बच्चों के उज्ज्वल भविष्य में अभिभावकों के साथ शिक्षकों की भूमिका अहमः महबूब अली।

बोले- जैसे भोजन से शरीर, वैसे ही शिक्षा से होता है व्यक्तित्व का निर्माण।

कहा- देश की नींव बच्चों से, शिक्षक-अभिभावक मिलकर निभाएं दायित्व।

प्रवाह ब्यूरो
अमरोहा। शनिवार को सिनौरा रोड स्थित एक स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अमरोहा सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश लोक-लेखा समिति के सभापति महबूब अली ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि बच्चों को संवारने और आने वाले कल के लिए तैयार करने की जितनी जिम्मेदारी अभिभावकों की है, उतनी ही जिम्मेदारी शिक्षकों की भी है। लिहाजा, हर शिक्षक निष्ठापूर्वक अपनी इस जिम्मेदारी का निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि जैसे स्वास्थ्य निर्माण के लिए भोजन की आवश्यकता होती है, ठीक उसी प्रकार व्यक्तित्व निर्माण के लिए शिक्षा अनिवार्य है। शिक्षा ही बच्चों को संस्कार, अनुशासन और सही दिशा प्रदान करती है।
महबूब अली ने कहा कि बच्चे देश की नींव हैं और उनके सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी केवल अभिभावकों की ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की भी है। शिक्षक और अभिभावक यदि मिलकर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें, तो बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होने के साथ ही देश का भविष्य भी मजबूत होगा। श्री अली ने सभी से बच्चों की शिक्षा और संस्कारों पर विशेष ध्यान दे, मेहनत व लगन से पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में पढ़ाई का बहुत महत्व है, इसलिए खूब मेहनत और लगन के साथ पढाई करें। बोले जीवन में आपके समक्ष बहुत सी चुनौतियां आएंगी। लेकिन, आपका दृढ़ आत्मविश्वास होना चाहिए। तभी जीवन में आने वाली बड़ी से बड़ी बाधा को पार करते हुए सफलता को हासिल किया जा सकता है। इस दौरान बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जहां प्रधानाचार्या ने भी स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढकर सुनाई और बच्चों को निरंतर नवीन ज्ञानार्जन हेतु प्रेरित किया।
बता दें कि अमरोहा सदर विधायक, पूर्व मंत्री एवं उत्तर प्रदेश लोक-लेखा समिति के सभापति महबूब अली समाज सेवा के क्षेत्र में भी सदैव सक्रिय रहते हैं और बच्चों के प्रति विशेष लगाव के लिए जाने जाते हैं। वे समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

विधायक महबूब अली को पार्टी में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का बेहद करीबी माना जाता है। राजनीतिक हो या सामाजिक कोई भी मुद्दा, वे उस पर स्पष्ट और बेबाक वक्तव्य देने के लिए न सिर्फ जनपद बल्कि पूरे प्रदेश में प्रख्यात हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जुल्फिकार अली, जिला पंचायत सदस्य हाजी मुंशाद अली, डॉ. जी नीट/जेईई क्लासेस के एमडी-सीईओ मोहम्मद आमिर, अशरफ अली, गय्यूर गाजी, हाजी बाबू, महताब अली, मोहम्मद आमिर, मास्टर अनादिल, नवाब मलिक, मोहम्मद आक्कि, साकिब अली, आसिफ अली आदि मौजूद रहे।

संभल पहुंचे प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति, केन्द्रीय बजट को बताया विकास का मजबूत आधार।

