स्कूली बच्चों ने कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय का किया शैक्षिक भ्रमण।

डीएम बोले- “जीवन में कर्मयोगी बनें, अनुशासन और ईमानदारी को अपनाएं।”

  जिला प्रशासन की कार्यशैली को परखा, बारीकी से मिली जानकारी।

डीएम, एसपी तथा सीडीओ कार्यालय सहित अन्य विभागों का भी किया दौरा।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के बहजोई स्थित सिल्वरस्टोन पब्लिक स्कूल के कक्षा 6 से 9वीं के लगभग 200 छात्रों ने जिला कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के कार्यों का शैक्षणिक भ्रमण कर जिला प्रशासन की कार्य पद्धति को समझते हुए सरकारी कार्य प्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का प्रयास किया।
जहां जिलाधिकारी ने भी सभी बच्चों से मुलाकात कर उन्हें आशीर्वाद दिया तथा भविष्य में अनुशासन तथा ईमानदारी को अपनाने के लिए प्रेरित किया। मंगलवार को सिल्वरस्टोन पब्लिक स्कूल बहजोई के कक्षा 6 से 9वीं तक के लगभग 200 विद्यार्थियों ने बहजोई कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर शैक्षिक भ्रमण करते हुए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली को देखा।

विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात की तथा जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए विभागीय जानकारी दी।
जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यालय का अवलोकन करते हुए सरकारी कार्य प्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का प्रयास किया। जहां उन्होंने एसपी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय तथा डीपीएमयू, एनआईसी, सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के कार्यालय का निरीक्षण करते हुए डिजिटल सेवाओं तथा जनकल्याण योजनाओं के संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी से मुलाकात करते हुए आशीर्वाद लिया तथा जिलाधिकारी ने सभी बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में कर्मयोगी बनें और अपने अंदर निरंतर सुधार लाएं तथा सदैव अनुशासन में रहते हुए ईमानदारी को अपनाएं।

विद्यार्थियों ने अधिकारियों से अलग-अलग कई प्रश्न भी पूछे और प्रशासनिक व्यवस्था, कानून व्यवस्था, डिजिटल भारत परियोजनाओं तथा अन्य संबंधित जानकारी हासिल की।
विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों के अंदर नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक समझ और सामाजिक जागरूकता पैदा करते हैं।

पुलिस परिवार परामर्श समझौता केंद्र ने आयोजित की साप्ताहिक बैठक।

बैठक में परामर्श एवं विधिक समझ के माध्यम से किया गया सौहार्दपूर्ण समाधान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। शनिवार को संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिण श्रीमती अनुकृति शर्मा के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के सुविचारित पर्यवेक्षण में पुलिस परिवार परामर्श सुलह-समझौता केंद्र, बहजोई में साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। जहां परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. रुकम पाल सिंह की देखरेख में सम्पन्न इस बैठक का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद, परामर्श एवं विधिक समझ के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान प्रदान करना रहा।
जिसमें कुल 69 पत्रावलियों की सुनवाई की गई, जिनमें प्रत्येक प्रकरण की परिस्थितियों, कथनों और व्यवहारिक संभावनाओं का विस्तृत परीक्षण किया गया। इनमें से 25 पत्रावलियों का निस्तारण सफलतापूर्वक किया गया साथ ही 10 दंपतियों को आपसी सहमति के आधार पर पुनः मिलाया गया एवं 11 पत्रावलियाँ आवेदकों द्वारा बल न देने या अनुपस्थित रहने के कारण नियमानुसार समाप्त कर दी गईं तथा 04 मामलों में आवश्यक विधिक प्रक्रिया के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई।
इस अवसर पर परामर्श केंद्र प्रभारी डॉ. रुकम पाल सिंह ने कहा कि
“पुलिस विभाग का लक्ष्य केवल विवादों का निस्तारण भर नहीं, बल्कि परिवारों के मध्य संवाद, विश्वास और संतुलन को पुनर्स्थापित करना है। यह केंद्र सामाजिक सामंजस्य को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।”
इस अवसर पर बैठक में अमन खुराना, श्वेता गुप्ता, अखिलेश अग्रवाल, बबीता शर्मा, कंचन महेश्वरी, सीमा आर्या
ने सक्रिय सहभागिता निभाई साथ ही हेड कॉन्स्टेबल रश्मि गहलोत, कांस्टेबल ज्योति, कांस्टेबल शहज़ाद मलिक ने परामर्श प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित कराने में महत्त्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

