बीमा पॉलिसी हड़पने के लिए गाड़ी से कुचलवाकर की गई थी हत्या।

● संभल में बीमा राशि हड़पने के लिए हत्या करने वाले चार गिरफ्तार।

● बीमा पॉलिसी क्लेम के लिए इंश्योरेंस कंपनी के पहुंचने पर हुआ शक, तो शुरू की जांच।

● जेल से छूटे हत्यारोपी से गाड़ी से कुचलवाकर कराई गई थी हत्या।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में फर्जी बीमा पॉलिसी कराने वालों का गैंग इतना बढ़ गया कि बीमा राशि हड़पने के लिए दिव्यांग की गाड़ी से कुचलवाकर हत्या कर दी गई और पुलिस को रोड एक्सीडेंट बता कर रिपोर्ट दर्ज करा दी। जहां रोड एक्सीडेंट को लेकर फाइनल रिपोर्ट भी लगाकर न्यायालय में पेश कर दी गई और फाइल बंद हो गई। बीमा पॉलिसी करने वाली इंश्योरेंस कंपनी के लोग जब घर पहुंचे तो शक हुआ और जांच शुरू हो गई। जहां शुक्रवार को संभल एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या करने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि 51 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी कराकर दिव्यांग की हत्या की गई थी।
यूपी के संभल जनपद में बीमा पॉलिसी के लिए एक्सिस बैंक के पॉलिसी एडवाइजर ने एक दिव्यांग का उस समय बीमा कर दिया जब वह बैंक से लोन लेने की बात को लेकर जानकारी करने गया था।
चंदौसी कोतवाली में बीते वर्ष 1 अगस्त को सड़क किनारे शव बरामद हुआ था। रोड एक्सीडेंट की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। तहरीर बिसौली थाना क्षेत्र के ढिलवारी गांव निवासी मृतक दरियाब सिंह के भाई राजेंद्र सिंह ने दर्ज कराई थी।
दरियाब सिंह बीते वर्ष 31 जुलाई को चंदौसी बाजार जाने के लिए कहकर घर से निकला था। जहां आटा मार्ग की तरफ सड़क से कुछ दूरी पर किनारे पर ही रात्रि में अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने की सूचना मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में चोट लगने का कारण आया था। अज्ञात वाहन की तलाश पुलिस ने की, लेकिन कोई पता नहीं चला तो पुलिस में फाइनल रिपोर्ट लगाकर न्यायालय में पेश कर दी।

बीमा इंश्योरेंस कंपनी के घर पहुंचने पर हुआ शक, तो शुरू हुई जांच।

मृतक के घर बीमा इंश्योरेंस कंपनी के लोग घर पहुंचे तो शक हुआ। जहां पुलिस जांच में जुट गई। पांच बीमा पॉलिसी की फाइल तैयार कराई गई थी जिनमें नॉमिनी मृतक का भाई राजेंद्र ही था। चंदौसी के एक्सिस बैंक में पॉलिसी एडवाइजर पंकज राघव पर पुलिस को शक हुआ। घटना के समय की मोबाइल लोकेशन निकाली तो हरिओम नाम का व्यक्ति घटना स्थल के आसपास मौजूद पाया गया।
हरिओम दरियाब के गांव का ही रहने वाला है।
बीते वर्ष 2023 में बेटे की शादी के लिए पैसों की जरूरत होने पर चंदौसी की एक्सिस बैंक में गया था। जहां उसकी मुलाकात पॉलिसी एडवाइजर पंकज राघव से हो गई थी।
हरिओम का सिविल स्कोर खराब होने के चलते लोन नहीं देने की बात कही थी। जहां पंकज राघव ने ही हरिओम को बताया था कि ऐसे व्यक्ति की बीमा पॉलिसी करा दें जो कुछ ही महीना मरने वाला हो। तब हरिओम ने अपने ही गांव के दिव्यांग दरियाव सिंह का नाम बताया था। दरियाब सिंह बैंक गया तो उसकी बीमा पॉलिसी कर दी गई थी। जहां अलग-अलग कुल मिलाकर 51 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी कराई गई थीं।