गिनाईं बजट की खूबियां बोले- देशहित में ऐतिहासिक बजट।

स्वीकृत एम्स को लेकर बड़ा संकेत, बोले- बेहतर लोकेशन पर स्थापित होगा एम्स।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पहुंचे मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने केन्द्रीय बजट की जमकर सराहना की। शनिवार को बहजोई स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यह बजट देशहित में ऐतिहासिक है जो विकास का मजबूत आधार साबित होगा।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बजट की खूबियां गिनाते हुए कहा कि केन्द्रीय बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए किए गए प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट न सिर्फ वर्तमान जरूरतों को पूरा करता है, बल्कि भविष्य की मजबूत नींव भी रखता है।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि केन्द्रीय बजट लाजवाब है और इससे प्रदेश सहित पूरे देश में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
धर्मवीर प्रजापति, प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा ने बजट पर आगे बोलते हुए कहा कि यह बजट में प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और स्वयंसेवकों के मानदेय व सुविधाओं में सुधार पर विशेष जोर दिया गया है। 12 लाख तक की आय पर टैक्स फ्री के लिए सरकार ने उत्कृष्ट कदम उठाया है। साथ ही विदेश यात्रा को सुलभ बनाने के लिए यात्रा पर विशेष छूट का भी प्रावधान किया गया है।
इस बजट में किसानों के लिए एआई टूल से उन्नत कृषि का प्रावधान सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही 17 दवायें जो अत्यधिक महंगी थी जिनमें सीमा शुल्क को घटकर शून्य किया गया है जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए यूपी में गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा पश्चिमी यूपी में स्वीकृत AIMS पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल पर बोलते हुए कहा कि सरकार जहां इसे प्रतिस्थापित करना बेहतर समझेगी वहां ही इसका निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू,
पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व मंत्री अजीत कुमार राजू, बहजोई चेयरमैन राजेश शंकर राजू के अलावा प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एसिड की अवैध बिक्री रोकने को मिशन शक्ति टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन।

◆ कैला देवी चौराहे पर दुकानों पर टीम प्रभारी आंचल सिद्धू के नेतृत्व में चला अभियान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के कैला देवी थाना क्षेत्र के खास कैला देवी चौराहे पर मिशन शक्ति शक्ति टीम प्रभारी आंचल सिद्धू के नेतृत्व में ऑपरेशन शील्ड विशेष अभियान के तहत एसिड की अवैध बिक्री एवं वितरण को रोकने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके साथ ही दुकानदारों को एसिड की अवैध बिक्री नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक आंचल सिद्धू के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन शील्ड विशेष अभियान के तहत कैलादेवी चौराहे पर स्थित कई दुकानों पर एसिड की अवैध बिक्री और वितरण को रोकने को लेकर सर्च ऑपरेशन किया गया। जहां दुकानदारों से भी पूछताछ की गई तथा दुकानों में जाकर एसिड की तलाशी ली गई।
साथ ही सभी दुकानदारों को एसिड की अवैध बिक्री नहीं करने को लेकर जागरूक किया गया। एसिड की अवैध बिक्री करने पर संबंधित कार्यवाही के बारे में भी अवगत कराया।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला उप निरीक्षक आंचल सिद्धू ने बताया कि ऑपरेशन शील्ड विशेष अभियान के तहत एसिड की अवैध बिक्री एवं वितरण को रोकने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया गया है तथा इसके संबंध में अवैध बिक्री नहीं करने को लेकर दुकानदारों को जागरूक किया गया है।
इस दौरान महिला कांस्टेबल पूजा तथा ममता उपस्थित रहीं।