जनपद में बडा फेरबदल, एसपी ने एक झटके में बदले 37 उप निरीक्षक।

जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु हुए तबादले।

जानें किस उपनिरीक्षक को मिली कौन-सी जिम्मेदारी..?

प्रवाह ब्यूरो।
संभल। संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने देर रात व्यापक स्तर पर तबादले किए हैं। कुल 37 इंस्पेक्टर के स्थानांतरण की सूची सार्वजनिक की गई, जिसमें सबसे अधिक तैनातियां पुलिस लाइन से चौकियों पर की गईं।
नई सूची के अनुसार गौरव कुमार को चौकी प्रभारी ज्ञानपुर एचौड़ा कंबोह, संजीव कुमार त्रिपाठी को चौकी प्रभारी घंटाघर चंदौसी,
पुलिस लाइन से मनोज कुमार को चौकी प्रभारी पर्यावली थाना रायसत्ती, अरुण कुमार को चौकी प्रभारी हिसामपुर थाना नखासा, गुरजिंदर कौर को चौकी प्रभारी कलक्ट्रेट बहजोई और ओमप्रकाश शाक्य को चौकी प्रभारी छावड़ा कुढ़फतेहगढ़ भेजा गया है।

हजरतनगरगढ़ी के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार दिवाकर को चौकी प्रभारी सुल्तानगढ़ थाना धनारी, अपराध शाखा के चमन शाक्य को चौकी प्रभारी नरौली देहात और कस्बा बहजोई के चौकी प्रभारी रामरतन सिंह को रहौली कुढ़फतेहगढ़ भेजा गया है। कुसुमलता शर्मा को थाना धनारी से रेलवे थाना रायसत्ती स्थानांतरित किया गया है।
थाना बहजोई से रामकुमार सिंह को चौकी प्रभारी खिरनी थाना कैलादेवी बनाया गया है। राजेंद्र सिंह को चौकी प्रभारी आवास विकास चंदौसी की जिम्मेदारी मिली है। हिसामपुर के चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह को चौकी प्रभारी रिठाली थाना नखासा, जबकि रिठाली चौकी प्रभारी सोमपाल सिंह को चौकी प्रभारी कस्बा बहजोई बनाया गया है।
एसपी द्वारा जारी सूची में कपिल कुमार को चौकी प्रभारी रीठ कुढ़फतेहगढ़ बनाया गया है तो वहीं सदाकत अली को चौकी प्रभारी भकरौली थाना धनारी, सचिन भाटी को चौकी प्रभारी हरिबाबा बांध धाम थाना रजपुरा, रोशन सिंह को वरिष्ठ उपनिरीक्षक कैला देवी, राजा रामपाल सिंह को वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना रजपुरा और राजकुमार त्यागी को थाना नखासा भेजा गया है। वहीं देवेंद्र विक्रम सिंह को थाना धनारी, हरेंद्र सिंह और लेखराज सिंह को थाना बबराला की जिम्मेदारी दी गई है। वीरेंद्र कुमार और सत्यवीर सिंह को न्यायालय सुरक्षा में लगाया गया है। महेंद्र पाल सिंह को विशेष जांच प्रकोष्ठ, सुधौर कुमार को थाना नखासा और विजेंद्र सिंह व विजेंद्र कुमार को थाना असमोली भेजा गया है।
मूला सिंह को थाना असमोली से थाना कुढ़फतेहगढ़ स्थानांतरित किया गया है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक कैलादेवी मनोज कुमार को भी थाना कुढ़फतेहगढ़ भेजा गया है। कोतवाली संभल के प्रदीप कुमार को प्रभारी अंगुष्ठ छाप चौकी, पर्यावली से उपदेश कुमार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धनारी, महिला थाना की पूजा रानी को थाना बनिया ठेर नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक धनारी सत्यदेव सिंह को थाना हजरतनगरगढ़ी और कुढ़फतेहगढ़ के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनीश अहमद को उपनिरीक्षक यातायात बनाया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ उपनिरीक्षक असमोली कालेन्द्र सिंह को मानव अधिकार सेल में स्थानांतरित किया गया है।
इन तैनातियों को जिले में बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

