कुशल कार्यशैली के लिए चर्चित डीएम संभल ने एसपी संग सीएम योगी से की शिष्टाचार भेंट।

सीएम योगी से सौजन्य भेंट के बाद फिर सुर्खियों में डीएम संभल।

प्रदेश में संभल जनपद को कई क्षेत्र में अव्वल बनाने व अपनी प्रशंसित कार्यशैली के लिए देशभर में चर्चित हैं डीएम डा. राजेंद्र पैंसिया।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। जनपद को कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ दिलाने वाले और अपनी प्रशंसित कार्यशैली के लिए देशभर में चर्चित जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने शुक्रवार को संभल पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री निवास पर हुई इस सौजन्य भेंट के दौरान जिले में चल रही विकास योजनाओं, कानून–व्यवस्था की स्थिति तथा भविष्य की प्राथमिकताओं पर सार्थक चर्चा हुई। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने जिले में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों व संभल प्रशासन द्वारा पारदर्शिता और दक्षता के साथ किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। इस अवसर पर डीएम व एसपी ने मुख्यमंत्री योगी को पंचमुखी हनुमान जी की मूर्ति भी भेंट की।
बता दें कि डीएम डॉ. पैंसिया अपनी कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता, नवाचारों के प्रति झुकाव और जनहित के प्रति सक्रियता के कारण लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं। उनके नेतृत्व में संभल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास, स्वच्छता और प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
सीएम योगी से हुई इस भेंट के बाद डॉ. पैंसिया और एसपी की जोड़ी एक बार फिर जिले और प्रदेश की प्रशासनिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है।

बाल दिवस : एक दिन की प्रधानाचार्य बनीं 11वीं की छात्रा प्रेमलता।

एक से 12वीं तक की सभी कक्षाओं के बच्चों में से ही बने कक्षा अध्यापक।

◆ कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में मनाया बाल दिवस।

प्रधानाचार्य बनीं प्रेमलता ने परखीं स्कूल की व्यवस्था व शिक्षण स्थिति।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल तहसील क्षेत्र के कैला देवी स्थित बाबा रतन गिरी आदर्श इंटर कॉलेज में बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को उनके अधिकारों तथा जिम्मेदारियां से अवगत कराते हुए कक्षा 11वीं छात्रा प्रेमलता को एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया। जहां प्रेमलता ने एक दिन की प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्त होकर स्कूल की व्यवस्था परखी तथा शिक्षण कार्य की स्थिति को देखा और कक्षा में पहुंचकर बच्चों से किसी प्रकार की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अपना दायित्व निभाया।

कैला देवी के बाबा रतन गिरी आदर्श इंटर कॉलेज में बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने एक दिन के लिए अपना त्यागपत्र देकर कक्षा 11 की छात्रा कुमारी प्रेमलता को एकदिवसीय प्रधानाचार्य नियुक्त किया एवं 11वीं की छात्रा प्रेमलता ने सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए अपना पदभार ग्रहण किया तथा स्कूल की व्यवस्था को देख सभी शिक्षकों को समस्या से अवगत कराया तथा शिक्षण पद्धति को मजबूत करने के लिए अपना पत्र लिखा और कक्षा में पहुंचकर शिक्षण कार्य की पद्धति को देखा और सभी बच्चों से समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इतना ही नहीं इस दौरान बीते वर्ष 12वीं कक्षा पास कर चुके एक विद्यार्थी के टीसी लेने आने पर अपने हस्ताक्षर कर स्थानांतरण पत्र काट कर दिया। सभी शिक्षकों ने अपनी अपनी कक्षाओं में एक दिन के लिए छात्र-छात्राओं में से ही कक्ष निरीक्षक बनाया तथा दिनभर उन्हीं को कक्षा की जिम्मेदारी सौंपते हुए अन्य बच्चों ने भी एक शिक्षक की तरह सभी बच्चों को पढ़ाया।

जहां बीच-बीच में बच्चे शिकायत करने भी नई प्रधानाचार्य प्रेमलता के पास आते रहे और वह समस्याओं का निस्तारण करती रहीं।
बातचीत के दौरान प्रेमलता ने बताया कि मुझे एक दिन का प्रधानाचार्य बनाया तो मैं अपनी जिम्मेदारी को निभाते हुए समस्याओं को देखते हुए उनके निस्तारण की मांग की है। इसके लिए विद्यालय प्रधानाचार्य तथा सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करती हूं।
जहां विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने एक दिन का इस्तीफा देकर सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस के बारे में तथा उनके अधिकारों को लेकर जानकारी दी।