पंचायत चुनाव तय समय पर, टलने की अफवाहों पर लगा विराम।

पंचायती राज मंत्री का इशारा आगामी अप्रैल मई में ही करा लिए जाएंगे चुनाव।

◆ बोले- पंचायत चुनाव के लिए चुनाव आयोग और प्रशासन पूरी तरह से तैयार।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनाव को लेकर फैल रही टलने की अफवाहों पर अब विराम लग गया है। हाथरस में पंचायती राज मंत्री ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा है कि पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे। पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासन पूरी तरह से तैयार हैं। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा लगातार की जा रही है और किसी भी स्तर पर कोई बाधा नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव टलने की बातें केवल अफवाह हैं, जिनका कोई आधार नहीं है।
मंत्री के इस बयान के बाद पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है और ग्रामीण स्तर पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
बता दें कि हाथरस में एक कार्यक्रम के दौरान पंचायती राज मंत्री ओपी राजभर ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव के लिए चुनाव आयोग और प्रशासन पूरी तरह तैयार है। चुनाव की सभी जरूरी तैयारियां हो चुकी हैं। मंत्री ने बताया कि चुनाव में इस्तेमाल होने वाले बैलेट पेपर पहले ही सभी जिलों में पहुंचा दिए गए हैं। जिससे चुनाव प्रक्रिया में कोई देरी नहीं होगी। ओपी राजभर ने वोटर लिस्ट के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अपडेट करने का काम तेजी से चल रहा है। वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन मार्च 2026 में कर दिया जाएगा। इसका मतलब है कि मार्च तक सभी नए और पुराने मतदाताओं के नाम अंतिम रूप से सूची में शामिल हो जाएंगे। इससे कोई भी पात्र मतदाता चुनाव में वोट डालने से वंचित नहीं रहेगा।
मंत्री ने सबसे महत्वपूर्ण बात बताई कि यूपी पंचायत चुनाव अप्रैल और मई 2026 के महीनों में करा लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया इन दो महीनों में पूरी हो जाएगी। मतदान, मतगणना और नतीजे इसी समय तक आ जाएंगे। इससे ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के नए प्रतिनिधि चुने जा सकेंगे।
जहां पिछले कुछ समय से यूपी में पंचायत चुनाव टलने की खूब अटकलें लग रही थीं। कुछ लोग कह रहे थे कि चुनाव नहीं होंगे या काफी देर से होंगे। जहां अब राजभर ने इन सभी अफवाहों को साफ तौर पर खारिज करते हुए लोगों में भ्रम की स्थिति को खत्म कर दिया है।

युवक की संदिग्ध मौत: नीम के पेड़ से लटका मिला शव।

◆ दो सप्ताह पूर्व हरियाणा से लौटा था युवक, मौसी के घर से लौटने के बाद उठाया कदम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। मंगलवार सुबह जनपद संभल के थाना धनारी क्षेत्र के गढ़ा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने गांव के बाहर नीम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक युवक करीब दो सप्ताह पूर्व ही हरियाणा से घर लौटा था। परिजनों ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले वह अपनी मौसी के घर गया था और वहां से लौटने के बाद यह घटना सामने आई।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय भूपेंद्र सिंह पुत्र जमुना सिंह के रूप में हुई है। भूपेंद्र सिंह 14 दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम से अपने गांव लौटा था, जहां वह चाट-पकौड़ी का ठेला लगाता था। दो दिन पहले वह जुनावई क्षेत्र के गांव रिवाड़ा अपनी मौसी के घर गया था। सोमवार शाम करीब 4 बजे वह गांव लौट आया था और देर शाम घर से यह कहकर निकला कि थोड़ी देर में आता हूं, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
जहां मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उसका शव जंगल में नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और शव को घर ले गए।
मृतक के भाई बहादुर सिंह ने बताया कि भूपेंद्र उनका छोटा भाई था और गुरुग्राम में ठेली लगाता था। उन्होंने कहा कि उनका किसी से कोई झगड़ा नहीं है और उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उनके भाई ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
घर में हुई जवान मौत के चलते मृतक की मां जयवंती देवी और अन्य परिजनों में शोक का माहौल है। भूपेंद्र के चार भाई (बहादुर सिंह, श्रीपाल सिंह, जीतपाल सिंह) जबकि दो बहनें (रामवती, क्रांति) हैं।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का कोई मामला अभी संज्ञान में नहीं आया है। यदि किसी की ओर से कोई शिकायत प्राप्त होती है, तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

‘कल्कि संभल’ से फिर सुर्खियों में अमित जानी, पोस्टर किया रिलीज।

🔸 संभल में हुए दोनों दंगों पर आधारित है पूरी फिल्म की कहानी।

🔸 विजय राज और महेश मांजरेकर का पोस्टर मेंदिखा दमदार लुक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। ‘कल्कि संभल’ से एक बार फिर अमित जानी सुर्खियों में आ गए हैं। फिल्म का पोस्टर रिलीज होते ही इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पूरी फिल्म की कहानी संभल में हुए दोनों दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। पोस्टर में अभिनेता विजय राज और महेश मांजरेकर दमदार और गंभीर लुक में नजर आ रहे हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
तो वहीं कल्कि संभल’ का निर्देशन भी भरत एस श्रीनेत कर रहे हैं, जबकि प्रोडक्शन की जिम्मेदारी अमित जानी के पास है। अमित जानी इससे पहले अपनी फिल्म उदयपुर फाइल्स को लेकर विवादों में रहे हैं, जिस वजह से कल्कि संभल को लेकर भी बहस और चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पहला पोस्टर किरदारों की पहचान स्थापित करने के लिए रिलीज किया गया है, ताकि दर्शक कहानी से पहले किरदारों से जुड़ सकें।
अमित जानी ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह फिल्म साल 1978 के संभल दंगों पर आधारित है और इसे साल 2024 से जोड़कर दिखाया जाएगा। फिल्म में दो मुख्य खलनायक किरदार हैं। पहले किरदार का नाम अब्बाजान है, जिस पर साल 1978 में राजनीतिक फायदे के लिए दंगे भड़काने का आरोप लगाया गया था। इस किरदार में एक्टर महेश मांजरेकर नजर आएंगे। तो वहीं, दूसरे महत्वपूर्ण किरदार का नाम भाईजान है, जो अब्बाजान का पोता है। इस रोल में विजय राज दिखाई आएंगे, जिन पर कहानी के अनुसार 2024 में संभल में हिंसा फैलाने का आरोप दिखाया जाएगा। फिल्म में एक और अहम किरदार, संभल के एसपी कृष्ण बिश्नोई का है। इस भूमिका को एक मशहूर एक्टर अभिनेता निभा रहे हैं, लेकिन मेकर्स ने अभी उनकी पहचान गुप्त रखी है। बताया जा रहा है कि अगले पोस्टर में इस किरदार का खुलासा किया जाएगा।
फिल्म संभल के ऐतिहासिक और वर्तमान दंगों को केंद्र में रखकर सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों को उठाती दिख रही है। ऐसे में मेकर्स का दावा है कि फिल्म किरदारों की गहराई और उनकी पृष्ठभूमि पर फोकस करेगी फिल्म की रिलीज डेट और अन्य डिटेल्स जल्द ही अनाउंस होने की उम्मीद है।

माघ पूर्णिमा पर धर्ममय हुई सिंघौली कल्लू, निकली शोभायात्राएं।

भव्य भंडारे के साथ हुआ भक्तों का भोज, बरसे रंग, गुलाल व फूल।

◆ शोभा यात्रा में निकाली गईं भव्य, मनमोहक झांकियां, घोडी नृत्य रहा आकर्षण का प्रमुख केंद्र।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। माघ पूर्णिमा के सुअवसर पर शनिवार को भक्तों एवं ग्रामवासियों ने प्रभातफेरियां व शोभायात्राएं निकालीं। जिनमें भव्य झांकियों को भी शामिल किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालूजन डीजे और भव्य झांकियां के साथ संगीतमय धुन पर भजन कीर्तन में झूमते दिखे। माघ मास के अंतिम दिन पूर्णिमा से एक दिन पूर्व भंडारे, शोभायात्रा निकाले जाने की श्रृंखला में ग्रामवासियों व प्रभात फेरी के भक्तों ने गांव में शोभायात्रा निकाली। जो गांव के मुख्य मंदिर से प्रारंभ होकर गांव की समस्त गलियों में प्रभात फेरी की तरह ही घूमते हुए ही हनुमान मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई।
शनिवार को सिंघौली कल्लू के प्राचीन मंदिर पर माघ पूर्णिमा के सुअवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर पर भक्तों का जमावड़ा शुरू हो गया। बाल रूप में बने राम, लक्ष्मण, सीता की शोभायात्रा भव्यता के साथ पूरे गांव में घुमाई गई। हाथों में जय श्री राम के झंडों के साथ गले में रामनामी दुपट्टा और माथे पर तिलक चंदन किए भक्त शोभायात्रा में झूम रहे थे। शोभायात्रा गांव के प्राचीन मंदिर से आरंभ होकर पूरे गांव में घुमाते हुए हनुमान मंदिर पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। तदुपरान्त धार्मिक अनुष्ठानों और वेद मंत्रों के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण को भोग लगाकर उनकी पूजा अर्चना की गई। 
इस अवसर पर प्रभात फेरी वाले भक्तों में जबरदस्त उत्साह दिखा। झांकियों में लोग सड़कों पर उतरे और शोभा यात्रा में बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान हरि बोल, जय श्री राम व राधे-राधे के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। शोभा यात्रा के दौरान राम-कृष्ण के भजनों पर भक्त जमकर थिरके। गांव के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी माहौल किसी महोत्सव सा प्रतीत हो रहा था। शोभा यात्रा के दौरान साथ चल रहे श्रद्धालुओं एवं भक्तों को प्रसाद भी वितरण किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने बालरूप राम सीता और लक्ष्मण के दर्शन कर खुद को सौभाग्यशाली माना। इतना ही नहीं धूमधाम से निकाली गई भगवान स्वरूप झांकियों की शोभा यात्रा क्षेत्र में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।
इस अवसर पर मा. ओमप्रकाश शर्मा, डां. तिलक, महावीर शर्मा भगतजी, गजेंद्र शर्मा, श्याम सुंदर, कोमिल प्रसाद, गोलू शर्मा, रामप्रकाश फौजी, अनुज, अतुल, सोनू शर्मा, प्रशांत शर्मा, महेश गौड, अंकित डीजे वाले के साथ-साथ अनेकों संत-महात्मा एवं सैकड़ो की संख्या में भक्त मौजूद रहे।

संभल के पहलवडा में चुनावी रंजिश को लेकर चली गोली, प्रधान की सास की मौत।

◆ सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे एसपी कृष्ण बिश्नोई, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की पुलिस की 3 टीमें।

◆ शुक्रवार की रात हुई घटना, दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बबराला के थाना क्षेत्र के पहलवड़ा गांव में शुक्रवार रात चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग में ग्राम प्रधान की सास की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी कृष्ण बिश्नोई मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायल युवक का उपचार जारी है।
गांव पहलवाड़ा में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। जहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये।
कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान ग्राम प्रधान मीरा देवी की सास प्रेमवती (52) के सीने में गोली जा लगी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरे पक्ष के देवेश (26) के कान में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसको परिजनों ने उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही बबराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया कि गांव पहलवाड़ा में गोली लगने से एक महिला की मौत मौत हो गई। जहां फोरेंसिक जांच के साथ तीन टीमें लगाई गई हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। विधिक कार्रवाई जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जुगल किशोर महाविद्यालय में हिंदू सम्मेलन आज, मौजूद रहेंगी मीनाक्षी सहरावत।

◆ हिंदू सम्मेलन में महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश व रामानंद गिरी महाराज रखेंगे विचार, तो गायक विजेंद्र राणा देंगे अपनी प्रस्तुति।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गवां स्थित जुगल किशोर महाविद्यालय में आज हिंदू महा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें मुख्य वक्ता मीनाक्षी सहरावत व मुख्य अतिथि विभाग के प्रचारक संभल शरद और विशिष्ट अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश जी महाराज तथा स्वामी रामानंद गिरी जी महाराज उपस्थित रहेंगे साथ ही अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और गायक विजेंद्र राणा भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा बताया गया कि हिंदुओं को एकजुट रहने तथा सामाजिक समरसता को लेकर विशेष रूप से स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करने स्वदेशी भाषा और भोजन के बारे में भी चर्चा की जाएगी। साथ ही जातिवाद छोड़कर सभी को हिंदुत्व चेतना को आगे बढ़ाते हुए एकजुट रहने की अपील की जाएगी।
गवां स्थित जुगल किशोर महाविद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक संभल शरद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

हिंदू सम्मेलन में गूंजा स्वदेशी का संदेश, वेशभूषा, भाषा और भोजन पर हुई चर्चा।

◆ हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर रूपेंद्र जी महाराज बोले- हिंदू कभी हिंसा नहीं करता।

संभल के रामगिरी बाबा की मढ़ी पर हुआ हिंदू सम्मेलन, आरएसएस के मेरठ प्रांत बौद्धिक प्रमुख ने भी रखे विचार।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल के गुन्नौर तहसील क्षेत्र के रामगिरी बाबा की मढ़ी तुमरिया खादर में आयोजित किए गए विराट हिंदू सम्मेलन में मेरठ प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बौद्धिक प्रमुख कृष्ण कुमार ने स्वदेशी वेशभूषा, भोजन तथा भाषा को लेकर विस्तार से हिंदुओं को समझाया तथा संघ के पांच प्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी तो वहीं हरिद्वार से आए महामंडलेश्वर उपेंद्र जी महाराज ने हिंदुओं को एकजुट रखने पर जोर दिया।
क्षेत्र के तुमरिया खादर स्थित रामगिरी बाबा की मढ़ी पर आयोजित किए गए विराट हिंदू सम्मेलन में मेरठ प्रांत के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बौद्धिक प्रमुख कृष्ण कुमार ने संघ के पांच प्रण स्वदेशी भोजन, स्वदेशी वेशभूषा, स्वदेशी भाषा तथा नागरिक कर्तव्य, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण ,सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी और हिंदुओं को एकजुट रहते हुए इन्हीं पर चलने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि हमें स्वदेशी वेशभूषा में ही रहना चाहिए तथा स्वदेशी भाषा का ही प्रयोग करना चाहिए। साथ ही अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए स्वदेशी भोजन का ही इस्तेमाल करें और सभी एकजुट रहते हुए अपने पर्यावरण को सुरक्षित रखें।
हरिद्वार से आई महामंडलेश्वर रूपेंद्र जी महाराज ने कहा कि हिंदू कभी किसी के साथ हिंसा नहीं करता, साथ ही हिंसा की बर्दाश्त भी नहीं करता। उन्होंने कहा कि हिंदू अपने देश की रक्षा के लिए प्राण गवांता है, सर्वजन हिताय जीवन जिसका, वही हिंदू कहलाता है।
रूपेंद्र जी महाराज ने कहा कि जब धर्म की हानि होती है, तब कभी श्री राम तो कभी श्री कृष्ण ने पृथ्वी पर दुष्टों का संघार करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग सौभाग्यशाली हैं कि आने वाले समय में भगवान कल्कि का अवतार आपके संभल में ही होगा।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर डॉ. राजकुमार वैदिक ने कहा कि सभी हिंदू भाई-भाई हैं, कोई भी ऊंचा नीचा नहीं है। यह बात सभी को समझनी होगी।
जहां कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया जिसमें राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक तथा हिंदुत्व की चेतना को लेकर प्रस्तुतियां दी गईं। सम्मेलन का आयोजन न्याय पंचायत बसंतपुर से जुड़े 12 गांवों के प्रमुख लोगों द्वारा बनाई गई आयोजन समिति द्वारा कराया गया।
इस दौरान डा. राजकुमार वैदिक, नीरज यादव, रक्षपाल राय साहब, प्रेम कुमार, श्यौराज सिंह, धरमल, अजीत कुमार, सतीश कुमार, राजू, काम सिंह, रजनेश तुमरिया, मोहरपाल सिंह, देवेंद्र कुमार, उदयवीर सिंह, देवेंद्र यादव, राजवीर, महेश, मदन, मोहित यादव, महेश अन्नु आदि के साथ हजारों लोग उपस्थित रहे।