आर्य समाज के 150 वर्ष पूर्ण होने पर संभल में आर्य वीर दल द्वारा 150 शाखाओं के संचालन की तैयारी।

● जनपद में आर्य वीर दल प्रशिक्षण शिविर का 23 जून को शुभारंभ, 29 जून को होगा समापन।

● गुन्नौर तहसील क्षेत्र के टीकम सिंह आर्य आदर्श विद्यालय में आयोजित होगा कार्यक्रम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने के पावन उपलक्ष्य में संभल जनपद में आर्य वीर दल द्वारा आर्यवीर चरित्र निर्माण एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 23 जून को गुन्नौर तहसील क्षेत्र के टीकम सिंह आर्य आदर्श विद्यालय भीकमपुर जैनी में आयोजित होगा। जिसका प्रशिक्षण 29 जून तक चलेगा। आर्य वीर दल जनपद संभल द्वारा आर्य समाज की स्थापना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर संभल जनपद में 150 शाखाओं का संचालन करने की तैयारी है। उसी तैयारी के क्रम में आर्य वीर दल द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
गुन्नौर तहसील क्षेत्र के भीकमपुर जैनी स्थित टीकम सिंह आर्य आदर्श विद्यालय में आर्य वीर दल द्वारा आर्य वीरों का शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में आर्य वीर दल द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए, चरित्र निर्माण के लिए तथा शारीरिक निर्माण और आत्मिक तथा आध्यात्मिक विकास ,आसन और प्राणायाम, यज्ञ, योग प्रशिक्षण तथा व्यक्तित्व विकास, आत्मरक्षा और कमांडो प्रशिक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीयता के संस्कारों को देने का कार्य किया जाएगा। जिसमें बच्चों के जीवन को आदर्श बनाया जा सके और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन कर सकें। जहां जनपद वासी अपने बच्चों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए शिविर में भेज सकते हैं।

शिविर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण हेतु शिविरार्थियों की यह रहेगी योग्यता।

आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग करने वाले बच्चों की आयु 14 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। शिविर शुल्क 300 रुपए प्रति शिविरार्थी रखा गया है। साथ ही शिविरार्थी अपने साथ कोई कीमती सामान नहीं ले जा सकते, जैसे मोबाइल, घड़ी, चैन, ईयरफोन, आईपैड आदि ले जाने की अनुमति नहीं है।
शिविरार्थियों को भोजन के लिए थाली, गिलास, कटोरी, चम्मच तथा ऋतु अनुकूल बिस्तर स्वयं साथ ले जाने होंगे।
शिविर गणवेश, खाकी नेकर, सफेद  बनियान, लाठी, सफेद पीटी जूते, सफेद मौजे, एक टॉर्च साथ ले जानी होगी। इसके साथ ही आवेदन के लिए अपने साथ आधार कार्ड की छाया प्रति और तीन पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ ले जाने होंगे।

23 जून को दोपहर 12 बजे ही तक करा सकेंगे पंजीकरण।

शिविरार्थी अपना पंजीकरण 23 जून दोपहर को 12 बजे तक ही करा सकेंगे। सभी को शिविर की दिनचर्या और अनुशासन का पालन करना अनिवार्य होगा। शिविर का शुभारंभ 23 जून को दोपहर 2 बजे से किया जाएगा।
जिसमें शिविर के अध्यक्ष दयाशंकर आर्य, संरक्षक प्रताप वर्मा और कुंवरपाल शास्त्री, राजेंद्र सिंह आर्य, नवनीत आर्य, अधिष्ठाता यशपाल शास्त्री, जिला संचालक ज्योतिवसु आर्य, जिला मंत्री नरेंद्र आर्य, प्रचार मंत्री आवेश आर्य, बौधिकाध्यक्ष आचार्य जीवन सिंह एवं रामवीर सिंह शास्त्री, जिला व्यायाम शिक्षक अजीत सिंह आर्य, गुन्नौर तहसील संचालक जयदेव आर्य, संभल तहसील संचालक दिनेश आर्य, चंदौसी तहसील संचालक योगेश कुमार, पर्यवेक्षक भुवनेश कुमार, दिनेश कुमार योगाचार्य, कार्यालय प्रभारी ओमपाल आर्य, तिलक मुनि आदि का सहयोग रहेगा।

