर ड्रेस) में उपस्थित होने के साथ-साथ हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में भी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इन विद्यालयों में एजुकेशन पार्क, साइंस की आधुनिक लैब, भोजनालय, औषधीय वाटिका के साथ ही हरिश्चंद्र सभागार भी आकर्षण का केंद्र हैं। जिसके चलते ही अब इन विद्यालयों में बच्चों का तेजी से दाखिला हो रहा है। यहां के दिव्यांगों के लिए की गई प्रेरक व्यवस्था के लिए सीएम योगी द्वारा डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया को सम्मानित भी किया गया।

बनिया खेड़ा विकासखंड के आटा स्थित पीएम श्री विद्यालय की कायाकल्प पूरी तरह से बेहतर सुविधाएं प्रदान करते हुए बेहतर शिक्षा प्रणाली को दर्शा रही है। अपनी इसी पहचान के साथ उसे शासन द्वारा जारी किए गए वार्षिक कैलेंडर में जगह मिली है।
इसके अलावा जनपद के संभल स्थित प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर को भी जारी किए गए वार्षिक कैलेंडर में दर्शाया गया है। प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनपद के इस प्राचीन कल्कि मंदिर का जीर्णोद्धार अहिल्याबाई होल्कर द्वारा कराया गया था। अयोध्या की तर्ज पर यहां भी 24 कोसी परिक्रमा मार्ग बनाने की तैयारी की जा रही है। यह मार्ग ही संभल की पहचान बनेगी। इसके जरिए श्रद्धालु 68 तीर्थों का भ्रमण कर सकेंगे। जल्द ही इस परिक्रमा मार्ग का निर्माण लोक निर्माण विभाग पूरा कराया जायेगा।
अब इसे प्रदेश के वार्षिक कैलेंडर में शामिल किए जाने से न केवल इसकी ऐतिहासिक महत्ता को मान्यता मिली है, बल्कि इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

वहीं दूसरी ओर, जनपद के आटा स्थित पीएम श्री विद्यालय को कैलेंडर में स्थान मिलना जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सकारात्मक बदलावों को दर्शाता है। यह उपलब्धि संभल जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया के नेतृत्व और सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। डीएम की पहल और निगरानी में जनपद के 16 पीएम श्री विद्यालयों की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। इन विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास, स्मार्ट कक्षाएं, स्वच्छ परिसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और छात्रों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। शिक्षा सुधार की यह पहल अब प्रदेश स्तर पर उदाहरण बनकर उभरी है, जिसका प्रमाण सूचना विभाग के वार्षिक कैलेंडर में पीएम श्री स्कूल को मिली जगह से स्पष्ट होता है। जनपद के अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।
“आपकी समस्या का अंतिम पड़ाव” स्लोगन को सार्थक करते हुए संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया आमजनमानस में न केवल अपने उत्कृष्ट और संवेदनशील व्यवहार के लिए पहचाने जाते हैं, बल्कि जनपद के सर्वांगीण उत्थान के लिए किए गए उनके नवाचारों ने संभल को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी एक नई पहचान दिलाई है। उनकी कार्यशैली, जनहितैषी निर्णय और प्रभावी प्रशासन ने जिले को विकास की नई दिशा दी है।

कुल मिलाकर, 2026 के प्रदेशीय वार्षिक कैलेंडर में संभल के इन दो स्थलों का चयन जनपद की धार्मिक विरासत और शैक्षिक प्रगति दोनों को एक साथ दर्शाता है, जहां सूचना एवं जन संपर्क विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य के 24 प्रमुख स्थानों को वार्षिक कैलेंडर में शामिल किया गया है वहां अकेले संभल जनपद के दो स्थानों को जगह मिलना संभल के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

दैनिक प्रवाह के लिए डा. गौरव उन्मुक्त की रिपोर्ट…