हत्याकांड की इस प्रकार बनाई थी योजना।

31 जुलाई 2024 की रात को आरोपी द्वारा दरियाव सिंह को बिसौली बुलाया गया था। वहां दरियाब सिंह को कार में बिठाकर शराब पिलाई गई थी। नशा होने के बाद गांव से लगभग 25 से 26 किलोमीटर दूर संभल के चंदौसी थाना क्षेत्र के इलाके में ले आए थे।जेल से छूटे हत्यारोपी प्रताप नाम के व्यक्ति ने पहले उसे गाड़ी से कुचला। जब मौत नहीं हुई तो सिर पर हथौड़े से बार करके हत्या कर दी। वाहन चेकिंग के दौरान बीते 17 जनवरी को दो युवकों को पुलिस ने पकड़ा था। जिनमें मुख्य मास्टरमाइंड ओंकारेश्वर मिश्रा जो की वाराणसी का रहने वाला था, जिसके मोबाइल से लाखों लोगों के फोटो और डॉक्यूमेंट प्राप्त हुए थे। जो कि सभी बीमा पॉलिसी से जुड़े थे।

बीमा राशि के नाम पर हत्या करने वाले चार गिरफ्तार, भेजा जेल।

बीते 30 अप्रैल को न्यायालय में पुलिस द्वारा रिपोर्ट भेजी गई थी। जिसमें एक्सीडेंट की क्लोज हुई रिपोर्ट को रि शओपन कराया गया। घटना में शामिल मुख्य आरोपी प्रताप सिंह, एक्सिस बैंक के पॉलिसी एडवाइजर पंकज राघव, बीमा पॉलिसी कराने वाले हरिओम और उसके भाई विनोद को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार लगी हुई है।

विनय मिश्रा के लौटने से अतिक्रमणकर्ताओं में मची खलबली।

● शहर में ठप हुआ अतिक्रमण अभियान जल्द हो सकता है फिर से शुरू।

● डिप्टी कलेक्टर विनय मिश्रा अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला ही नहीं मंडल भर में चर्चाओं में रह चुकें हैं।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। चंदौसी शहर में विनय मिश्रा की वापसी से अतिक्रमणकर्ताओं में पुन: हलचल मच गई है। नालों आदि पर बनी दुकानों से लेकर शहर में तमाम अवैध कब्जों को हटवाने के लिए मशहूर रहे डिप्टी कलेक्टर विनय मिश्रा की ड्यूटी महाकुंभ में लगाए जाने के बाद अतिक्रमणकारी शहर में पुनः पांव पसारने लगे थे। उन्हें भरोसा हो गया था कि विनय मिश्रा की वापसी अब संभव नहीं है किन्तु अब प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से उन्हें वापस भेज दिया गया है। जिसके चलते जल्द ही अब वह पूर्व की भांति कार्यभार संभाल लेंगे और शहर में ठप हुआ अतिक्रमण अभियान फिर से सक्रिय हो जाएगा। बता दें कि बीते वर्ष अक्टूबर माह में डिप्टी कलेक्टर विनय मिश्रा ने विशेष अभियान चलाते हुए एक सप्ताह के अंदर ही शहर में 100 से अधिक मकानों को ध्वस्त कर अतिक्रमणकर्ताओं की कमर तोड़ दी थी। यही नहीं गजब तो तब हुआ कि विनय मिश्रा ने स्वयं रह रहे मकान को भी अतिक्रमण के दायरे में आने पर उसे भी बुलडोजर चला कर तुड़वा दिया था। अब फिर डिप्टी कलेक्टर विनय मिश्रा की वापसी से अतिक्रमणकर्ताओं में हलचल मची हई है। सूत्रों की माने तो स्पष्ट दिख रहा है कि विनय मिश्रा की वापसी के कारण जो लोग अवैध रूप से ज़मीन या संपत्ति पर कब्ज़ा किए हुए हैं, वे अब घबराए हुए हैं और पुन: चिंतित दिखाई दे रहे हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि अतीत में इन अभियानों के दौरान कई बार निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार कार्रवाई नहीं हो पाई, जिससे अतिक्रमण फिर से बढ़ गया।