बदायूं में विद्यार्थियों ने जानी पुलिस की कार्यशैली।

एसपीइएल फेज-2 के तहत कार्यक्रम आयोजित कर दी जानकारी।

अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी छात्राओं को कार्यक्रम आयोजित कर समझाया।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा बदायूं पुलिस लाइन सभागार कक्ष में पुलिस एक्सपीरियंशल लर्निंग प्रोग्राम के तहत कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और सामाजिक उत्तरदायित्व के बारे में जानकारी दी गई तथा यातायात नियमों के बारे में भी समझाया गया।
गुरुवार को बदायूं के राजकीय महाविद्यालय तथा गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय और गोविंद बल्लभ पंथ महाविद्यालय के विद्यार्थियों को पुलिस ने पुलिस की कार्यप्रणाली और भीड़ नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया।
स्टूडेंट पुलिस एक्सपेरिमेंटल लर्निंग कार्यक्रम के उद्देश्य से स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग की संरचना और कर्तव्य से एक इंटर्न की तरह परिचित किया जाना तथा विद्यार्थियों के संज्ञानात्मक कौशल और लोक कौशल में सुधार लाने हेतु जानकारी दी गई।
कानून और अपराधिक अनुसंधान, आपराधिक प्रक्रिया तथा यातायात नियंत्रण,साइबर क्राइम और मानव तस्करी तथा कानून व्यवस्था जैसे विषयों पर समझ विकसित करने के उद्देश्य से सामान्य पुलिसिंग संबंधी आधारभूत ज्ञान, नशा उन्मूलन संबंधी जानकारी देते हुए संबंधी जानकारी दी गई।
अपर पुलिस महानिदेशक एल.वी. एंटनी देव कुमार द्वारा प्रशिक्षित छात्रों से संवाद स्थापित करते हुए उनके अनुभवों के बारे में चर्चा की और सुझावों को सुना।
साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों से अवगत कराया।
जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं बृजेश कुमार सिंह के साथ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपेरिमेंटल लर्निंग प्रोग्राम फेस टू के तहत राजकीय महाविद्यालय बदायूं, बिन्दो देवी महिला महाविद्यालय बदायूं तथा गोविंद बल्लभ पंत महाविद्यालय बदायूं के विद्यार्थियों को पुलिस कार्यप्रणाली और भीड़ नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही यातायात प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया।

चार्टेड प्लेन में विधायक ब्रजेश यादव को साथ ले गए अखिलेश यादव।

कार्यकर्ताओं में विधायक ब्रजेश यादव को मजबूत बनाने की खुशी।

जनहित कार्यों में सक्रिय रहने के साथ-साथ क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं सहसवान विधायक।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बरेली के निजी कार्यक्रम में सम्मिलित होने आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बदायूं के सहसवान विधायक बृजेश यादव को अपने साथ चार्टर्ड प्लेन में ले जाने से कार्यकर्ताओं में जहां खुशी दिखाई दी तो वहीं कार्यकर्ता इसे मजबूत राय के साथ देख रहे हैं।
सूत्रों के माने तो समाजवादी पार्टी बदायूं में बड़े नेताओं के दो गुटों में होने के चलते बीते दिनों सोशल मीडिया पर टिकट कटने को लेकर एक अफवाह फैलाई गई थी। जहां कार्यकर्ताओं में तरह-तरह के विचार सामने आए थे।
शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हिमांशु और सहसवान विधानसभा विधायक ब्रजेश यादव का टिकट कटने को लेकर फैलाई गई अफवाह को देखते हुए जहां कार्यकर्ता समर्थक मायूस हुए तो वहीं जिलाध्यक्ष को छोड़कर बदायूं जनपद की कार्यकारिणी को राष्ट्रीय अध्यक्ष की संतुति पर तत्काल प्रभाव से पर भंग कर दिया गया था।
निजी कार्यक्रम में बरेली पहुंचे अखिलेश यादव तो वहां कार्यक्रम में बदायूं के सहसवान विधानसभा से सपा विधायक ब्रजेश यादव भी मौजूद थे। जहां अन्य बड़े दिग्गज नेता भी सम्मिलित हुए थे।
कार्यक्रम से जाते समय सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव विधायक ब्रजेश यादव को अपने साथ चार्टेड र्प्लेन में लखनऊ ले गए। इसी को लेकर समर्थक और कार्यकर्ताओं में खुशी बढ़ गई जहां स्थानीय लोगों में उनके कद व लोकप्रियता को और अधिक बढ़ने को लेकर समर्थकों में खुशी का माहौल है।
बता दें कि सहसवान विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक ब्रजेश यादव जनहित के मुद्दों और क्षेत्रीय विकास कार्यों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं। जनता से सीधे संवाद, समस्याओं की पहचान और उनके समाधान को प्राथमिकता देने की उनकी कार्यशैली पूर्व से ही क्षेत्र में सराही जाती रही है। इतना ही नहीं सहसवान विधायक जनसुनवाई कार्यक्रमों, क्षेत्रीय दौरों और ग्रामीण संपर्कों के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुनते हैं और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर समाधान हेतु भरसक प्रयास करते हैं।
सहसवान क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए वे समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के साथ बैठकें आयोजित करते रहतें हैं। ब्रजेश यादव सदैव कहते हैं कि अगर मेरे क्षेत्र सहसवान की जनता ने मुझे भरोसा देकर विधानसभा भेजा है तो इस भरोसे भी पर खरा उतरना अब ही मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