तीन भाइयों से कुकर्म करने वाला मौलाना गिरफ्तार,भेजा जेल।

● मस्जिद में पढ़ाई के बहाने बुला कर दिया था घटना को अंजाम।

● रामपुर जनपद के टांडा थाना अंतर्गत गांव का रहने वाला है आरोपी मौलाना फरहान।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में तीन सगे‌ भाइयों के साथ को कुकर्म करने वाले मौलाना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रामपुर जनपद के टांडा कस्बा निवासी फरहान संभल जनपद की एक मस्जिद में मौलाना था।
बीते 18 जून को मस्जिद के कमरे में पढ़ाई के बहाने तीन सगे छोटे बच्चों को बुलाकर उनके साथ कुकर्म किया।
बीते 18 जून को चंदौसी कोतवाली में पीड़ित बच्चों के पिता ने तहरीर दी थी। जहां बताया गया था कि मौलाना ने मस्जिद के कमरे में पढ़ाई के बहाने बच्चों को बुलाकर उनके साथ कुकर्म किया। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पीड़ित बच्चों की उम्र 7, 8 तथा 9 वर्ष है। कोतवाली प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी मौलाना फरहान को गिरफ्तार कर लिया और दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।

डीएम की मेज पर रखा कर्तव्यनिष्ठ विचारों की पत्रावली का फोटो, बना चर्चा का विषय।

● जिलाधिकारी संभल की विचारधारा की हर जगह हो रही चर्चा।

● प्रदेशवासी बोले- सभी अधिकारी इसी विचारधारा के हों तो लालफीताशाही पर स्वयं लग जाएगा अंकुश।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया का पदस्थ जनपद में कार्य करना तथा अपनी अलग ही विचारधारा के साथ लोगों की समस्याओं का निस्तारण करना एक अलग पहचान बन गया है। वह हर छोटी-बड़ी समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका निस्तारण करने के बाद ही दम लेते हैं।
संभल में जिलाधिकारी की कुर्सी के नजदीक मेज पर रखी एक अच्छी विचारधारा तथा कर्तव्यनिष्ठ शब्दों के साथ तस्वीर प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गई है।
जहां जिलाधिकारी ने अपने नाम और पद के आगे कुछ शब्द ही अलग अंदाज में लिख रखे हैं तो वही इससे हटकर कुछ और अलग विचार प्रस्तुत किए हैं।
जहां उनकी मेज के आगे ‘आपकी समस्या का अंतिम पड़ाव’ लिखा हुआ है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि व्यक्ति की समस्या आदि जनपद में कहीं किसी भी अधिकारी के पास नहीं सुनी जाती है तो यहां अंतिम आना होगा और समस्या अवश्य ही निस्तारण कराई जाएगी।
इसे छोड़िए इसके अलावा उन्होंने अपनी मेज पर कुछ शब्दों में लिखा है कि “मेरी मेज पर रखी हुई प्रत्येक पत्रावली के पीछे एक व्यक्ति खड़ा अपना कार्य होने की प्रतीक्षा कर रहा है। मेरा यह कर्तव्य है कि मैं सबसे पहले इस पत्रावली का निस्तारण कर उसे व्यक्ति को राहत प्रदान करूं।” इन शब्दों को अंकित कर एक फोटो के माध्यम से उन्होंने अपनी मेज पर लगा रखा है। जिन्हें देखने के बाद जनपद वासी जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की कार्य करने की अलग ही विचारधारा देख रहे हैं।
जिलाधिकारी की इस उत्कृष्ट विचारधारा को देख लोग कह रहे हैं कि यदि सभी अधिकारी इसी विचारधारा के साथ कार्य करने लगे तो लालफीताशाही पर तत्काल अंकुश लगने के साथ स्वयं जनता का भला होने लगेगा। हालांकि जो भी हो लेकिन वर्तमान में जिलाधिकारी का कर्तव्यनिष्ठ विचारों वाला फोटो प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गया है जिसके चलते जिलाधिकारी के कार्य करने की विचारधारा की जगह-जगह प्रशंसा होती दिख रही है।

कहीं हवन तो कहीं दीप प्रज्वलित कर ओउ्म ध्वनि के साथ हुआ योग का शुभारंभ।

● डीएम, कमिश्नर संग राज्य होमगार्ड मंत्री ने भी किया योग।

● संभल के बहजोई, चंदौसी व बबराला में भी मनाया गया कार्यक्रम।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बड़ी धूमधाम से योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां जनपद में कहीं हवन तो कहीं दीप प्रज्वलित कर ओउ्म ध्वनि के साथ योग का शुभारंभ हुआ।
वहीं राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर सिंह प्रजापति के अलावा जनप्रतिनिधियों, मुरादाबाद मंडलायुक्त तथा जिलाधिकारी संग अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों ने योग में हिस्सा लिया।

जनपद के अलग-अलग नगरों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा सामाजिक संगठनों और सरकारी संस्थानों व विद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संभल जनपद के चंदौसी निकट शशि मदन पब्लिक स्कूल में राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव, जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू व अन्य जनप्रतिनिधियों ने योग में हिस्सा लिया। सर्वप्रथम राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. अनामिका यादव तथा गुन्नौर पूर्व विधायक व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव के अलावा अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।

वहीं कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में हवन के साथ योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तो वहीं बबराला डिग्री कॉलेज में आयोजित योग कार्यक्रम उप जिलाधिकारी वंदना मिश्रा व चेयरमैन हर्षवर्धन वार्ष्णेय ने भी योग में हिस्सा लिया।

चंदौसी के शशि मदन पब्लिक स्कूल में राज्य मंत्री ने किया शुभारंभ।

जिलाधिकारी बोले- योग को योगा नहीं, बल्कि योग ही कहें।

चंदौसी के शशि मदन पब्लिक स्कूल में राज्य होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव व अन्य जन प्रतिनिधियों ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि यदि जीवन में कुशलता लानी है तो योग जरूरी है। उन्होंने कहा कि योग को हमें योग ही कहना चाहिए न कि योगा। वहीं नन्ही बालिका ने योग कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देते हुए सबका मन मोह लिया।

जहां मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह रिंकू, गुन्नौर पूर्व विधायक व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव, परमेश्वर लाल सैनी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

कैला देवी कालेज में हवन कर किया योग कार्यक्रम का शुभारंभ।

योग दिवस पर कैला देवी के बाबा रतन गिरि आदर्श इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अशोक कुमार के नेतृत्व में हवन का आयोजन किया गया। जहां हवन स्कूली बच्चों के साथ समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने आहुतियां दीं। हवन के पश्चात योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जहां सभी प्राणायाम तथा आसन और सूक्ष्म व्यायाम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए योगासन कराए गए।
योग के पश्चात स्कूली बच्चों को प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक अजय पाल सिंह, सुधीर कुमार, मोहरपाल सिंह, मदन सैन, प्रतिभा, प्रियंका, सुभाष आर्य, अलका यादव, तोताराम सिंह आर्य, यशपाल सिंह, बृजेश कुमार, नरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

बबराला डिग्री कॉलेज व रोडवेज स्टैंड परिसर में भी हुआ योग।

गुन्नौर तहसील क्षेत्र के बबराला स्थित बाबूराम सिंह भाय सिंह डिग्री कॉलेज में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें उप जिलाधिकारी गुन्नौर वंदना मिश्रा ने प्रतिभाग किया तथा योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन पतंजलि योग समिति बबराला के तत्वाधान में किया गया।

तो वहीं दूसरी तरफ आर्य समाज संगठन द्वारा भी योग दिवस का आयोजन किया गया। जहां उन्होंने योग से संबंधित लाभ के बारे में बताते हुए शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक विचारों को प्रस्तुत किया। जहां आचार्य यशपाल शास्त्री ने अपने विचारों से योग पर प्रकाश डाला।
जहां कार्यक्रम में हर्षवर्धन वार्ष्णेय, विनय वार्ष्णेय, नवनीत गांधी, विभोर अग्रवाल, भुवनेश, रामवीर शास्त्री, योग शिक्षक मनोज आर्या, तिलक मुनि, राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश गौतम, गंगाराम यादव, सुनीता यादव, यशवीर यादव यादव, लक्ष्मी गुप्ता के साथ सभी योग साधक आदि उपस्थित रहे।

संभल के शंकर कॉलेज में भी मनाया गया योग कार्यक्रम।

सभी धर्मों के लोग हुए सम्मिलित, बांटा गया सर्वकल्प काढ़ा।

संभल के शंकर कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ मनाया गया। जहां हवन में आहुति देते हुए योग किया गया। भाजपा के पश्चिमी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, नगर पालिका ईओ डॉ. मणि भूषण तिवारी आदि लोग उपस्थित रहे।

योग बनाए निरोग के तहत गवां और सिरसी में भी हुआ योगाभ्यास।

इस अवसर पर सिरसी में आयोजित कार्यक्रम में नेचरोपैथी एंड योगा डेवलपमेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इफ्तेखार अहमद कुरैशी ने कहा कि योग एक जीवन शैली है। जिसे अपना कर हम निरोगी काया पा सकते हैं वास्तव योग का मतलब ही जोड़ना होता है अर्थात खुद में ऊर्जा को समाहित करना। जबकि आज योग को एक रस्म बना दिया गया है। जो साल में एक बार 21जून को फोटो खींच कर शेयर करते ही खत्म हो जाती है जबकि ये प्रतिदिन किये जाने वाला काम है। उधर दूसरी तरफ गवां के सरस्वती विद्या मंदिर में भी मंडल अध्यक्ष उमेश शर्मा व पूर्व चेयरमेन अखिलेश अग्रवाल की अगुवाई में भी योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में संभल में लगाई गई सिंदूर वाटिका।

● जिलाधिकारी व एसपी ने क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ के साथ रोपे 108 सिंदूर के पौधे।

● बोले- ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति सभी के मन में रहे, इसलिए लगाई गई सिंदूर वाटिका।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में संभल जनपद में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ के साथ सिंदूर वाटिका तैयार कर उसमें सिंदूर के108 पौधे रोपे गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति सभी के मन में रहे, इसलिए संभल जनपद में सिंदूर वाटिका का निर्माण कराया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संभल नगर पालिका परिषद द्वारा अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी के नेतृत्व में जनपद में एक अनूठी पहल करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति में बहजोई मार्ग पर लाडम सराय स्थित कचरा संवेदनशील स्थल पर उसे विलुप्त करते हुए उसका सौंदर्यीकरण कर सिंदूर वाटिका का निर्माण किया गया। सिंदूर वाटिका बनाते हुए उसमें जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ के साथ सिंदूर के 108 पौधे रोपित किए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह पहल बहुत ही सराहनीय है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति सभी के मन में रहे, इसलिए यहां सिंदूर वाटिका बनाई गई है।
जहां उनके साथ सैकड़ों शहर वासी उपस्थित रहे तथा संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों ने भी सिंदूर वाटिका में पौधे रोपित करने में अपना सहयोग दिया।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, सहायक मजिस्ट्रेट क्षेत्राधिकारी संभल आलोक भाटी, उप जिलाधिकारी संभल विकास चंद्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संभल डॉक्टर मणिभूषण तिवारी, अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

खिरनी में अवैध क्लिनिक संचालित कर प्रसव करने पर 3 पर रिपोर्ट दर्ज।

● नोडल अधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार की तहरीर पर केला देवी पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट।

● क्षेत्र के ही गांव निवासी महिला की प्रसव के दौरान हो गई थी मौत।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर प्रसव करने व प्रसव के दौरान एक महिला की मृत्यु होने के मामले में शिकायत पर नोडल अधिकारी के निरीक्षण के बाद तहरीर पर कैलादेवी थाने में तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कैला देवी थाना क्षेत्र के खिरनी में 19 जून को आशाओं द्वारा नोडल अधिकारी से शिकायत दर्ज कराई गई थी। नोडल अधिकारी ने शिकायत के आधार पर अवैध क्लिनिक संचालित करने वाले डॉ. छत्रपाल के घर पर छापा मारा। जहां उनकी पत्नी रूपवती द्वारा प्रसव किया जाता है। निरीक्षण के दौरान प्रसव में इस्तेमाल होने वाली दवाई, ड्रिप स्टैंड और जली हुई दवाइयां मिलीं। क्लीनिक संचालित करने से संबंधित कोई भी अभिलेख नहीं दिखाया जा सका। मौके पर जली हुई दवाइयां और इंजेक्शन को सील कर दिया गया। वहीं नोडल अधिकारी डॉक्टर मनोज की तहरीर पर कैला देवी थाने में डॉक्टर छत्रपाल और उसकी पत्नी रूपवती के खिलाफ इंडियन मेडिकल काउंसलिंग एक्ट की धारा तथा भारतीय न्याय की संहिता 2023 की धारा 318 (4) व अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने खिरनी में ही अवैध रूप से संचालित एक और क्लिनिक को सील किया था। जिस मामले में थाना क्षेत्र के भमोरी पट्टी गांव निवासी आशा द्वारा शिकायत की गई थी कि गांव की विनीता पत्नी अमरपाल की मृत्यु प्रसव के दौरान डॉ. नेहा पत्नी जीराज के क्लीनिक पर हो गई थी। शिकायत पर निरीक्षण करने पर हॉस्पिटल बंद पाया गया लेकिन वहां उपस्थित लोगों द्वारा बताया गया था कि डॉक्टर नेहा महिला की मृत्यु के बाद अपना क्लीनिक बंद करके चली गई है। जहां नोडल अधिकारी की तहरीर पर कैला देवी थाने में डॉक्टर नेहा के खिलाफ भी इंडियन मेडिकल काउंसलिंग एक्ट की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
नोडल अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि इन दोनों क्लीनिक संचालकों के खिलाफ पहले भी मुकदमा दर्ज कराया गया था।

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में किया योग।

● बोले- योग सनातन ऋषि परंपरा का ऐसा मंत्र, जो देता है स्वस्थ मस्तिष्क।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर मंदिर परिसर में योग किया। जहां उन्होंने मंदिर के दिग्विजय नाथ स्मृति भवन सभागार में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में सामूहिक योग सत्र के दौरान भारी संख्या में जनप्रतिनिधि भी पहुंच गए तो वहीं कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि योग भारत की सनातनी ऋषि परंपरा का एक ऐसा मंत्र है, जो हम सबके लिए एक स्वस्थ मस्तिष्क और स्वस्थ काया प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषियों ने योग के महत्व के बारे में प्राचीन काल से ही बताया है। भारतीय ऋषियों का मान रहा है कि शरीर माध्यम खलु धर्म साधनम् अर्थात् जितने भी धर्म के साधन हैं, इन सब की प्राप्ति स्वस्थ शरीर से ही की जा सकती है।

स्वस्थ शरीर केवल योग के माध्यम से हो सकता है। उन्होंने कहा कि बिना स्वस्थ शरीर के धर्म का भी कार्य नहीं हो सकता। स्वस्थ शरीर से ही कामनाओं की पूर्ति होती है। भारत ने योग को आत्म कल्याण का माध्यम बनाकर लोक कल्याण के जरिए विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है। कहा कि हम लोगों कि विरासत से दुनिया लाभान्वित होती थी और आज भी हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर सांसद रवि किशन के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और अन्य जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

बदायूं में कमिश्नर व डीआईजी ने किया गंगा घाट का निरीक्षण।

बदायूं में कमिश्नर व डीआईजी ने किया गंगा घाट का निरीक्षण।

● कांवड़ यात्रा को लेकर देखी सुरक्षा व्यवस्था, दिए आवश्यक निर्देश।

प्रवाह ब्यूरो
बदायूं। बदायूं में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कमिश्नर तथा डीआईजी ने डीएम, एसएसपी के साथ गंगा घाट का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए तथा गंगा घाट कछला में कांवड़ यात्रा के दौरान कावड़ कंट्रोल रूम भी संचालित किया जाएगा।
सावन का महीना आगामी 11 जुलाई से शुरू हो जाएगा। सावन के महीने में जहां गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है तो वहीं कांवड़ यात्रा को लेकर भी प्रशासन सख्त हो गया है। बदायूं के कछला गंगा घाट पर सावन महीने के सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं के भीड़ स्नान करने के लिए पहुंचती है साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु जल भरते हैं।

शुक्रवार को बरेली कमिश्नर सौम्या अग्रवाल व डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने बदायूं के एसपी तथा जिलाधिकारी के साथ कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया। जहां अलग-अलग कई जनपदों तथा अन्य राज्यों से भी कांवड़िए पहुंचते हैं। साथ ही कछला नगर पंचायत के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्देश दिए। आवश्यक रूट डायवर्जन को लेकर एसपी को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही गंगा घाट पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी भी तैनात की जाएगी। कछला घाट पर कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे कांवड़ कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा।
इस दौरान एडीएम प्रशासन अरुण कुमार, एसपी सिटी विजेंद्र द्विवेदी, एसडीएम मोहित कुमार, सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय सहित नगर पंचायत के अधिकारी तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

लापरवाही के चलते गुन्नौर सहायक विकास अधिकारी निलंबित।

● निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा किया गया निलंबित।

● 69 ग्राम पंचायतों में मात्र 4 ग्राम पंचायतों का कराया गया फीडिंग कार्य।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद के गुन्नौर विकासखंड के सहायक विकास अधिकारी को लापरवाही के चलते निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा निलंबित कर दिया गया है।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत कुलदीप कुमार द्वारा ग्राम पंचायतों के आंगनवाड़ी केन्द्रों में वयस्क मशीन, बेबी वजन तथा स्टेडियम मीटर और अन्य आवश्यक उपकरण अधिक समय बीतने के बाद भी केंद्र पर नहीं पहुंचने का आरोप था।
इसके अलावा गन्नौर विकासखंड क्षेत्र में फैमिली आईडी के जनरेशन में कोई भी अपेक्षित सहयोग नहीं किए जाने तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का लिंक भेजने के बावजूद भी बीसी में प्रतिभाग नहीं करने और गुन्नौर विकासखंड की प्रगति रिपोर्ट खराब पाए जाने के चलते निलंबित कर दिया गया है।
इसके अलावा राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त योजना के तहत जनपद स्तर का समय-समय पर समीक्षा बैठकों का अवलोकन के उपरांत भी बीते 9 मई तक विकासखंड गन्नौर की 26 ग्राम पंचायतों में अनसस्पेंड बैलेंस पाया गया।
गुन्नौर की ग्राम पंचायत कल्हा में पंचायत सहायक अकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर ग्राम पंचायत का आरक्षण गलत अंकित किया गया।
साथ ही गुन्नौर विकासखंड के अंतर्गत संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार तथा प्रभारी नियंत्रण एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत औरंगाबाद, मझोला फतेहपुर, के निरीक्षण में प्रगति अत्यंत खराब पाई गई।
स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत दिए गए निर्देशों के उपरांत भी प्लास्टिक बेस्ट करने के लिए प्लास्टिक उपलब्ध न कराया जाना।
आरआरसी सर्वे ऐप पर गांव की एंट्री के तहत विकासखंड गुन्नौर की कुल 69 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र 4 ग्राम पंचायतों की फीडिंग का कार्य कराया गया है।
ओडीएफ प्लस मॉडल सर्वे ऐप पर ग्राम पंचायतों की एंट्री के तहत विकासखंड गुन्नौर के 69 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष मात्र एक ग्राम पंचायत के फीडिंग का कार्य किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज टू योजना के तहत ग्राम पंचायत में व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए विकासखंड गुन्नौर की अवशेष मांग समय से उपलब्ध नहीं कराई गई। जिससे शत प्रतिशत पूर्ति नहीं हो पाई। उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं किए जाने तथा उपरोक्त लापरवाही को देखते हुए निदेशक पंचायती राज उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा सहायक विकास अधिकारी कुलदीप कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

आत्मदर्शन व आत्म साक्षात्कार का आध्यात्मिक दर्शन है योग – सुरेंद्र आर्य

● अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बोले योगाचार्य सुरेन्द्र आर्य विद्यार्थी।

प्रवाह ब्यूरो
लखनऊ। योग जीवन दर्शन का प्रबंधन है। योग आत्मानुशासन है। योग मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन शैली है।
21 जून, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर आज जहां भारत ही नहीं बल्कि पूरा विश्व योग को अपना रहा है। इसी क्रम में बीते 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन भी किया जा रहा है।
योग को लेकर यूपी के संभल जनपद से योगाचार्य सुरेन्द्र आर्य विद्यार्थी ने कहा कि योग मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन शैली है। योग चित्त को निर्मल और निर्बीज करने की परम आध्यात्मिक विद्या है। उन्होंने बताया कि योग संपूर्ण चिकित्सा का विज्ञान है, योग जीवन का भी विज्ञान है। योग व्यक्ति, समाज, राष्ट्र और विश्व की संपूर्ण समस्याओं का अमोघ और पूर्ण समाधान है। सुरेंद्र आर्य ने कहा कि योग संपूर्ण जीवन दर्शन है। योग द्वारा आंतरिक और बाह्य रूपों में समग्र आरोग्यता प्राप्त होती है। योग से संपूर्ण सौंदर्य की प्राप्ति होती है। योग से हमारा समग्र व्यक्तित्व निखरता है। आरोग्य, निर्भयता, स्वतंत्रता, सहनशीलता, सहिष्णुता, सुख, शांति, सुरक्षा, प्रेम, करुणा, वात्सल्य, धैर्य, प्रज्ञा, विवेक, सौंदर्य, आनंद, ओज, तेज, सफलता, अमृत योग के ही परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि अपने आपके कुसंस्कारों, दोष दुर्गुणों का परिशोधन, परिमार्जन और उसके स्थान पर सज्जनता, सदाशयता का संस्थापन करना है। आमतौर पर अपने दोष, दुर्गुण दिखाई नहीं पड़ते। यह कार्य विवेक रूपी बुद्धि को अंतर्मुखी होकर करना पड़ता है। आत्म निरीक्षण,आत्मसाधना, आत्म सुधार, आत्मनिर्माण, आत्म विकास, आत्मविश्वास एवं आत्म सम्मान इन सात तत्वों पर कठोर समीक्षण –  परीक्षण की दृष्टि से अपने आप को हर कसौटी पर परखना चाहिए।
जो दोष दिखाई दे उनके निराकरण के लिए हर संभव प्रयत्न करना चाहिए।
चित्त की वृत्तियों का रुक जाना ही योग है। असत्य, कल्पना और स्वप्नों में रहना मन को सार्थक लगता है। मन भूत की व्यथा में, पीड़ा में, अतीत की स्मृतियों में अथवा भविष्य की चिंता में खोया रहता है।
योग का अर्थ है वर्तमान में जीना, जहां न तो दुख होता है न ही चिंता। वर्तमान में होता है- सृजन। भविष्य का भय न करने वाला व्यक्ति ही वर्तमान का आनंद ले सकता है। वर्तमान ही भूत का निर्माण और भविष्य की आधारशिला तैयार करता है। भूत तथा भविष्य दोनों ही सत्ता विहीन होते हैं। सत्ता तो केवल वर्तमान की होती है, वर्तमान में जीने से ही जीवन में आनंद की प्राप्ति होती है। मन के पार जाने से ही चेतन आत्म का अस्तित्व स्वरूप स्व अनुभव में आता है। अतः योग का अर्थ है- अपनी चेतना, केंद्र या अस्तित्व के साथ जुड़ना, स्वयं की पहचान करना, अन्तस्थ अंतर्यामी परमात्मा को प्रत्यक्ष जानना। पिंड को ब्रह्मांड में और ब्रह्मांड को पिंड में देखना। वास्तविक योग मन से पार जाने के बाद ही आरंभ होता है। मन से परे चेतना का वास्तविक अस्तित्व प्रारंभ होता है। मन में आग्रह, भूत की अस्तित्व विहीन व्यथाएं और भविष्य की अनगिनत कल्पनाएं होती हैं। हम ज्ञात में जीना चाहते हैं, जबकि अज्ञात से भयभीत रहते हैं। इसलिए हम कोई नया काम करने का साहस नहीं जुटा पाते। हमें योग द्वारा स्वास्थ,समृद्ध और संस्कारवान व्यक्ति, परिवार, समाज, राष्ट्र और विश्व के निर्माण का लक्ष्य बनाना चाहिए।
हमें रोगी को निरोगी, भोगी को योगी तथा स्वस्थ को उपयोगी बनाकर मानव मात्र की स्वच्छता उत्पादकता, सकारात्मक तथा सृजनात्मक और गुणवत्ता बढ़ाकर एक प्रगतिशील सभ्य और समृद्ध समाज तथा राष्ट्र, विश्व का निर्माण करने की दिशा की ओर अग्रसरित होना चाहिए।
जब हम काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद व मात्सर्य के ऊपर हावी हो जाते हैं तब हमें खुशी मिलती है और जब इनमें से कोई भी एक या अधिक हमारे ऊपर हावी हो जाते हैं तो हम दुखी हो जाते हैं। इसलिए योग उनके ऊपर ज्ञानपूर्वक नियंत्रण प्राप्त कर कर शक्ति का रूपांतरण करना सिखाता है। उपरोक्त स्वैच्छिक विचार व्यक्त करते हुए योगाचार्य सुरेंद्र आर्य विद्यार्थी ने कहा कि हमें योग की शरण में आना चाहिए जिससे सारी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर जीवन जीने का मार्ग मिले।