एसएसपी ने बदायूं के आसफपुर में नवीन पुलिस चौकी का किया उद्घाटन।

क्षेत्र के लोगों को मिलेगी सहूलियत, अपराधों पर लगेगा अंकुश।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं के आसफपुर में एसएसपी ने नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ किया है, जिससे वहां की जनता को सुरक्षा मिलेगी और अपराधियों पर अंकुश लगेगा।
बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र के आसफपुर में नवीन पुलिस चौकी निर्माण के लिए लगातार सक्रियता दिखाई जा रही थी। एसएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बुधवार को कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से नवीन पुलिस चौकी का शुभारंभ किया। बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि अपराधियों की हर गतिविधि पर तत्काल और कड़ी कार्यवाही की जाएगी तथा नजर भी रखी जाएगी। साथ ही नए पुलिस चौकी निर्माण से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बड़ा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को सहूलियत मिल सके इसके लिए यहां पुलिस चौकी का निर्माण हुआ है। जिसमें पूर्व थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने निर्माण कार्य की निगरानी और व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करते हुए सहयोग दिया है।

संभल में ससुराल में रह रहे युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या।

पत्नी से विवाद के चलते उठाया कदम, मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम व थाना पुलिस।

कैला देवी थाना क्षेत्र के रोरादीप गांव में अपनी ससुराल में पिछले 5 वर्षों से रह रहा था युवक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के रोरादीप गांव में अपनी ससुराल में पिछले 5 वर्षों से बच्चों तथा पत्नी सहित मकान बनाकर रह रहे युवक ने पत्नी से विवाद के चलते घर में रखे तमंचे से छाती में गोली मार कर आत्महत्या कर ली।
सूचना पर फॉरेंसिक टीम तथा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव का पंचनामभर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धनारी थाना क्षेत्र के हरपरी गांव निवासी रामचरन (25 वर्ष) पुत्र विरेशम अपने गांव से अपना घर मकान बेचकर कैलादेवी थाना क्षेत्र के रोरादीप गांव में अपनी ससुराल में मकान बनाकर बच्चों तथा पत्नी सहित रह रहा था। जहां वह रोरादीप गांव निवासी अपने ससुर कर्रु से अलग मकान बनाकर रह रहा था।
किसी बात को लेकर पत्नी कुसुमवती से विवाद हो गया था। विवाद के चलते रामचरन ने घर में रखा तमंचा निकालकर मंगलवार सुबह गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के वक्त पत्नी घर पर नहीं थी। जिसकी सूचना उसके ससुर कर्रु ने थाना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए तथा फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
जहां पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सूचना पर मृतक रामचरन के परिवार के लोग भी मौके पर आ गए।
लेकिन किसी की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। मृतक के पीछे उसके छोटे-छोटे चार बच्चे हैं। रामचरन की मृत्यु के बाद पत्नी का रो रो कर बुरा हाल था, तथा परिजनों व ससुरालियों में कोहराम मच गया।
बता दें कि मृतक रामचरन के  माता-पिता की मृत्यु  हो गई थी तथा  उसका एक भाई दिल्ली चला गया था। इसके बाद रामचरणन अपना घर मकान बेचकर कैलादेवी थाना क्षेत्र के रोरादीप गांव में अपनी ससुराल में ही रहने लगा था।

