संभल में 22 किलोमीटर की हरिहर पदयात्रा रद्द।

जिलाधिकारी ने महंत ऋषि राजगिरी से कॉल पर की अपील, माने संत।

हरिहर मंदिर की पदयात्रा रद्द कर कैला देवी मंदिर परकोटे की पदयात्रा निकाली।

जिलाधिकारी ने कहा- सभी से अपील है कि सौहार्द बनाए रखें व प्रशासन का सहयोग करें।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में 19 नवंबर बुधवार को निकलने वाली 22 किलोमीटर की हरिहर पदयात्रा को जिलाधिकारी की कॉल आने के उपरांत उनके अनुरोध पर आश्रम के महंत ऋषि राज गिरी महाराज ने सभी संतो के साथ रद्द कर दिया और उसके बाद जिलाधिकारी के अनुरोध पर कैला देवी मंदिर परकोटे की परिक्रमा की।
उससे पहले प्रशासन अलर्ट मोड पर था और महंत ऋषि राज गिरी यात्रा को लेकर सभी को एकजुट करने में लगे हुए थे। आश्रम पर ही एएसपी सहित तमाम पुलिस अधिकारी तथा कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी पहुंच गई थी।
संभल की शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद के एक वर्ष पूर्ण होने पर 19 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय हरिहर सेना के संरक्षक तथा मुकदमे के याचिका कर्ता महंत ऋषि राज गिरी द्वारा संभल हरिहर मंदिर के परकोटे की परिक्रमा को लेकर हजारों की संख्या में हिंदुओं को एकत्रित कर पदयात्रा निकाली जानी थी।
हरिहर पदयात्रा की सूचना पर प्रशासन अलर्ट हो गया था तथा संभल में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और बुधवार सुबह ही कैला देवी धाम पर काफी संख्या में कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सुबह से ही लोग मंदिर पर एकत्रित होने लगे जहां थोड़ी देर में हजारों की संख्या में भीड़ एकत्रित हो गई थी।
एएसपी सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
हजारों लोग अपने ट्रैक्टर ट्रॉली तथा अन्य वाहनों से पहुंचे।
मंदिर परिसर से ही आश्रम के महंत ऋषि राज गिरी महाराज ने सभी को एकजुट करते हुए बैठक आयोजित कर चलने का आवाहन किया। उधर मंदिर परिसर के निकट जब पुलिस ने बेरीकेडिंग की तो महंत ऋषि राज गिरी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस से बेरीकेडिंग हटाने को कहा जिससे कि लोग मंदिर पर एकत्रित हो सकें और उन्हें रोका न जा सके।
दोपहर बाद जिलाधिकारी की कॉल महंत ऋषि राजगिरी के मोबाइल पर आई तो उन्होंने स्पीकर ऑन कर सभी संतो तथा लोगों के सामने बात की।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहां की आप सभी संतो से अनुरोध है कि कानून व्यवस्था और सौहार्द्ध बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, साथ ही यह परिक्रमा रद्द कर कैलादेवी परकोटे की परिक्रमा ही कर लें। इसके बाद आश्रम के महंत ऋषि राज गिरी ने कैला देवी परकोटे की एक किलोमीटर की परिक्रमा निकाली।

ऋषिराज गिरी बोले- जरूरत पड़ी तो आगामी 6 दिसंबर को दोहराएंगे।

जिलाधिकारी की कॉल के बाद उनके अनुरोध पर हरिहर पदयात्रा कार्यक्रम दोपहर बाद रद्द कर दिया गया। आश्रम के महंत ऋषि राज की महाराज ने बताया की जरूरत पड़ी तो आगामी 6 दिसंबर को फिर दोहराएंगे तथा अगले वर्ष भी यह प्रक्रिया जारी रखेंगे।

जीआईसी नदरौली में हुआ कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन, जुटे विशेषज्ञ।

अतिथियों ने किया छात्रों के भविष्य व शिक्षा पर मार्गदर्शन, छात्र-छात्राओं को मिली भविष्य की राह।

◆ विशिष्ट अतिथि मधुप आर्य ने उपस्थित छात्रों को बताये कैरियर से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। सोमवार को विकासखंड जुनावई के नदरौली स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रांगण में कैरियर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया। जहां छात्र-छात्राओं को कैरिअर संबंधी जानकारी दी गई। मेले में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को भविष्य के कैरियर विकल्पों, प्रवेश परीक्षाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं और रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनता इंटर कॉलेज जुनावई के प्रधानाचार्य मधु कुमार आर्य ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। जहां कार्यक्रम का संचालन कालेज शिक्षक गौरव कुमार शर्मा द्वारा किया गया।

मेले में उपस्थित अध्यापकों और अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और अपने कौशल को निखारने के लिए प्रोत्साहित किया। वक्ताओं ने कहा कि अच्छी पढ़ाई के माध्यम से ही छात्र एक बेहतर कैरियर बना सकते हैं, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता आएगी और समाज आगे बढ़ेगा। प्रत्येक छात्र को संबंधित क्षेत्र में रुचि के साथ-साथ अपने लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहना चाहिए एवं मार्ग में आने वाली बाधाओं से निराश न होते हुए अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर अग्रसर रहना चाहिए।
जहां विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विशेषज्ञ अतिथियों ने बच्चों के तैयार किए गए चार्ट का निरीक्षण किया। जहां कालेज प्रधानाचार्य नाजिया नुमान ने अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर आगमन हेतु आभार व्यक्त किया। 

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित उपस्थित अभिभावकों ने भी प्रतिभाग किया और अपने अनुभवों को छात्रों से साझा किया। 
साथ ही बताया कि इस मेले ने छात्राओं के बीच उत्साह और ज्ञान का संचार किया है, जिससे उन्हें अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा मिली। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने का आश्वासन दिया ताकि छात्राओं को निरंतर मार्गदर्शन मिलता रहे।
युग निर्माण विद्यापीठ इंटर कॉलेज मणिकावली के प्रधानाचार्य राजाराम यादव ने कैरियर गाइडेंस के तहत छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने अच्छे भविष्य के लिए पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अध्यापकों द्वारा बताए गए कार्यों का पालन करने और नियमित रूप से विद्यालय आने की सलाह दी, ताकि उन्हें शिक्षकों से हर तरह की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने शिक्षा के सही समय-प्रबंधन पर भी जोर दिया, जिससे छात्र एक अच्छा मुकाम हासिल कर सकें।

इस अवसर पर कार्यक्रम में नदरौली के प्रधान खान सहाय यादव, डॉ. चंद्रकेश, डॉ. राजीव किशोर, महिपाल सिंह, रंजीत गोस्वामी, जीव विज्ञान प्रवक्ता नेहा राजभर, रूपेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक नेहा कुमारी, डॉ. सुनीता रानी, अनिल यादव, आकाश यादव, नरेश यादव एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक गण आदि उपस्थित रहे।

संभल के स्वरूप को बेहतर बनाने पर जिलाधिकारी को मिला नेक्सस ऑफ गुड अवार्ड।

दिल्ली में जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में सीडीओ को किया गया प्रदान।

नेक्सस ऑफ गुड फाउंडेशन द्वारा पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स नई दिल्ली के चौथे वार्षिक पुरस्कार समारोह में मिला सम्मान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में जिला प्रशासन द्वारा संभल के स्वरूप को बदलकर बेहतर बनाने में अपना योगदान देने वाले जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया को नेक्सस ऑफ गुड फाउंडेशन द्वारा पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स नई दिल्ली के ऑडिटोरियम में चौथे वार्षिक पुरस्कार सम्मान समारोह के अंतर्गत नेक्सस आफ गुड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट को प्रदान किया गया।
नेक्सस ऑफ गुड फाउंडेशन द्वारा पीएचडी चैंबर ऑफ़ कॉमर्स नई दिल्ली के ऑडिटोरियम में रविवार को हुए चौथे वार्षिक पुरस्कार समारोह के अंतर्गत संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया को जनपद संभल में उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नदियों के पुनर्निर्माण एवं विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित किया गया है।
दिल्ली में यह अवार्ड रिटायर्ड पूर्व कैबिनेट सचिव भारत सरकार बीके चतुर्वेदी द्वारा जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट को प्रदान किया गया।