यूपी पहुंची धीरेंद्र शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा में एएसपी अनुज चौधरी ने संभाला सुरक्षा का जिम्मा।

गुरुवार को मथुरा में प्रवेश हुई पदयात्रा में सुरक्षा के कड़े इंतजामात के चलते यूपी पुलिस के साथ आरएएफ, पीएससी भी रही तैनात।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजामात देख पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एएसपी को किया सैल्यूट।

प्रवाह ब्यूरो
मथुरा। गुरूवार को बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की सनातन जोड़ो पदयात्रा यूपी की सीमा में प्रवेश कर मथुरा पहुंच गई। जहां पुष्प वर्षा कर सभी सनातनियों का स्वागत किया गया। पदयात्रा का भव्य स्वागत बॉर्डर कोसी कोटवन पर किया गया, जहां एएसपी अनुज चौधरी ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने बताया कि जोन और सेक्टर स्कीम के तहत, ड्रोन से पूरी यात्रा पर नजर रखी जा रही है। आरएएफ, पीएसी और खुफिया एजेंसियों के साथ-साथ सिविल फोर्स भी बड़ी संख्या में तैनात है।
बता दें कि बीते 7 नवंबर को दिल्ली के छतरपुर में कात्यायनी माता मंदिर से शुरू हुई बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन पदयात्रा में भक्तों की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने के लिए रूट डायवर्जन प्लान भी जारी किया जा चुका है। सनातन पदयात्रा में भगवान राम की नगरी अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर में महंत राजू दास भी 7 नवंबर को यात्रा की शुरुआत से ही धीरेंद्र शास्त्री के साथ हैं। गुरुवार को मथुरा में एसीपी अनुज चौधरी ने धीरेंद्र शास्त्री की यात्रा को रिसीव किया।

16 नवंबर को सनातन पदयात्रा वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर पहुंचेगी और वहीं पर इसका समापन होगा। मथुरा में यह पदयात्रा चार दिनों में करीब 55 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पदयात्रा में लगभग एक लाख भक्त शामिल हैं, जो ढोल-नगाड़े बजाते हुए, राम-सीता और हनुमान की वेशभूषा में यात्रा में शामिल हुए हैं।
सनातन एकता यात्रा की सुरक्षा को लेकर बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को लगाया गया है। एसीपी अनुज चौधरी ने मथुरा सीमा पर यात्रा की अगवानी की। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को देखकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी उन्हें सैल्यूट करते दिखाई दिए।
यूपी के मथुरा में सनातन यात्रा के प्रवेश पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि यह एक वैचारिक यात्रा है। हिंदुओं की एकता की यात्रा है। हम देश में दंगा नहीं, गंगा चाहते हैं। बम फोड़ने वाले नहीं, नारियल चढ़ाने वाले चाहते हैं। पदयात्रा में 108 बटुक ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन किया, 21 ब्राह्मणों ने एक साथ शंखनाद किया और गोस्वामी परिवार की 11 सौभाग्यवती महिलाओं ने बाबा की आरती उतारी। गुरुवार को ब्रज की सीमा में प्रवेश के बाद यह पदयात्रा 16 नवंबर को मथुरा की सीमा में ही करीब 55 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद वृंदावन पहुंचेगी। जहां छठीकरा मार्ग स्थित चार धाम के पास विशाल मैदान में इसे संत सम्मलेन के रूप में परिवर्तित किया जाएगा।
सम्मेलन के बाद बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री बांके बिहारी के दर्शन करेंगे। बाबा की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। पदयात्रा के चलते जनपद में सकुशल यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 16 नवंबर तक दिल्ली-आगरा हाईवे को वन-वे कर दिया गया है। आगरा से दिल्ली जाने वाले मार्ग से ही वाहन आ सकेंगे। जोन और सेक्टर स्कीम के तहत, ड्रोन से पूरी यात्रा पर नजर रखी जाएगी। साथ ही मथुरा के लिए जारी किए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान के मुताबिक, ग्वालियर और भरतपुर से मथुरा की तरफ जाने वाली गाड़ियां रैपुरा जाट अंडरपास से यूटर्न लेने के बाद आगरा के कुबेरपुर कट से होकर यमुना एक्सप्रेसवे के लिए जाएंगी।
फिरोजाबाद और कानपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाली गाड़ियां भी यमुना एक्सप्रेसवे से ही निकाली जाएंगी। इसके अलावा जो गाड़ियां हाथरस और अलीगढ़ की तरफ से आएंगी, उन्हें खंदौली कट के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे से निकाला जाएगा।

संभल में मिशन शक्ति टीम ने यातायात के नियमों की दी जानकारी।

कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को दी गई जानकारी।

मिशन शक्ति टीम प्रभारी ने कहा- जीवन अनमोल, ऐसे यूं ही न गवाएं।

प्रवाह ब्यूरो
संभल।  संभल तहसील क्षेत्र के कैला देवी स्थित बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को मिशन शक्ति टीम द्वारा यातायात के नियमों की जानकारी दी गई तथा यातायात के नियमों का पालन करने और अपने जीवन को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया तथा साइबर क्राइम के बारे में भी सभी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
गुरुवार को कैला देवी स्थित बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में सभी विद्यार्थियों को मिशन शक्ति टीम प्रभारी आंचल सिद्धू और उनकी टीम द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी ने बताया कि जीवन अनमोल है, इसे वाहन दुर्घटना में ऐसे ही न गवाएं। जहां उन्होंने ज़ेबरा क्रॉसिंग का उपयोग करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस तथा हेलमेट के दो पहिया वाहन नहीं चलाने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित किया। सभी छात्र-छात्राओं को जागरुक करते हुए यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया तथा वाहन चलाने की उम्र में ही वाहन चलाने के लिए कहा।

स्कूली बच्चों से विद्यालय में दो पहिया वाहन नहीं लाने के निर्देश दिए तथा किसी प्रकार वाहन लाने पर ड्राइवर लाइसेंस नहीं होने या हेलमेट नहीं होने पर चालान काटने के लिए भी कहा।
इसके अलावा उन्होंने गोल्डन ऑवर के बारे में जानकारी दी तथा घायल व्यक्ति को 1 घंटे के अंदर अस्पताल पहुंचने पर एसपी द्वारा पुरस्कृत करने तथा सरकार द्वारा भी उन्हें पुरस्कार के रूप में धनराशि देने के लिए बारे में बताया।
इतना ही नहीं सभी विद्यार्थियों को साइबर क्राइम से बचने के कुछ टिप्स बताए। सभी छात्रों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी ।
इस दौरान टीम प्रभारी आंचल सिद्धू और उनकी टीम के साथ विद्यालय प्रधानाचार्य अशोक कुमार तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

योगी सरकार का बड़ा फैसला : संभल सहित 17 जनपदों के 21 इंटर कॉलेजों में बनेगा मिनी स्टेडियम।

शासन ने इनके निर्माण के लिए आवंटित किया है 45 करोड रूपये का बजट।

खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए योगी सरकार ने लिया है यह निर्णय।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। प्रदेश में युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य के लिए विद्यालय में खेल को सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इसी क्रम में योगी सरकार ने प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार ने प्रदेश के 17 जिलों के 21 राजकीय इंटर कॉलेजों में इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण की मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
सरकार का मानना है कि इन मिनी स्टेडियमों के निर्माण से न केवल विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध होंगे। इंडोर स्टेडियमों में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इस तरह की खेल संरचनाओं से खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिलेंगे। योगी सरकार का यह कदम ‘खेलो उत्तर प्रदेश’ की भावना को सशक्त करने के साथ-साथ युवाओं को नशा और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने में भी सहायक साबित होगा।
कुल 45 करोड रूपये के बजट साथ योगी सरकार ने प्रत्येक इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए 4 करोड़ 92 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 2 करोड़ 16 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। यह निर्णय प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की मूल्यांकन समिति ने कुल 19 जिलों के 23 कालेजों के प्रस्तावों की जांच की थी। इनमें से उन्नाव और गाजीपुर के प्रस्ताव भूमि संबंधी कारणों से निरस्त कर दिए गए, जबकि शेष 17 जिलों के 21 कालेजों के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है। जिनमें जनपद संभल के साथ-साथ कानपुर नगर, मथुरा, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, गोंडा, हरदोई, बदायूं, अयोध्या, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, अंबेडकर नगर, आगरा और पीलीभीत शामिल हैं। इनमें से बुलंदशहर के तीन, गोंडा के दो तथा अंबेडकर नगर के दो राजकीय इंटर कॉलेजों में स्टेडियम बनाए जाएंगे।

संभल पुलिस ने बरामद किये आधे करोड़ की धनराशि के 113 मोबाइल।

◆ सीआईआर पोर्टल पर दो सप्ताह चला अभियान, फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल पुलिस ने सीआईआर पोर्टल के माध्यम से चलाए गए दो सप्ताह के अभियान के तहत करीब पचास लाख रुपये मूल्य के सौ से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन्स को बरामद किया है। जिनमें एक साल पहले तक खोए हुए मोबाइल भी बरामद हुए हैं।
जिन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गया। जिन्हें वापस पाकर लोगों ने संभल पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जिसकी जानकारी बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह और आईपीएस सीओ संभल आलोक भाटी ने दी।
एएसपी संभल ने बताया कि जिले में खोए या चोरी हुए मोबाइल की बरामदगी के लिए सीआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की तकनीकी निगरानी की गई। पुलिस की साइबर टीम ने आईएमईआई नंबर ट्रैक करके इन मोबाइल फोन को विभिन्न जिलों और राज्यों से बरामद किया। इस अभियान के तहत लगातार मॉनिटरिंग की गई और जनपद के सभी 17 थानों में विशेष टीमें गठित की गई थीं।
संभल सीओ ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कोई भी व्यक्ति अपने कीमती मोबाइल से वंचित न रहे। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीआईआर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल की कीमत लगभग 50 लाख के करीब है।

20 हजार रिश्वत लेते दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा।

कच्ची जमानत के नाम पर पीड़ित से मांगी गई थी 20 हजार की रिश्वत।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। मंगलवार को मुरादाबाद की एंटी करप्शन टीम ने जमीन खरीद में धोखाधड़ी करने के मामले में दर्ज मुकदमे से नाम निकलवाने, जेल जाने से बचाने और कच्ची जमानत के नाम पर आरोपित से 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए हरिबाबा बांध के चौकी प्रभारी राकेश सिंह यादव को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान बिचौलिया भी दबोचा गया। इस कार्रवाई से हलचल मच गई।दोनों को दबोचनेे के बाद टीम उन्हें थाने लेकर पहुंची। जहां पर लिखापढ़ी की गई।
बता दें कि दरोगा राकेश सिंह यादव पीडित के मुकदमे की विवेचना कर रहा था। मुकदमे से नाम निकालने के लिए उसने पीड़ित से 20 हजार रुपये की मांग की थी। आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति ने कुछ कम पैसे देने की बात कही, लेकिन दरोगा ने साफ मना करते हुए अधिकारियों को भी पैसे पहुंचाने की बात कहकर अड़ा रहा। थक हार कर पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एंटी करप्शन टीम के अधिकारी मंगलवार शाम पीड़ित व्यक्ति का रिश्तेदार बनकर उसके साथ दरोगा राकेश सिंह के पास पहुंचे और रंगे हाथ 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पूरा मामला संभल जनपद की तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र स्थित हरि बाबा बांध परिसर का है। जहां गिरफ्तार हुए दरोगा की पहचान पुलिस चौकी प्रभारी राकेश सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी जुलापुर, थाना सिकंदरराव, जनपद हाथरस के रूप में हुई है। उसके साथ बिचौलिया के रूप में ग्रामीण इकबाल यादव पुत्र पाली सिंह, निवासी मौलनपुर, थाना रजपुरा, जनपद संभल को भी पकड़ा गया है। मुरादाबाद एंटी करप्शन टीम ने निरीक्षक कृष्ण अवतार के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम मंगलवार सुबह से ही दरोगा को गिरफ्तार करने के लिए सक्रिय थी। कितु शाम 4:30 बजे दरोगा और ग्रामीण को बीस हजार रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। जहां से दोनों को थाना रजपुरा ले जाकर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।