लूट की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने किया पुरस्कृत।

संभल के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र में बदमाशों से पुलिस की हुई थी मुठभेड़।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र में बीते दिनों बदमाशों तथा पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में लूट की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया है। एसपी ने उत्कृष्ट कार्य और तत्परता के लिए टीम के सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
बीते दिनों थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिसमें गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए थे।
दोनों बदमाशों के पास से पुलिस ने 5 लाख 3 हजार रुपए नगद और दो तमंचे बरामद भी किए थे।
सूचना पर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई तथा संभल सीओ आईपीएस आलोक भाटी भी मौके पर पहुंच गए थे। वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने पर बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था।
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने लूट की घटना का सफल अनावरण करने में सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित चौधरी तथा रायसत्ती थानाध्यक्ष बोबिंद्र कुमार को उत्साह वर्धन हेतु नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर एसपी श्री कृष्ण बिश्नोई ने कहा कि इस तरह के सफल अनावरण न केवल अपराधियों के मन में भय पैदा करते हैं, बल्कि जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह नकद पुरस्कार पुलिस बल को और अधिक समर्पण तथा तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगा।

गुरु गोविंद सिंह जयंती पर अवकाश हेतु शासनादेश जारी।

27 दिसंबर को यूपी में बंद रहेंगे, सभी शिक्षण संस्थान व सरकारी कार्यालय।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार को जारी किए शासनादेश में 27 दिसंबर 2025 को गुरु गोविंद सिंह जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। शासनादेश के अनुसार, यह अवकाश सभी सरकारी कार्यालयों, निगमों, परिषदों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अधीनस्थ कार्यालयों में लागू रहेगा। 
जानकारी के अनुसार ये आदेश सिक्ख समुदाय की भावना और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है।

बता दें कि गुरु गोविंद सिंह जी सिख धर्म के दसवें गुरु थे, जिन्होंने न्याय, त्याग, साहस और धर्म रक्षा के अद्वितीय संदेश दिए।
इस संबंध में मंगलवार को शासन की ओर से आधिकारिक शासनादेश जारी करने के पश्चात अब आगामी 27 दिसंबर को
सरकारी कर्मचारियों और विद्यार्थियों के लिए सभी शासकीय कार्यालय, विद्यालय और संस्थान बंद रहेंगे।

संभल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूट के दो आरोपी गिरफ्तार।

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने किया मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण।

बदमाश के पैर में लगी गोली, 5 लाख नगद व हथियार बरामद।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। शनिवार को संभल पुलिस ने हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 5 लाख 3 हजार रुपये नकद और दो तमंचे बरामद किए गए हैं। घायलों को इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी ने भी अस्पताल का दौरा किया।
बता दें कि संभल के हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान लूट के दो आरोपी को गिरफ्तार किये गये। जहां एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने भी मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया।
संभल सीओ आईपीएस आलोक भाटी ने बताया कि हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का इशारा किया। संदिग्ध नहीं रुका, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की थी और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।

पूछताछ में संदिग्ध ने बताया कि वह 25 नवंबर को हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में हुई लूट की घटना में शामिल था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह आज एक और वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी करने जा रहा था। उसने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी, जो थोड़ी देर बाद सिरसी फाटक से होते हुए संभल की ओर एक कार (HRM51 AZ 4123) में आने वाले हैं।
दोनों अभियुक्तों ने 25 नवंबर की लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। यह लूट विगत दिनों सौरभ चौधरी और राजेंद्र भाटी नामक शराब सेल्समैन के साथ हुई थी, जिसमें 7.98 लाख रुपये लूटे गए थे।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। जब संदिग्ध कार आई, तो पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने संबंधित सभी थानों को सूचित किया। सीओ ने बताया कि खुद को घिरा हुआ देखकर कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और खेत की ओर भागने लगे।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में गौरव और मुकेश नामक दो युवक घायल हो गए। गिरफ्तार हुए बदमाश बुलंदशहर के अनुपशहर क्षेत्र के निवासी हैं।