■ संभल से हिमालय शर्मा की रिपोर्ट…

संभल में चकरोड के विवाद में एक की गोली मारकर हत्या, 4 घायल।

● एक ही परिवार के बीच में चल रहा था चकरोड को लेकर विवाद।

● कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के भीकनपुर में हुई घटना।

● मौके पर एएसपी श्रीश्चन्द पुलिस बल के साथ पहुंचे, पीएम को भेजा शव।

● मृतक के भाई की तहरीर पर पांच पर रिपोर्ट दर्ज।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में चकरोड के विवाद को लेकर परिवार के ही एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई तथा चार अन्य लोग घायल हो गए। जमीनी विवाद पुराना बताया गया है । हत्या की सूचना पर एएसपी श्रीश्चन्द पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जहां मृतक के भाई की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के भीकनपुर में बुधवार को खेत की चकरोड को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। मारपीट लाठी डंडों के बाद गोलीबारी पर उतर आई।
जहां एक पक्ष के साहब सिंह (56) पुत्र दरियाव सिंह की दूसरे पक्ष द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके अलावा चार अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर एएसपी श्रीश्चन्द पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जो उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हत्या होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई राजवीर ने बताया कि मनरेगा के तहत खेत में चकरोड डाला जा रहा था। जिसमें उसके परिवार से भाई साहब सिंह भतीजे शैलेंद्र सिंह, विवेक पुत्र महेश, देवेश पुत्र महेश तथा उनके पिता दरियाव सिंह खेत पर मौजूद थे। इस समय उनके ही परिवार के सुभाष पुत्र सोमपाल, अमित व अजय पुत्र सुभाष, शिव सिंह पुत्र राजाराम, दुर्गापाल पुत्र महावीर उनके भाई तथा भतीजे को गाली गलौज करते हुए रास्ते से चकरोड निकालने को मना करने लगे। इस समय सुभाष और अमित ने अपने घर से भाई अशोक के नाम की लाइसेंसी बंदूक और 315 बोर की लाइसेंसी राइफल लाकर बट मार कर घायल किया तथा उसके बाद फायरिंग शुरू कर दी। जहां उनके भाई साहब सिंह के पेट में गोली लग गई और मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा उन्होंने उनके भतीजे पर भी जान से मारने की नीयत से फायर झोंका। जिसमें उसके भतीजे शैलेंद्र विवेक तथा देवेश और दरियाव सिंह घायल हो गए।
जहां राजवीर की तहरीर पर पुलिस ने सुभाष, अमित, अजय, शिव सिंह तथा दुर्ग पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

■ संभल से वीरेश कुमार की रिपोर्ट…

केसीसी ऋण के बाद भूमि का कुछ हिस्सा बेचने पर दाखिल खारिज रोकना गलत।

● भाकियू अराजनैतिक ने जिलाधिकारी को दिया शिकायती पत्र।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। किसानों द्वारा अपनी जमीन पर केसीसी ऋण लेने के बाद कुछ हिस्सा जमीन का बेचने पर दाखिल खारिज रोकने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है।
भारतीय किसान यूनियन असली अराजनैतिक के अधिवक्ता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रामवीरेश यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए कहा गया है कि किसान अपनी भूमि पर केसीसी ऋण कराता है। जिसे खतौनी पर भी अंकित किया जाता है और जमीन को बंधक कर लिया जाता है। यदि जरूरत पड़ने पर वह उस जमीन का कुछ हिस्सा बेच देता है तो उस जमीन की दाखिल खारिज रोक दी जाती है। जो कि न्याय संगत गलत है। उस किसान के पास शेष जमीन रह जाती है। लेकिन बची हुई जमीन की दाखिल खारिज रोकना गलत है। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के कई राजस्व गांवों में यही समस्याएं पनपी हुई हैं। जहां राम वीरेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।

संभल पुलिस की बड़ी कार्यवाई…तेज आवाज, पटाखा वाले 75 साइलेंसरों पर चलवाया रोलर।

● अवैध तरीके से हूटर लगाने वालों पर भी जल्द होगी कार्यवाई।

● तेज आवाज व पटाखा साइलेंसरों वाली 75 बाइकों को किया सीज।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर पुलिस द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई है। जहां तेज आवाज और पटाखा वाले साइलेंसरों वाली 75 बाइकों को सीज करते हुए उनके 75 साइलेंसरों पर रोलर चलवाया है। जिससे कि बाइक सवार अन्य कोई वाहन चालक इस प्रकार के तेज आवाज वाले साइलेंसरों का प्रयोग न कर सके और नियमों का पालन करे।
संभल के बहजोई में सोमवार को एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर यातायात क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा 75 बाइकों के साइलेंसरों को पंक्तिबद्ध हाईवे पर रख कर उन पर रोलर चलवाया गया।
जिन्हें नष्ट करा दिया गया। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि जनपद में तेज आवाज पटाखा वाले साइलेंसरों को लगाकर बाइक सवारों द्वारा यातायात के नियमों का उल्लंघन किया जाता है। ऐसी ही 75 बाइकों को सीज किया गया है। जिनके साइलेंसरों को रोलर द्वारा नष्ट करा दिया गया।
एसपी ने कहा कि अवैध तरीके से हूटर लगाकर चलने वालों पर भी बड़ी कार्यवाही की जाएगी और गाड़ियों को सीज किया जाएगा।
संभल पुलिस की इस कार्यवाही से यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मच गया है।

संभल से वीरेश कुमार की रिपोर्ट…

संभल में पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन।

● पुतला फूंक, लगाए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे।

● धनारी में हाईवे पर फूंका पुतला, की जमकर नारेबाजी।

● भाकियू टिकैत संभल, कश्मीर के पहलगाम पहुंचा, भाकियू अराजनैतिक ने संभल में जताई नाराजगी।

प्रवाह ब्यूरो,
संभल। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 28 लोगों की जान जाने पर संभल में पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया तथा पाकिस्तान का पुतला फूंक, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। वहीं संभल के अलग-अलग स्थानों पर जमकर नारेबाजी की गई और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बदला लेने की मांग की गई।

रविवार को संभल के धनारी में भाजपाइयों ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। जहां हाईवे पर ही आतंकवाद के प्रदर्शन किया तथा पाकिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। जिसमें भाजपा के मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी से बदला लेने की मांग की।

वहीं भाकियू ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम पहुंचकर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। भाकियू नेता संजीव कुमार ने पहलगाम की आतंकी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। जहां उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन किया। धनारी में प्रदर्शन के दौरान, भुवनेश राघव, बनबारी सिंह यादव, भारत सिंह यादव, अनूप राघव, नितिन राघव, रितिक शर्मा, शिवा राघव, आशीष राघव, अरमान सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रचारक रामौतार शर्मा, मंडल महामंत्री दिनेश शर्मा सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

असमोली में भी पाकिस्तान के खिलाफ हट जमकर नारेबाजी ।

केमिस्ट एसोसिएशन ने जलाया आतंकवाद का पुतला।

संभल के असमोली में भी आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। जहां केमिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। संगठन के उपाध्यक्ष राहिल भारतीय ने कहा कि पाकिस्तान का हुक्का-पानी बंद करना होगा।
पाकिस्तान की हर प्रकार की मदद रोकनी होगी। उन्होंने कहा कि गोली का बदला गोले से लेना‌ होगा।
संगठन मंत्री अंकुश त्यागी ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराध को बिना बदला लिए सहन नहीं करेंगे। इस दौरान पुनीत त्यागी, नीरज सैनी, गुफरान, धर्मेंद्र चौधरी, नवीन शहजाद, आरिफ, शौकिन, मनोज गुप्ता, आदि के साथ दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

भाकियू अराजनैतिक ने जताई नाराजगी, जिलाध्यक्ष बोले – अब बदला लेना होगा।

संभल में भाकियू अराजनैतिक ने भी जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निन्दा करते हुए कहा कि हमारा पूरा संगठन व सभी कार्यकर्ता देश के साथ खड़े हैं।
जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव के नेतृत्व में पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर बदला लेने को कहा गया।

संभल से वीरेश कुमार की रिपोर्ट…

राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु हुई बैठक।

● 10 मई को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्देश के अनुसार जनपद आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 10 मई को किया जाएगा। जहां प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में विश्राम कक्ष में बैठक आयोजित कर आगामी लोक अदालत में अधिक से अधिक बातों का निस्तारण करने हेतु जोर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव अर्चना सिंह, प्रथम द्वारा विश्राम कक्ष में सभी पत्रकारों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए चर्चा की गई।बैठक के दौरान वाद कारियों एवं अन्य अधिकारियों की मीटिंग समय-समय पर आयोजित करने को भी कहा। जिससे कि राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार किया जा सके। 10 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर उसे सफल बनाने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक में जिला सूचना अधिकारी बृजेश कुमार व सभी पत्रकार उपस्थित रहे।

संभल के ग्राउंड जीरो से हिमालय शर्मा की रिपोर्ट…

जनपद में 12 थानों के निरीक्षक व 3 उपनिरीक्षक इधर-उधर।

● 2 निरीक्षक व 4 उपनिरीक्षक भी हुए लाइन हाजिर।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल जनपद में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने पुलिस के कार्य क्षेत्रों में बड़ा बदलाव किया है। जहां 12 निरीक्षकों को इधर से उधर किया गया है तो वहीं दो को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही तीन उपनिरीक्षकों को इधर-उधर किया गया है तो चार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कानून व्यवस्था को देखते हुए एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने निरीक्षक हरीश कुमार को रजपुरा से बहजोई प्रभारी निरीक्षक, गजेंद्र सिंह को नखासा से धनारी तथा मेघपाल सिंह को एएचटीयू एवं प्रभारी मानव अधिकार प्रकोष्ठ से बनियाठेर प्रभारी निरीक्षक बनाया है। इसके अलावा अनुज कुमार तोमर को संभल से हजरतनगर गढ़ी में प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया है। निरीक्षक रजनीश कुमार को अपराध शाखा से नखासा प्रभारी निरीक्षक भेजा गया है। निरीक्षक अमरीश कुमार को प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम से संभल प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया है। संत कुमार को अपराध शाखा से जुनावई थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया है। निरीक्षक संजीव कुमार बालियान को प्रभारी जन शिकायत प्रकोष्ठ एंचोड़ा कंबोह प्रभारी निरीक्षक तथा अमित कुमार को अपराध शाखा से साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया है। निरीक्षक सत्य विजय सिंह को अपराध शाखा से प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटीयू एवं प्रभारी मानव अधिकार प्रकोष्ठ बनाया है। वहीं विनोद कुमार मिश्रा को बहजोई प्रभारी निरीक्षक से जन शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा निरीक्षक अमरपाल सिंह को अपराध निरीक्षक नखासा से धनारी निरीक्षक अपराध के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही निरीक्षक बाबूराम गौतम को धनारी थाने से पुलिस लाइन भेजा गया है तथा निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह चौहान को भी अपराध शाखा बहजोई से पुलिस लाइन भेजा गया है।
वहीं उपनिरीक्षक मनोज कुमार वर्मा को हजरतनगर गढ़ी से थाना अध्यक्ष रजपुरा की नवीन तैनाती दी गई है। उपनिरीक्षक संजीव कुमार को पीआरओ पुलिस अधीक्षक से हयात नगर थाना अध्यक्ष बनाया गया है। उप निरीक्षक बोबिन्द्र कुमार को चौकी प्रभारी सिरसी से प्रभारी स्वाट टीम बनाया गया है। इसके अलावा उप निरीक्षक पंकज कुमार बालियान को चौकी प्रभारी लक्ष्मणगंज चंदौसी से पुलिस लाइन, उपनिरीक्षक मोहित कुमार काजला को प्रभारी स्वाट टीम से पुलिस लाइन, उपनिरीक्षक निरीक्षक चमन सिंह को थाना अध्यक्ष हयात नगर से पुलिस लाइन, उपनिरीक्षक रुकुम पाल सिंह को थाना अध्यक्ष एंचोड़ा कंबोह से पुलिस लाइन भेजा गया है।

‘चार दिन में भारत छोड़ दें पाकिस्तानी नागरिक’, पहलगाम के बाद एक और बड़ा प्रहार; वीजा सेवा तत्काल सस्पेंड’

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का कड़ा निर्णय लिया है। इसके अलावा, भारत सरकार ने अपने नागरिकों को पाकिस्तान यात्रा से बचने की सलाह दी है, और साथ ही पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द भारत लौट आएं।

एएनआई, नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर, भारत सरकार ने पाकिस्तान के नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है।

इसके तहत, 27 अप्रैल से सभी मौजूदा वैध वीजा रद कर दिए जाएंगे। सिर्फ चिकित्सा वीजा 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे। भारत में वर्तमान में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।

संभल में मिलावट खोरों व अवैध कार्यों पर पुलिस की दस्तक।

काफी समय से जमाए बैठे थे पैर, पुलिस के सामने टेक रहे घुटने।

लगातार कार्यवाही से मचा हड़कंप, पुलिस भी जांच में जुटी।

फर्जी बीमा माफिया, नकली मोबिल ऑयल फैक्ट्री व फर्जी पोर्टल तैयार करने आदि पर हो चुकी है कार्रवाई।

प्रवाह ब्यूरो
संभल। संभल में जिला प्रशासन अवैध कार्यों को करने वालों व मिलावट खोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते नजर आ रहा है। जिससे अब अवैध कारोबारियों, मिलावट खोरों के पैर उखड़ने लगे हैं, और हड़कंप मचा हुआ है। चाहे फर्जी पोर्टल तैयार कर आधार में संशोधन करने वाले हों या फर्जी बीमा माफिया गिरोह, चाहें धन वर्षा गिरोह या अवैध स्क्रैप फैक्ट्री में वाहन काटने का कार्य या फिर सिंथेटिक दूध का कारोबार करने वाले।
सभी के खिलाफ पुलिस का एक्शन शुरू हो गया है। जहां पुलिस बड़े गिरोहों का पर्दाफाश भी कर चुकी है और उन्हें कार्यवाही करते हुए जेल भी भेज चुकी है, साथ ही जांच भी जारी है।

एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई द्वारा लगातार जनपद में अवैध रूप से कार्य करने वालों पर कार्यवाही की जा रही है। जिनमें कुछ बड़े खुलासे एएसपी अनुकृति शर्मा द्वारा भी किए जा चुके हैं।

1. एसपी के निर्देश पर जनपद में फर्जी बीमा गिरोह का पर्दाफाश किया गया। जिसमें गुन्नौर तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक फर्जी बीमा गिरोह ने अपना मकड़ जाल फैला रखा था। दर्जनों बीमा माफियाओं को जेल भेज चुका है, साथ ही तीन सदस्य भगोड़े घोषित हो चुके हैं और कुर्की का नोटिस भी जारी किया जा चुका है। जिनके द्वारा करोड़ों का घोटाला किया जाता था। जो मरणासन्न व्यक्ति की तलाश कर उनके फर्जी तरीके से बीमा करते थे और फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृत्यु उपरांत बीमा की राशि हड़प लेते थे। एएसपी अनुकृति शर्मा के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया गया और गिरोह का पर्दाफाश किया गया।