जिसका उद्देश्य शिक्षा, प्रौद्योगिकी  पर्यावरण  स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय पहलों को मान्यता देने तथा सकारात्मक प्रभाव डालने वाली प्रत्येक पहल को आगे लाने, साथ ही प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों में प्राथमिक शिक्षा की पुनर्कल्पना क ख ग घ मिशन तथा पीएम श्री स्कूल, संभल संवाद एप, जिला परियोजना निगरानी इकाई, एक जिला पांच नदियों के अभियान के अंतर्गत संभल में नदियों के पुनर्व निर्माण के लिए किया जा रहे कार्य तथा संभल में विरासत एवं तीर्थ स्थल पुनर्निर्माण के अंतर्गत प्राचीन 68 तीर्थ और 19 महा कूपों तथा प्राचीन 24 कोसीय परिक्रमा के विकास के लिए किए जा रहे विकास कार्यों, ग्राम्य विकास, आंगनबाड़ी के क्षेत्र तथा पंचायती राज के क्षेत्र में विभिन्न कार्यों को देखते हुए यह अवार्ड प्रदान किया गया है। जिसमें नेक्सस आऑफ गुड का अर्थ होता है- अच्छाइयों का केंद्र।
नेक्सस का अच्छा अवार्ड संघ लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष दीपक गुप्ता की ज्यूरी द्वारा जिला प्रशासन संस्था तथा व्यक्तियों का चयन किया, साथ ही पूर्व आईपीएस किरण बेदी के एनजीओ सहित अन्य संस्थाओं को भी, आंगनवाड़ी में काम करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी को भी यह अवार्ड प्रदान किया गया।

संभल में 19 नवंबर को कैलादेवी धाम से हरिहर मंदिर तक निकलेगी पदयात्रा।

मुख्य याचिकाकर्ता महंत ऋषिराज गिरी बोले- विवादित स्थल पर  वह नमाज पढ़ सकते हैं, तो हम पदयात्रा क्यों नहीं।

संभल की जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को 24 नवंबर को हो जाएगा एक वर्ष।

महंत ऋषि राज गिरी महाराज ने प्रेस वार्ता कर दी जानकारी।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल की शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर विवाद को एक वर्ष 24 नवंबर को हो जाएगा। इससे ठीक कुछ पहले 19 नवंबर को कैला देवी धाम मंदिर से हजारों की संख्या में आश्रम के महंत ऋषिराज गिरी महाराज के नेतृत्व में लोगों द्वारा पदयात्रा निकाली जाएगी, जो हरिहर मंदिर तक जाएगी और परिक्रमा करेगी।
रविवार को आश्रम के महंत ऋषिराज गिरी महाराज ने प्रेस वार्ता कर 19 नवंबर को आयोजित होने वाली पदयात्रा की जानकारी दी।
अंतर्राष्ट्रीय हरिहर सेना के संस्थापक तथा कैलादेवी आश्रम के महंत और संभल की शाही जामा मस्जिद तथा हरिहर मंदिर वाद के मुख्य याचिका कर्ता ऋषि राज गिरी महाराज ने रविवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए कहा कि संभल में हरिहर सेना द्वारा हमारे नेतृत्व में 19 नवंबर को एक पद यात्रा निकाली जाएगी जो हरिहर मंदिर तक जाएगी और उसकी परिक्रमा की जाएगी तथा वापस कैला देवी धाम पर आकर यात्रा संपन्न होगी।
पत्रकारों के पूछने पर उन्होंने बताया कि यदि वह विवादित स्थल है तो वह नमाज क्यों पड़ रहे हैं और यदि वह नमाज पढ़ सकते हैं तो हम परिक्रमा क्यों नहीं कर सकते? दूसरी तरफ संभल जनपद में शांति व्यवस्था स्थापित करने हेतु धारा 163 लागू हो गई है। जिसके चलते पदयात्रा की सूचना पर प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।
ऋषि राज गिरी महाराज ने बताया कि यह यात्रा बड़े प्रेम पूर्वक होगी।
विवादित स्थल पर हरिहर मंदिर था, और हरिहर मंदिर ही रहेगा। यही हमारा उद्देश्य है। पदयात्रा को लेकर लोगों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है, जिससे कि सनातनी श्रद्धालु अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित हो सकें। हजारों की संख्या में पदयात्रा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
ऋषि राज जी महाराज ने बताया कि हम मुख्य याचिकाकर्ता हैं तो हम उसके अंदर नहीं जाएंगे लेकिन बाहर से कोटे की परिक्रमा करेंगे।
जहां प्रेसवार्ता के दौरान ऋषि राज गिरी महाराज ने हरिहर मंदिर तक पदयात्रा की जानकारी दी तो वही यात्रा की जानकारी होने पर प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।

शकरपुर से खिरनी होते हुए मोती नगर तक जाएंगे वाहन।

रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान महंत ऋषि राज गिरी ने कहा कि यह सनातनियों की पदयात्रा है जिसमें अधिक से अधिक सनातनियों को एकत्रित करने की अपील की गई है साथ ही यह यात्रा मां कैलादेवी धाम से शुरू होकर वाहन द्वारा शकरपुर होते हुए खिरनी होकर मोती नगर तक वाहन से जाएगी। ताड़ो तदोपरांत मोती नगर से पैदल यात्रा करेंगे और हरिहर मंदिर की परिक्रमा करते हुए वापस पैदल ही मोती नगर तक आएंगे जहां से वाहन में सवार होकर कैला देवी पर आकर पदयात्रा संपन्न होगी।

कुशल कार्यशैली के लिए चर्चित डीएम संभल ने एसपी संग सीएम योगी से की शिष्टाचार भेंट।

सीएम योगी से सौजन्य भेंट के बाद फिर सुर्खियों में डीएम संभल।

प्रदेश में संभल जनपद को कई क्षेत्र में अव्वल बनाने व अपनी प्रशंसित कार्यशैली के लिए देशभर में चर्चित हैं डीएम डा. राजेंद्र पैंसिया।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद को कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दिलाने वाले और अपनी प्रशंसित कार्यशैली के लिए देशभर में चर्चित जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने शुक्रवार को संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस सौजन्य भेंट के दौरान जिले में चल रही विकास योजनाओं, कानून–व्यवस्था की स्थिति तथा भविष्य की प्राथमिकताओं पर सार्थक चर्चा हुई। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जिले में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों व संभल प्रशासन द्वारा पारदर्शिता और दक्षता के साथ किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। इस अवसर पर डीएम व एसपी ने मुख्यमंत्री योगी को पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति भी भेंट की।
बता दें कि डीएम डॉ. पैंसिया अपनी कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता, नवाचारों के प्रति झुकाव और जनहित के प्रति सक्रियता के कारण लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं। उनके नेतृत्व में संभल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
सीएम योगी से हुई इस भेंट के बाद डॉ. पैंसिया और एसपी की जोड़ी एक बार फिर जिले और प्रदेश की प्रशासनिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है।

बाल दिवस : एक दिन की प्रधानाचार्य बनीं 11वीं की छात्रा प्रेमलता।

एक से 12वीं तक की सभी कक्षाओं के बच्चों में से ही बने कक्षा अध्यापक।

◆ कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में मनाया बाल दिवस।

प्रधानाचार्य बनीं प्रेमलता ने परखीं स्कूल की व्यवस्था व शिक्षण स्थिति।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल तहसील क्षेत्र के कैला देवी स्थित बाबा रतन गिरी आदर्श इंटर कॉलेज में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को उनके अधिकारों तथा जिम्मेदारियां से अवगत कराते हुए कक्षा 11वीं छात्रा प्रेमलता को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया। जहां प्रेमलता ने एक दिन की प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्त होकर स्कूल की व्यवस्था परखी तथा शिक्षण कार्य की स्थिति को देखा और कक्षा में पहुंचकर बच्चों से किसी प्रकार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अपना दायित्व निभाया।