संभल में ‘फर्जी सिपाही’ बना युवक, गिरफ्तार।

पुलिस की वर्दी पहन युवक को धमकाते हुए बोला- पांच हजार दो वरना एनकाउंटर कर दूंगा।

क्राइम ब्रांच का दरोगा बताकर पैसे वसूलते वक्त 2 साल पूर्व भी हरिद्वार में पकड़ा जा चुका है युवक।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। बुधवार को संभल पुलिस ने हाईस्कूल फेल एक फर्जी सिपाही को वर्दी में गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार उक्त फर्जी सिपाही को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह संभल की चौधरी सराय निवासी कबाडी व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर धमका रहा था। पहले तो कबाड़ा व्यापारी घबराया किन्तु इसके बाद उसे युवक के हाव-भाव और भाषा को लेकर शक हुआ तो व्यापारी ने उसे उलझा कर रखा। इसके बाद अपने साथियों को बुलाकर उसे पकड़ा और थाने लेकर गये। वहां पूछताछ में पता चला कि वह सिपाही नहीं है बल्कि लोगों से अवैध वसूली के लिए वर्दी पहनता है। जिसे उसने संभल के बहजोई से एक माह पूर्व कपड़ा खरीद स्वयं को पुलिस में सिपाही बताते हुए एक टेलर से सिलवाया था। साथ ही पूछताछ में उसने बताया कि वह थाना जुनावई क्षेत्र के पुसावली गांव का रहने वाला है।
बता दें कि मोहल्ला चौधरी सराय निवासी गय्यूर पुत्र मकबूल ने बताया कि बुधवार रात 11 बजे थाना जुनावाई क्षेत्र का पुशावली निवासी विष्णु बाबू (25) चौधरी सराय स्थित कबाड़ की दुकान पर पहुंचा। जहां उसने वर्दी पहन रखी थी। साथ ही कमर में एक गन भी लगा रखी थी। युवक ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और एनकाउंटर की धमकी देकर 5 हजार रुपए मांगे। साथ ही खुद को कोतवाली का सिपाही बताया। विष्णु ने वर्दी के नीचे नीले रंग के स्पोर्ट्स शूज पहन रखे थे। गय्यूर को विष्णु की बोली के साथ-साथ हाव-भाव पर भी शक हुआ तो गय्यूर ने उसे 500 रुपए दिए। बाकी रुपए मंगाने की बात कही। इसके बाद गय्यूर ने साथियों के साथ मिलकर विष्णु को मौके पर पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को थाने लाया गया। यहां पूछताछ में पता चला कि वह पुलिस विभाग में सिपाही नहीं है, बल्कि फर्जी वर्दी पहनकर लोगों को धमकाकर वसूली करता है।
पुलिस पूछताछ में विष्णु ने बताया- वह हाईस्कूल फेल है। लोगों को पुलिस की वर्दी और खिलौना वाली पिस्टल दिखाकर डराता था। जिससे लोग आसानी से पैसे दे देते थे। दो साल पहले भी उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार में खुद को क्राइम ब्रांच का दरोगा बताकर लोगों से पैसे वसूलने की कोशिश की थी, लेकिन तब लोगों ने पकड़कर चेतावनी देकर छोड़ दिया था।
इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया- पीड़ित कबाड़ा व्यापारी की शिकायत पर आरोपी विष्णु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसके पास से पुलिस की वर्दी और एक टॉय गन मिली है। जहां कोर्ट में पेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।