2. नकली मोबिल ऑयल की फैक्ट्री पर पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की गई और दो फैक्ट्रियां पकड़ी गईं। जहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था और भारी मात्रा में मोबिल ऑयल, ग्रीस तथा अन्य उपकरण भी बरामद किए गए थे। ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली मोबिल बनाकर तथा ग्रीस बनाकर बेचने का कार्य किया जाता था। ब्रांडेड कंपनियों के खाली डिब्बे दिल्ली से लायते थे, साथ ही अन्य जनपदों में भी इसका कारोबार किया जा रहा था। बनियाठेर थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए बेहतरी फाटक कन्थरी रोड पर छापेमारी में खुलासा किया। वहीं बहजोई के मोहल्ला बंबा रोड पर भी एक फैक्ट्री का खुलासा किया गया। जिसका कारोबार मुरादाबाद, बदायूं के अलावा अन्य जनपदों में भी फैला हुआ था।

3. आधार कार्ड में फर्जी तरीके से संशोधन कर फर्जी पोर्टल तैयार करने वालों का भी संभल पुलिस खुलासा कर चुकी है। वह भी पुलिस छिप नहीं सके। जो कि जनपद में आधार कार्ड में फर्जी तरीके से संशोधन करने का कार्य करते थे और मोटी रकम वसूलते थे। फर्जी पोर्टल भी तैयार कर लिए गए थे। जिसमें पहले भी चार सदस्यों को पकड़ा जा चुका है तथा फर्जी पोर्टल तैयार करने वाले एक छात्र को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। धोखाधड़ी से ट्रैक्टर खरीद और बीमा का लाभ लेने की शिकायत पर इसका पर्दाफाश हुआ था।

4. कैला देवी थाना क्षेत्र में अवैध स्क्रैप फैक्ट्री पर भी पुलिस ने छापेमारी कर कार्यवाही की। भाजपा नेता के भाई द्वारा संचालित की जा रही स्क्रैप फैक्ट्री में चोरी की गाड़ियां लाकर काटने का कार्य किया जाता था। फैक्ट्री किसी की भी हो, लेकिन अवैध कार्य हो रहा हो और पुलिस ठंडी पड़ी रहे, ये एसपी संभल को अच्छा नहीं लगता। भले ही भाजपा के भाई की हो या किसी अन्य की आखिर पुलिस ने कार्रवाई की और संचालक कपिल सिंघल के खिलाफ मुकदमा भी पंजीकृत हुआ।

5. अब रहा दूध का कारोबार, जिस दूध को संपूर्ण आहार माना जाता है, उसे सिंथेटिक तरीके से तैयार कर, जनपद के अलावा अन्य जनपदों में भी बेचा जा रहा था। केमिकलों के जरिए नकली दूध बनाकर हजारों लीटर दूध अन्य जनपदों को सप्लाई किया जाता था। कैलादेवी थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ सूचना पर छापेमारी की तो क्षेत्र के ही करछली गांव में दो भाइयों द्वारा सिंथेटिक दूध तैयार करने की फैक्ट्री का खुलासा हो गया। जहां पुलिस को 4100 लीटर अपमिश्रित दूध, 4200 लीटर पनीर का पानी तथा मशीन, टैंकर, केमिकल तथा अन्य उपकरण भी बरामद हुए हैं। हालांकि मौके से दोनों आरोपी भाई फरार हो गए थे। कैला देवी पुलिस में कार्यवाही करते हुए दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।

6. धन वर्षा का गिरोह भी जनपद में सक्रिय था। जोकि युवक युवतियों से तांत्रिक विद्या कर दुष्कर्म तथा उन्हें बेचने और वन्यजीवों की भी तस्करी का कार्य करता था। जिसका भी पुलिस द्वारा पर्दाफाश किया जा चुका है।
इसके अलावा पुलिस द्वारा अन्य अवैध कार्यों का भी पर्दाफाश किया जा चुका है। एसपी कृष्ण कुमार के निर्देश पर लगातार संभल पुलिस मिलावट खोरों और अवैध कार्य करने वालों की जांच में जुटी हुई है। आगे पुलिस द्वारा और क्या-क्या खुलासे किए जा सकते हैं, जो जनपद में अवैध तरीके से किया जा रहे हैं, उनको लेकर भी अनैतिक कार्य करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।