कैला देवी के बाबा रतन गिरी आदर्श इंटर कॉलेज में बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने एक दिन के लिए अपना त्यागपत्र देकर कक्षा 11 की छात्रा कुमारी प्रेमलता को एकदिवसीय प्रधानाचार्य नियुक्त किया एवं 11वीं की छात्रा प्रेमलता ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए अपना पदभार ग्रहण किया तथा स्कूल की व्यवस्था को देख सभी शिक्षकों को समस्या से अवगत कराया तथा शिक्षण पद्धति को मजबूत करने के लिए अपना पत्र लिखा और कक्षा में पहुंचकर शिक्षण कार्य की पद्धति को देखा और सभी बच्चों से समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इतना ही नहीं इस दौरान बीते वर्ष 12वीं कक्षा पास कर चुके एक विद्यार्थी के टीसी लेने आने पर अपने हस्ताक्षर कर स्थानांतरण पत्र काट कर दिया। सभी शिक्षकों ने अपनी अपनी कक्षाओं में एक दिन के लिए छात्र-छात्राओं में से ही कक्ष निरीक्षक बनाया तथा दिनभर उन्हीं को कक्षा की जिम्मेदारी सौंपते हुए अन्य बच्चों ने भी एक शिक्षक की तरह सभी बच्चों को पढ़ाया।

जहां बीच-बीच में बच्चे शिकायत करने भी नई प्रधानाचार्य प्रेमलता के पास आते रहे और वह समस्याओं का निस्तारण करती रहीं।
बातचीत के दौरान प्रेमलता ने बताया कि मुझे एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया तो मैं अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए समस्याओं को देखते हुए उनके निस्तारण की मांग की है। इसके लिए विद्यालय प्रधानाचार्य तथा सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करती हूं।
जहां विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने एक दिन का इस्तीफा देकर सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस के बारे में तथा उनके अधिकारों को लेकर जानकारी दी।

संभल में मिशन शक्ति टीम ने यातायात के नियमों की दी जानकारी।

कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को दी गई जानकारी।

मिशन शक्ति टीम प्रभारी ने कहा- जीवन अनमोल, ऐसे यूं ही न गवाएं।

प्रवाह ब्यूरो
संभल।  संभल तहसील क्षेत्र के कैला देवी स्थित बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को मिशन शक्ति टीम द्वारा यातायात के नियमों की जानकारी दी गई तथा यातायात के नियमों का पालन करने और अपने जीवन को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर क्राइम के बारे में भी सभी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
गुरुवार को कैला देवी स्थित बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में सभी विद्यार्थियों को मिशन शक्ति टीम प्रभारी आंचल सिद्धू और उनकी टीम द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी ने बताया कि जीवन अनमोल है, इसे वाहन दुर्घटना में ऐसे ही न गवाएं। जहां उन्होंने ज़ेबरा क्रॉसिंग का उपयोग करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा हेलमेट के दो पहिया वाहन नहीं चलाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया। सभी छात्र-छात्राओं को जागरुक करते हुए यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया तथा वाहन चलाने की उम्र में ही वाहन चलाने के लिए कहा।

स्कूली बच्चों से विद्यालय में दो पहिया वाहन नहीं लाने के निर्देश दिए तथा किसी प्रकार वाहन लाने पर ड्राइवर लाइसेंस नहीं होने या हेलमेट नहीं होने पर चालान काटने के लिए भी कहा।
इसके अलावा उन्होंने गोल्डन ऑवर के बारे में जानकारी दी तथा घायल व्यक्ति को 1 घंटे के अंदर अस्पताल पहुंचने पर एसपी द्वारा पुरस्कृत करने तथा सरकार द्वारा भी उन्हें पुरस्कार के रूप में धनराशि देने के लिए बारे में बताया।
इतना ही नहीं सभी विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से बचने के कुछ टिप्स बताए। सभी छात्रों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी ।
इस दौरान टीम प्रभारी आंचल सिद्धू और उनकी टीम के साथ विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक कुमार तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

योगी सरकार का बड़ा फैसला : संभल सहित 17 जनपदों के 21 इंटर कॉलेजों में बनेगा मिनी स्टेडियम।

शासन ने इनके निर्माण के लिए आवंटित किया है 45 करोड रूपये का बजट।

खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार ने लिया है यह निर्णय।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। प्रदेश में युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य के लिए विद्यालय में खेल को सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इसी क्रम में योगी सरकार ने प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार ने प्रदेश के 17 जिलों के 21 राजकीय इंटर कॉलेजों में इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण की मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
सरकार का मानना है कि इन मिनी स्टेडियमों के निर्माण से न केवल विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध होंगे। इंडोर स्टेडियमों में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इस तरह की खेल संरचनाओं से खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिलेंगे। योगी सरकार का यह कदम ‘खेलो उत्तर प्रदेश’ की भावना को सशक्त करने के साथ-साथ युवाओं को नशा और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने में भी सहायक साबित होगा।
कुल 45 करोड रूपये के बजट साथ योगी सरकार ने प्रत्येक इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए 4 करोड़ 92 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 2 करोड़ 16 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। यह निर्णय प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की मूल्यांकन समिति ने कुल 19 जिलों के 23 कालेजों के प्रस्तावों की जांच की थी। इनमें से उन्नाव और गाजीपुर के प्रस्ताव भूमि संबंधी कारणों से निरस्त कर दिए गए, जबकि शेष 17 जिलों के 21 कालेजों के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। जिनमें जनपद संभल के साथ-साथ कानपुर नगर, मथुरा, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, गोंडा, हरदोई, बदायूं, अयोध्या, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, अंबेडकर नगर, आगरा और पीलीभीत शामिल हैं। इनमें से बुलंदशहर के तीन, गोंडा के दो तथा अंबेडकर नगर के दो राजकीय इंटर कॉलेजों में स्टेडियम बनाए जाएंगे।

संभल पुलिस ने बरामद किये आधे करोड़ की धनराशि के 113 मोबाइल।

◆ सीआईआर पोर्टल पर दो सप्ताह चला अभियान, फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पुलिस ने सीआईआर पोर्टल के माध्यम से चलाए गए दो सप्ताह के अभियान के तहत करीब पचास लाख रुपये मूल्य के सौ से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन्स को बरामद किया है। जिनमें एक साल पहले तक खोए हुए मोबाइल भी बरामद हुए हैं।
जिन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गया। जिन्हें वापस पाकर लोगों ने संभल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जिसकी जानकारी बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह और आईपीएस सीओ संभल आलोक भाटी ने दी।
एएसपी संभल ने बताया कि जिले में खोए या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए सीआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की तकनीकी निगरानी की गई। पुलिस की साइबर टीम ने आईएमईआई नंबर ट्रैक करके इन मोबाइल फोन को विभिन्न जिलों और राज्यों से बरामद किया। इस अभियान के तहत लगातार मॉनिटरिंग की गई और जनपद के सभी 17 थानों में विशेष टीमें गठित की गई थीं।
संभल सीओ ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कोई भी व्यक्ति अपने कीमती मोबाइल से वंचित न रहे। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीआईआर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल की कीमत लगभग 50 लाख के करीब है।

रामविरेश बने सुलह अधिकारी गुन्नौर, समाज कल्याण अधिकारी ने दी तैनाती।

बोले- विवादों के निस्तारण में देंगे निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्राथमिकता।

नवनियुक्ति के बाद बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का लगा तांता।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा गुन्नौर तहसील के लिए एडवोकेट राम विरेश को सुलह अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण पोषण तथा कल्याण नियमावली 2014 के अनुसार संभल की गुन्नौर तहसील में क्षेत्र के अहरौला नवाजी गांव निवासी  रामविरेश पुत्र गंगा सिंह को सुलह अधिकारी के पद पर तैनात करते हुए अपनी योगदान आख्या उप जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर नवनियुक्त सुलह अधिकारी रामविरेश ने कहा कि वे विवादों के निस्तारण में निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देंगे।
तैनाती की जानकारी मिलते ही उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया। सहकर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।