संभल पुलिस ने महज 48 घंटे में किया चोरी का खुलासा।

सीसीटीवी फुटेज से पकड़े गए तीन चोर, भेजा जेल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पुलिस ने गुरुवार किसान के घर से लोहे की दो ट्रॉली चोरी के मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। उक्त प्रकरण में संभल की धनारी चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से चोरी में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर, एक 315 बोर का तमंचा व चार कारतूस भी बरामद किए हैं।
बता दें कि 25 नवंबर की मध्यरात्रि को जनपद गुन्नौर तहसील के थाना धनारी क्षेत्र में चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया था। जहां गांव भिरावटी निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र हुकुमी के घर के बाहर खड़ी ट्रॉली को भी ये चोरों ने चुरा ले गये थे। गजेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने चोरी की इस वारदात में पवन पुत्र जगपाल, फुलवारी सिंह, गंभीर सिंह पुत्र जगपाल सिंह (सभी निवासी गांव मिलक साकिन, थाना कैलादेवी) और ओमप्रकाश पुत्र नाथू (निवासी गांव गुरैठा, थाना धनारी) को गिरफ्तार किया है। इन अभियुक्तों के पास से चोरी में प्रयुक्त ट्रैक्टर, एक तमंचा और चार कारतूस बरामद हुए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि इन्हीं चारों अभियुक्तों ने 14 नवंबर की रात को सोमवीर पुत्र कुमार पाल (निवासी गांव बागड़पुर छोईया, थाना कैलादेवी) के घर के बाहर खड़ी एक अन्य ट्रॉली भी चुराई थी। इस ट्रॉली को बदायूं के बिसौली में बेच दिया गया था। पुलिस ने दोनों किसानों के घर से चोरी की गई ट्रॉलियों को बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गजेंद्र सिंह की सूचना पर रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि उन्होंने कहीं ऐसी अन्य वारदातों को तो अंजाम नहीं दिया है?

संभल के भीषण हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत।

आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत से चकनाचूर हुई कार व पिकअप।

नामकरण समारोह से लौटते समय हादसे का शिकार हुए कार सवार।

एक ही परिवार के 5 लोगों समेत 6 की मौत, जबकि बाप-बेटे की हालत अभी भी गंभीर।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। गुरुवार को यूपी के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जहां ऑल्टो कार और सब्जियों से लदी पिकअप वाहन की आमने-सामने से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें 2 की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर मुरादाबाद के लिए रेफर किया गया है। जबकि शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रेफर कर दिया।
टक्कर कितनी भीषण रही होगी इस बात का अंदाजा टकराये वाहनों की हालत देखकर लगाया जा सकता है कि कार और पिकअप दोनों बुरी तरह से चकनाचूर हो चुकी है। कार तो पूरी तरह से पिचक चुकी है जिसको पहचानना भी मुश्किल हो गया है। हादसे की खबर आसपास फैलते ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। जहां लोगों ने पुलिस को तुरंत हादसे की सूचना दी। हादसे से की जानकारी मिलते ही संभल के एएसपी कुलदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को निजी वाहन और एंबुलेंस से जिला अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि थाना हयात नगर के रसूलपुर धतरा एक गांव है यही से गंगा एक्सप्रेसवे गुजरता है। जहां एक पिकअप और कार दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें मुरादाबाद रेफर किया गया है। दो लोग सामान्य रूप से घायल हैं, वह संभल के अस्पताल में हैं। इस घटना में मृतकों में तीन बच्चे और तीन महिलाएं हैं।
जहां परिजन हरकिशोर ने बताया कि जनपद अमरोहा के आदमपुर निवासी रोहित अपने परिवार के साथ गुरुवार को कार से संभल जिले के बहजोई स्थित अपने भतीजे के नामकरण संस्कार में शामिल होकर वापस आदमपुर लौट रहा था। जहां कार स्वयं रोहित चला रहा था। निर्माणधीन गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरते समय सामने से सब्जियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप से कार की टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए।
हरकिशोर ने बताया कि सड़क हादसे में भाई रोहित (40) और रोहित का बेटा जय (12) घायल हो गया। जिन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद भेजा है, जबकि हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। जिनमें रेनू (38), सत्यवती (50), रिया (9), भास्कर (7), कपिल (11) और गीता (40) शामिल हैं।
संभल में हुए इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेना जताई है। साथ ही सीएम ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं।