पृथ्वी दिवस : पृथ्वी के अस्तित्व पर संकट, बढ़ रहा तापमान, कागजों में सिमट रहा संरक्षण।

आओ बनाएं अपनी धरती को स्वर्ग, कागजों में नहीं, जमीनी स्तर पर लें संकल्प।

● धरती करे पुकार….. वृक्षों को काट, मत करो अत्याचार।

● जनसंख्या वृद्धि ही नहीं, वल्कि हमारी उपभोग वादी संस्कृति भी जिम्मेदार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल।
हर वर्ष 22 अप्रैल का दिन और पृथ्वी दिवस के रूप में मनाने का अवसर, लोगों में जागरूकता फैलाना और फिर उसके बाद वर्ष भर शांत रहना। यह केवल कागजी संरक्षण को दर्शाती है। जिसके चलते पृथ्वी का अस्तित्व संकट में बढ़ता जा रहा है और तापमान भी आसमान छू रहा है। संभल जनपद में जहां हर वर्ष पृथ्वी को हरा-भरा करने के लिए प्रशासन द्वारा लाखों पौधों का रोपण किया जाता है लेकिन वर्ष भर बाद ही वह पौधे एक बड़े वृक्ष के रूप में आखिर दिखाई क्यों नहीं देते। इसलिए हमें कागजों में खाना पूर्ति करने के बजाय जमीन स्तर पर उतरकर धरती को स्वर्ग बनाने का संकल्प लेना होगा। वृक्षों को काटना, जल प्रदूषण करना, जल को बर्बाद करना, प्लास्टिक उपयोग, कूड़े कचरे की जमीनी स्तर पर अधिक वृद्धि होना आदि पृथ्वी के अस्तित्व पर संकट को दर्शा रहे हैं।
संभल जनपद में जहां प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष भी वर्षा ऋतु के दौरान लक्ष्य के अनुसार लाखों पौधे लगाए गए थे तो वहीं यह प्रक्रिया हर वर्ष अपनाई जाती है। खुद अंदाजा लगाया जाए की यदि हर वर्ष लाखों पौधे लगाए जा रहे हैं और यही पौधे वृक्ष बन जाएं तो संभल जनपद क्या पृथ्वी ही हरी भरी दिखाई देगी।
प्रशासन द्वारा लगातार पर्यावरण को बचाने हेतु जहां प्रचार प्रसार किया जाता है संबंधित अधिकारी भी अपने-अपने संबंधित क्षेत्र में और विभागीय कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए पौधारोपण पर ध्यान देते हैं, वहीं यह प्रक्रिया जमीनी स्तर पर पहुंचती है, लेकिन जमीनी स्तर पर जाते-जाते दम तोड़ देती है।
मात्र कागजी कार्यवाही में लाखों पौधे रोपण होना दर्शाया जाता है। पौधारोपण के बाद जिम्मेदारी से दूर भागना, उन्हें ऐसे ही छोड़ देना, आखिर कैसे हम जनपद को हरा भरा बना सकते हैं।
देशभर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर काफी बातें, सम्मेलन, सेमिनार आयोजित किए जाते हैं। लेकिन वास्तविक धरातल पर यह कुछ दिखाई देता नजर नहीं आता।
ऐसे में हम सबको प्रचार प्रसार के साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी लोगों को जागरूक करने का कार्य करना होगा साथ ही जमीन स्तर पर उतारकर पृथ्वी के अस्तित्व को बचाते हुए जल के दुरुपयोग को रोकना, वृक्षों के अस्तित्व को बचाना तथा प्लास्टिक के प्रयोग से दूर रहना होगा।
जनपद के प्रत्येक सरकारी संस्थान, माध्यमिक, परिषदीय विद्यालयों तथा डिग्री कॉलेज में भी छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अधिक जागरूक करने की जरूरत है।

जनसंख्या वृद्धि ही नहीं उपभोग वादी संस्कृति भी जिम्मेदार।

पृथ्वी के अस्तित्व पर संकट खड़ा करने में वास्तव में जनसंख्या वृद्धि ही पर्यावरण असंतुलन के लिए जिम्मेदार नहीं है, बल्कि हमारी उपभोगवादी संस्कृति भी इसकी प्रमुख जिम्मेदार है।
आज के समय में जिसे विकास समझा जाता है, वह विनाश की ओर बढ़ता हुआ कम दिखाई दे रहा है। औद्योगिक उत्पादन में बढ़ोत्तरी को आजकल हम विकास मानते जा रहे हैं, साथ ही हैसियत बढ़ा चढ़ा कर दिखाने की कोशिश में जल, जमीन तथा जंगल और ऊर्जा जैसे संस्थानों का अपने निजी इस्तेमाल के लिए उनका शोषण और उन्हें नष्ट करने पर लगे हुए हैं।
लगातार भयंकर गर्मी, भीषण ठंड, यह सब पर्यावरण असंतुलन के कारण हो रहा है और इसके जिम्मेदार भी हम ही हैं।

अब निरंतर बढ़ता जा रहा तापमान…

जहां पूरा देश ही नहीं बल्कि विश्व के अनेकों देश पर्यावरण को संतुलन करने में लगे हैं, तो वहीं भारत में भी पर्यावरण को बचाने हेतु तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। हर वर्ष प्रत्येक राज्य के प्रत्येक जनपद में लाखों पौधों का रोपण, जल के दुरुपयोग पर रोक लगाने जैसे अभियान चलाकर हम पर्यावरण के अस्तित्व को बचाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन यह सब कागजों में ही सिमट कर रह जाना भीषण दयनीय स्थिति को दर्शाता है।
पौधों को लगाने के बाद उनका पालन पोषण नहीं करने, जल की बर्बादी, धरती पर प्लास्टिक उपयोग आदि के उपयोग के चलते हैं पृथ्वी पर संकट बढ़ता जा रहा है।
अधिक वर्षों के कटान के चलते पृथ्वी सुनसान लगने लगी है। जिसके चलते लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है। संभल जनपद में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच जाता है। अधिक पेड़ पौधों के कटने और तापमान बढ़ने के चलते वन्य जीव भी विलुप्तता की ओर बढ़ने लगे हैं। साथ ही पेड़ पौधे नहीं होने के चलते बारिश के दौरान मिट्टी की ऊपरी परत नष्ट होने के चलते मृदा अपरदन भी बढ़ जाता है।

जीवन अनमोल… इसे यूं ही न गवाएं, सड़क पर मोबाइल नहीं, गाड़ी चलाएं।

● संभल पुलिस का डिजिटल रोड सेफ्टी अभियान, वाहन चालकों को बताए जा रहे यातायात के नियम, की जा रही सुरक्षित रहने की अपील।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जहां प्रत्येक जनपद में जनपद पुलिस के माध्यम से यातायात के नियमों का पालन करने हेतु यात्रियों तथा लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है तो वहीं उन्हें नियमों की भी जानकारी देते हुए लापरवाही के चलते हो रही दुर्घटना से भी सचेत किया जा रहा है।
संभल पुलिस द्वारा एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर जनपद में डिजिटल रोड सेफ्टी अभियान भी शुरू कर दिया गया है। डिजिटल माध्यम से लोगों को यातायात के नियमों के बारे में जानकारी देने का काम किया जा रहा है और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है।
वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के चलते अपने आप को सड़कों पर सुरक्षित रखना बहुत कठिन हो गया है। लेकिन यदि यातायात के नियमों का पालन किया जाए तो हम सुरक्षित रह सकते हैं। पैदल राहगीरों की संख्या भी अधिक होने के चलते सड़क पार करने में वाहनों के बीच से बचकर निकलना, निकलते समय वाहन टकरा जाने का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में सावधानी अपनाते हुए जीवन को अनमोल समझते हुए नियमों का पालन करते हुए सड़कों पर चलें।

संभल पुलिस की अपील, अपनाएं यातायात के नियम।

संभल पुलिस की लगातार अपील है कि यातायात के नियमों का पालन करें और अपने आप को सुरक्षित रखें। ट्रैफिक सिग्नल का पालन करते हुए वाहन निर्धारित गति में ही चलाएं।
वाहन मोड़ते समय मार्गो पर विशेष नजर रखें तथा सावधानीपूर्वक हल्की गति के साथ वाहन को मोड़ें। नशे या दवा के प्रभाव में होने पर वाहन चलाने से परहेज करें। पैदल यात्री भी बीच सड़क पर न चलें।

सड़क पर मोबाइल नहीं गाड़ी चलाएं…… सड़क पर वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। यदि वाहन चलाते समय कोई भी इमरजेंसी कॉल आपके पास आती है तो अपनी साइड में रोड से नीचे उतरकर वाहन रोककर बात करें। अन्यथा किसी भी स्थिति में गाड़ी चलाते समय मोबाइल न चलाएं।
क्योंकि आपका जीवन अनमोल है थोड़ी सी लापरवाही के चलते, जान से हाथ धोना पड़ सकता है। वाहनों को चलाते समय आगे वाले वाहनों से दूरी बनाकर रखें।

संभल एएसपी अनुकृति शर्मा को मिला स्पेशल 26 ब्रेवरी अवार्ड।

● रेडियो सिटी 91.1 एफएम द्वारा लखनऊ में आयोजित हुआ का कार्यक्रम।

● प्रदेश की वीरांगनाओं में महिला पुलिसकर्मियों तथा अधिकारियों को उनके साहसिक कार्यों के चलते सम्मान में प्रदान किया गया है यह अवार्ड।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश की वीरांगनाओं में शामिल संभल जनपद की एएसपी अनुकृति शर्मा को रेडियो सिटी 91.1 एफएम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्पेशल 26 ब्रेवरी अवार्ड्स से सम्मानित किया गया है। यह कार्यक्रम बीते 19 अप्रैल को लखनऊ में आयोजित किया गया था। जिसमें संभल जनपद की एएसपी अनुकृति शर्मा को उनके साहसिक कार्य और कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाने तथा विवेचनाओं में उत्कृष्टता दिखाने के चलते पुलिस महानिदेशक द्वारा सम्मानित किया गया है। उत्तर प्रदेश की वीरांगनाओं में महिला पुलिसकर्मियों तथा अधिकारियों को उनके साहसिक कार्यों के चलते सम्मानित करते हुए उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया गया है।
बीते वर्ष के दौरान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जिन महिला पुलिसकर्मियों व महिला पुलिस अधिकारियों ने साहसिक कार्य किए तथा कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाया, विवेचना में अपनी उत्कृष्टता दिखाई, अपने क्षेत्र में नवाचार प्रस्तुत किए। बीते 19 अप्रैल को लखनऊ के एक होटल में रेडियो सिटी 91.1 एफएम द्वारा आयोजित किए गए कार्यक्रम स्पेशल 26 ब्रेवरी अवार्ड्स से जहां 26 महिला पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया तो वहीं पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया है। जिसमें संभल की एएसपी अनुकृति शर्मा को पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने यह पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित किया है।

बिहार: RJD-कांग्रेस की बैठक संपन्न, महागठबंधन के CM उम्मीदवार पर तेजस्वी यादव ने दिया अहम बयान

बिहार में कांग्रेस और आरजेडी के मिलकर चनाव लड़ने के संकेत मिले हैं, लेकिन कांग्रेस का लहजा बता रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व के मन में कुछ और चल रहा है. जिस तरीके से राहुल गांधी आरजेडी के वोट बैंक पर धावा बोल रहे हैं, लगता नहीं कि तेजस्वी यादव को ये सब मंजूर होगा.

कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि बिहार विधानसभा का चुनाव वो महागठबंधन में आरजेडी के साथ ही लड़ेगी, लेकिन राहुल गांधी के ताबड़तोड़ दौरे, और बिहार कांग्रेस के नेताओं के बयान से संदेह पैदा होने लगा है. 

और, सबसे ज्यादा संदेह तेजस्वी यादव के महागठबंधन का नेता होने और मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कांग्रेस नेताओं का मीडिया के सवाल टाल जाना शक पर मुहर ही लगा रहा है – और यही वजह है कि दिल्ली में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मीटिंग महत्वपूर्ण हो जाती है. 

राहुल गांधी और बिहार कांग्रेस के नेताओं की बात और गतिविधियों पर ध्यान दें तो लगता है, किसी और रणनीति पर भी काम चल रहा है, जो बयानों से मेल नहीं खाता. 

दिल्ली के बाद बिहार में राहुल गांधी की दिलचस्पी और उसी लाइन पर गुजरात चुनाव की तैयारी, यही बताती है कि गठबंधन फाइनल न होने की सूरत में कांग्रेस बिहार चुनाव अकेले लड़ने के लिए, एक प्लान-बी पर भी काम कर रही है. 

दिल्ली से लेकर बिहार तक चुनावी बैठकों की तैयारी

राहुल गांधी के तीन बार के बिहार दौरे के बाद कांग्रेस और आरजेडी के बीच बैठकों का सिलसिला शुरू हो चुका है. 15 अप्रैल को दिल्ली में हुई मीटिंग के बाद, 17 और 20 अप्रैल को बिहार में ऐसी ही बैठकें होनी हैं. 

दिल्ली वाली मीटिंग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई है, जिसमें राहुल गांधी के साथ साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी शामिल हुए.  

बिहार चुनाव 2020 में भी शुरुआत ऐसे ही हुई थी. लेकिन बात नहीं बनी, और बाद में लालू यादव और प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप से चीजें फाइनल हो पाईं. तब कांग्रेस 70 सीटों पर चुनाव लड़ी थी, और 17 सीटें ही जीत पाई. कांग्रेस के स्ट्राइक रेट से तेजस्वी यादव काफी गुस्से में थे, और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी आरजेडी नेताओं के निशाने पर आ गये थे.

सावधान! यूपी बोर्ड परीक्षा में अंक बढ़ाने के लिए आ सकती है फर्जी काॅल।

आपके पास कॉल कर आपका अनुक्रमांक व जन्मतिथि बता सकते हैं साइबर ठग।

बहकावे में न आएं विद्यार्थी, कॉल आने पर अपने शिक्षकों को दें जानकारी।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा 2025 का परीक्षा परिणाम घोषित होने से पहले साइबर अपराधियों द्वारा विद्यार्थियों के पास उनके अंक बढ़ाने के लिए फर्जी कॉल की जा सकती हैं। जिसमें साइबर अपराधियों द्वारा विद्यार्थी की जन्म तिथि से लेकर उनका अनुक्रमांक तक बताया जा सकता है। ऐसे में कोई भी विद्यार्थी साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं। जिसमें विद्यार्थियों से साइबर ठगों द्वारा फोन के माध्यम से पैसों की डिमांड की जा सकती है, साथ ही ओटीपी के माध्यम से भी आपके साथ साइबर ठगी हो सकती है।
बोर्ड परीक्षा खत्म होने के बाद जहां यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपी में जांची जा चुकी हैं और यूपी बोर्ड जल्द से जल्द परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। वहीं इसी को देखते हुए साइबर ठगों ने भी अपना जाल बिछाना शुरू कर दिया है। पिछली वर्ष की भांति वह विद्यार्थियों के पास फर्जी कॉल कर पैसों की डिमांड कर सकते हैं।
साइबर ठगों द्वारा ठगी के नए-नए तरीके आजमाए जाते हैं। कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में नंबर बढ़ाने के लिए फर्जी कॉल की जा सकती है। साइबर ठगों द्वारा परीक्षा परिणाम से जुड़ी फर्जी कॉल छात्र और उनके अभिभावकों के पास उनके मोबाइल नंबर पर की जा सकती है। कॉल के माध्यम से उनके द्वारा फर्जी तरीके से आपके अंक भी बताए जा सकते हैं और कुछ अंक बढ़ाने के लिए पैसों की डिमांड की जा सकती है। यदि आपके पास इस प्रकार की कोई भी कॉल आती है तो उसकी सूचना अपने विद्यालय में शिक्षकों को दें, साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी जागरूक करें और फर्जी कॉलों से बचें।

विद्यार्थी इन बातों का रखें ध्यान…..

परीक्षा परिणाम से संबंधित अंक बढ़ाने के लिए कोई भी अज्ञात कॉल आपके पास आती है तो उसके झांसे में न आएं।
अपनी बैंकिंग जानकारी ओटीपी या अन्य कोई डिटेल न दें।
स्वयं विद्यार्थी या आपका बच्चा बोर्ड परीक्षा में शामिल हुआ है तो जागरुक होने की आवश्यकता है।
फर्जी कॉल आने पर इसकी सूचना तुरंत अपने विद्यालय के शिक्षकों को या विभागीय अधिकारियों को दें।

नागपुर में पीएम मोदी ने संघ के योगदान को सराहा, कहा – RSS पेड़ से बन गया वटवृक्ष, स्वयंसेवकों की प्रशंसा की

नागपुर दौरे पर पीएम मोदी ने आरएसएस संस्थापक डॉ. हेडगेवार को अर्पित की श्रद्धांजलि, दीक्षाभूमि जाकर डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी किया नमन; संघ मुख्यालय में कार्यक्रम के दौरान बोले – 100 साल पहले लगाया गया पेड़ अब वटवृक्ष बन चुका है

आरएसएस मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी

RSS के 100 साल पूरा होने पर दिया बयान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नागपुर दौरे पर हैं और इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मुख्यालय का भी दौरा किया। पीएम मोदी और आरएसएस का साथ वर्षों पुराना है और संघ के 100 साल पूरा होने पर पीएम मोदी आरएसएस के नागपुर मुख्यालय पर पहुंचे और स्वयंसेवकों की जमकर तारीफ की।

आरएसएस के बारे में क्या कहा?

पीएम मोदी ने आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार और गुरुजी गोलवलकर को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संघ का 100 साल पहले बोया गया पेड़ अब वटवृक्ष बन गया है। उन्होंने कहा कि इसी साल आरएसएस की गौरवशाली यात्रा का 100 साल पूरे हो रहे हैं और इस अवसर पर मुझे स्मृति मंदिर जाकर पूज्य डॉ. साहब और पूज्य गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य मिला है।

पीएम मोदी ने डॉ. हेडगेवार और एमएस गोलवलकर के प्रभाव को स्वीकार करते हुए कहा, “मेरे जैसे अनगिनत लोग परम पूज्य डॉक्टर साहब और पूज्य गुरुजी के विचारों से प्रेरणा और शक्ति प्राप्त करते हैं। इन दो महान लोगों को श्रद्धांजलि देना सम्मान की बात है, जिन्होंने एक मजबूत, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली भारत की कल्पना की थी।”

अपने नागपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की आधारशिला भी रखी। पीएम मोदी के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत अन्य नेता भी मौजूद थे।